LIVE UPDATES/ रॉबर्ट वाड्रा से ED ने की पूछताछ, बिहार चुनाव को लेकर RJD-कांग्रेस में हुई बैठक
India News Live: बिहार चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। आज दिल्ली में RJD और कांग्रेस की बैठक हुई। वहीं, बिजली सब्सिडी को लेकर दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने भी बड़ी बैठक बुलाई है। अहमदाबाद में राहुल गांधी पर्यवेक्षकों की बैठक में हिस्सा लेंगे। लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में लगी आग में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 200 से ज्यादा लोगों को बचाया गया है।
- भारत
- 20 min read

India News Live: लैंड डील केस में ED की रॉबर्ट वाड्रा से पूछताछ की। बिहार चुनाव को लेकर आज दिल्ली में RJD और कांग्रेस की अहम बैठक हुई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई इस बैठक में तेजस्वी यादव और राहुल गांधी शामिल हुए। जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। यहां 2 से 3 आतंकियों के छिपे होने की खबर है। बंगाल हिंसा पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कानून हाथ में न लेने और शांति बनाए रखने की अपील की। अन्य खबरों की बात करें तो आज दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने कैबिनेट की बैठक बुलाई है। बैठक में दिल्ली में बिजली पर मिल रही सब्सिडी को लेकर अहम फैसला लिया जा सकता है। लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में सोमवार रात भीषण आग लग गई थीं। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं 200 से ज्यादा मरीजों का रेस्क्यू कर उन्हें दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज गुजरात जाएंगे। वह अहमदाबाद में पर्यवेक्षकों की बैठक में हिस्सा लेंगे।
जनता ने मूड बना लिया है कि NDA से मुक्ति पानी है- तेजस्वी यादव
RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "बैठक अच्छी हुई...आज हमने कांग्रेस के साथियों के साथ बैठक की थी...किस प्रकार से बिहार के लोगों को बेरोजगारी से मुक्ति दिलाएं, अपराध से कैसे मुक्ति दिलाएं, बिहार में हम पलायन कैसे रोकें और हमारा क्या विजन रहेगा, इसपर चर्चा हुई...एक बात तय है कि जनता ने मूड बना लिया है कि NDA से मुक्ति पानी है..."
उत्तराखंड में सरकारी दफ्तरों में बायोमेट्रिक अटेंडेंस के पालन के निर्देश
उत्तराखंड सरकार ने राज्य के सभी सरकारी दफ्तरों को सख्त आदेश जारी किया है। बायोमेट्रिक अटेंडेंस का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी आदेश में कहा गया है कि मशीन खराब होने का बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
Advertisement
दिल्ली में न्यूनतम मजदूरी में इजाफा
दिल्ली की बीजेपी सरकार ने श्रमिकों के हक में बड़ा फैसला लेता हुए न्यूनतम मजदूरी दरों में वृद्धि की घोषणा की है। सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने सभी श्रेणियों के श्रमिकों के लिए न्यूनतम मजदूरी दरों में वृद्धि की घोषणा की है। ये नई दरें 1 अप्रैल 2025 से लागू होंगी। अब अकुशल श्रमिकों का मासिक वेतन अब 18,456 रुपये होगा, जबकि स्नातक और उससे अधिक योग्यता वाले श्रमिकों को 24,356 रुपये प्रति माह मिलेंगे। सरकार का कहना है कि यह वृद्धि महंगाई को ध्यान में रखते हुए की गई है, जिससे श्रमिकों को आर्थिक राहत मिलेगी।
महाराष्ट्र: डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने राज ठाकरे मुलाकात की
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे से उनके आवास पर मुलाकात की।
Advertisement
भारत की न्याय व्यवस्था पूरी तरह निष्पक्ष है- दिनेश शर्मा
ED द्वारा दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में राहुल गांधी, सोनिया गांधी और अन्य के खिलाफ कथित नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अभियोजन शिकायत दर्ज किए जाने पर भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा, "वैधानिक कार्रवाई हर व्यक्ति के लिए समान है...संस्थाएं स्वतंत्र हैं। ना तो सरकार उन पर कोई दबाव डालती है और ना ही कोई सरकार से सीधे निर्देश लेता है। मैं समझता हूं कि अगर कोई तथ्य मांगता है तो उसे उसको प्रस्तुत करना चाहिए और अपना पक्ष रखना चाहिए...मैं समझता हूं कि जांच एजेंसी ने हमेशा अपना काम किया है...भारत की न्याय व्यवस्था पूरी तरह निष्पक्ष है..."
