LIVE BLOG

LIVE UPDATES/ Waqf Bill: राज्यसभा में पास हुआ वक्फ संशोधन विधेयक 2025

India News Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से 2 दिन की थाईलैंड की यात्रा पर हैं। उन्होंने थाईलैंड की PM पेटोंगटार्न शिनावात्रा से मुलाकात की। वह छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में शिरकत करेंगे। वक्फ संशोधन बिल को सरकार ने लोकसभा में पास करा लिया है। बिल के पक्ष में 288 और विरोध में 232 वोट पड़े। इसके बाद अब आज इस बिल को राज्यसभा में पेश किया गया।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Rajya Sabha
Rajya Sabha | Image: Sansad TV

India News Live: वक्फ संशोधन बिल को मोदी सरकार ने बुधवार रात लोकसभा में पास करा लिया। बिल के समर्थन में 288  वोट पड़े, जबकि विरोध में 232 वोट पड़े। इसके बाद आज बिल को राज्यसभा में पेश किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थाईलैंड दौरे पर पहुंच चुके हैं। उन्होंनेथाईलैंड की प्रधानमंत्री पैतोंगतार्न शिनावात्रा के साथ वार्ता की। साथ ही शुक्रवार को छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने  गुरुवार को भारत पर 26% "रेसिप्रोकल टैरिफ" लगाने की घोषणा कर दी है। अन्य खबरों की बात करें तो म्यांमार में भूकंप से हुईं मौतों का आंकड़ा 3 हजार के पार हो गया है। 
 


Waqf Bill: वक्फ संशोधन विधेयक 2025 राज्यसभा से पास

Waqf Bill: वक्फ संशोधन विधेयक 2025 राज्यसभा से पास हो गया है। बिल के पक्ष में 128 तो विरोध में 95 वोट पड़े। राज्यसभा में दोपहर 1 बजे से शुरू हुई चर्चा करीब 12 घंटे चली और इसके बाद संशोधनों पर वोटिंग हुई। 


वक्फ बिल से किसी मुस्लिम का नुकसान नहीं होने वाला- किरेन रिजिजू

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार वक्फ संशोधन विधेयक ला रही है और इसे जल्द से जल्द पारित किया जाना चाहिए। मैं किसी को दोष नहीं दे रहा, लेकिन कुछ लोगों ने भारत में दुनिया की सबसे बड़ी संपत्ति-वक्फ संपत्तियों पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। बिल आने से करोड़ों का लाभ होगा। मेरे पास कुछ लोग आए जिन्होंने वक्फ बिल को जल्द पारित करने की अपील की। हम मुस्लिम को नहीं डरा रहे, आप डरा रहे हैं, मुस्लिम को मुख्यधारा से बाहर करना चाहते हैं। सीएए आए दो साल हो गए किसी भी मुस्लिम की नागरिकता नहीं छिनी, आप लोगों ने उस समय भी डराने का प्रयास किया था। आप किसी को गुमराह करने की कोशिश न करें। इससे किसी मुस्लिम का नुकसान नहीं होने वाला है बल्कि उन्हें फायदा होने वाला है। आज ये बिल पास हो जाएगा पर आप मुस्लिमों को गुमराह मत करिये।


Advertisement

वक्फ एक स्टेच्यूरी बॉडी, इसे सेक्यूलर होना चाहिये- किरेन रिजिजू

किरेन रिजिजू वक्फ रिलीजियस नहीं है, वक्फ संपत्ति में कोई हस्तक्षेप नहीं कर रहा है और ये किया भी नहीं जा सकता है। वक्फ एक स्टेच्यूरी बॉडी है, स्टेच्यूरी बॉडी को सेक्यूलर होना चाहिये, अगर हिंदू से संपत्ति विवाद होगा तो दूसरे पक्ष का भी कोई होना चाहिये। वैधानिक निकाय को धर्मनिरपेक्ष होना चाहिये। मैं फिर से स्पष्ट कर दूं वक्फ संपत्तियों में कोई हस्तक्षेप नहीं है, न ही किसी धार्मिक संस्थान में हो सकता है। चाहे वह काशी विश्वनाथ हो, तिरुपति हो, चर्च हो, दिल्ली की निजामुद्दीन दरगाह हो या जामा मस्जिद हो, कोई हस्तक्षेप नहीं किया जा रहा है।


