LIVE BLOG

अपडेटेड 27 April 2025 at 23:37 IST

राजनाथ सिंह के घर पहुंचे CDS चीफ अनिल चौहान, रक्षा मंत्री के साथ 40 मिनट तक चली बैठक

India News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 'मन की बात' कार्यक्रम के 121वें एपिसोड को संबोधित किया। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सरकार सख्त है। पाकिस्तानी नागरिकों के लिए 26 से 29 अप्रैल के बीच देश छोड़ने की आखिरी तारीख निर्धारित की गई है। इसके बाद किसी भी पाकिस्तानी नागरिक को वीजा जारी नहीं किया जाएगा।

Follow : Google News Icon  
Rajnath Singh
CDS चीफ अनिल चौहान राजनाथ सिंह के बीच हुई बातचीत। | Image: Republic

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सरकार सख्त है। पाकिस्तानी नागरिकों के लिए 26 से 29 अप्रैल के बीच देश छोड़ने की आखिरी तारीख निर्धारित की गई है। इसके बाद किसी भी पाकिस्तानी नागरिक को वीजा जारी नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 'मन की बात' कार्यक्रम के 121वें एपिसोड को संबोधित किया। पहलगाम हमले को लेकर देश भर में आक्रोश है। इस बीच RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि अहिंसा हमारा स्वभाव है, हमारा मूल्य है। लेकिन कुछ लोग नहीं बदलेंगे, चाहे कुछ भी करो, वे दुनिया को परेशान करते रहेंगे, तो इसका क्या करें? अहिंसा हमारा धर्म है और गुंडों को सबक सिखाना भी हमारा धर्म है। हम अपने पड़ोसियों का कभी अपमान या नुकसान नहीं करते लेकिन फिर भी अगर कोई बुराई पर उतर आए तो दूसरा विकल्प क्या है? राजा का कर्तव्य प्रजा की रक्षा करना है, राजा को अपना कर्तव्य निभाना चाहिए।

 


27 April 2025 at 23:35 IST

दिल्ली में तीरंदाजी के लिए बनाया जाएगा एक और स्टेडियम

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "...हमने NTPC और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से तीरंदाजों को 2.5 करोड़ रुपये के उपकरण दिए हैं। उपराज्यपाल ने घोषणा की है कि दिल्ली में तीरंदाजी के लिए इसी तरह का एक और स्टेडियम बनाया जाएगा और इसी तरह की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। मुझे उम्मीद है कि हम आगामी ओलंपिक में इस खेल में पदक लाएंगे... पिछले 11 वर्षों में भारत में खेलों में क्रांतिकारी बदलाव हुए हैं, खेल बजट में कई गुना वृद्धि की गई है।"
 


27 April 2025 at 23:35 IST

हर गरीब के पास पक्का घर होना चाहिए: शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "आज प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र वितरण का कार्यक्रम था। हमारे प्रधानमंत्री का संकल्प है, भाजपा का संकल्प है, कि हर गरीब के पास पक्का घर हो, पक्की छत हो। हमने तय किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में 2 करोड़ और शहरी क्षेत्रों में 1 करोड़ घर बनाएंगे... हर गरीब के पास पक्का घर होना चाहिए। इसमें कुछ नाम छूट गए थे, तो सर्वे कराया गया और उस सर्वे में भी हमारे रायसेन के करीब 1 लाख घरों का सर्वे किया गया और जिनके पास कच्चे घर हैं, उन्हें पक्के घर देने का अभियान चलाया जाएगा... प्रधानमंत्री का लक्ष्य विकसित भारत है और विकसित भारत के लिए हर गांव का विकास होना चाहिए। इसके लिए हम अभियान चला रहे हैं ताकि गांवों का संपूर्ण विकास हो सके।"
 


Advertisement

27 April 2025 at 23:35 IST

कर्नाटक CM के पहलगाम वाले बयान पर क्या बोले सुधांशु त्रिवेदी?