बाबा साहब ने विपरीत परिस्थितियों में सामाजिक बेड़ियों को तोड़ा- योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की सेवाएं अमूल्य थीं। विपरीत परिस्थितियों में सामाजिक बेड़ियों को तोड़ते हुए, उन्होंने सामाजिक भेदभाव का सामना करते हुए भी शून्य से शिखर तक की यात्रा की थी...देश बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को भारत के संविधान के निर्माता के रूप में स्मरण करता है..."
PM मोदी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
हमारी लड़ाई भाजपा से है, हम उनके खिलाफ लड़ेंगे- प्रताप सिंह खाचरियावास
कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास के घर से ED की टीम रवाना हुई। प्रताप सिंह खाचरियावास ने अपने समर्थकों से टीम के लिए रास्ता बनाने की अपील की, जो उनके घर के बाहर जमा हो गए थे। उन्होंने कहा, "उन्होंने अपना काम किया। कोई भी अधिकारी हमारा दुश्मन नहीं है। हमारी लड़ाई भाजपा से है, हम उनके खिलाफ लड़ेंगे। अब उनकी गाड़ियां जाएंगी, कोई भी नारे नहीं लगाएगा और कुछ नहीं करेगा..."
दिल्ली: 1984 के सिख विरोधी दंगा पीड़ितों के लिए सब्सिडी- आशीष सूद
दिल्ली के ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने कहा, "आज दिल्ली कैबिनेट ने बिजली सब्सिडी पर फैसला लिया है। आज एक विशेष प्रस्ताव में दिल्ली कैबिनेट ने किसानों के लिए सब्सिडी, 1984 के सिख विरोधी दंगा पीड़ितों के लिए सब्सिडी, वकीलों के चैंबर और मौजूदा घरेलू उपभोक्ताओं के लिए सब्सिडी जारी रखने का फैसला किया है। यह 1984 के सिख विरोधी दंगा पीड़ितों और वकीलों के लिए एक बड़ा फैसला है। लगातार यह दुष्प्रचार किया जा रहा था कि दिल्ली सरकार सब्सिडी बंद कर देगी... दिल्ली कैबिनेट के इस फैसले से यह दुष्प्रचार बंद हो गया है। स्वघोषित बेरोजगार नेता हर दिन ऐसे झूठ फैलाते रहेंगे। लेकिन दिल्ली सरकार अपनी गति से काम करेगी और ऐसे सभी झूठों को रद्द करेगी..."
मेरे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं, हर चीज का उत्तर दिया जा चुका है-रॉबर्ट वाड्रा
कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, "सभी प्रश्न जिनका मैंने पहले उत्तर दिया था, उनका उत्तर फिर से दिया। मेरे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है, हर चीज़ का उत्तर दिया जा चुका है, हर चीज़ का फिर से उत्तर दिया जाएगा।"
कांग्रेस पार्टी पंजाब में कानून व्यवस्था बिगाड़ना चाहती है- हरपाल सिंह चीमा
पंजाब सरकार के मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने राज्य के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह बाजवा के बयान पर कहा, "कांग्रेस पार्टी पंजाब में कानून व्यवस्था बिगाड़ना चाहती है? क्या कांग्रेस पार्टी पंजाब में शांति नहीं चाहती? क्या कांग्रेस पार्टी लोगों की जिंदगी से खेलना चाहती है... वे सहयोग क्यों नहीं करते? इसका मतलब है कि वे अच्छे नागरिक, अच्छे नेता नहीं हैं। उन्होंने दिखा दिया है कि वे या तो झूठ बोलते हैं या जानकारी छिपाते हैं। वे अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं, वे जिम्मेदारी से भाग रहे हैं... कांग्रेस पार्टी पंजाब में कानून व्यवस्था बिगाड़ना चाहती है... जो भी पंजाब की कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसे सख्त सज़ा मिलेगी..."
