'मुलाकात बहुत सुखद रही...', CM सैनी समेत हरियाणा बीजेपी विधायकों संग बैठक के बाद बोले PM मोदी, किन मुद्दों पर हुई चर्चा?
हरियाणा भाजपा के सभी विधायकों की पीएम नरेंद्र मोदी के साथ तकरीबन 1 घंटे मीटिंग चली। इसमें सीएम नायब सिंह सैनी समेत तमाम विधायक मौजूद रहे। पीएम मोदी ने मीटिंग सार्थक बताया।
- भारत
- 3 min read

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आधिकारिक आवास पर हरियाणा के सभी भाजपा विधायकों से मुलाकात की। इस मुलाकात को अत्यंत सुखद बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि विधायकों के साथ कई प्रशासनिक और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर बेहद सार्थक चर्चा हुई है।
पीएम मोदी ने मुलाकात के दौरान की कुछ तस्वीरें भी अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शेयर की हैं। इसके साथ उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान राज्य में जनता-जनार्दन की बेहतर से बेहतर सेवा के साथ ही जनकल्याण के लिए और प्रभावी तरीके से काम करने पर भी चर्चा हुई।
पीएम मोदी संग 1 घंटे चली मीटिंग
जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहे। सभी 48 विधायकों की प्रधानमंत्री आवास पर पीएम मोदी के साथ बैठक हुई, जो करीब एक घंटे तक चली। इस में प्रदेश के खिलाड़ियों और किसानों को लेकर चर्चा हुई।
SIR पर भी हुई चर्चा
वहीं बीजेपी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इस उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर भी चर्चा हुई है।
Advertisement
मीटिंग के बाद क्या बोले सीएम सैनी?
सीएम नायब सिंह ने सैनी ने प्रधानमंत्री संग मीटिंग के बाद कहा, 'प्रधानमंत्री हरियाणा के लोगों से बहुत स्नेह और प्यार करते हैं। प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देशन के अनुसार हमारे मंत्रीगण, विधायकगण और कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे। उनकी बातों को सुनेंगे और जनता के साथ मिलकर उनका समाधान निकालेंगे। राजनीति हमारे लिए सत्ता नहीं है बल्कि सेवा का माध्यम है। प्रधानमंत्री ने हमें सेवा के माध्यम से राजनीति का मार्ग दिखाया है। हमारे लिए राजनीति केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं है। राजनीति का अर्थ जनता के दुख-सुख में शामिल होना, उनके साथ खड़े होना है।'
संगठन मजबूती पर हुआ मंथन
गौरतलब है कि हरियाणा भाजपा में हालिया संगठनात्मक बदलावों के बाद यह पहली बड़ी और महत्वपूर्ण बैठक थी। हाल ही में स्मृति ईरानी को हरियाणा भाजपा का नया प्रभारी और डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में नए नेतृत्व के तहत संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में हरियाणा के नेताओं की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
Advertisement
पार्टी सूत्रों का कहना है कि बैठक के दौरान पंजाब की सीमा से सटे हरियाणा के जिलों में पार्टी की सक्रियता को बढ़ाने और वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारियां तय करने की रणनीति पर विशेष मंथन किया गया।