संभल में इंटरनेट सेवा फिर से शुरू, 10 दिसंबर तक धारा 163 लागू
India News Live: पीएम मोदी भुवनेश्वर में पुलिस महानिदेशकों और पुलिस महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए 29 नवंबर से ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। संभल मस्जिद सर्वे के खिलाफ SC में हुई सुनवाई के दौरान निचली अदालत में चल रही कार्यवाही पर अंतिम रोक लगाई गई है। महाराष्ट्र के सीएम पद को लेकर महायुति में अबतक बात नहीं बन पाई।
- भारत
- 20 min read

India News Live: पीएम मोदी भुवनेश्वर में पुलिस महानिदेशकों और पुलिस महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए 29 नवंबर से ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। संभल मस्जिद सर्वे के खिलाफ SC में हुई सुनवाई के दौरान निचली अदालत में चल रही कार्यवाही पर अंतिम रोक लगाई गई है। महाराष्ट्र के सीएम पद को लेकर महायुति में अबतक बात नहीं बन पाई।
Live Blog
PM मोदी तीन दिन के ओडिशा दौरे पर हैं। भुवनेश्वर में आज उन्होंने BJP कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद एक रोड शो भी किया। संभल में हालात सामान्य हो रहे हैं। यहां इंटरनेट पर लगा बैन भी हट गया है। महाराष्ट्र में कांग्रेस नेता भाई जगताप के चुनाव आयोग पर बयान को लेकर हंगामा खड़ा हो गया।
जितेंद्र आव्हाड ने की एकनाथ शिंदे से मुलाकात
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात पर SCP नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा, "मैं सीएम से मिलने आया था। मुझे कुछ काम था इसलिए मैं उनसे मिलने आया था..."
संभल में उकसावे में आकर घटना घटित हुई- मुरादाबाद मंडलायुक्त
मुरादाबाद के मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने कहा कि संभल में जुमे की नमाज के बाद इंटरनेट से बैन हटा दिया है। आज 4 बजे से इंटरनेट से बैन हटा लिया गया है। जिलाधिकारी ने यहां आने से प्रतिबंध लगाया हुआ है। लोगों में अभी विश्वास बहाली हुई है, अगर कोई आता है तो वो उत्तेजना का कारण बन सकता है। जिम्मेदार लोग हमारी बात समझेंगे। हम किसी को रोकना नहीं चाहते हैं, बस माहौल को बेहतर करना चाहते हैं। जब सारी चीजें सामान्य हो जाती हैं तो कोई भी आएं, लेकिन अभी फिलहाल समय ठीक नहीं है। संभल में जो हुआ वो प्लान के तहत साजिश का हिस्सा हो सकता है। अचानक लोगों के उकसावे में आकर घटना घटित हुई।
Advertisement
हिमाचल भवन हमारा गौरव है- मुकेश अग्निहोत्री
हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा, "किसी भी पार्टी का मूल्यांकन चुनावों से होता है। हमने विधानसभा में 9 चुनाव लड़े और 6 जीते। हम विधानसभा चुनाव के लिए तैयार हैं। हमें पंजाब पुनर्गठन अधिनियम के तहत मिलने वाली 5000 करोड़ रुपये की राशि नहीं मिल रही है। अब वे कह रहे हैं कि हिमाचल भवन बिक रहा है। कोई कितनी भी कोशिश कर ले, कोई भी निजी संस्था हिमाचल भवन को छू नहीं सकती। हमने 64 करोड़ रुपये जमा करवा दिए हैं। हिमाचल भवन हमारा गौरव है।"
विपक्ष पर बरसे ज्योतिरादित्य सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विपक्ष द्वारा उठाए गए EVM मुद्दों पर कहा, "जीतें तो ठीक है, लेकिन हारें तो किसी और पर दोष मढ़ दें। ऐसा कब तक चलेगा? जो खुद को पहचानना नहीं चाहते, जो अपनी कमियां नहीं देखना चाहते, उनकी मदद कौन कर सकता है?"