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने पहलगाम हमले के संबंध में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बयान पर कहा, "जहां देश इस हमले के खिलाफ आक्रोश में हैं, जन-जन के मन में है कि इसका कठोर और प्रभावी उत्तर भारत को देना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने उसी भावना के अनुरूप अपना संकल्प व्यक्त किया है कि इस घटना को करने वालों को उनके अंजाम तक पहुंचाकर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। बहुत दुख की बात है कि कांग्रेस के कुछ नेता ठीक वही भाषा बोल रहे हैं जो पाकिस्तान बोल रहा है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया द्वारा यह कहना कि युद्ध कोई विकल्प नहीं है यह वही भाषा है जो पाकिस्तान के गृह मंत्री, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री और पाकिस्तान के विदेश मंत्री बोल रहे हैं। हम कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहते हैं कि आपने कहा था कि आप सरकार के साथ हैं, अब कुछ दिन में आपके चेहरे पर से नकाब निकल गया... हमें कांग्रेस पार्टी से जवाब चाहिए... जहां तक विकल्प की बात है, मैं सिद्धारमैया को स्पष्ट करना चाहता हूं कि क्या विकल्प होगा यह प्रधानमंत्री मोदी, कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी, हमारे तीन सेनाओं के प्रमुख पर छोड़ दीजिए। आप रक्षा विशेषज्ञ बनने का प्रयास न करें।"
 


27 April 2025 at 21:34 IST

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और रक्षा मंत्री से मिले सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से उनके आवास पर और दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके घर पर मुलाकात की मुलाकात की। 


Advertisement

27 April 2025 at 21:28 IST

पीएम मोदी में निर्णय लेने की क्षमता है: प्रवीण खंडेलवाल

भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर आतंकवाद के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। हम सभी जानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में निर्णय लेने की क्षमता है और उन निर्णयों को क्रियान्वित करने की ताकत भी है। आज मन की बात कार्यक्रम में उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के बारे में जो कहा, उससे देशवासियों का विश्वास मजबूत हुआ है और पूरा देश प्रधानमंत्री के साथ मजबूती से खड़ा है कि आतंकवादियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो उनकी कल्पना से परे हो।"


27 April 2025 at 21:27 IST

CM हिमंता के ट्वीट पर गौरव गोगोई का बयान

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के ट्वीट पर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, "वे पिछले 3 महीनों से ये सारे आरोप लगा रहे हैं। एक SIT भी गठित की गई है। हम SIT के रिपोर्ट देने का इंतजार कर रहे हैं। पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ लोगों की एकता के बीच, वे और उनकी पार्टी के साथी निराधार राजनीति कर रहे हैं... यह उनकी विफलताओं से लोगों का ध्यान हटाने के लिए है..."
 


27 April 2025 at 20:42 IST

हम इसका ऐसा बदला लेंगे जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी: एके शर्मा

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री एके शर्मा ने पहलगाम हमले पर कहा, "यह बहुत ही निंदनीय घटना है, इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया ने इस घटना पर अपना गुस्सा जाहिर किया है... प्रधानमंत्री ने कहा था कि हम इसका ऐसा बदला लेंगे जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी।"
 


27 April 2025 at 20:34 IST

निहत्थे पर्यटकों पर गोली चलाने वाले कायर आतंकवादी थे: केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पहलगाम हमले पर कहा, “देश के दुश्मनों से हिसाब करने के लिए देश की सेनाएं तैयार है। पहलगाम में जो हुआ उससे पूरा देश दुखी और गुस्से में है और पूरा देश बदला चाहता है... निहत्थे पर्यटकों पर गोली चलाने वाले कायर आतंकवादी थे, मानवता के दुश्मन थे, उनके इरादे नष्ट होंगे, वे सफल नहीं होंगे।”


27 April 2025 at 20:31 IST

पहलगाम हमले पर क्या बोले सचिन पायलट?

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने पहलगाम हमले पर कहा, "... यह कोई सामान्य घटना नहीं है... इस वाक्यात का मुंह तोड़ जवाब देना होगा... जिस तरह इस घटना को अंजाम दिया गया है, उससे आतंकियों के मंसूबे बिल्कुल स्पष्ट हैं। इस मसले पर हम सभी ने बहुत स्पष्ट कहा है कि भारत सरकार को अपनी पूरी ताकत के साथ इसका जवाब देना है... आतंकियों के जरिए हमारे अस्तित्व को चुनौती दी जा रही है..."
 