ममता सरकार के संरक्षण में मुर्शिदाबाद हिंसा हो रही है- जगदंबिका पाल
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने मुर्शिदाबाद हिंसा पर कहा, "कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होती है...वक्फ कानून पास होने के बाद जिस तरह से बंगाल में लगातार हिंसा हो रही है और मुर्शिदाबाद से लोग पलायन कर रहे हैं...तो इससे साफ है कि ममता सरकार के संरक्षण में वहां हिंसा हो रही है...ममता बनर्जी कोई कार्रवाई नहीं कर रही हैं...मुझे लगता है कि पश्चिम बंगाल की स्थिति सामान्य नहीं है…"
नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग केस: राहुल-सोनिया के खिलाफ ED ने चार्जशीट दाखिल की
ईडी ने नेशनल हेराल्ड केस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की - पीटीआई
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन JMM के नए अध्यक्ष चुने गए
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के 13वें महाधिवेशन में शिबू सोरेन को JMM का 'संस्थापक संरक्षक' चुना गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन JMM के नए अध्यक्ष चुने गए।
कांग्रेस मजबूती के साथ बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना चाहती है -इमरान मसूद
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "संगठन की बैठक है और कांग्रेस इस बार बहुत मजबूती के साथ बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना चाहती है और उसकी तैयारी में सब लोग लगे हैं।"
NDA को हराने के लिए INDI गठबंधन को मजबूत करना होगा- पशुपति पारस
राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने कहा, "आज तेजस्वी यादव और मल्लिकार्जुन खरगे के बीच हुई बैठक बहुत सफल रही। यह एक अच्छी शुरुआत है... हमारी राय है कि इस महीने के अंत तक INDIA गठबंधन के लोगों को बुलाया जाए और एक योजना के तहत पूरे बिहार में 38 जिलों में एकजुट होकर जनता के बीच जाएं और अपनी बात रखें... अगस्त तक हमारी पार्टी की योजना बिहार के जिलों में जाकर संगठन को मजबूत करने, समर्थकों की समस्याओं का समाधान करने की है। निश्चित रूप से NDA गठबंधन को हराने के लिए INDIA गठबंधन को मजबूत करना होगा और सभी छोटी पार्टियों को साथ लाना होगा। बिहार में लोग बदलाव के मूड में हैं। हमने देखा है कि दलित समुदाय NDA गठबंधन से नाराज है..."
निसंदेह नीतीश कुमार मुख्मयंत्री बनेंगे- निशांत कुमार
बिहार विधानसभा चुनाव पर मुख्मयंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने कहा, "बिहार की जनता से अपील है कि वे 2010 से ज्यादा बहुमत (JDU को) दें... निसंदेह नीतीश कुमार मुख्मयंत्री बनेंगे..."
मुर्शिदाबाद हिंसा में घायल लोगों से मिले अधीर रंजन चौधरी
पश्चिम बंगाल: मुर्शिदाबाद हिंसा में घायल लोगों से मिलने पहुंचे बरहामपुर से कांग्रेस के पूर्व सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा, "बहुत सारे लोग अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन पुलिस और राज्य सरकार चुप है... लोग जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं, फिर भी राज्य सरकार चुप है।"
बहराइच में डबल डेकर बस और टेम्पो की भिड़ंत से 5 की मौत
बहराइच में डबल डेकर बस और टेम्पो की भिड़ंत से बड़ा हादसा हुआ। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और बच्चे शामिल थे। इसके अलावा हादसे में 11 लोग घायल भी हुए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हादसा पयागपुर थाने के कटेल गांव के पास हुआ।
प्रताप सिंह बाजवा के बयान पर CM भगवंत मान की प्रतिक्रिया
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह बाजवा के बयान पर कहा, "उन्होंने डर फैलाने के लिए ऐसा कहा है... बम कहां हैं? मुझे बताएं? कानून अपना काम करेगा। ग्रेनेड और बम कहां हैं? पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है, और हम हर दिन सभी तरह की स्थितियों से निपटते हैं, लेकिन उन्होंने हमारा मनोबल गिरा दिया है। उन्हें लगता है कि पंजाब पुलिस अक्षम है।"
ये राजनीति से प्रेरित- ED की पूछताछ पर रॉबर्ट वाड्रा
