'आज महिलाओं से प्रेरणा लेने और उनसे सीखने का दिन...', अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर नवसारी में बोले PM मोदी
India News: पीएम मोदी के गुजरात दौरे का आज दूसरा दिन हैं। वह नवसारी में आयोजित लखपति दीदी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज हम सभी के लिए महिलाओं से प्रेरणा लेने और उनसे सीखने का दिन है। दिल्ली सरकार आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिला सम्मान योजना को लेकर बड़ा ऐलान कर सकती है। हर अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें...
- भारत
- 16 min read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात दौरे पर है। आज उनका दूसरा दिन है। वह नवसारी में आयोजित लखपति दीदी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज हम सभी के लिए महिलाओं से प्रेरणा लेने और उनसे सीखने का दिन है। वहीं दिल्ली सरकार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिला सम्मान योजना को लेकर बड़ा ऐलान कर सकती है। इसके अलावा मणिपुर सरकार आज (8 मार्च) से इंफाल से कांगपोकपी जिले के रास्ते सेनापति जिले और इंफाल से बिष्णुपुर जिले के रास्ते चुराचांदपुर जिले तक बस सेवाएं फिर से शुरू करने जा रही है।
छत्तीसगढ़ में महिला दिवस पर मेगा स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, "मैं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी महिलाओं को शुभकामनाएं देता हूं...आज यहां एक दिवसीय मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है, जिसमें रायपुर एम्स के विशेषज्ञ यहां आए हैं...विशेषज्ञ अपना स्टॉल लगाकर लोगों का इलाज कर रहे हैं और निःशुल्क दवाई वितरण की व्यवस्था भी है।"
कोचिंग सेंटरों पर नियंत्रण के लिए बिल लाएगी सरकार
राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा ने कहा, "हम कोचिंग सेंटरों पर नियंत्रण रखने के लिए एक बिल (कैबिनेट में) लेकर आए हैं। 50 या 50 से अधिक छात्र संख्या वाले कोचिंग संस्थान इस बिल के दायरे में आएंगे। उनका रजिस्ट्रेशन भी अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले कोचिंग सेंटर पर जुर्माना लगाया जाएगा। संभावना है कि यह विधेयक आगामी सत्र में पेश किया जाएगा।"
Advertisement
IIFA में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत
25वें अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कार (IIFA) पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, "राजस्थान जो शौर्य की धरती है, जो संस्कृति धानी धरती है और राजस्थान जो बलिदान की धरती है, उस राजस्थान की धरती पर इस इवेंट के आयोजित होने से निश्चित रूप से राज्य के पर्यटन को एक नई ऊंचाई मिलने वाली है और आने वाले वर्षों में इसका प्रभाव दिखेगा।"
पीएम मदी ने लखपति दीदियों के साथ बोर्डरूम शैली में बातचीत की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने International Womens Day के अवसर पर आज नवसारी में लखपति दीदियों के साथ बोर्डरूम शैली में बातचीत की। लखपति दीदियों के सकारात्मक अनुभवों और प्रगति को सुनकर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 3 करोड़ लखपति दीदी का लक्ष्य जल्द ही पार हो जाएगा और आने वाले समय में 5 करोड़ का लक्ष्य भी प्राप्त हो जाएगा। महिलाओं ने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कुछ सालों में वे लखपति दीदी कार्यक्रम की जगह करोड़पति दीदी कार्यक्रम में भाग ले रही होंगी।
Advertisement
कश्मीर को राज्य का दर्जा मिलेगा: फारूक अब्दुल्ला
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा, "राज्य का दर्जा मिलेगा। भारत सरकार को हमें राज्य का दर्जा देना होगा। वे उस वादे से बंधे हैं जो उन्होंने संसद में किया था, जब मैं सदस्य था।"
हमने महिलाओं को ऋण देने का प्रावधान किया: CM धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "हमारी सरकार नौकरियों में आरक्षण देकर हर विभाग में बेटियों के अधिकारों को सुरक्षित करने का प्रयास कर रही है... हमने महिलाओं को ऋण देने का प्रावधान किया है। 5 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण देने का प्रावधान किया गया है। 'लखपति दीदी योजना' के माध्यम से राज्य की 1 लाख से अधिक बहनें अभी तक लखपति बन गई हैं। मैं आप सभी को आपकी मेहनत और लगन के लिए बधाई देता हूं क्योंकि यह आपकी मेहनत का ही परिणाम है..."
भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है: डीके शिवकुमार
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, "भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है... यह सबसे बेहतरीन बजट में से एक है... हम सभी वर्गों का ख्याल रख रहे हैं... हमने जो भी वादा किया था, उसे पूरा किया है। भाजपा दूसरे राज्यों में भी हमारा अनुसरण कर रही है... आज दिल्ली सरकार ने 'महिला समृद्धि योजना' को मंजूरी दी है... हम उनके लिए एक मॉडल हैं..."
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर क्या बोले सीएम माझी?
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सुभद्रा योजना पर कहा, "... बहुत अच्छा कार्यक्रम था। निश्चित रूप से महिलाओं को सशक्त करने के लिए हमने जो कार्यक्रम आयोजित किए हैं, जिसमें कैसे परिवार में उनका(महिलाओं) योगदान रहे। वह (सुभद्रा योजना) आर्थिक दृष्टि से उनके(महिलाओं) लिए बहुत लाभकारी होगी।
दिल्ली की बीजेपी सरकार पर आतिशी का हमला
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली की महिलाओं से वादा किया था कि 8 मार्च यानी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली की प्रत्येक महिला के खाते में 2500 रुपये की राशि आएगी... उन्होंने कहा था कि यह मोदी की गारंटी है... आज दिल्ली की महिलाएं इंतजार कर रही थी... आज भाजपा की दिल्ली सरकार ने साबित कर दिया है कि वह मोदी की गारंटी नहीं जुमला था..."
सभी लाडली बहनों को सक्षम बनाना: एकनाथ शिंदे
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "...सभी लाडली बहनों को सक्षम बनाना, आत्मनिर्भर बनाना, उनको आत्मसम्मान देना, यह हमारी जिम्मेदारी है...और इसके लिए सरकार ने कई योजनाएं चलाई हैं...प्रधानमंत्री मोदी ने भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। डबल इंजन की सरकार लाडली बहनों के साथ है।"
सबलोग एकजुट होकर 2025 में हमारी सरकार बनाएं : राबड़ी देवी
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राजद नेता राबड़ी देवी ने कहा, “सबलोग एकजुट होकर 2025 में हमारी सरकार बनाएं और हमने जो भी वादें, घोषणा कर रहे हैं, उनको हम पूरा करेंगे।” मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयान पर उन्होंने कहा, "हमें कीचड़ में नहीं जाना है..."
महिलाएं सक्षम होंगी तो हमारा घर और देश सक्षम होगा: रामदास अठावले
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कहा, "आज महिला दिवस के अवसर पर मैं देशभर की महिलाओं को बधाई देता हूं। महिलाएं सक्षम होंगी तो हमारा घर सक्षम होगा और अगर घर सक्षम होगा तो देश सक्षम होगा। महिलाओं को सशक्त करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की सरकार लगातार प्रयत्न कर रही है।"
हम महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं लाएंगे: तेजस्वी यादव
RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "महिला दिवस पर मैं सभी महिलाओं को बधाई देता हूं। जब हमारी सरकार बनेगी, तो महिलाओं को आगे बढ़ाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी...हम महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं लाएंगे..."
NFDB की 11वीं शासी निकाय बैठक खत्म
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा, "आज NFDB की 11वीं शासी निकाय बैठक थी। उसमें कई राज्यों के लोग आए थे। यहां पूरा विभाग था... कैसे उसमें नई तकनीकों का इस्तेमाल किया जाए, कैसे उसे और आगे बढ़ाया जाए। इन सब पर चर्चा हुई है। हम आगे इस पर अपनी रणनीति बनाकर काम करेंगे।"
राहुल गांधी अपने लोगों पर भी दोषारोपण करने लगे हैं: सुधांशु त्रिवेदी
भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "मुझे लगता है कि अपनी पार्टी, जनता, संवैधानिक संस्थाओं और मीडिया पर दोषारोपण करते-करते राहुल गांधी अपने लोगों पर भी दोषारोपण करने लगे हैं। मैं उन्हें सुझाव देना चाहूंगा कि वे दूसरों में दोष देखना बंद करें और आत्म अवलोकन करें..."