Advertisement
अनिल विज ने किया कैथल रोडवेज डिपो का औचक निरीक्षण
हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने आज कैथल रोडवेज डिपो का औचक निरीक्षण किया और ड्यूटी में लापरवाही बरतने के कारण एक बस चालक और स्टेशन सुपरवाइजर को निलंबित कर दिया।
उपेंद्र कुशवाहा का बयान
कांग्रेस नेता भाई जगताप के चुनाव आयोग पर कथित आपत्तिजनक बयान पर RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, "वे अपनी हार (महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में) की बौखलाहट में यह सब बोलते हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को इसपर संज्ञान लेना चाहिए। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राजनीति में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है..."
CM योगी ने महाकुंभ के लिए अभूतपूर्व तैयारियां की- गजेंद्र सिंह शेखावत
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, "कुंभ के अवसर पर दुनिया भर से लोग भारत आते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने यह सुनिश्चित करने के लिए अभूतपूर्व तैयारियां की हैं कि यह लोगों के लिए एक अविस्मरणीय अवसर हो। भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार कुंभ में आने वाले प्रत्येक प्रतिभागी के लिए कुंभ के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, हमने इसके लिए व्यापक व्यवस्था की है..."
लखनऊ में फोम और फर्नीचर फैक्ट्री में लगी भीषण आग
लखनऊ के गाजीपुर इलाके में फोम और फर्नीचर फैक्ट्री में आग लगी, दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
आयुष्मान भारत स्वास्थ्य मिशन स्कूली बच्चों के लिए बहुत जरूरी- CM माणिक साहा
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा, "आयुष्मान भारत स्वास्थ्य मिशन स्कूली बच्चों के लिए बहुत जरूरी है... यह बहुत मददगार सिद्ध होगा। यह छोटे बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बहुत अच्छी योजना है... हम त्रिपुरा के 125 स्कूलों में पहली बार इसका पायलट प्रोग्राम शुरू कर रहे हैं, इसके सफल होने के बाद हम इसे त्रिपुरा के हर स्कूल में लागू करेंगे..."
तेजस्वी के बयान पर ललन सिंह का पलटवार
RJD नेता तेजस्वी यादव के 'स्मार्ट मीटर नहीं स्मार्ट चीटर' वाले बयान पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन(ललन सिंह) ने कहा, "स्मार्ट मीटर से क्या दिक्कत है, आप बिजली उपयोग कर रहे हैं तो बिजली का भुगतान तो होगा ही न तो स्मार्ट मीटर वही है। आप जितना बिजली उपयोग करेंगे उतना भुगतान करिए।"
संभल में इंटरनेट बहाल
संभल में हिंसा के बाद अब धीरे-धीरे हालात सामान्य होने लगे हैं। इस बीच यहां प्रशासन ने यहां इंटरनेट भी बहाल कर दिया है। बता दें कि संभल जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हिंसा के बाद प्रशासन ने संभल में इंटरनेट बंद कर दिया था। 5 दिन बाद इंटरनेट सेवा फिर से शुरू हुई है।
'मुद्दाविहीन होकर विपक्ष सदन को तमाशा बनाना चाहता है'
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। बिहार में विकास की गति बढ़ रही है, डबल इंजन की सरकार बिहार की जनता के विश्वास पर खरा उतर रही है। मुद्दाविहीन होकर विपक्ष सदन को तमाशा बनाना चाहता है... विपक्ष हताश और निराश है। वे भ्रम का माहौल बनाना चाहते हैं..."