ED कार्यालय में पूछताछ पर कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, "2019 में 23,000 दस्तावेज जमा किए गए थे। जिस मामले के बारे में वे मुझसे पूछ रहे हैं, वह 20 साल पुराना मामला है। यह राजनीति से प्रेरित है। जब हम कोई लेनदेन करते हैं तो हम सभी नियमों और विनियमों का पालन करते हैं। सत्तारूढ़ सरकार हमेशा एजेंसी का दुरुपयोग करती है। वे मुझसे जितने चाहें सवाल पूछ सकते हैं। मेरे पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है।"
वक्फ संशोधन विधेयक किसी समुदाय के खिलाफ नहीं- CM विष्णु देव साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुर्शिदाबाद हिंसा पर कहा, "यह गलत है, ऐसा नहीं होना चाहिए। वक्फ संशोधन विधेयक किसी समुदाय के खिलाफ नहीं है, यह न्याय दिलाने के लिए है लेकिन इसे लेकर लोगों को गलत तरीके से भड़काया जा रहा है, यह गलत है।"
AIMIM-कांग्रेस जैसी पार्टियों के मुसलमान नेताओं ने वक्फ को लूटा- जी किशन रेड्डी
केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा, "AIMIM ने घोषणा की है कि वे वक्फ बोर्ड में लाए गए बदलावों के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। मैं पूछता हूं कि क्या हैदराबाद में किसी गरीब को आज तक वक्फ के आधार पर कोई लाभ मिला है? गरीबों को आज तक इसका कोई लाभ नहीं मिला है। केवल AIMIM, कांग्रेस जैसी पार्टियों के मुसलमान नेताओं ने वक्फ को लूटा है। आज वही धरना देने के लिए आगे आ रहे हैं। हमारा निर्णय है कि मुसलमानों को इसका लाभ मिलना चाहिए।"
गुना में पथराव की घटना पर पुलिस का बयान
गुना में हनुमान जयंती के अवसर पर दो समुदायों के बीच पथराव की घटना पर पुलिस ग्वालियर जोन के महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना ने बताया, "12 तारीख को जो घटना हुई थी, उस प्रकरण में 17 आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया गया था। हमारा प्रयास है कि सभी समुदाय शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें। लोग सहयोग कर रहे हैं।"
केसरी 2 की स्क्रीनिंग में शामिल हुईं CM रेखा गुप्ता
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अभिनेता अक्षय कुमार और आर माधवन फिल्म 'केसरी चैप्टर 2: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ जलियांवाला बाग' की स्क्रीनिंग में शामिल हुए। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "यह एक बहुत ही शानदार फिल्म है, मैंने इसका थोड़ा सा हिस्सा देखा है लेकिन मैं इसे पूरा देखना चाहूंगी। मैं अक्सर कहती हूं कि हमें अपने देश, अपनी मातृभूमि के लिए मरने का मौका कभी नहीं मिलेगा, इसलिए हम केवल यही कर सकते हैं कि अपने देश के लिए जीना शुरू करें..."
हिंसक माहौल बनाना किसी भी कीमत पर ठीक नहीं- रामजी लाल सुमन
समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन ने कहा, "हम सामाजिक समरसता के पक्षधर हैं। कोई हमारी राय से अगर असहमत हों तो हमारे देश में विरोध का तरीका है। अगर संविधान है, अगर कानून है तो कानून का सहारा लें। हिंसा, तोड़फोड़, हिंसक माहौल बनाना किसी भी कीमत पर ठीक नहीं है... 19 तारीख को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव हमारे यहां आएंगे, उनसे बातचीत के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी... भविष्य की रणनीति बनाकर अहिंसक तरीके से आंदोलन होगा।"
RJD संग बैठक पर बिहार कांग्रेस अध्यक्ष का बयान
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने RJD-कांग्रेस बैठक पर कहा, "आज की बैठक बहुत मजबूत रही और हम एकजुटता के साथ NDA सरकार से लड़ेंगे, कई विषयों पर चर्चा हुई। उन सभी विषयों पर हम क्रमबद्ध तरीके से आगे बढ़ेंगे। अलग-अलग तिथियों पर हम बैठेंगे और सभी बिंदुओं पर चर्चा करेंगे।"
खड़गे के आवास पर RJD- कांग्रेस की बैठक
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव और अन्य कांग्रेस-राजद नेताओं ने दिल्ली में मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बैठक की।
ममता बनर्जी अत्याचार की मूर्ति बनकर उभरी हैं- तरुण चुघ
पश्चिम बंगाल में वक्फ कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा पर BJP के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा, "ममता बनर्जी देश में नई जिन्ना बनकर उभरी हैं...ममता बनर्जी अत्याचार की मूर्ति बनकर उभरी हैं। TMC कार्यकर्ता राज्य में अव्यवस्था फैला रहे हैं और ममता बनर्जी उन्हें बचा रही हैं..."