प्रधानमंत्री ने जो कहा वह करके दिखाया: वनथी श्रीनिवासन
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन ने दिल्ली में महिला समृद्धि योजना के क्रियान्वयन पर कहा, "प्रधानमंत्री ने जो कहा वह करके दिखाया। यह योजना सभी महिलाओं के लिए बहुत उपयोगी रहेगी, इसका वे अपने घर, परिवार, बच्चों की पढ़ाई में इस्तेमाल कर सकती हैं।"
ब्रजेश पाठक ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की दी बधाई
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश की अपनी बहनों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्ग दर्शन में देश की महिलाओं को जो सम्मान मिला है, वह पहले संभव नहीं था। मैं उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ लोगों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी का आभार प्रकट करता हूं।"
दिल्ली की गरीब बहनों को 2500 मिलने शुरु हो जाएंगे: वीरेंद्र सचदेवा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "महिला समृद्धि योजना हमारे संकल्प पत्र में दिल्ली की बहनों को हमारा वादा था। मैं मुख्यमंत्री बहन रेखा गुप्ता को बधाई देता हूं कि उन्होंने कैबिनेट में इसे स्वीकृति दे दी है। जल्द ही दिल्ली की गरीब बहनों को इसके 2500 रुपये मिलने शुरु हो जाएंगे... आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस है पंजाब की बहनों को जो इन्होंने(AAP) धोखा दिया है उसके बारे में भी आतिशी को लिखना चाहिए।"
महिलाओं ने बीजेपी सरकार बनाने में बड़ा योगदान दिया- नड्डा
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि मैं दिल्ली की महिलाओं को नमन करते हुए धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने दिल्ली में भाजपा सरकार बनाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है। जब 1952-53 में भारतीय जनसंघ बनी, तभी से हमारी सोच थी कि महिला शक्ति को आगे लाया जाए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था 'जब नारी शक्ति का विकास होता है, तब दुनिया आगे बढ़ती है'आत्मनिर्भर और विकसित भारत की कल्पना तब तक संभव नहीं है, जब तक हम नारी के मन में आत्मविश्वास पैदा नहीं कर देते। जब नारी के मन में आत्मविश्वास पैदा होता है, तब हम आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ते हैं।
सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए हर संभव प्रयास करने को तैयार- सीएम
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि देश और प्रदेश की सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आज महिला एवं बाल विकास, पुलिस और ग्रामीण पंचायत विभाग का संयुक्त कार्यक्रम हुआ। इसमें योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। हमारे राज्य में 5 लाख लखपति दीदी हैं, हमारी सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए हर संभव प्रयास करने को तैयार है।
सरकार की योजनाएं महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में- जयराम ठाकुर
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने कहा कि मैं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी महिलाओं को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए काम कर रही है। पूरे देश के लिए एक ऐतिहासिक फैसला लिया गया, जिस महिला आरक्षण की लंबे समय से मांग थी, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने पारित किया। सरकार की अधिकांश योजनाएं महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में हैं।
दिल्ली में हरेक काम की योजना बन चुकी है- रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के रूप में प्रत्येक काम करने की योजना बन चुकी है, जो दिल्ली को अधिक सुरक्षित और समृद्ध बनाने वाली है। पिछले 15 दिनों में हमारी सरकार ने उन अनेक कामों पर चर्चा की है, जो दिल्ली की बहनों की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी हैं। दिल्ली में पिंक PCR और पिंक कांस्टेबल की संख्या बढ़ाने के लिए काम किया जाएगा। अब दिल्ली में जहां-जहां जरूरत है, वहां-वहां पिंक टॉयलेट का निर्माण किया जाएगा।
दिल्ली में 'महिला दिवस कार्यक्रम' में शामिल हुए जेपी नड्डा
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 'महिला दिवस कार्यक्रम' में शामिल हुए।
इस आयोजन की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं ने संभाली- नवसारा में पीएम
