LIVE BLOG

शादी के बंधन में बंधे ओलंपिक के गोल्डन ब्वॉय नीरज चोपड़ा, PM मोदी ने खो-खो में भारत की जीत के लिए महिला टीम को दी बधाई

India News: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। वहीं, एक्टर सैफ अली खान पर अटैक मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। हमला करने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है और आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। गृह मंत्री अमित शाह आंध्र प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। दिल्ली चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Neeraj Chopra Wedding Photo
नीरज चोपड़ा ने हिमानी संग की शादी। | Image: @Neeraj_chopra1

एक्टर सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी मोहम्मद आलियान आखिरकार गिरफ्तार हुआ। मुंबई पुलिस ने ठाणे से आरोपी की गिरफ्तारी की है। वहीं, PM मोदी आज 'मन की बात' के 118वें एपिसोड को संबोधित किया। वैसे 'मन की बात' महीने के आखिरी रविवार को आयोजित होता है, लेकिन इस बार गणतंत्र दिवस के चलते प्रोग्राम 19 जनवरी को हुआ। इसके अलावा अमित शाह आज आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में NDRF 20वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दिल्ली में चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है। हर खबर के लिए बने रहें हमारे लाइव ब्लॉग के साथ...
 


पीएम मोदी ने खो-खो में जीत की दी बधाई

खो-खो में जीत की बधाई देते हुए PM नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "पहली बार खो-खो विश्व कप जीतने पर भारतीय महिला टीम को बधाई! यह ऐतिहासिक जीत उनके अद्वितीय कौशल, दृढ़ संकल्प और टीम वर्क का परिणाम है। इस जीत ने भारत के सबसे पुराने पारंपरिक खेलों में से एक को और अधिक सुर्खियों में ला दिया है, जिससे पूरे देश में अनगिनत युवा एथलीटों को प्रेरणा मिली है। उम्मीद है कि यह उपलब्धि आने वाले समय में और अधिक युवाओं के लिए इस खेल को अपनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी।"


आप ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली चुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की। स्टार प्रचारकों की सूची में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल, दिल्ली की CM आतिशी, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, पंजाब के CM भगवंत मान के नाम शामिल हैं। (पूरी खबर यहां पढ़ें)


 


Advertisement

शादी के बंधन में बंधे नीरज चोपड़ा और हिमानी

ओलंपिक के गोल्डेन ब्वॉय नीरज चोपड़ा ने हिमानी नाम की लड़की संग सात फेरे लिए। सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कर दी जानकारी।


भारत ने पहला खो-खो वर्ल्ड कप जीता

भारतीय महिला टीम ने नेपाल को 78-40 से हराकर जीता पहला खो-खो वर्ल्ड कप जीता।


Advertisement

इंदौर में जलीय अमोनिया घोल ले जा रहे एक टैंकर में हुआ रिसाव

इंदौर में जलीय अमोनिया घोल ले जा रहे एक टैंकर में रिसाव हो गया। अतिरिक्त DCP जोन-1 इंदौर, आलोक कुमार शर्मा के अनुसार टैंकर चालक टैंकर छोड़कर भाग गया और जिस स्थान पर टैंकर से रिसाव हुआ, उसके आसपास 200-300 मीटर के क्षेत्र को घेर लिया गया है और यातायात को डायवर्ट कर दिया गया है।


संजय रॉय के IPS के शामिल होने वाले बयान के जांच की मांग

सियालदह कोर्ट द्वारा आरजी कर अस्पताल में बलात्कार-हत्या मामले में आरोपी संजय रॉय को दोषी करार दिए जाने पर BJP सांसद समिक भट्टाचार्य ने कहा, "संजय रॉय के खिलाफ सबूत है जिन्हें पहले गिरफ्तार कर लिया गया था... लेकिन उसके बाद मौके पर 100 से ज्यादा लोगों को आने दिया गया... सूर्यास्त के बाद ऑटोप्सी की गई और उसके बाद दाह-संस्कार कर दिया गया। इसका लक्ष्य यही था कि किसी भी तरह से सभी सबूतों को मिटा दिया जाए... जिस माहौल में और जनता की जिस भावना के बीच में ये पूरा मुकदमा चल रहा है, उसमें संजय रॉय का यह(इसमें एक IPS अधिकारी शामिल है।) बयान सामने आया... इस पर भी अदालत में चर्चा होनी चाहिए।"


जुमले वाली पार्टी केवल हमले कर सकती है: संजय सिंह

AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, "अरविंद केजरीवाल के ऊपर जिस तरह से हमले हो रहे हैं, उस पर मैं केवल इतना ही कह सकता हूं कि जुमले वाली पार्टी केवल हमले कर सकती है। वो दिल्ली और दिल्ली के लोगों को कोई भविष्य नहीं दे सकती। अरविंद केजरीवाल के ऊपर हमला करके भी आप उन्हें नहीं हरा पाएंगे। हम लोग हर हमले का सामना करने के लिए तैयार है। लड़ेंगे और जीतेंगे..."