भुवनेश्वर में PM मोदी का रोड शो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भुवनेश्वर में रोड शो किया।
बांग्लादेश में हिंदुओं के समर्थन में खड़े हैं- कंगना रनौत
BJP सांसद कंगना रनौत ने बांग्लादेश मुद्दे पर कहा, "बांग्लादेश में साधु-संतों की स्थिति बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। यह चिंता की बात है कि इन अत्याचारों के खिलाफ यहां कोई विरोध प्रदर्शन नहीं हो रहा। जब से वह (मुहम्मद यूनुस) बांग्लादेश में सत्ता में आए हैं, देश में पूरी तरह से अशांति है। हम बांग्लादेश में हिंदुओं के समर्थन में खड़े हैं। भगवान उनकी रक्षा करें।"
चुनाव के नतीजों पर बोले PM मोदी
पीएम मोदी ने महाराष्ट्र विधानसभा और उपचुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि आपके चेहरे की चमक बता रही है हरियाणा, महाराष्ट्र के नतीजों, उपचुनाव के नतीजों ने पूरे देश में कैसा विश्वास भर दिया है, ये मैं आपकी आंखों में देख रहा हूं। ओडिशा ने शुरुआत की, फिर हरियाणा और फिर महाराष्ट्र....ये ही तो बीजेपी की विशेषता है, ये ही तो हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं का सामर्थ्य है। विपक्षी दल बीजेपी सरकार के खिलाफ प्रचार करते रहते हैं, लेकिन जनता बीजेपी सरकार के कामों को देखकर उन्हें आशीर्वाद देने खुद मैदान में दौड़ पड़ती है।
ओडिशा में PM मोदी का संबोधन
ओडिशा के भुवनेश्वर में BJP कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा, "ओडिशा के लोगों का अपनापन मेरे लिए यादगार पल है। यहां इतनी बड़ी संख्या में लोगों का आना, मुझे इसका एंड नहीं दिखता है, लोग ही दिख रहे हैं। आपके इस प्यार के लिए आपका बहुत आभारी हूं।
CM सिद्धारमैया- डीके शिवकुमार ने की PM मोदी से मुलाकात
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने आज दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
'संभल में नमाज शांतिपूर्ण ढंग सम्पन्न हुई'
संभल में एडिशनल एसपी श्रीश चंद्र ने कहा, "नमाज शांतिपूर्ण ढंग सम्पन्न हुआ। सभी जगह शांति कायम है। कहीं पर कोई घटना नहीं हुई है।"
बांग्लादेश की स्थिति पर विदेश मंत्रालय का बयान
बांग्लादेश की स्थिति पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा, "भारत ने लगातार और दृढ़ता से बांग्लादेश सरकार के साथ हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर खतरों और लक्षित हमलों को उठाया है। अंतरिम सरकार को सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। हम चरमपंथी बयानबाजी के बढ़ने से चिंतित हैं। हम बांग्लादेश से अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए कदम उठाने का आह्वान करते हैं।''
मुंबई में होने वाली आज की महायुति की बैठक रद्द
मुंबई में होने वाली आज की महायुति की बैठक रद्द हो गई है। एक या दो दिन बाद महायुति की संयुक्त बैठक होगी। वहीं, शिंदे के करीबियों की माने तो इसी बीच में एकनाथ शिंदे अपने गाँव सतारा जायेंगे।
राहुल गांधी कांग्रेस कार्य समिति की बैठक के लिए पहुंचे AICC मुख्यालय
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के लिए एआईसीसी मुख्यालय पहुंचे।
'जो हुआ वो नहीं होना चाहिए था...', संभल हिंसा पर बोले रामदास अठावले
संभल हिंसा पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, "संभल में जो हुआ वो नहीं होना चाहिए था...हमें शांति चाहिए...किसी भी पक्ष को कानून हाथ में नहीं लेना चाहिए। उन्हें अदालत के फैसले से सहमत होना चाहिए..."