27 April 2025 at 18:19 IST

रामजीलाल के काफिले पर हमले को लेकर क्या बोले अलीगढ़ एडिशनल SP?

अलीगढ़ एडिशनल SP सिटी मृगांक शेखर पाठक ने कहा, "थाना गभाना का एक प्रकरण संज्ञान में आया है, जिसमें यह बात सामने आई है कि सांसद रामजीलाल सुमन के काफिले पर कुछ लोगों द्वारा टायर फेंके गए थे। इस संबंध में अवगत कराना है कि थाना गभाना पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया जा रहा है। विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।"


27 April 2025 at 18:18 IST

पीएम मोदी के मन की बात पर क्या बोले सीएम साय?

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम पर कहा, “आज प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 121वां एपिसोड था, ये हमारा सौभाग्य है कि आज उन्होंने छत्तीसगढ़ का जिक्र किया, दंतेवाड़ा में हम जो साइंस सेंटर चला रहे हैं उसका जिक्र उन्होंने मन की बात में किया, ये छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य की बात है।”


27 April 2025 at 18:10 IST

भारत सरकार के फैसले की सार्वजनिक व्याख्या नहीं की जाती

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, "पहलगाम की घटना के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने खुद देशवासियों को भरोसा दिलाया, वे खुद स्थिति पर नजर रख रहे हैं। गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, विदेश मंत्रालय के इनपुट के आधार पर भारत सरकार जो भी फैसले लेती है, उनकी सार्वजनिक तौर पर व्याख्या नहीं की जाती। यहां बैठक करने का विचार इसलिए था क्योंकि पिछले कुछ दिनों से कठुआ, उधमपुर बेल्ट में कुछ गतिविधियां हो रही हैं।"


27 April 2025 at 16:55 IST

राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने अपराध को लेकर किया बड़ा दावा

समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने कहा, "ये टोल है और हमें पुलिस प्रशासन ने रोक दिया... मामला बहुत गंभीर है। बुलंदशहर में दलितों के उत्पीड़न की 6 घटनाएं हुई है। इस समय पूरे उत्तर प्रदेश में एक बाढ़ सी आई हुई है। उनकी(दलित परिवार) नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म हो रहे हैं, उनकी बारात रोकी जा रही है और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ी जा रही है..."


27 April 2025 at 16:53 IST

CDS और रक्षा मंत्री की बैठक खत्म

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीडीएस अनिल चौहान की बैठक खत्म हुई। करीब 40 मिनट तक बैठक चली। 


27 April 2025 at 16:54 IST

CDS चीफ अनिल चौहान पहुंचे राजनाथ सिंह के घर

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर CDS चीफ अनिल चौहान पहुंचे। सीडीएस चीफ और रक्षा मंत्री की ये बड़ी बैठक है। बैठक में सीडीएस चीफ सभी जानकारी देंगे।


27 April 2025 at 14:59 IST

रोहिणी में झुग्गी में आग लगी

दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 17 में श्री निकेतन अपार्टमेंट के पास झुग्गी में आग बुझाने का काम जारी है। 20 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
 


27 April 2025 at 14:59 IST

मुख्यमंत्री सैनी ने सुनी 'मन की बात'

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' के 121वें एपिसोड को सुना।
 


27 April 2025 at 14:59 IST

घटनास्थल से 2 शव बरामद

घटनास्थल से 2 शव बरामद किए गए हैं। तलाशी और बचाव अभियान जारी है। दिल्ली पुलिस ने इसकी जानकारी दी है। 


27 April 2025 at 14:31 IST

असम में उपद्रवी तत्वों के खिलाफ कुल 16 गिरफ्तारियां हुई

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट किया है कि  27 अप्रैल, दोपहर 12 बजे तक गद्दारों के खिलाफ कार्रवाई पर अपडेट। 
- दधीचि डिंपल उर्फ ​​डिंपल बोरा को गोलाघाट पुलिस ने गिरफ्तार किया
-ताहिब अली को तामुलपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया
- बिमल महतो को उदलगुड़ी पुलिस ने गिरफ्तार किया।