मनु भाकर की नानी और मामा के मौत मामले में ASI शिरीष कुमार का बयान

मनु भाकर की नानी और मामा के मौत मामले में ASI शिरीष कुमार ने कहा, "दुर्घटना महेंद्रगढ़ चौक और भिवानी चौक के बीच हुई। हम मौके पर पहुंचे तब तक चालक (कार का) मौके से भाग गया। पोस्टमार्टम हो चुका है। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है..."
 


उत्तराखंड विकास के निरंतर नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा: CM धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "हम सभी जानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में और उनके सहयोग से उत्तराखंड विकास के निरंतर नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है... पेय जल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क आदि को बढ़ाने के लिए हम तेजी से काम कर रहे हैं। पौराणिक मंदिरों का नवनिर्माण किया जा रहा है... करोड़ों रुपये की लागत से विभिन्न प्रकार की परियोजनाएं जारी हैं... जल्द से जल्द हम और अधिक कामों को धरातल पर उतारने का काम भी करेंगे..."


क्या दलित समाज को अरविंद केजरीवाल इस तरह से कुचलेंगे?: प्रवेश वर्मा

नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने कहा, "हमने कल देखा कि किस तरीके से जब स्थानीय युवकों ने अरविंद केजरीवाल से सवाल पूछने की हिम्मत की... तो अरविंद केजरीवाल ने अपनी गाड़ी के अंदर से उन्हें कुचलने की ओर इशारा किया... जब उन्हें समझ आया कि गाड़ी चढ़ा दी गई लेकिन तुरंत ही उन्होंने अपनी सोशल मीडिया और मीडिया की टीम को सक्रिय कर दिया... क्या दलित समाज को अरविंद केजरीवाल इस तरह से कुचलेंगे?..."


देवास की दीपिका पाटीदार ने MPPSC परीक्षा में टॉप किया

MPPSC परीक्षा में टॉप करने वाली दीपिका पाटीदार ने कहा, "...मेरा सफर 2016 से शुरू हुआ...  मैं 4 बार असफल हुई हूं लेकिन जो पांचवां प्रयास रहा वो इतना शानदार हुआ कि मेरी पहली रैंक आई है। असफलता से मिली सीख के कारण ही आज मैं सफलता का परिणाम देख पा रही हूं..."


मनु भाकर के मामा और नानी की सड़क दुर्घटना में मौत

ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर के मामा युद्धवीर सिंह और नानी सावित्री देवी की आज हरियाणा के चरखी दादरी में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।


संजय सिंह के बयान पर मनोज तिवारी का पलटवार

AAP नेता संजय सिंह के बयान पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "आपने(संजय सिंह) प्रेस वार्ता कर कहा था कि शहजाद पूनावाला(भाजपा नेता) ने पूर्वांचल समाज के लिए आपत्तिजनक बात कही है, अब मनोज तिवारी कहा हैं? हमने उनकी निंदा भी की और शहजाद पूनावाला ने बड़प्पन दिखाते हुए माफी भी मांगी। मैं आज संजय सिंह से पूछना चाहता हूं कि आपके नेता अरविंद केजरीवाल ने पूर्वांचलियों को फर्जी मतदाता कहा है। क्या संजय सिंह आप एक बार भी अरविंद केजरीवाल की निंदा करेंगे या नहीं? क्या अरविंद केजरीवाल के इस बयान को आप स्वीकार करते हैं?..."


