'विकसित भारत के लिए हर भारतीय कर रहा दिन-रात काम', SOUL लीडरशिप कॉन्क्लेव में बोले PM मोदी
India News: PM मोदी ने भारत मंडपम में SOUL लीडरशिप कॉन्क्लेक का उद्घाटन किया। विदेश मंत्री एस जयशंकर आज जोहान्सबर्ग में G-20 विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे। वहीं, राहुल गांधी के दिए बयान के बाद BSP और कांग्रेस में जुबानी जंग जारी है। अमेरिकी फंडिंग के मुद्दे को लेकर BJP ने कांग्रेस को घेरा।
- भारत
- 18 min read

India News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कुर्सी संभालते ही ताबड़तोड़ एक्शन लेना शुरू कर दिया है। उन्होंने आज कई बड़े फैसले लिए। नई सरकार के गठन के बाद दिल्ली विधानसभा का सत्र 24 फरवरी को शुरू होगा। पीएम मोदी ने आज भारत मंडपम में SOUL लीडरशिप कॉन्क्लेक का उद्घाटन किया। इस दौरान भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे की मौजूद रहे। विदेश मंत्री एस जयशंकर अपने दो दिनों के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर हैं। यहां वह जोहान्सबर्ग में G20 विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे। अमेरिका में काश पटेल की FBI डायरेक्टर के तौर पर नियुक्ति को हरी झंडी मिल गई है। वहीं, महाकुंभ में महाशिवरात्रि स्नान को लेकर रेलवे अलर्ट पर है। क्राउड कंट्रोल के लिए प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया भी बनाए गए।
Live Blog
India News: PM मोदी भारत मंडपम में आज SOUL लीडरशिप कॉन्क्लेव का उद्घाटन किया। इस दो दिवसीय कॉन्क्लेव की शुरुआत में भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे की मौजूद रहे। विदेश मंत्री एस जयशंकर अपने दो दिनों के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर हैं। यहां वह जोहान्सबर्ग में G20 विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे। अमेरिका में काश पटेल की FBI डायरेक्टर के तौर पर नियुक्ति को हरी झंडी मिल गई है। काश पटेल का गुजरात से खास कनेक्शन है। वहीं, महाकुंभ में महाशिवरात्रि स्नान को लेकर रेलवे अलर्ट पर है। क्राउड कंट्रोल के लिए प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया भी बनाए गए।
महाकुंभ का अपमान हिन्दुस्तान नहीं सहेगा: सुवेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "यह सब मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व और प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में संभव हुआ है... महाकुंभ का अपमान हिन्दुस्तान नहीं सहेगा। बंगाल की हिन्दू जनता अगले विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी को अच्छी तरह सबक सिखाएगी।"
सत्तापक्ष की जिम्मेदारी है कि वो विपक्ष को साथ लेकर चले: अशोक गहलोत
राजस्थान के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा, "दो दिन पहले ही राज्य का बजट पेश किया गया है। सत्तापक्ष के लोग विपक्ष को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। सदन में जिस तरह से बातें कही जा रही हैं - वह ठीक नहीं है...सत्तापक्ष की तो जिम्मेदारी होती है कि वो विपक्ष को साथ लेकर चले और बिल पास करवाएं...विपक्ष का मान-सम्मान होना चाहिए...बिना विपक्ष के सत्तापक्ष क्या है..लोकतंत्र में विपक्ष है तभी सत्तापक्ष का महत्व है। जैसा वह व्यवहार कर रहे हैं तो मुझे लगता है वो उचित नहीं है..."
Advertisement
भारत बनाम पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी 2025 को लेकर क्या बोले सुरेश रैना?