कांग्रेस और RJD का गठबंधन बेमेल गठबंधन है- दिलीप जायसवाल
बिहार BJP अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, "कांग्रेस और RJD का गठबंधन बेमेल गठबंधन है, दोनों का एजेंडा एक दूसरे का कद कम करना है। RJD कभी नहीं चाहेगी कि कांग्रेस बिहार में फिर से अपना आधार बढ़ाए और कांग्रेस चाहती है कि मैं बिहार में RJD का बड़ा भाई बना रहूं। यह दोनों के बीच आंख मिचौली का खेल है... यह बेमेल गठबंधन है।"
पूछताछ के लिए ED ऑफिस पहुंचे रॉबर्ट वाड्रा
गुरुग्राम भूमि मामले में समन मिलने के बाद कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा अपने घर से ED कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा, "जब भी मैं लोगों की आवाज बुलंद करूंगा, ये लोग मुझे दबाएंगे और एजेंसियों का दुरुपयोग करेंगे...मैं हमेशा सभी सवालों के जवाब देता हूं और देता रहूंगा।"
वक्फ कानून के खिलाफ JMM के प्रस्ताव पर मनोज पांडे का बयान
वक्फ संशोधन अधिनियम के खिलाफ JMM के प्रस्ताव पर प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा, "हमारा मानना है कि यह अधिनियम सही नहीं है। इसके खिलाफ प्रस्ताव लाया गया है।" झारखंड के मंत्री हफीजुल हसन की टिप्पणी पर उन्होंने कहा, "वे (भाजपा) किसी को तब निशाना बनाते हैं जब उनके पास कोई एजेंडा नहीं होता। कुछ शब्द इधर-उधर हो सकते हैं, लेकिन इसके पीछे की मंशा को देखना चाहिए। इस मुद्दे पर जोर देने वाले मूर्ख हैं।"
लोकबंधु अस्पताल में आग की घटना बड़ी लापरवाही का नतीजा- कांग्रेस नेता
कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने लोकबंधु अस्पताल में आग लगने की घटना पर कहा, "ये बड़ी लापरवाही का नतीजा लगता है, या आपराधिक साजिश है ये सरकार को बताना पड़ेगा। आग लगने के कारणों की जांच होनी चाहिए। दोषियों के खिलाफ कठोरता से कार्रवाई होनी चाहिए।"
ED की छापेमारी पर कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास का बयान
अपने आवास पर ED की छापेमारी पर कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा, "आज वे जांच करने आए हैं, सर्च करने आए हैं। इनका सहयोग करेंगे...ED अपना काम करेगी और हम अपना काम करेंगे। मैं मानता हूं कि भाजपा सरकार को ED के जरिए राजनीति नहीं करनी चाहिए। प्रताप सिंह खाचरियावास न आज डरा है, न कल डरा है। मुझे इन सरकारों का इलाज करना आता है। ED भेज दें, आयकर विभाग भेज दें। कुछ भी भेज दें, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। जो भ्रष्टाचार कर रहे हैं उसे डरना चाहिए। भाजपा सरकार भ्रष्टाचार कर रही है। मुझे या मेरे परिवार को ED ने कोई नोटिस नहीं दिया है। हमारे ऊपर ED का कोई मामला नहीं चल रहा।"
लोकबंधु अस्पताल में लगी आग की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति बनाई- ब्रजेश पाठक
लोकबंधु अस्पताल में लगी आग पर यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, "लोकबंधु अस्पताल में कल हुई आग की घटना का शासन ने संज्ञान लिया है और आग के कारणों की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति बनाई गई है। जैसे ही इसकी रिपोर्ट आएगी, हम उसे सार्वजनिक करेंगे। 1.5 महीने पहले फायर ब्रिगेड द्वारा एक मॉक ड्रिल की गई थी। उस मॉक ड्रिल की वजह से पूरा अस्पताल स्टाफ ऐसी घटना से निपटने के लिए तैयार था। मैं अस्पताल के अधिकारियों और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों का आभार व्यक्त करता हूं, कई लोगों की जान बच गई... मरीजों को इलाज के लिए लखनऊ के अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।"