अगर सवाल पूछना हमला है तो ऐसे हमले आप पर होते रहेंगे: मनोज तिवारी

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "अरविंद केजरीवाल से सवाल पूछना हमला हो गया है। अगर अरविंद केजरीवाल ने 10 साल शासन कर लिया और दिल्ली की जनता ने उनसे सवाल किया तो वे आक्रमणकारी हो गए? कल यहीं हुआ है। कल लोगों ने उनसे सवाल किया तो जवाब देने के बजाय उस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया... अगर सवाल पूछना हमला है तो ऐसे हमले आप पर होते रहेंगे।"


सैफ अटैक मामला: आरोपी के वकील का बयान

आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद के वकील संदीप शेखाने ने कहा, "5 दिनों की पुलिस हिरासत दी गई है। अदालत ने पुलिस को 5 दिनों के भीतर रिपोर्ट पेश करने को कहा है। पुलिस के पास इस बात का कोई सबूत नहीं है कि वो बांग्लादेशी है। उन्होंने कहा कि वो 6 महीने पहले यहां आया था, यह गलत बयान है। वो 7 साल से अधिक समय से यहां रह रहा है। उसका परिवार मुंबई में है...कोई उचित जांच नहीं की गई है..."


सैफ अटैक मामला: 5 दिन की हिरासत में भेजा गया आरोपी मोहम्मद शहजाद

सैफ अली खान हमला मामला में आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद को बांद्रा पुलिस स्टेशन लाया गया। बांद्रा हॉलिडे कोर्ट ने उसे 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।


डॉक्यूमेंट्री से डरी क्यों हैं BJP?- संजय सिंह

AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, "भाजपा इस डॉक्यूमेंट्री से डरी क्यों हैं? भाजपा इस डॉक्यूमेंट्री से क्यों डरी हुई है जिसमें हम दिखाना चाहते हैं कि केजरीवाल जी को फर्जी मुकदमें में गिरफ्तार किया गया। हम इसकी शिकायत करेंगे। ये गलत हैं।"


कांग्रेस पर बरसे जेपी नड्डा

BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने गुजरात के अहमदाबाद में संविधान गौरव अभियान को संबोधित करते हुए कहा, "75 साल की इस यात्रा में 65 साल कांग्रेस के नेताओं ने इस देश पर राज किया। आजादी के समय सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 2 साल में 562 रियासतों को भारत में शामिल कर लिया लेकिन एक राज्य के लिए जवाहरलाल नेहरू ने कहा ये मेरे ऊपर छोड़ दो और उसके लिए धारा 370 लाई गई...  बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा बनाए गए अच्छे संविधान के साथ कांग्रेस ने क्या किया? कांग्रेस ने संसद में बिना पास कराए अनुच्छेद 35ए लागू कर दिया।"


सैफ हमले मामले पर कैलाश विजयवर्गीय का बयान

सैफ अली खान हमला मामले पर BJP नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, "ये चिंता की बात है। बहुत से बांग्लादेशी बंगाल सरकार द्वारा भारत में घुसाए जा रहे हैं। हिंदू नाम से उनका आधार कार्ड बन रहा है। यहां आकर वे लोग अपराध कर रहे हैं। अभी साइबर क्राइम चल रहा है, जो बांग्लादेश के लोग कर रहे हैं। बांग्लादेशी लोगों द्वारा आपराधिक गतिविधियां चिंता का विषय है। सरकार ने कड़ाई से इस पर निर्णय लिया है.... इस पर आवश्यक कार्रवाई करने की आवश्यकता है।"


CM योगी ने किया महाकुंभ मेले का हवाई सर्वेक्षण

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ मेले का हवाई सर्वेक्षण किया।


संगम पहुंचे CM भजनलाल शर्मा

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पवित्र स्नान के लिए संगम पहुंचे।


PM मोदी ने मन की बात में नए टाइगर रिजर्व का किया जिक्र- CM मोहन यादव

'मन की बात' के 118वें एपिसोड पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "हमारा जो नया टाइगर रिजर्व बना है उसका जिक्र उन्होंने (PM मोदी) किया है। पूरे देश और दुनिया के सामने इस बात को रखकर हमें गौरवान्वित किया है। देशभर में दो टाइगर रिजर्व बनाए गए हैं, एक छत्तीसगढ़ के लिए और दूसरा मध्य प्रदेश के लिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि हाथियों को लेकर जो अच्छा प्रयोग हुआ है, वह है हमारे जंगल के अंदर हाथियों को खाने लायक घास लगाने से उनका भोजन जंगल में ही रहता है ताकि वे गांव में ना आएं और लोगों को परेशान न करें। मैंने अपने वन विभाग के लोगों के साथ इस तरह का प्रबंध करने का संकल्प लिया है, ताकि जंगली हाथी जंगलों में ही रहें और बाहर आकर नुकसान न पहुंचाएं।"
 