अब तक उपद्रवी तत्वों के खिलाफ कुल 16 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।


27 April 2025 at 14:31 IST

पहलगाम में घटी आतंकी घटना से देश आक्रोशित- अर्जुन राम मेघवाल

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने पहलगाम आतंकी हमले पर कहा कि पहलगाम में जो आतंकी घटना घटी है, पूरा देश उससे आक्रोशित है। विपक्ष के साथ भी सर्वदलीय बैठक हुई है और प्रधानमंत्री ने बिहार की धरती से ही ऐलान किया है। जो एक्शन लिए जा रहे हैं वह छोटी घटना नहीं है। आतंकवादी जहां भी छिपे हुए हैं उन्हें निश्चित रूप से सजा मिलेगी और जो आतंक की घटना को अंजाम देने वाले उनके आका हैं उन्हें भी निश्चित रूप से सजा मिलेगी। 


27 April 2025 at 14:31 IST

तिरुवनंतपुरम अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच जारी

तिरुवनंतपुरम अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच चल रही है, जहां आज सुबह एक ईमेल के माध्यम से बम की धमकी मिली थी।
 


27 April 2025 at 13:49 IST

ITO जाने वाले रास्ते पर मौजूद जंगल में लगी आग

दिल्ली के शकरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ITO जाने वाले रास्ते पर मौजूद जंगल में आग लग गई। दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर मौजूद है। 
 


27 April 2025 at 13:48 IST

सीएम नीतीश ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के लिए तैयारी व व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।


27 April 2025 at 13:48 IST

पहलगाम में घटी घटना से पीएम मोदी व्यथित- दिलीप जायसवाल

बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने Pahalgam Terrorist Attack पर कहा कि पहलगाम में घटी घटना पर प्रधानमंत्री मोदी बहुत व्यथित हैं। इससे पूरा देश स्तब्ध है। प्रधानमंत्री मोदी इस बात को लेकर चिंतित है कि कैसे सारी दुनिया में यह संदेश जाए कि भारत आतंकवाद को बिल्कुल सहन नहीं करेगा।
 


27 April 2025 at 13:04 IST

पीएम 'मन की बात' से आम जन की भावनाओं को छूते हैं- अनिल विज

पाकिस्तान को लेकर हरियाणा सरकार के मंत्री अनिल विज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम पर कहा कि प्रधानमंत्री मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से आम जन की भावनाओं को छूते हैं। इस समय सारा देश कश्मीर की घटना को लेकर उद्वेलित है। उस पर भी उन्होंने अपार दृष्टिकोण स्पष्ट रूप से रखा कि जिनके साथ यह हुआ है उन्हें इंसाफ जरूर दिलाया जाएगा और यदि पीएम मोदी ने कहा है तो ऐसा जरूर होगा।


27 April 2025 at 13:03 IST

'मन की बात' में देश की भावना जुड़ी- दानिश अंसारी

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम पर कहा कि प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में जो तमाम बातें की, पूरे देश की भावना उन बातों से जुड़ी हुई हैं। पूरे देश की संवेदना उन परिवारों के साथ हैं, जिनके साथ यह(पहलगाम आतंकी हमला) हादसा हुआ। निश्चित तौर पर यह क्षमा योग्य नहीं है। इसका कड़ा जवाब देने के लिए भारत पूरी तरह से तैयार है। जो भी इस घटना के पीछे  प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से होगा इसे सख्त से सख्त कार्रवाई का सामना करना होगी, ऐसा हम विश्वास दिलाते हैं।


27 April 2025 at 13:03 IST

के. कस्तूरीरंगन का राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

पूर्व ISRO प्रमुख डॉ. के. कस्तूरीरंगन का 25 अप्रैल को 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया, उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
 