23 फरवरी को भारत बनाम पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के मैच पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने कहा, "भारत अच्छा खेल रहा है। ट्रॉफी 9 मार्च को भारत आएगी। शुभमन गिल जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे हैं, रोहित शर्मा ने टीम का जोरदार नेतृत्व किया, मोहम्मद शमी चोट के बाद जो वापसी की इसे देखकर मुझे लगता है कि भारत बनाम पाकिस्तान का मैच बड़ा होगा।"
हम नेपाल के बच्चों को फिर से KIIT में आने के लिए अपील कर रहे: ओडिशा के शिक्षा मंत्री
ओडिशा के KIIT में नेपाली लड़की की मौत पर उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने कहा, "मैंने नेपाल के विदेश मंत्री से बात की है, और उन्होंने भी ओडिशा की सरकार और भारत सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर संतोष व्यक्त किया है। हम नेपाल के बच्चों को फिर से KIIT में आने के लिए अपील कर रहे हैं।"
Advertisement
ममता बनर्जी द्वारा आयोजित गंगासागर मेला देखने लायक है: शत्रुघ्न सिन्हा
महाकुंभ पर TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, "ममता बनर्जी जी इतने सालों से अपने नेतृत्व में गंगासागर मेला जो करवाती हैं वो देखने लायक है। वहां पर जो व्यवस्था होती है वो देखने लायक है कही कोई गड़बड़ी और कोई घटना नहीं घटी। जैसे कुंभ के मामले में आग लगने की घटना घटी, भगदड़ मची। इस दौरान कितने लोगों की जाने गई ये अभी तक नहीं बताया गया है। कितने लोग खो गए या गायब हुए हैं...अभी तक कुछ नहीं पता है....जो वहां पर व्यवस्था किए हैं उन्हें ममता जी से आकर सीखना चाहिए कि कैसे गंगासागर मेला आयोजित किया जाता है।"
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर सकारात्मक माहौल है: सीएम मोहन
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उद्योगपतियों से बातचीत की। सीएम मोहन ने कहा, "MSMEs और सूक्ष्म लघु उद्योग के सभी प्रकार के हमारी देनदारी के लिए खासकर उद्यमियों से जो हमारे कमिटमेंट्स हैं उसका लगभग 400 करोड़ से अधिक रुपए आज हमने डीपीटी के माध्यम से सीधे-सीधे उद्योगपतियों के खाते में डाले हैं। हमारी सरकार वचनबद्धता के आधार पर प्रत्येक लिए गए निर्णयों के कमिटमेंट के लिए तत्पर है, लेकिन अभी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर जो सकारात्मक माहौल बना हुआ है, ऐसे में हम हमारे पुराने उद्यमियों से मिल रहे हैं और उनको भी हम प्रेरित कर रहे हैं कि वो अपना वर्तमान का उद्योग चलाए लेकिन नए उद्योग भी लगाए। सरकार सब प्रकार की मदद करने के लिए तैयार है और खासकर भोपाल के निवासियों के लिए मेरी अपेक्षा है कि देश और दुनिया के बड़े-बड़े लोग समिट में आ रहे हैं। ऐसे में भोपाल और मध्य प्रदेश के गौरव के लिए ये आयोजन हमारी गरिमा को बढ़ाने वाला है। इस प्रकार की भूमिका निभाने के लिए मैं सभी का आभार व्यक्त करता हूं।"
विपक्ष को हमारे काम में हमेशा नकारात्मकता फैलाना है: अरूण गोविल
विपक्षी राजनीति पर भाजपा सांसद अरुण गोविल ने कहा,"बीजेपी-NDA की सरकार जो कुछ कर रही है उसके सकारात्मक पक्ष को नकार देना और उसको नकारात्मकता में बदल देना विपक्ष का काम है। वो हर बार यही करते हैं...उन्होंने बीजेपी के कोई भी काम की आज तक तारीफ की है? उन्होंने कभी भी नहीं की। इसका मतलब ये है कि उन्हें हमारे काम में हमेशा नकारात्मकता फैलाना है। कुंभ में 50 करोड़ से अधिक लोग डुबकी लगाने गए हैं तो क्या उन्हें अंदाजा नहीं है। अगर नकारात्मकता होती तो क्या इतने लोग कुंभ जाते, नहीं जाते..ये तो सिर्फ कुछ भी बोलते रहते हैं इनका काम है बोलना.."
उत्तराखंड विधानसभा ने भूमि कानून संशोधन विधेयक पारित किया
उत्तराखंड विधानसभा ने भूमि कानून संशोधन विधेयक पारित कर दिया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा,"आज उत्तराखंड विधानसभा में भू-कानून को और अधिक सशक्त बनाने वाला ऐतिहासिक संशोधन विधेयक पारित किया गया। देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण संतुलन और आम लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए कठोर भू-कानून अत्यंत आवश्यक था। यह कानून राज्य के हितों को सर्वोपरि रखते हुए अनियंत्रित भूमि खरीद-फरोख्त पर रोक लगाएगा तथा राज्य के मूल स्वरूप की रक्षा करेगा। उत्तराखंड की जनता की भावनाओं और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। हमारी सरकार देवभूमि के सम्मान, संस्कृति और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।"
27 फरवरी को सत्याग्रह करेगी सपा
समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, "हम 27 को सत्याग्रह करेंगे... हम लोकसभा सत्र में मुद्दों को उठाएंगे... मिल्कीपुर उपचुनाव का परिणाम बाबा साहब अंबेडकर द्वारा दिए गए वोट के अधिकार पर डकैती है... हम न्यायालय जाएंगे... हमें न्यायलय पर भरोसा है..."