ओडिशा के भुवनेश्वर पहुंचे अमित शाह, डीजीपी/आईजीपी सम्मेलन में लेंगे भाग
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय डीजीपी/आईजीपी सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए ओडिशा के भुवनेश्वर पहुंचे, जिसकी अध्यक्षता पीएम मोदी करेंगे। ओडिशा के सीएम चरण माझी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, डिप्टी सीएम कनक वर्धन सिंह देव और बीजेपी सांसद अपराजिता सारंगी ने उनका स्वागत किया।
कर्नाटक CM सिद्धारमैया ने प्रियंका गांधी से की मुलाकात
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी से मुलाकात की। लोकसभा में विपक्ष के नेता और पार्टी सांसद राहुल गांधी भी मौजूद रहे।
दोनों सदन के स्थगित होने पर बोले रवि किशन- ये लोकतंत्र में दुखद
संसद के दोनों सदन स्थगित होने पर भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा, "ये विरोधियों का काम है हरियाणा और महाराष्ट्र की हार उनसे बर्दाश्त नहीं हुई। ऐसी हरकतों से वे देश की जनता का कई सौ रुपया बर्बाद कर रहे हैं। ये अच्छी बात नहीं है। ये लोग सकारात्मक राजनीति नहीं समझ पाए हैं। ये लोकतंत्र में दुखद है।"
संभल घटना पर SC के आदेश पर क्या बोले ब्रजेश पाठक?
संभल पथराव घटना पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, "हम कोर्ट का सम्मान करते हैं सर्वोच्च न्यायलय ने जो भी आदेश दिया है हम उसका सम्मान करेंगे और उस आधार पर काम करेंगे। हम किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में नहीं लेने देंगे। कानून-व्यवस्था को बनाए रखेंगे और निष्पक्ष जांच कराकर जो दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।"
सुप्रीम कोर्ट ने मस्जिद समिति से हाईकोर्ट जाने को कहा- विष्णु शंकर जैन
संभल विवाद मामले पर हिंदू पक्ष का प्रतिनिधित्व करने वाले विष्णु शंकर जैन ने कहा, "सुप्रीम कोर्ट ने मस्जिद समिति से हाईकोर्ट जाने को कहा है। कोर्ट ने यह भी कहा कि जब तक वे हाईकोर्ट नहीं जाते और मामला सूचीबद्ध नहीं हो जाता, तब तक ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही पर रोक रहेगी..."
अगले साल होने वाले चुनाव में आरजेडी जीतेगी- लालू यादव
RJD प्रमुख लालू यादव ने कहा, "अगले साल होने वाले चुनाव(बिहार विधानसभा चुनाव) में हमारी पार्टी जीतेगी।"
स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय कविराज की पुण्यतिथि पर सीएम नीतीश ने दी श्रद्धांजलि
सीएम नीतीश कुमार ने स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय कविराज रामलखन सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
संभल जामा मस्जिद विवाद पर निचली अदालत की सुनवाई पर रोक
उत्तर प्रदेश के संभल में मस्जिद सर्वे के खिलाफ अर्जी पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। संभल मस्जिद सर्वे के खिलाफ SC में हुई सुनवाई के दौरान निचली अदालत में चल रही कार्यवाही पर अंतिम रोक लगाई गई है।
इस मामले में हाईकोर्ट जबतक कोई आदेश नहीं देता तब तक निचली अदालत की सुनवाई पर रोक लगाई गई है। जान लें कि संभल की शाही जामा मस्जिद पर सर्वे के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी।
मैं बीजेपी से हूं इसलिए सीएम मेरी पार्टी से होना चाहिए- महाराष्ट्र सीएम चेहरे पर बोले भागवत कराड
महाराष्ट्र में सीएम चेहरे पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता डॉ. भागवत कराड ने कहा, "हमेशा कहा गया है कि तीनों दलों के नेता मिलकर फैसला लेंगे..मुझे लगता है कि अगले हफ्ते तक इस पर फैसला आ जाएगा। यह एक स्थिर सरकार होगी जो जनता के लिए काम करेगी। मैं बीजेपी से हूं इसलिए मुझे लगता है कि सीएम मेरी पार्टी से होना चाहिए। ये मुझे पूरा विश्वास है।”
यूपी में नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम योगी