कालकाजी में बदलाव होने जा रहा है- अलका लांबा

कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने कहा, "कालकाजी में बदलाव होने जा रहा है। 10 साल कम नहीं थे। लोग दुखी और परेशान हैं। लोगों में एक बात तय हो चुकी है वो है बदलाव। कांग्रेस में लोगों का भरोसा वापस लौट रहा है। हमारा वोट जो उधर गया था वो वापस आ रहा है। कांग्रेस कालकाजी में वापसी करने जा रही है।"


कुंभ में गरीब-अमीर सब एक हो जाते हैं- PM मोदी

PM मोदी ने मन की बात में कहा कि प्रयागराज में महाकुंभ का श्रीगणेश हो चुका है। चिरस्मरणीय जनसैलाब, अकल्पनीय दृश्य और समता-समरसता का असाधारण संगम! इस बार कुंभ में कई दिव्य योग भी बन रहे हैं। कुंभ का ये उत्सव विविधता में एकता का उत्सव मनाता है। संगम की रेती पर पूरे भारत के, पूरे विश्व के लोग, जुटते हैं | हजारों वर्षों से चली या रही इस परंपरा में कहीं भी कोई भेदभाव नहीं, जातिवाद नहीं। इसमें भारत के दक्षिण से लोग आते हैं, भारत के पूर्व और पश्चिम से लोग आते हैं। कुंभ में गरीब-अमीर सब एक हो जाते हैं। सब लोग संगम में डुबकी लगाते हैं, एक साथ भंडारों में भोजन करते हैं, प्रसाद लेते हैं- तभी तो ‘कुंभ’ एकता का महाकुंभ है। कुंभ का आयोजन हमें ये भी बताता है कि कैसे हमारी परम्पराएं पूरे भारत को एक सूत्र में बांधती हैं। उत्तर से दक्षिण तक मान्यताओं को मानने के तरीके एक जैसे ही हैं। एक तरफ प्रयागराज, उज्जैन, नासिक और हरिद्वार में कुंभ का आयोजन होता है, वैसे ही, दक्षिण भू-भाग में, गोदावरी, कृष्णा, नर्मदा और कावेरी नदी के तटों पर पुष्करम होते हैं। ये दोनों ही पर्व हमारी पवित्र नदियों से, उनकी मान्यताओं से, जुड़े हुए हैं। इसी तरह कुंभकोणम से तिरुक्कड-यूर, कूड़-वासल से तिरुचेरई अनेक ऐसे मंदिर हैं, जिनकी परम्पराएं कुंभ से जुड़ी हुई हैं।
 


इस बार का ‘गणतंत्र दिवस’ बहुत विशेष है- PM मोदी

PM मोदी ने मन की बात में देशवासियों को गणतंत्र दिवास की बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस बार का ‘गणतंत्र दिवस’ बहुत विशेष है। ये भारतीय गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ है। इस वर्ष संविधान लागू होने के 75 साल हो रहे हैं। मैं संविधान सभा के उन सभी महान व्यक्तित्वों को नमन करता हूं, जिन्होंने हमें हमारा पवित्र संविधान दिया। संविधान सभा के दौरान अनेक विषयों पर लंबी-लंबी चर्चाएं हुईं। वो चर्चाएं संविधान सभा के सदस्यों के विचार, उनकी वो वाणी, हमारी बहुत बड़ी धरोहर है।
 


CM आतिशी की प्रेस कॉन्फ्रेंस

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा, "कल नई दिल्ली विधानसभा में अरविंद केजरीवाल की गाड़ी पर भाजपा के गुंडों ने हमला किया। अगर वो पत्थर किसी को लग जाता तो जानलेवा हो सकता था। अरविंद केजरीवाल पर हमला करने वाला कौन था?... एक शख्स राहुल उर्फ शैंकी, जो हमले में देखा गया था। वो हमेशा प्रवेश वर्मा के साथ दिखता है और उनके प्रचार में शामिल रहता है। इस शख्स पर डकैती की कोशिश का केस दर्ज है, जिसमें 7 साल की सजा हो सकती है, आर्म्स एक्ट का केस दर्ज है, जिसमें 2 साल की सजा हो सकती है, शकरपुर थाने में FIR दर्ज है। ये साफ है कि अरविंद केजरीवाल पर हमला करने के लिए एक अपराधी को भेजा गया था।"