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि यहां नवसारी के इस कार्यक्रम में हम नारी शक्ति के सामर्थ्य को देख सकते हैं। इस आयोजन की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं ने संभाली है। इतने बड़े आयोजन की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी और अधिकारी सभी महिलाएं हैं। कांस्टेबल, एसपी, डीएसपी से लेकर वरिष्ठ अधिकारी तक, यहां सुरक्षा व्यवस्था महिलाओं द्वारा संभाली जा रही है। यह नारी शक्ति के सामर्थ्य का एक उदाहरण है। जब मैं आप सभी से मिलता हूं, तो मेरा विश्वास मजबूत होता है कि एक विकसित भारत का संकल्प पूरा होकर रहेगा और नारी शक्ति इसमें बड़ी भूमिका निभाएगी।
महिलाएं देश के हर क्षेत्र और आयाम में परचम लहरा रही- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवसारी में अपने संबोधन में कहा कि चाहे राजनीति हो या खेल का मैदान, न्यायपालिका हो या पुलिस, महिलाएं देश के हर क्षेत्र और आयाम में परचम लहरा रही हैं। 2014 के बाद से देश में महत्वपूर्ण पदों पर महिलाओं की भागीदारी तेजी से बढ़ी है। 2014 के बाद से केंद्र सरकार में सबसे ज्यादा महिलाएं मंत्री बनी हैं और संसद में भी महिलाओं की मौजूदगी में बड़ी बढ़ोतरी हुई है।
शास्त्रों में नारी को नारायणी कहा गया है- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि शास्त्रों में नारी को नारायणी कहा गया है। नारी का सम्मान समाज और देश के विकास की पहली सीढ़ी है। इसलिए भारत को विकसित देश बनाने के लिए, भारत के तेज़ विकास के लिए, आज भारत महिला-नेतृत्व वाले विकास के रास्ते पर चल पड़ा है। हमारी सरकार महिलाओं के जीवन में सम्मान और सुविधा दोनों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है..."
महिलाओं से प्रेरणा लेने, उनसे सीखने का दिन- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज हम सभी के लिए महिलाओं से प्रेरणा लेने, उनसे सीखने का दिन है। मैं आप सभी का अभिनंदन करता हूं और धन्यवाद करता हूं। आज मैं गर्व से कह सकता हूं कि मैं दुनिया का सबसे धनवान व्यक्ति हूं। मेरे जीवन के खाते में करोड़ों माताओं, बहनों, बेटियों का आशीर्वाद है और यह लगातार बढ़ रहा है और इसलिए मैं कहता हूं कि मैं दुनिया का सबसे धनवान व्यक्ति हूं।
मैं मातृशक्ति को सिर झुकाकर नमन करता हूं- पीएम मोदी
नवसारी के वानसी-बोरसी में लखपति दीदी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महाकुंभ में मुझे माता गंगा का आशीर्वाद मिला और आज मातृशक्ति के इस महाकुंभ में मुझे आप सभी माताओं-बहनों का आशीर्वाद मिला। आज महिला दिवस पर मेरी मातृभूमि गुजरात में और इस विशेष दिन पर इतनी बड़ी संख्या में आप सभी माताओं, बहनों, बेटियों की उपस्थिति में, आपके प्यार, स्नेह और आशीर्वाद के लिए मैं मातृशक्ति को सिर झुकाकर नमन करता हूं।
पीएम ने नवसारी में किया विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवसारी में G-SAFAL और G-MAITRI सहित विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ किया।
पीएम मोदी का लखपति दीदी कार्यक्रम में स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुजरात के नवसारी के वानसी-बोरसी में लखपति दीदी कार्यक्रम में स्वागत किया गया। वे कुछ ही देर में 1.1 लाख से अधिक महिलाओं को संबोधित करेंगे।
तेरे मेरे सपने' नामक प्री मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर शुरू
दिल्ली: राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर ने कहा कि आज राष्ट्रीय महिला आयोग ने खुशहाल विवाह और परिवारों के बीच सम्मान को बढ़ावा देने के लिए 'तेरे मेरे सपने' नामक प्री मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर शुरू किया है। आज पूरे देश में 22 जगहों और 9 राज्यों में प्री मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर शुरु हो रहे हैं। इन केंद्रों का उद्देश्य युवा पीढ़ी को विवाह से पहले इन मुद्दों को समझने और सहज विवाह के साथ आगे बढ़ने में मदद करना है।
दिल्ली कैबिनेट की बैठक के लिए सचिवालय पहुंचीं सीएम रेखा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपये की वित्तीय सहायता के लिए प्रस्तावित महिला समृद्धि योजना के संबंध में दिल्ली कैबिनेट की बैठक से पहले सचिवालय पहुंचीं।