मोदी सरकार मुसलमानों के उत्थान का काम कर रही है- किरेन रिजिजू

चर्चा के जवाब किरेन रिजिजू ने कहा विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आपने मुस्लिम को गरीब बनाया, मोदी सरकार उनके उत्थान का काम रहे हैं, हम उनके लिए काम कर रहे हैं अगर आपने काम किया होता तो हमें ये नहीं करना पड़ता। आज हम बस आपका समर्थन चाह रहे हैं, आप अपने आप को खुद एक्सपोज कर रहे हैं। 


Advertisement

जहां-जहां खुदा है, वहां-वहां भगवान- सुधांशु त्रिवेदी

बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि मान्यवर आजकल बहुत लोगों को खुदाई से डर लगने लगा है क्योंकि जहां-जहां खुदा है वहां-वहां भगवान है, बाकी आप सब बुद्धिमान हैं। नदीम उल हक साहब ने जो बोला था कि ना किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है तो मैं कहना चाहता हूं जिसने इस देश के लिए खून बहाया उसके बाप का हिंदुस्तान जरूर है।


मुकाबला शराफत अली और शरारत खान का- सुधांशु त्रिवेदी

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा हमने ईमानदारी से मुस्लिम समाज के कल्याण के लिए काम किया है। यह मुकाबला शराफत अली और शरारत खान का है, इन जरूरतमंद मुसलमानों की लड़ाई के लिए गरीबों के मन की कसक और कट्टरपंथी ठसक के बीच हमारी सरकार ने गरीबों का साथ दिया है। ईमानदार मुसलमान के लिए उम्मीद है लेकिन कुछ ऐसे लोग हैं जो उम्मां का ख्वाब पाले हुए हैं, उनके ख्वाब पर पानी फिर गया है। यह उम्मीद और उम्मां के बीच का भी मामला है।
 


फीनिक्स मॉल की छत पर आग लगने की खबर

कुर्ला फायर स्टेशन के सामने एलबीएस रोड पर फीनिक्स मॉल की छत पर आग लगने की खबर मिली है। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग बुझा दी गई है, मॉल को खाली करा दिया गया है और वेंटिलेशन शुरू कर दिया गया है। मुंबई फायर ब्रिगेड ने इसकी जानकारी दी है।


वक्फ संशोधन विधेयक मुस्लिमों के कल्याण के लिए है- विवेक बंटी साहू

वक्फ संशोधन विधेयक पर ममता बनर्जी के बयान पर भाजपा सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि पहले कोशिश करें कि अब वे बंगाल में सरकार बना सकें। बंगाल की जनता त्रस्त है। बंगाल में जल्द भाजपा की सरकार बनने वाली है। वक्फ संशोधन विधेयक गरीब मुस्लिमों और मुस्लिम बहनों के कल्याण के लिए है।


राज्यसभा में कौन भारी?

बीजेपी वक्फ संशोधन विधेयक को लोकसभा से पारित करा लाई है, लेकिन असली परीक्षा राज्यसभा में है। यहां सत्ता पक्ष की तरह विपक्ष भी मजबूत स्थिति में है। अगर एनडीए के कुछ सदस्य यहां क्रॉस वोटिंग कर गए तो बिल अटक जाएगा और इससे बीजेपी की कोशिश नाकाम हो सकती है। मसलन लोकसभा की तरह राज्यसभा में बीजेपी को अपने सहयोगियों को पूरे भरोसा में लेकर ही चलना पड़ेगा।

नंबर गेम देखें तो राज्यसभा में कुल 245 सदस्य हैं। अभी राज्यसभा के सिटिंग सदस्यों की संख्या 236 है, जबकि 9 सीटें खाली हैं। इस लिहाज से किसी बिल पर बहुमत के लिए 118 वोट चाहिए होंगे। इसमें सत्ताधारी बीजेपी नीत एनडीए के पास 125 सांसद हैं।