मराठी भाषा को अभिजात भाषा का दर्जा दिया गया- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज हम इस बात पर भी गर्व करेंगे कि महाराष्ट्र की धरती पर मराठी भाषी एक महापुरुष ने 100 वर्ष पहले राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का बीज बोया था आज ये अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है....भारत की महान परंपरा और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक संस्कार यज्ञ राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पिछले 100 वर्ष से चला रहा है। मेरे जैसे लाखों लोगों को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने देश के लिए जीने की प्रेरणा दी है और संघ के ही कारण मुझे मराठी भाषा और मराठी परंपरा से जुड़ने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। इसी कालखंड में मराठी भाषा को अभिजात भाषा का दर्जा दिया गया है.."
मराठी भाषा अमृत से भी अधिक मीठी है: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मराठी भाषा अमृत से भी अधिक मीठी है, इसलिए मराठी भाषा और मराठी संस्कृति के प्रति मेरा जो प्रेम है, उससे आप भली भांति परिचित हैं...ये मराठी सम्मेलन एक समय में हो रहा है जब छत्रपती शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक के 350 वर्ष पूरे हुए हैं।"
दिल्ली में महिलाओं को 8 मार्च से मिलेंगे 2500 रुपए
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिला समृद्धि योजना दिल्ली में महिलाओं को 2500 प्रति माह वित्तीय सहायता के कार्यान्वयन पर चर्चा करने के लिए महिला एवं बाल कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। दिल्ली की माताओं और बहनों को 8 मार्च से मिलने शुरू होंगे 2500 रूपए!
आने वाले समय में बिहार के अंदर BJP का अच्छा प्रदर्शन रहेगा: हरदीप सिंह पुरी
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की वापसी को लेकर कहा, "दिल्ली में कितने सालों से भाजपा सरकार नहीं थी... मैं समझता हूं कि आने वाले समय में बिहार के अंदर अच्छा प्रदर्शन रहेगा।"
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुरारा अस्पताल में MRI सेंटर का किया उद्घाटन
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुरारा अस्पताल में MRI सेंटर का उद्घाटन कर कहा, "ये बहुत बड़ी उपलब्धि ग्वालियर के लिए है। ये MRI मशीन 13 करोड़ की है...अब मेरा मुरार का अस्पताल आधुनिक रूप ले चुका है। मैं प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और खासकर पीएम मोदी तथा मुख्यमंत्री को दिल की गहराइयों से धन्यवाद देना चाहता हूं और हमारे सभी कार्यकर्ताओं, मुन्नालाल जी और सभी को धन्यवाद देता हूं कि जिन्होंने संघर्ष किया और मेरे साथ मिलकर इसे ये भव्य रूप देने में मदद की।"
मराठी साहित्य सम्मेलन में पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 98वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में NCP प्रमुख शरद पवार भी उपस्थित हैं। दोनों एक-दूसरे से बात करते नजर आ रहे हैं।
हो सकता है पहले बजट में सभी मुद्दे हल न हो पाएं, लेकिन...: CM उमर
जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा, "हम जानते हैं कि लोगों की अपेक्षाएं हैं और हमारी कोशिश रहेगी कि हम उसे पूरा करें...हो सकता है कि पहले बजट में सभी मुद्दे हल न हो पाएं, लेकिन यह एक अच्छी शुरुआत होगी। हम अगले पांच सालों में एक नींव रखने और उस पर काम करने की कोशिश करेंगे।"
एस जयशंकर ने G-20 विदेश मंत्रियों की बैठक को किया संबोधित
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा, "मुझे बहुत खुशी है कि हम आज जोहान्सबर्ग में G-20 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान मिल पाए। इस तरह की सभाओं ने हमारे संबंधों को तब भी बातचीत का अवसर प्रदान किया है, जब हमारे संबंध कठिन दौर से गुजर रहे थे... हमारे दोनों देशों ने एक संस्था के रूप में G-20 को संरक्षित और सुरक्षित रखने के लिए कड़ी मेहनत की है। यह अपने आप में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के महत्व को प्रमाणित करता है... हमारे NSA और विदेश सचिव ने चीन का दौरा किया है और हमारे संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई है। इनमें सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और सौहार्द के प्रबंधन के साथ-साथ हमारे संबंधों के अन्य आयाम भी शामिल हैं। मुझे आज विचारों के आदान-प्रदान पर खुशी है। भारत और चीन G-20, SCO और BRICS के सदस्य हैं। आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दे भी हैं, जहां विचारों का आदान-प्रदान हमारे आपसी लाभ के लिए होगा..."