पुंछ में पुलिस और सेना का संयुक्त तलाशी अभियान
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में एक संयुक्त अभियान में पुलिस और भारतीय सेना की रोमियो फोर्स ने वन क्षेत्र की घेराबंदी की और सुरनकोट के लसाना इलाके में तलाशी अभियान चलाया, जहां कल रात आतंकवादियों से संपर्क स्थापित हुआ था।
लोकबंधु अस्पताल में जनरल ओपीडी सामान्य रूप से शुरू
लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में लगी आग के बाद जनरल ओपीडी सामान्य रूप से शुरू हो गई है। आग लगने की घटना से तीन वार्ड प्रभावित हुए थे, जिसमें आईसीयू भी शामिल है। निदेशक लोकबंधु अस्पताल संगीता गुप्ता ने बताया, "सुचारू रूप से OPD की व्यवस्था चल रही है। सभी चैंबर में डॉक्टर बैठे हुए हैं। कुछ जांच ऊपर के फ्लोर पर होंगी जो अभी बंद है।"
हिंदुओं पर हमला हुआ तो मैं चुप नहीं रहूंगा- शुभेंदु अधिकारी
मुर्शिदाबाद हिंसा पर पश्चिम बंगाल के LoP और BJP नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा, "सीआरपीएफ और बीएसएफ को लंबे समय तक वहां रहना होगा क्योंकि स्थिति बहुत खराब है। केंद्रीय बलों को पूरी शक्ति के साथ यहां रहना होगा। पश्चिम बंगाल पुलिस और ममता बनर्जी सरकार विफल रही है। केंद्रीय बलों को हर जगह तैनात करना होगा। ममता बनर्जी की पुलिस टीएमसी का कैडर बन गई है। अगर हिंदुओं पर हमला हुआ तो मैं चुप नहीं रहूंगा।"
विदेश मंत्री जयशंकर का गुजरात दौरा
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गुजरात के राजपीपला में छोटूभाई पुरानी खेल परिसर में जिमनास्टिक हॉल का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा, "मैं यहां 2-3 साल पहले आया था। लोगों की दिलचस्पी भी थी। मैंने MPLADS(संसद सदस्य स्थानीय क्षेत्र विकास योजना) से यहां सुविधाएं बढ़ाने की कोशिश की हैं...मुझे बहुत अच्छा लग रहा है कि बच्चों को अपना हुनर दिखाने का अवसर मिल रहा है। मैं इन सुविधाओं को और बेहतर करना चाहूंगा।"
मुर्शिदाबाद में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती
मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर उपखंड के धुलियान में हिंसा के बाद सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति नियंत्रण में है।
पुंछ में सुरक्षाबलों ने चलाया तलाशी अभियान
जम्मू कश्मीर के पुंछ में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने लसाना गांव में गहन तलाशी अभियान चलाया।
दिल्ली के शाहदरा में लड़की की गोली मारकर हत्या
दिल्ली के जीटीबी एन्क्लेव इलाके में एक लड़की की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना पर शाहदरा एडिशनल डीसीपी नेहा यादव ने कहा, "करीब आधे घंटे पहले कॉल मिली है कि एक लड़की को गोली मार दी गई है। ये जीटीबी एन्क्लेव का इलाका है। शव देख के लग रहा है कि लड़की की उम्र 20 साल होगी। शव की पहचान अभी नहीं हो पाई है। 2 गोलियां लगी है। पोस्टमार्टम के बाद पूरी जानकारी मिलेगी।"
दिल्ली पहुंचे तेजस्वी यादव
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ अपनी बैठक के बारे में उन्होंने कहा, "आज हमारी औपचारिक बैठक है। हम बिहार (चुनाव) के लिए रणनीतियों पर चर्चा करेंगे।"