27 April 2025 at 12:23 IST

पाकिस्तानी आतंकियो ने निहत्थे और निर्दोष नागरिकों की निर्मम हत्या की- तरुण चुघ

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि पाकिस्तानी जिहादियों और आतंकियो ने निहत्थे और निर्दोष नागरिकों की निर्मम हत्य की है। अभी मरने वालों की चिता शांत नहीं हुई थी कि कांग्रेस पार्टी और उनके नेताओं का पाकिस्तान प्रेम जारी है। विभाजन(सन् 1947 में हुआ भारत-पाकिस्तान विभाजन) के लिए कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार थी। 


27 April 2025 at 12:22 IST

सीएम सिद्धारमैया ने ISRO के पूर्व अध्यक्ष के. कस्तूरीरंगन को दी श्रद्धांजलि

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के पूर्व अध्यक्ष के. कस्तूरीरंगन को श्रद्धांजलि अर्पित की।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व अध्यक्ष के. कस्तूरीरंगन का शुक्रवार को बेंगलुरु में निधन हो गया।
 


27 April 2025 at 12:22 IST

पहलगाम में हुई घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण- निशिकांत दुबे

पहलगाम आतंकी हमले पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि पहलगाम में हुई घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। सहयोग अच्छा है कि भारत का नेतृ्त्व करने वाले व्यक्ति को पूरी दुनिया एक मजबूत प्रधानमंत्री मानती है। उन्हें(प्रधानमंत्री मोदी) 140 करोड़ देशवासियों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने बिहार में कहा था कि आतंकियों को मिट्टी में मिला देंगे। 


27 April 2025 at 11:32 IST

भारत ने म्यांमार के लिए तुरंत ऑपरेशन ब्रह्मा लॉन्च किया- पीएम मोदी

मन की बात के 121वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपने पिछले महीने म्यांमार में आए विनाशकारी भूकंप की भयावह तस्वीरें देखी होंगी। भारत ने म्यांमार के लोगों के लिए तुरंत ऑपरेशन ब्रह्मा लॉन्च किया। ऑपरेशन ब्रह्मा में भाग लेने वाले सभी लोगों पर हमें बेहद गर्व है। 'वसुधैव कुटुम्बकम' हमारी परंपराओं और मूल्यों को समेटे हुए है। संकट के समय में वैश्विक मित्र के रूप में भारत की त्वरित प्रतिक्रिया और मानवता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता हमारी पहचान बन रही है।


27 April 2025 at 11:31 IST

वैश्विक नेताओं ने आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की- पीएम मोदी

मन की बात के 121वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वैश्विक नेताओं ने मुझे फोन किया, पत्र लिखे, संदेश भेजे। सभी ने इस जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की है। आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई में पूरा विश्व 1.4 बिलियन भारतीयों के साथ खड़ा है। एक बार फिर, मैं पीड़ित परिवारों को आश्वासन देता हूं कि उन्हें न्याय मिलेगा। इस हमले के साजिशकर्ताओं और अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी।


27 April 2025 at 11:30 IST

सीएम योगी ने गंगा एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंगा एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।


27 April 2025 at 11:14 IST

ये हमला उनकी कायरता को दिखाता है- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने आगे कहा कि पहलगाम में हुआ ये हमला, आतंक के सरपरस्तों की हताशा को दिखाता है, उनकी कायरता को दिखाता है। ऐसे समय में जब कश्मीर में शांति लौट रही थी, स्कूल-कॉलेजों में एक vibrancy थी, निर्माण कार्यों में अभूतपूर्व गति आई थी, लोकतंत्र मजबूत हो रहा था, पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हो रही थी, लोगों की कमाई बढ़ रही थी, युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हो रहे थे। देश के दुश्मनों को, जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों को, ये रास नहीं आया। आतंकी और आतंक के आका चाहते हैं, कश्मीर फिर से तबाह हो जाए और इसलिए इतनी बड़ी साजिश को अंजाम दिया। आतंकवाद के खिलाफ इस युद्ध में देश की एकता, 140 करोड़ भारतीयों की एकजुटता, हमारी सबसे बड़ी ताकत है। यही एकता, आतंकवाद के खिलाफ हमारी निर्णायक लड़ाई का आधार है। हमें देश के सामने आई इस चुनौती का सामना करने के लिए अपने संकल्पों को मजबूत करना है। हमें एक राष्ट्र के रूप में दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रदर्शन करना है। आज दुनिया देख रही है, इस आतंकी हमले के बाद पूरा देश एक स्वर में बोल रहा है।