वक्फ बिल असफलताओं से ध्यान हटाने के लिए- प्रमोद तिवारी

लोकसभा में पारित हुए #WaqfAmendmentBill पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि हमारा विचार है कि यह ध्रुवीकरण के लिए,समीकरण बनाने के लिए, अपनी असफलताओं से ध्यान हटाने के लिए है। आज जिस तरह से सत्ता पक्ष अपनी बात रख रहा था, तो उनके इरादे नेक नहीं हैं। वे अपनी सारी कमियों को छिपाने के लिए ध्रुवीकरण करना चाहते हैं। हम इसे जनता की अदालत में ले जाएंगे। और अगर हम सत्ता में आए, तो इसे बदल देंगे। हम इसे गलत मानते हैं। 


वक्फ बिल पर बहुत लोगों को शिकायत- राजीव शुक्ला

वक्फ संशोधन विधेयक पर कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि वक्फ बिल पर बहुत लोगों को शिकायत है। तमाम पार्टियों को शिकायत है और जो लोग जबरदस्ती इसको सपोर्ट कर रहे हैं, जैसे नीतीश कुमार की पार्टी के लोग, तो वो अंदर बहुत नाराजगी है और इसकी वजह से लोग(JD(U) के वरिष्ठ नेता मोहम्मद कासिम अंसारी) इस्तीफा दे रहे हैं। इसका भारी नुकसान बिहार में लोगों को होने वाला है।
 


सीएम भजनलाल ने अधिकारियों के साथ की बैठक

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।


कुएं में डूबने से 5 की मौत, सीएम मोहन ने किया मुआवजे का ऐलान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सभी मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

खंडवा में एक कुएं में डूबने से 5 लोगों की मृत्यु हो गई है।


खंडवा में कुएं में डूबने से 5 की मौत, शव बरामद

मध्य प्रदेश के खंडवा में एक कुएं में डूबने से 5 लोगों की मृत्यु हो गई है। खंडवा SP मनोज कुमार राय ने बताया कि 8 लोगों के डूबने की आशंका है, 5 शव बरामद किए गए हैं। हम दो और शव जो अंदर दिख रहे हैं, उनको भी हम निकाल रहे हैं। SDRF, पुलिस और प्रशासन और ग्रामीण सभी इस ऑपरेशन में सहयोग कर रहे हैं। हम उन्हें जल्द से जल्द बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कल गणगौर माता का विसर्जन होना है। परंपरागत रूप से यह गांव के बीच में स्थित इस कुएं में किया जाता है। 3 लोग कुएं की सफाई करने के लिए उतरे थे, जब वे डूबने लगे, तो उन्हें बचाने के लिए 5 और लोग अंदर गए। दुर्भाग्य से, वे सभी अंदर फंस गए। 
 


आगामी चुनावों में राज्य से जा रही TMC सरकार- रवि किशन

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के वक्फ संशोधन विधेयक पर दिए गए बयान पर भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि ममता बनर्जी की सरकार आगामी चुनावों में राज्य से जा रही है। उन्हें पहले इस पर ध्यान देना चाहिए, वे अपनी सरकार बचा लें। यह बिल पारित हो गया है। गरीब मुसलमान खुश हैं। गोरखपुर में जश्न के तौर पर मिठाइयां बांटी गई हैं। 


वक्फ बिल को लेकर पुलिस ने किया रूट मार्च

उत्तर प्रदेश में वक्फ संशोधन विधेयक और जुमे की नमाज को लेकर पुलिस ने बहराइच में रूट मार्च किया। ASP रामानन्द कुशवाहने कहा कि शांति व्यवस्था के मद्देनजर और वक्फ संशोधन विधेयक और कल जुमे की नमाज को लेकर फुट पेट्रोलिंग कर रहे हैं। ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है।


BIMSTEC रात्रिभोज में मौजूद रहे ये नेता

BIMSTEC रात्रिभोज में बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और अन्य नेता मौजूद हैं।