उत्तर प्रदेश विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ हिस्सा लिया।
दोनों सदन की कार्यवाही सोमवार 11 बजे तक स्थगित
संसद के शीतकालीन सत्र का आज पांचवां दिन है। शुक्रवार को सत्र का आगाज विपक्ष के हंगामे के साथ होने के बाद लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों की कार्यवाही सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
राज्यसभा की कार्यवाही सोमवार 11 बजे तक स्थगित
विपक्ष के हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही सोमवार 1 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
अडाणी समूह से जुड़े आरोपों के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के कारण लगातार शुक्रवार के दिन गतिरोध बना रहा और लोकसभा को आज फिर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू
संसद के शीतकालीन सत्र का आज पांचवां दिन है। ऐसे में लोकसभा और राज्यसभा में 11 बजे से कार्यवाही शुरू हो गई है। शुक्रवार को सत्र का आगाज विपक्ष के हंगामे के साथ हुआ है।
आज से शुरू होगा दिल्ली विधानसभा का सत्र
दिल्ली विधानसभा का सत्र आज से शुरू हो रहा है। इस बार के सत्र की हंगामेदार होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी ने आप सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है।
संभल में ड्रोन कैमरे और सुरक्षा बल तैनात
जुमे की नमाज से पहले संभल में ड्रोन कैमरे और सुरक्षा बल तैनात किए गए।
संभल हिंसा पर सपा बोली- मुद्दा यह है कि क्या पीड़ित पक्ष अपना बयान दे पाएगा?
संभल हिंसा पर समाजवादी पार्टी के सांसद रामगोपाल यादव ने कहा, "मुद्दा यह है कि क्या पीड़ित पक्ष अपना बयान दे पाएगा?...संभल में अधिकारियों द्वारा आतंक पैदा किया जा रहा है। अगर मौजूदा अधिकारियों का वहां से ट्रांसफर कर दिया जाए फिर कमेटी आएगी तो सही बात सामने आएगी। जब तक ये अधिकारी हैं तब तक लोग घर से ही नहीं निकलेंगे। जो निकलेंगे उन्हें धमका दिया जाएगा। बेहतर होगा कि DM, SP और CO को हटा दिया जाए..."
AAP सांसद राघव चड्ढा ने किस मुद्दे पर दिया राज्यसभा में कार्य स्थगन नोटिस
संसद के शीतकालीन सत्र के लिए AAP सांसद राघव चड्ढा ने "बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार और इस्कॉन पुजारी चिनमोन कृष्ण दास की गिरफ्तारी" पर चर्चा के लिए राज्यसभा में कार्य स्थगन नोटिस दिया।
शाही जामा मस्जिद के एंट्री गेट पर लगे मेटल डिटेक्टर
शुक्रवार की नमाज के लिए लोगों के एकत्र होने से पहले उत्तर प्रदेश के संभल में शाही जामा मस्जिद के प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए।
संभल में शुक्रवार की नमाज से पहले सुरक्षा बढ़ाई गई
उत्तर प्रदेश के संभल में 24 नवंबर को शाही जामा मस्जिद सर्वे को लेकर हुई पत्थरबाजी की घटना के बाद उत्तर प्रदेश के संभल में शुक्रवार की नमाज से पहले इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। RAF के जवान तैनात हैं।
चेन्नई में हाई टाइड और तेज हवाएं
बंगाल की खाड़ी में गहरे दबाव के बनने के परिणामस्वरूप चेन्नई में हाई टाइड और तेज हवाएं देखी गईं।
उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए, यह 30 नवंबर की सुबह पुडुचेरी के पास कराईकल और महाबलीपुरम के बीच उत्तरी तमिलनाडु-पुडुचेरी तटों को पार कर सकता है। IMD के अनुसार, हवा की गति 45-55 किमी प्रति घंटे से लेकर 65 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।
दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में बरकरार
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड(CPCB) के अनुसार, आज दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी हुई है।
अपनी यूके और जर्मनी यात्रा पर क्या बोले सीएम मोहन यादव ?