27 April 2025 at 11:13 IST

पहलगाम आतंकी वारदात ने हर नागरिक को दुख पहुंचाया- PM

पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुई आतंकी वारदात ने देश के हर नागरिक को दुख पहुंचाया है। पीड़ित परिवारों के प्रति हर भारतीय के मन में गहरी संवेदना है। भले वो किसी भी राज्य का हो, वो कोई भी भाषा बोलता हो, लेकिन वो उन लोगों के दर्द को महसूस कर रहा है, जिन्होंने इस हमले में अपने परिजनों को खोया है। मुझे अहसास है, हर भारतीय का खून, आतंकी हमले की तस्वीरों को देखकर खौल रहा है। 


27 April 2025 at 10:45 IST

नौसेना के युद्धपोतों ने की कई सफल एंटी-शिप फायरिंग

अरब सागर में तैनात भारतीय नौसेना के युद्धपोतों ने हाल ही में कई एंटी-शिप मिसाइल फायरिंग की।

भारतीय नौसेना ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय नौसेना के जहाजों ने लंबी दूरी के सटीक आक्रामक हमले के लिए प्लेटफॉर्म, सिस्टम और चालक दल की तत्परता को पुनः प्रमाणित करने और प्रदर्शित करने के लिए कई सफल एंटी-शिप फायरिंग की। भारतीय नौसेना किसी भी समय, कहीं भी, किसी भी तरह से राष्ट्र के समुद्री हितों की रक्षा करने के लिए युद्ध के लिए तैयार, विश्वसनीय और भविष्य के लिए तैयार है।


27 April 2025 at 10:43 IST

श्रीनगर की डल झील का लुत्फ उठा रहे पर्यटक

शहर की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के लिए पर्यटकों का श्रीनगर की डल झील पर पहुंचना जारी है।
 


27 April 2025 at 10:43 IST

पहलगाम हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी की पत्नी ने की बड़ी मांग

पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी की पत्नी ने कहा कि लोग पुलवामा हमले, 26/11 के हमलों में पीड़ित परिवारों को भूल जाते हैं। हम नहीं चाहते कि शुभम को भुलाया जाए और इसलिए मैं सरकार से अनुरोध करती हूं कि उसे शहीद का दर्जा दिया जाए। शुभम को सबसे पहले गोली मारी गई। उसका चेहरा विकृत कर दिया गया और परिवार के सदस्यों को उसका चेहरा देखने का मौका नहीं मिला।
 


27 April 2025 at 10:00 IST

आतंकी हमले के बाद हिल स्टेशन में पर्यटन को पहुंचा भारी नुकसान

22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी, जम्मू-कश्मीर के उधमपुर और रामबन जिलों के लोकप्रिय हिल स्टेशनों में पर्यटन को भारी नुकसान पहुंचा है। वीडियो जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के पटनीटॉप से ​​है।


27 April 2025 at 09:58 IST

भारतीय नौसेना के युद्धपोतों ने किया एंटी-शिप मिसाइलों का परीक्षण

अरब सागर में तैनात भारतीय नौसेना के युद्धपोतों ने हाल ही में कई एंटी-शिप मिसाइलों का परीक्षण किया।


27 April 2025 at 09:57 IST

सीएम सिद्धारमैया के बयान पर क्या बोले तेजस्वी सूर्या?