US भारत को 5वीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान जारी करने की अपनी नीति की समीक्षा कर रहा: रणधीर जयसवाल
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा, " भारत-अमेरिका संयुक्त वक्तव्य में उल्लेख किया गया है कि अमेरिकी पक्ष भारत को पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान जारी करने की अपनी नीति की समीक्षा कर रहा है। राष्ट्रपति ट्रम्प ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान F-35 विमान का भी उल्लेख किया था। अभी तक हमारी ओर से पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान के लिए कोई औपचारिक अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है।"
भारत-चीन की बातचीत को लेकर विदेश मंत्रालय का बयान
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा, " दोनों मंत्रियों (भारत और चीन के विदेश मंत्रियों) ने नवंबर में हुई पिछली बैठक के बाद से द्विपक्षीय संबंधों में हुए विकास की समीक्षा की। विशेष रूप से, सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता के प्रबंधन, कैलाश मानसरोवर यात्रा, फ्लाइट संपर्क और यात्रा सुविधाओं पर चर्चा की गई।"
चीन और रूस के विदेश मंत्री की बैठक पर MEA का बयान
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा, "विदेश मंत्री ने जोहान्सबर्ग में G20 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान रूस के विदेश मंत्री के साथ बैठक की। उन्होंने स्वाभाविक रूप से भारत-रूस द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा की और उन्होंने यूक्रेन संघर्ष से संबंधित हाल के घटनाक्रमों पर भी चर्चा की और वे संपर्क में बने रहने पर सहमत हुए..."
G-20 विदेश मंत्रियों की बैठक में एस जयशंकर ने चीन के विदेश मंत्री से की मुलाकात
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने जोहान्सबर्ग में G-20 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान चीनी विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की।
राष्ट्रपति मूर्मू और उपराष्ट्रपति धनखड़ से सीएम रेखा की मुलाकात
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इसके साथ ही उन्होंने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी मुलाकात की।
26 फरवरी को महाशिवरात्रि का आखिरी स्नान
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने महाकुंभ 2025 पर कहा, "अब महाकुंभ 2025 अपने आखिरी दौर में है। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि का आखिरी स्नान है। उसी की तैयारी की समीक्षा के लिए हम यहां आए हैं। महाकुंभ की तिथि ग्रह नक्षत्रों को देखकर तय होती है।"
असम सीएम हिमंता ने महाकुंभ में लगाई डुबकी
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "कुंभ में स्नान करना बहुत बड़ा सौभाग्य है। परमात्मा को बहुत-बहुत आभार कि उन्होंने हमें स्नान करने का मौका दिया। कुशलता के साथ मेला प्रबंधन किया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूरे प्रशासन को मैं धन्यवाद देता हूं। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में फिर एक बार भारत की सभ्यता संस्कृति उभर कर आई है। ये महाकुंभ ने साबित कर दिया है कि सनातन ही अतीत, वर्तमान और भविष्य है।"
झारखंड में बजट सत्र को लेकर क्या बोले सीएम हेमंत?
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, "बजट सत्र शुरू होने वाला है और यह सत्र अच्छा रहेगा। मैं सभी सदस्यों से उम्मीद करता हूं कि वे अपने निर्वाचन क्षेत्र और राज्य से जुड़े विषयों को सदन में रखेंगे..."