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपनी यूके और जर्मनी यात्रा पर कहा, "मुझे संतुष्टि है कि हमने जो योजना बनाई थी, उसके अनुसार हमें सफलता मिली और मुझे समझने और सीखने का मौका भी मिला। मैं अपने लोगों को इस यात्रा के हर मिनट और हर कार्यक्रम को सफल बनानेि के लिए बधाई देना चाहता हूं। जब हम एकजुटता के साथ अच्छी योजना बनाते हैं, तो परिणाम अच्छे होते हैं...जर्मनी से भी हमें यही मिल रहा है। जर्मनी और भी आगे जा रहा है। मुझे लगता है कि जर्मनी के अंदर एक आंतरिक आग है, जिसके आधार पर हमने उनके देश की भविष्य की चुनौतियों को समझा है जैसे जनसंख्या संकट। कई अन्य चीजों में कई चुनौतियां हैं जो पारंपरिक रूप से जर्मनी को आगे बढ़ाती हैं। जर्मनी इन चुनौतियों से बाहर निकलकर अपनी तकनीक को दूसरे देशों के साथ साझा करने और उस तकनीक के भरोसे के साथ अपनी भविष्य की यात्रा पूरी करने का रास्ता खोज रहा है। हमें ऐसे कई प्रस्ताव मिले, जिनमें सामान्य मध्य प्रदेश को इस भरोसे के साथ आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है। और हर क्षेत्र में जिसमें हम आगे बढ़ने की सोचते हैं, चाहे वह कृषि हो, हमारा AI हो, स्वास्थ्य हो, शिक्षा हो, नई तकनीक हो, या भारी उद्योग हो, सभी क्षेत्रों में अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है..."
शाही जामा मस्जिद सर्वे को लेकर हुई हिंसा के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
24 नवंबर को शाही जामा मस्जिद सर्वे को लेकर हुई पत्थरबाजी की घटना के बाद उत्तर प्रदेश के संभल में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
संभल मामले पर सुप्रीम कोर्ट में होगी सुनवाई
संभल मस्जिद सर्वे के खिलाफ मस्जिद कमेटी की अर्जी पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। दरअसल, SC संभल जिला अदालत के 19 नंवबर के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करेगा।
आज मुंबई में होगी महायुति की एक और बैठक
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के छठे दिन बाद भी मुख्यमंत्री पद को लेकर सस्पेंस बरकरार है। गुरुवार को दिल्ली में अमित शाह के घर पर महायुति की बैठक हुई। इस बैठक को कार्यवाहक सीएम एकनाथ शिंदे ने साकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि 'बैठक अच्छी और सकारात्मक रही। यह पहली बैठक थी। हमने अमित शाह और जेपी नड्डा से चर्चा की। महायुति की एक और बैठक होगी। इस बैठक में फैसला लिया जाएगा कि मुख्यमंत्री कौन होगा। बैठक मुंबई में होगी।'
ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर PM मोदी
पीएम मोदी भुवनेश्वर में पुलिस महानिदेशकों और पुलिस महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए 29 नवंबर से ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने बताया है कि प्रधानमंत्री 29 नवंबर की रात को भुवनेश्वर पहुंचेंगे और एक दिसंबर की दोपहर तक ओडिशा में रहेंगे।
जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी अपनी यात्रा के दौरान भुवनेश्वर में पुलिस महानिदेशकों और पुलिस महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्मेलन में भाग लेंगे। यह आयोजन पहली बार ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में हो रहा है। यह 29 नवंबर से एक दिसंबर तक तीन दिवसीय कार्यक्रम होगा।