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बयान पर भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का यह बयान कि हमें पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं करनी चाहिए, बेहद निंदनीय और आपत्तिजनक है। यह फैसला लेने वाले हम कौन होते हैं? यह फैसला लेना सेना और सरकार के नेतृत्व का काम है। मुख्यमंत्री को यह समझना चाहिए कि वह एक ऐसे राज्य का प्रतिनिधित्व करते हैं जहां के 3 नागरिकों की इन आतंकवादियों द्वारा बेरहमी से हत्या की गई है। कम से कम वह सख्त कार्रवाई की मांग तो कर ही सकते हैं। 
 


27 April 2025 at 08:59 IST

संगम घाट पर श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना

प्रयागराज में वैशाख अमावस्या 2025 के अवसर पर संगम घाट पर पवित्र स्नान और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।


27 April 2025 at 08:58 IST

हमें नशा मुक्त हरियाणा बनाना है- सीएम सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के युवाओं ने, बुजुर्गों ने, महिलाओं ने और हर नागरिक ने अब यह ठान लिया है कि हमें नशे को समाप्त करना है और नशा मुक्त हरियाणा बनाना है। मैं आज इस यात्रा के इस पड़ाव पर कहना चाहता हूं कि यह जन जागरण अभियान लगातार चला है। आज इस यात्रा ने नशे कि खिलाफ जन आंदोलन का रूप ले लिया है। हमें हमारा हरियाणा का युवा हृष्ट-पुष्ट चाहिए, न कि नशे में घिरा हुआ चाहिए।


27 April 2025 at 08:58 IST

पहलगाम आतंकी हमले की जांच करेगी एनआईए

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले का मामला अपने हाथ में ले लिया है, जिसमें आतंकवादियों ने 26 पर्यटकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। सूत्र ने यह जानकारी दी है।


27 April 2025 at 08:09 IST

राष्ट्र विरोधी टिप्पणी करने के आरोप में हिरासत में लगी गई महिला

असम के गोलाघाट जिले की दधीचि डिंपल उर्फ ​​डिंपल बरुआ नामक महिला को पहलगाम आतंकी हमले पर विवादास्पद और राष्ट्र विरोधी टिप्पणी करने के लिए गुवाहाटी से अपराध शाखा ने हिरासत में लिया। बाद में उसे गोलाघाट पुलिस को सौंप दिया गया। गोलाघाट पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और गोलाघाट पुलिस स्टेशन ले आई> गोलाघाट के पुलिस अधीक्षक राजेन सिंह ने ANI को बताया। 
 


27 April 2025 at 08:02 IST

LOC पर तीसरे दिन फायरिंग, भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब

भारतीय सेना के मुताबिक, 26-27 अप्रैल 2025 की रात को, पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने तुतमारी गली और रामपुर सेक्टर के सामने नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी। हमारे सैनिकों ने उचित छोटे हथियारों से गोलीबारी का प्रभावी ढंग से जवाब दिया।


27 April 2025 at 08:02 IST

'मन की बात' कार्यक्रम को संबोधित करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 'मन की बात' कार्यक्रम के जरिये देशवासियों को संबोधित करेंगे। 


27 April 2025 at 08:02 IST

पाकिस्तानी नागरिकों की वीजा अवधि समाप्त

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सरकार सख्त है। पाकिस्तानी नागरिकों के लिए 26 से 29 अप्रैल के बीच देश छोड़ने की आखिरी तारीख निर्धारित की गई है। इसके बाद किसी भी पाकिस्तानी नागरिक को वीजा जारी नहीं किया जाएगा। पहलगाम आतंकी हमले के बाद सरकार के सख्त निर्देश के बीच सार्क वीजा रखने वालों को 26 अप्रैल तक देश छोड़ना होगा। फिल्म, पत्रकार, सम्मेलन, आगमन, व्यापार, पर्वतारोहण, छात्र, समूह पर्यटक, आगंतुक और तीर्थयात्री वीजा रखने वालों को 27 अप्रैल तक भारत छोड़ना होगा। इसके अलावा पाक के अल्पसंख्यकों को दिए जाने वाले समूह तीर्थयात्री वीजा वालों को भी आज यानि 27 अप्रैल तक देश छोड़ना होगा। वहीं जिनके पास मेडिकल वीजा है उन्हें 29 अप्रैल तक देश छोड़ना होगा। हालांकि, हिंदू पाकिस्तानी नागरिकों पर यह फैसला लागू नहीं होगा। 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 27 April 2025 at 08:03 IST