यह बिल मुसलमानों के खिलाफ- J&K के ग्रैंड मुफ्ती नासिर-उल-इस्लाम

वक्फ बिल संशोधन विधेयक पर जम्मू-कश्मीर के ग्रैंड मुफ्ती नासिर-उल-इस्लाम ने कहा कि यह बिल मुसलमानों के खिलाफ है। जो कानून पहले से मौजूद है, उसमें संशोधन किया गया । यह बिल मुसलमानों के साथ विश्वासघात है और इस विश्वासघात की वजह से उनमें अराजकता है। हमने सुप्रीम कोर्ट जाने का फैसला किया है। मुसलमानों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए, यह ध्यान दिया जाना चाहिए कि 232 सदस्य इसके खिलाफ थे। यह एक बड़ी संख्या है और उनकी बात को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। हम जल्द ही सुप्रीम कोर्ट जाएंगे, लेकिन पहले हम आपस में तय करेंगे कि हम आगे कैसे बढ़ेंगे। हम इसे बड़े पैमाने पर करेंगे।


BIMSTEC रात्रिभोज में थाईलैंड की पीएम ने किया PM मोदी का स्वागत

थाईलैंड के प्रधानमंत्री पैतोंगटार्न शिनावात्रा ने बैंकॉक में आयोजित BIMSTEC रात्रिभोज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य राष्ट्राध्यक्षों/सरकार प्रमुखों का स्वागत किया।


वक्फ बोर्ड के माध्यम से गरीबों का कल्याण-सम्राट चौधरी

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पटना नगर निगम और बेहतर होगा। पूरी तरह व्यवस्थित ऑफिस चलेगा। इसके लिए बिहार सरकार ने लगभग 27 करोड़ से अधिक राशि उपलब्ध कराकर पटना में एक आधुनिक नगर निगम का ऑफिस बनाया है।

उन्होंने वक्फ संशोधन विधेयक पर कहा कि देश की जनता चाहती है कि वक्फ बोर्ड के माध्यम से गरीबों का कल्याण हो।


यह एक काला बिल - मल्लू रवि

कांग्रेस सांसद डॉ. मल्लू रवि ने कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी के बयान पर कहा कि सोनिया गांधी वक्फ बिल के बारे में बहुत स्पष्ट हैं। यह एक काला बिल है। अल्पसंख्यक समुदाय के लाखों लोगों को अपनी जमीन और वक्फ की जमीनों से संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। बिल के पीछे सरकार का मुख्य इरादा इसे छीनना है और इसे अपने उद्देश्य के लिए इस्तेमाल करना है। यही कारण है कि सोनिया गांधी ने कल कहा कि यह एक काला दिन है।
 


तीसरी बार ममता सरकार पर बड़ा तमाचा- सुकांत मजूमदार

बंगाल के स्कूलों में SSC द्वारा 25,000 से अधिक कर्मचारियों की नियुक्ति रद्द करने के कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट द्वारा बरकरार रखे जाने पर पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि यह तीसरी बार ममता बनर्जी की सरकार पर एक बहुत बड़ा तमाचा है। ममता बनर्जी की सरकार ने नौकरियां बेची हैं। आज भारत के सर्वोच्च न्यायालय के फैसले से ये पूरी तरह से साबित हो गया है। हमारी मांग है कि ममता बनर्जी इस्तीफा दें। ममता बनर्जी को गिरफ्तार करना चाहिए। 
 


सीएम योगी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में की पूजा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा की।


मुझे प्रधानमंत्री को बधाई देनी चाहिए- एच.डी. देवेगौड़ा

पूर्व प्रधानमंत्री और JD(S) प्रमुख एच.डी. देवेगौड़ा ने कहा कि मुझे प्रधानमंत्री को बधाई देनी चाहिए। क्यों? जिस संपत्ति का उल्लेख किया गया है, वह लगभग 1.2 लाख करोड़ रुपये की है। ये संपत्तियां सरकार द्वारा नहीं, बल्कि दानदाताओं द्वारा दी गई हैं। यदि दानदाताओं ने दी है और उसका दुरुपयोग किया गया है और इसमें निहित स्वार्थ है, तो अब वर्तमान प्रधानमंत्री इस पर मुहर लगाना चाहते हैं, ताकि दानदाताओं की संपत्ति, जो किसी विशेष उद्देश्य के लिए समुदाय को दी गई है, उसे अमीर लोगों या समुदाय में उन लोगों द्वारा हड़पने की अनुमति न दी जाए, जो इस संपत्ति को हड़पने के लिए पर्याप्त रूप से शक्तिशाली हैं।