यह सरकार डबल है मगर यहां कोई इंजन नहीं- रायबरेली में बोले राहुल
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "अगर आप रोजगार चाहते हैं तो आपको छोटे व्यापारियों की रक्षा करनी होगी, GST को बदलना पड़ेगा। जब तक आपके लिए बैंक के दरवाजे नहीं खुलेंगे तब तक आपको रोजगार नहीं मिल सकता। उत्तर प्रदेश की सरकार फेलियर है। आपके सामने 2 मुद्दे हैं महंगाई और बेरोजगारी। यह सरकार डबल है मगर यहां कोई इंजन नहीं है।"
CM हिमंता ने लगाई महाकुंभ में डुबकी
असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने परिवार संग महाकुंभ में डुबकी लगाई। उन्होंने कहा कि मैं महाकुंभ में पवित्र डुबकी लगाने के लिए बहुत भाग्यशाली हूं। व्यवस्थाएं बहुत अच्छी थीं। मैं इसके लिए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और पूरे प्रशासन को धन्यवाद देना चाहता हूं। एक बार फिर पीएम मोदी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति दुनिया के सामने आई है। यह महाकुंभ इस बात का प्रमाण है कि सनातन ही दुनिया का अतीत, वर्तमान और भविष्य है।
राष्ट्रपति मुर्मू से मिलीं CM रेखा गुप्ता
दिल्ली की नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
गौरव भाटिया का कांग्रेस पर हमला
BJP नेता गौरव भाटिया ने कहा, "अब राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी से नफरत करते-करते भारत से नफरत करने लगे हैं। वे यहां के नागरिकों से नफरत करने लगे हैं... वे अपनी क्षमता से प्रधानमंत्री मोदी को नहीं हरा सकते इसलिए विदेशी ताकतों का सहारा लिया जाता है... आज उन्हें हर उस नागरिक से नफरत है जो अपना वोट डालकर एक मजबूत सरकार चुनता है।"
भारत-पाकिस्तान की सेना के बीच फ्लैग मीटिंग
भारत और पाकिस्तान की सेनाएं आज, 21 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में गोलीबारी की हालिया घटनाओं पर चर्चा करने के लिए फ्लैग मीटिंग कर रही हैं।
मोदी की गारंटी जुमला होती है- आतिशी
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और AAP नेता अतिशी ने कहा, "कल भाजपा की दिल्ली सरकार ने शपथ ली और शाम 7 बजे पहली कैबिनेट बैठक हुई अगर मोदी जी की गारंटी गारंटी होती तो पहली कैबिनेट की बैठक में 2,500 देने की योजना पारित होती... उन्होंने ये साबित कर दिया कि मोदी की गारंटी, गारंटी नहीं होती, मोदी की गारंटी जुमला होती है।"
आशीष चंचलानी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया नोटिस
इंडियाज गॉट लेटेंट शो कोंट्रोवर्सी मामले में यूट्यूबर आशीष चंचलानी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस जारी किया। असम और महाराष्ट्र सरकार को नोटिस जारी किया गया। आशीष चंचलानी की याचिका को रणवीर इल्लहाबादिया की याचिका के साथ जोड़ा। आशीष चंचलानी ने असम और महाराष्ट्र में दर्ज मुकदमे को रद्द करने या दोनों राज्यों मे दर्ज मुकदमों को एक साथ जोड़ने की सुप्रीम कोर्ट से मांग की है। हालांकि 12 फरवरी को गुवाहाटी हाईकोर्ट ने आशीष चंचलानी को अग्रिम जमानत देते हुए दस दिन के अंदर उसे जांच अधिकारियों के समक्ष पेश होने का आदेश दिया था।
AAP-दा की सरकार दिल्ली की तरह पंजाब में भी फेल- तरुण चुघ
BJP के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा, "दिल्ली के विकास की गाड़ी रुकने वाली नहीं है। दिल्ली को विश्वस्तरीय कैपिटल स्टेट बनाना है और भाजपा इसकी ओर लगातार काम करेगी। दिल्ली की भाजपा सरकार प्रत्येक वादा पूरा करने वाली है। AAP-दा की सरकार दिल्ली की तरह पंजाब में भी फेल हो चुकी है... इन्होंने दिल्ली की जनता को क्या दिया है?"