शिवराज सिंह चौहान ने दी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मैं प्रदेश और देश की सभी बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है महिला सशक्तिकरण। हमारी बहनों-बेटियों का आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक और सामाजिक सशक्तिकरण। सबसे महत्वपूर्ण है आर्थिक सशक्तिकरण... इसके लिए भारत सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत आजीविका मिशन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि आजीविका मिशन के साथ हमारे 91 लाख महिला स्व-सहायता समूह हैं, जिनसे 11 करोड़ बहनें जुड़ी हैं। कोई लखपति दीदी है, कोई बैंक सखी है, कोई कृषि सखी है, कोई पशु सखी है, वे अलग-अलग व्यवसाय में काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी का 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का संकल्प है, इसमें हमें 4 साल नहीं लगेंगे, हम बहुत जल्द इस लक्ष्य को प्राप्त कर लेंगे... लेकिन हम यहीं नहीं रुकेंगे, कोई बहन गरीब नहीं रहेगी।
आज महिलाएं अपनी पसंद का कुछ भी कर सकती हैं- रेखा शर्मा
पूर्व महिला आयोग प्रमुख और राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि यह युग महिलाओं का युग है। आज प्रधानमंत्री मोदी ने ऐसा माहौल बनाया है जहां महिलाएं अपनी पसंद का कुछ भी कर सकती हैं, चाहे वह पढ़ाई हो, नौकरी हो या कुछ और। आने वाला समय महिलाओं का है। चुनाव में भाजपा ने महिलाओं से वादा किया था कि उन्हें ये (2500 रुपये) दिए जाएंगे, आज मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इसे पूरा करेंगी। आम आदमी पार्टी की सरकार में दिल्ली के लोग सिर्फ खोखले वादे सुनते आए हैं लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सारे वादे पूरे होंगे।
पीएम ने इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण पर जोर दिया- अश्विनी वैष्णव
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव हैदराबाद हवाई अड्डे पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण पर बहुत जोर दिया है और तेलंगाना में हमारे पास केंद्र सरकार द्वारा समर्थित 3 इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण क्लस्टर हैं, जिनमें से एक डिविटिपल्ली में है, जहां मैं आज जा रहा हूं। इसका उपयोग मुख्य रूप से बैटरी पैक, सेल विनिर्माण, लिथियम बैटरी के लिए किया जाएगा जो इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के बयान पर क्या बोले विपक्षी नेता?
जम्मू-कश्मीर में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के बयान पर कहा कि जम्मू-कश्मीर में जो तंत्र है वह आतंकवाद और पत्थरबाजों से निपटने वाला है, अलगाववाद को खत्म करने वाला है, यहां बदलाव लाने वाला है, नेशनल कॉन्फ्रेंस की व्यवस्था ऐसी थी कि वो जंगल और जमीन बेचते थे। उस व्यवस्था को साफ करके जो व्यवस्था आई है, उससे उमर अब्दुल्ला को परेशानी हो रही है कि इस नई व्यवस्था में उनके लिए कोई जगह नहीं है जहां उनके कार्यकर्ताओं को गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार करने की आजादी दी जाती थी। वह व्यवस्था अब नहीं रही।
पीएम मोदी ने महिलाओं को सौंपा अपना सोशल मीडिया अकाउंट
PM मोदी ने हाल ही में ऐलान किया था कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिलाएं उनका अकाउंट सभालेंगी। ऐसे में आज पीएम मोदी ने अपना वादा पूरा किया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ट्रेन चला रही महिलाएं
महाराष्ट्र: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मध्य रेलवे एक पूर्णतः महिला ट्रेन चला रही है। CSMT-शिरडी वंदे भारत में आज पूर्णतः महिला चालक दल है, जिसमें लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, TC और ट्रेन होस्टेस शामिल हैं।
प्रवीण खंडेलवाल ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की दी बधाई
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है, सभी महिलाओं को बहुत-बहुत बधाई। आज दिल्ली के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण दिन है, प्रधानमंत्री मोदी ने चुनाव के दौरान कहा था कि भाजपा अपने संकल्प पूरे करती है, और मोदी की गारंटी का मतलब है गारंटी पूरी होने की गारंटी। चाहे महिला समृद्धि योजना हो, या गैस सिलेंडर देने की योजना हो, या यमुना के पुनरुद्धार की योजना हो, हम अपनी एक-एक घोषणा को समय-सीमा के भीतर पूरा करेंगे और दिल्ली में महिला सम्मान की नई गाथा लिखी जाएगी।
महिला दिवस पर नारी शक्ति को नमन- पीएम मोदी
महिला दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "महिला दिवस पर हम अपनी नारी शक्ति को नमन करते हैं! हमारी सरकार ने हमेशा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए काम किया है, जो हमारी योजनाओं और कार्यक्रमों में झलकता है। आज, जैसा कि मैंने वादा किया था, मेरी सोशल मीडिया प्रॉपर्टीज उन महिलाओं द्वारा संभाली जाएंगी जो विविध क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं!"