केजरीवाल पर प्रवेश वर्मा का आरोप

AAP द्वारा अरविंद केजरीवाल के काफिले पर हमले के आरोप पर नई दिल्ली विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा का कहना है, ''अरविंद केजरीवाल पिछले 11 साल से सीएम हैं, फिर भी उन्हें घर-घर जाना पड़ता है। डोर कैंपेन में मिल रहे रिस्पॉन्स से वह निराश हैं। जब युवा रोजगार मांग रहे थे तो उन्होंने अपनी कार से उन्हें टक्कर मार दी। कल (नई दिल्ली) विधानसभा के तीन लोगों ने अरविंद केजरीवाल से बात करने की कोशिश की, तीनों के पास कोई हथियार नहीं था। एक व्यक्ति की तस्वीर पोस्ट की और दावा किया गया है। नई दिल्ली सीट के सभी 1 लाख 9 हजार मतदाता मेरे करीबी परिचित हैं। जिस कार में अरविंद केजरीवाल बैठे थे, उन्होंने तीन लोगों को टक्कर मार दी। तीनों लोगों ने बयान दिया है कि ड्राइवर ने ब्रेक लगाया था लेकिन अरविंद केजरीवाल ने उन्हें गाड़ी चलाते रहने का इशारा किया। उसके बाद वे घायल हो गए। हमने चुनाव आयोग से भी शिकायत की है।"


केजरीवाल और BJP से निराश हैं जनता- संदीप दीक्षित

नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा, "हमें बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। लोग अरविंद केजरीवाल और भाजपा से बहुत निराश हैं। यहां सबसे बड़ी समस्या यह है कि पिछले 10 सालों से मस्टर रोल बंद हैं। लोगों में नाराजगी है। अरविंद केजरीवाल दिल्ली में राजनीति के स्तर को गिराने और उसे गंदा करने के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं। उन्होंने दिल्ली की राजनीति की संस्कृति में ज़हर घोल दिया है..."


त्रिवेणी संगम घाट पर की गई आरती

प्रयागराज में त्रिवेणी संगम घाट पर आरती की गई।   


सैफ अटैक मामले में मुंबई पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस

सैफ अली खान पर अटैक मामले में डीसीपी जोन 9 दीक्षित गेदाम ने बताया, “16 जनवरी को सुबह 2 बजे अभिनेता सैफ अली खान पर उनके आवास पर हमला किया गया। मामले में FIR दर्ज की गई और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है, उसकी उम्र 30 साल है। वह चोरी के इरादे से घर में घुसा था। उसे अदालत में पेश किया जाएगा और हिरासत की मांग की जाएगी। हमें संदेह है कि वह बांग्लादेशी नागरिक हो सकता है।” 


गाजियाबाद में एक घर में आग लगने से 4 लोगों की मौत

गाजियाबाद में एक घर में आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गई है। कंचन पार्क इलाके में घर में भीषण आग लग गई। दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों और एक महिला की मौत हो गई। जिस वक्त आग लगी घर में 8 लोग मौजूद थे। 
 


दिल्ली में देरी से चल रही 41 ट्रेनें

घने कोहरे के कारण दिल्ली के विभिन्न स्टेशनों से चलने वाली 41 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।


कोहरे के चलते कई फ्लाइट्स लेट

दिल्ली में शीतलहर का प्रकोप जारी है। कोहरे के कारण IGI एयरपोर्ट पर कई उड़ानें देरी से चल रही हैं।      


हर्ष मल्होत्रा का AAP और केजरीवाल पर हमला

केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा, "अरविंद केजरीवाल और उनके लोग डरे हुए हैं तभी वे बार-बार बोलते रहे कि इतने वोट कट गए, इतने वोट जुड़ गए जबकि यह काम इन्होंने खुद किया है। दिल्ली वालों के लिए 10 सालों में इन्होंने क्या किया है? इन्होंने जो भी विकास के कार्य किए हों वह जनता में बताएं..." 


सैफ अली खान पर हमला करने वाला गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने सैफ अली खान पर हमला मामले में आरोपी को ठाणे से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम मोहम्मद आलियान है और उसने अपना जुर्म भी कबूल लिया है। मुंबई पुलिस ने बताया कि आरोपी विजय दास, बिजॉय दास और मोहम्मद इलियास सहित कई नामों का इस्तेमाल कर रहा था।


PM मोदी के 'मन की बात' आज

PM मोदी आज अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के जरिए देशवासियों को सुबह 11 बजे संबोधित करेंगे। इस संबंध में बीते दिन उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट कर जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा था, "2025 की पहली #MannKiBaat के लिए सुबह 11 बजे ट्यून इन करें! पूरे भारत से अनुकरणीय सामूहिक प्रयासों को उजागर करने के लिए उत्सुक हूं जो सामाजिक ताकत को प्रदर्शित करता है।"

Published By:
 Ruchi Mehra

पब्लिश्ड