व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण होता है- PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "कुछ आयोजन ऐसे होते हैं जो हृदय के बहुत करीब होते हैं आज का कार्यक्रम भी ऐसा ही है। राष्ट्र निर्माण के लिए बेहतर नागरिकों का विकास जरूरी है। व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण, 'जन से जगत', किसी भी ऊंचाई को प्राप्त करने के लिए आरंभ जन से ही होता है।"
PM मोदी ने किया SOUL लीडरशिप कॉन्क्लेव का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में SOUL लीडरशिप कॉन्क्लेव के पहले संस्करण का उद्घाटन किया। भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे भी उनके साथ मौजूद थे।
विधानसभा पहुंचे CM योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होने के लिए पहुंचे। राज्य विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है।
1984 सिख दंगा: सज्जन कुमार की सजा पर फैसला सुरक्षित
दिल्ली के राउज ऐवन्यू कोर्ट ने सज्जन कुमार की सजा पर फैसला सुरक्षित रख लिया है। कोर्ट सज्जन कुमार की सजा पर 25 फरवरी को फैसला सुनाएगा। मामला 1984 सिख विरोधी दंगो से जुड़े सरस्वती विहार में दो सिखों की हत्या से जुड़ा है। पीड़ित पक्ष की तरफ से वकील ने सज्जन कुमार को फांसी की सजा देने की मांग की है। कोर्ट ने सज्जन कुमार के वकील से कहा कि वह भी मामले में लिखित दलील जमा कर दें
आतिशी के आरोप पर CM रेखा गुप्ता का पलटवार
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "15 साल कांग्रेस का राज रहा 13 साल AAP ने राज किया, अपना कार्यकाल देखें हमें 1 दिन में प्रश्न करने वाले ये कौन लोग हैं? जिन्होंने दिल्ली का सर्वनाश कर दिया, जनता के अधिकारों को हनन किया और काम नहीं किया वे एक दिन में हम पर उंगली उठाएंगे? ये हम हैं जिन्होंने पहले दिन शपथ लेते ही, कैबिनेट की बैठक में आयुष्मान योजना को मंजूरी दी। इन्हें हमसे सवाल करने का कोई अधिकार नहीं है दिल्ली की चिंता अब हम करेंगे।"
बिहार: भोजपुर में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
बिहार के भोजपुर में एक बड़ा हादसा हो गया। प्रयागराज महाकुंभ से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार हुआ। दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हुई है। सभी लोग एक ही परिवार के थे।
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को धमकी मामले में 2 गिरफ्तार
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को जान से मारने की धमकी के मामले में मुंबई क्राइम ने 2 आरोपियों को बुलढाना से गिरफ्तार किया है। गुरुवार को एक धमकी भरा मेल गोरेगांव पुलिस को किया गया था। इसमें धमकी देने वालों ने कहा था कि वो एकनाथ शिंदे की गाड़ी को बम से उड़ा देंगे।
हाथरस भगदड़ कांड में सौंपी गई न्यायिक जांच रिपोर्ट
2024 हाथरस भगदड़ कांड में घटना की न्यायिक रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी गई। राज्य मंत्रिमंडल ने रिपोर्ट को विधानसभा के समक्ष प्रस्तुत करने की मंजूरी दे दी। रिपोर्ट को वर्तमान बजट सत्र में सदन में प्रस्तुत किए जाने की संभावना है। 2 जुलाई 2024 को एक सत्संग में हुई भगदड़ में 121 लोगों की मौत हो गई थी।
महाकुंभ में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी
महाकुंभ 2025 का हिस्सा बनने के लिए प्रयागराज के त्रिवेणी संगम पर श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है। मेला 26 फरवरी तक चलेगा।
CM रेखा गुप्ता ने की जनता से मुलाकात
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से मुलाकात की। बड़ी संख्या में लोग उनके आवास के बाहर उन्हें बधाई देने के लिए एकत्र हुए। उन्होंने कल दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
रूस के विदेश मंत्री से मिले जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर हैं। वह जोहान्सबर्ग में आयोजित G20 विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे। इस दौरान जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री से मुलाकात की। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "जोहान्सबर्ग में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मिलकर खुशी हुई। भारत-रूस द्विपक्षीय सहयोग की निरंतर प्रगति की समीक्षा कीय़ उनकी रियाद बैठक सहित यूक्रेन संघर्ष से संबंधित हालिया घटनाक्रम पर चर्चा की। संपर्क में बने रहने पर सहमति व्यक्त की।"
अमेरिकी सीनेट की मंजूरी काश पटेल बने FBI चीफ
अमेरिकी सीनेट ने 51-49 मतों से काश पटेल को संघीय जांच ब्यूरो (FBI) के निदेशक के रूप में मंजूरी दी। सभी डेमोक्रेट ने 'नहीं' मत दिया।
SOUL लीडरशिप कॉन्क्लेव का उद्घाटन करेंगे PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में SOUL लीडरशिप कॉन्क्लेव का उद्घाटन करेंगे। वो इस अवसर पर सम्मेलन को संबोधित भी करेंगे। भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे इस कॉन्क्लेव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।