राजस्थान उपमुख्यमंत्री ने दी महिला दिवस की शुभकामनाएं
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमार ने कहा कि सभी को महिला दिवस की शुभकामनाएं। बस आगे बढ़ती रहें। आप जो चाहें कर सकती हैं। हर तरह से इससे बेहतर सुनहरा अवसर कभी नहीं आया। सरकार हमारे साथ है, प्रधानमंत्री मोदी भी हमारे साथ हैं। आप आगे बढ़ें, खुद भी आगे बढ़ें और आपके जरिए दूसरी महिलाओं को भी अवसर मिलेंगे।
सुधा एक्सपोर्ट कंसाइनमेंट वैन को हरी झंडी
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुधा एक्सपोर्ट कंसाइनमेंट वैन को हरी झंडी दिखाई।
वलसाड जिले के कबाड़ के गोदाम में लगी आग
गुजरात के वलसाड जिले के वापी इलाके में आग लगी। आग में 15 से ज्यादा कबाड़ के गोदाम जल गए। दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। अग्निशमन अधिकारी रमन परमार ने जानकारी देते हुए बताया कि हमें रात करीब 3:20 बजे आग लगने की सूचना मिलीष अब तक 10-12 गोदाम पूरी तरह जल चुके हैं। यह प्लास्टिक और कबाड़ का गोदाम था, हमने 2 घंटे में आग पर काबू पा लिया, आग अभी भी काबू में है। कोई जनहानि नहीं हुई है।
मणिपुर में फिर सरकारी बसों का संचालन शुरू
मणिपुर सरकार आज (8 मार्च) से इंफाल से कांगपोकपी जिले के रास्ते सेनापति जिले और इंफाल से बिष्णुपुर जिले के रास्ते चुराचांदपुर जिले तक बस सेवाएं फिर से शुरू करने जा रही है। राज्य के मुख्य सचिव पीके सिंहने बयान में कहा कि राज्य परिवहन की बसें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के संरक्षण में चलेंगी ताकि जनता की असुविधा को कम किया जा सके और राज्य में सामान्य स्थिति बहाल करने की दिशा में पहल की जा सके।
आज बाबा का बुलावा आया है- सिंगर हनी सिंह
गायक हनी सिंह ने उज्जैन के महाकाल मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं कल्पना नहीं कर सकता कि मुझे इतने अच्छे से दर्शन हुए। मैं पंडित जी, आचार्य जी और सबका में धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने इतनी अच्छी पूजा की। मैं करीब 12-13 साल से यहां आने की सोच रहा था लेकिन मैं आ नहीं पा रहा था लेकिन आज बाबा का बुलावा आया है। हर-हर महादेव!
लखपति दीदी कार्यक्रम में शामिल होंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी के गुजरात दौरे का आज दूसरा दिन हैं। वह नवसारी में आयोजित लखपति दीदी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस मौके पर वह 5 लखपति दीदियों को लखपति दीदी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करेंगे।
आज हो सकता है महिला सम्मान योजना का ऐलान
दिल्ली सरकार आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिला सम्मान योजना को लेकर बड़ा ऐलान कर सकती है। इसके तहत महिलाओं को 2500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।