इंदिरा भवन में चल रही कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की बैठक

इंदिरा भवन में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की बैठक चल रही है। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य शामिल हैं।


मैं इस बिल के समर्थन में खड़ा हूं- राज्यसभा में बोले नड्डा

केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि मैं इस बिल के समर्थन में खड़ा हूं और मुझे उम्मीद है कि सदन भी इस बिल का समर्थन करेगा। मुझे उम्मीद है कि UMEED (यूनिफाइड वक्फ मैनेजमेंट एंपावरमेंट, एफिशिएंसी और डेवलपमेंट) का समर्थन होगा। इस बिल का मूल उद्देश्य है कि सुधार लाकर वक्फ संपत्तियों का उचित प्रबंधन करना है। 
 


वक्फ संशोधन विधेयक पर क्या बोले वारिस पठान?

वक्फ संशोधन विधेयक पर AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने कहा कि यह हमारे देश के मुसलमानों के लिए एक और काला दिन है। हमने देखा है कि जब से वे(भाजपा) सत्ता में आए हैं, उन्होंने केवल नफरत फैलाई है और यह कल उनके द्वारा दिखाए गए उदाहरणों में से एक है। यह पूरी तरह से एक असंवैधानिक विधेयक है। यह मुसलमानों पर सीधा हमला है और वे केवल हमारी वक्फ संपत्तियों को हड़पना चाहते हैं। हम अपने संविधान के अनुसार इस विधेयक के खिलाफ अपना विरोध जारी रखेंगे। हम सभी कानूनी रास्ते अपनाएंगे।


कांग्रेस पार्टी का इतिहास काला रहा हैृ- गिरिराज सिंह

वक्फ संशोधन विधेयक पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "एक कहावत है '100 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली'। कांग्रेस पार्टी का इतिहास काला रहा है, आपातकाल से बड़ा कुछ नहीं है। 2013 में चुनाव से पहले उन्होंने लुटियंस दिल्ली में 123 संपत्तियां रातों-रात वक्फ को दे दीं। इससे पता चलता है कि तुष्टिकरण की हदें कौन पार करता है, कौन काला अध्याय लिखता है..."


वक्फ संशोधन बिल पर मनोज तिवारी का बयान

BJP सांसद मनोज तिवारी ने वक्फ (संशोधन) विधेयक 2024 पर कहा, "वक्फ बोर्ड बिल का पास होना प्रत्येक भारतीय के लिए एक खुशी की बात है। इस देश में कौन चाहेगा कि उसकी संपत्ति को अचानक कोई संस्था कहे कि यह हमारी है। इस देश को समझ आ चुका है कि वक्फ और वक्फ बोर्ड अलग-अलग है। यह देश संविधान से चलेगा और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का संविधान सभी के लिए समान है।"


PM मोदी ने श्री राम जानकी मंदिर की रखी आधारशिला

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कश्मीरी गंज में श्री राम जानकी मंदिर की आधारशिला रखी।


भारत और थाईलैंड आर्थिक-व्यापारिक संबंधों को बढ़ाने के लिए उत्सुक-PM

पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा- 'भारत और थाईलैंड आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री पैतोंगतार्न शिनावात्रा और मैंने कृषि, एमएसएमई, शिपिंग, फिनटेक और अंतरिक्ष में हमारे देशों के साथ मिलकर काम करने के बारे में बात की। बातचीत में सांस्कृतिक संबंधों पर भी प्रमुखता से चर्चा हुई।'
 


थाईलैंड सरकार का आभारी हूं- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं थाईलैंड सरकार का आभारी हूं कि मेरी यात्रा के उपलक्ष्य में 18वीं शताब्दी रामायण म्यूरल पेंटिंग पर आधारित एक विशेष डाक टिकट जारी किया गया है। पीएम शिनावात्रा ने अभी मुझे तिपिटक की भेंट की है।


पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री पैतोंगटार्न का जताया आभार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री पैतोंगटार्न शिनावात्रा का हमारे गर्मजोशी स्वागत के लिए आभार व्यक्त करता हूं। 28 मार्च को आए भूकंप में हुए जनहानि के लिए मैं भारत के लोगों की तरफ से गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं और घायलों की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।


भारत और थाईलैंड ने किया MoUs का आदान-प्रदान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और थाईलैंड प्रधानमंत्री पैतोंगटार्न शिनावात्रा की मौजूदगी में भारत और थाईलैंड ने MoUs का आदान-प्रदान किया।
 


हज कमेटी की अध्यक्ष ने क्यों आज के दिन को बताया ऐतिहासिक?

लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक के पारित होने पर दिल्ली हज कमेटी की अध्यक्ष कौसर जहां ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक दिन है। वक्फ संशोधन विधेयक लोकसभा में पारित हो चुका है और आज यह राज्यसभा में भी पारित हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह मील का पत्थर साबित हुआ है। वक्फ संपत्तियों का सही प्रबंधन और सदुपयोग किया जाएगा। यह कौम की बेहतरी के लिए एक अच्छा कदम है। 
 


वक्फ संशोधन विधेयक पर क्या बोले बिहार के राज्यपाल?

बिहार राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने वक्फ संशोधन विधेयक पर कहा कि वक्फ बोर्ड की इतनी प्रॉपर्टी है लेकिन तनख्वाह देने को नहीं, इसका मतलब कहीं गड़बड़ी है, सुधार की आवश्यकता है। 
 


थाईलैंड की प्रधानमंत्री ने किया पीएम मोदी का स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बैंकॉक के गवर्नमेंट हाउस में थाईलैंड प्रधानमंत्री पैतोंगटार्न शिनवात्रा ने स्वागत किया।
 


'भाजपा की फर्जी फैक्ट्री गलत सूचना फैलाने में लगी हुई है'

वक्फ विधेयक पर राज्यसभा में बोलते हुए कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने कहा, "आप सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करते हैं और फिर हम पर ध्रुवीकरण करने का आरोप लगाते हैं। यह विधेयक पूरी तरह से झूठ पर आधारित है और पिछले 6 महीनों में गलत सूचना अभियान चलाया गया है। भाजपा की फर्जी फैक्ट्री गलत सूचना फैलाने में लगी हुई है।"


थाई प्रधानमंत्री संग PM मोदी की वार्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैंकॉक में थाई प्रधानमंत्री पैतोंगटार्न शिनावात्रा के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की।


पहले भी 5 बार वक्फ में संशोधन हो चुके हैं- अनिल विज

हरियाणा सरकार के मंत्री अनिल विज ने वक्फ संशोधन विधेयक के लोकसभा में पारित होने पर कहा, "यह बहुत महत्वपूर्ण बिल था। ऐसा नहीं है कि वक्फ में पहली बार संशोधन हुआ है। इससे पहले भी 5 बार वक्फ में संशोधन हो चुके हैं। सरकार जो भी काम करती है, वह आम आदमी के लिए किया जाता है। धर्म के ठेकेदारों को खुश नहीं किया जा सकता क्योंकि उनका एजेंडा धर्म नहीं बल्कि राजनीति है।"


पीलीभीत की दुकान में लगी आग

पीलीभीत के सराफा बाजार में स्थित एक दुकान में आग लग गई। दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। 


काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे DMK सांसद

वक्फ संशोधन विधेयक 2025 के विरोध में DMK सांसद संसद में काले कपड़े पहनकर आए। उन्होंने कहा, "... यह लोकसभा द्वारा पारित एक कठोर कानून है।"


राज्यसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पेश

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने वक्फ संशोधन विधेयक 2024 को राज्यसभा में पेश कर दिया। उन्होंने कहा कि व्यापक चर्चा के बाद तैयार किए गए बिल को JPC के पास भेजा गया था। वक्फ को लेकर जेपीसी ने जितना काम किया, उतना काम किसी कमेटी ने नहीं किया।
 


राज्यसभा में भी पास होगा वक्फ बिल- रामदास अठावले

वक्फ संशोधन विधेयक के लोकसभा में पारित होने पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, "यह बिल मुसलमानों के लिए हमला नहीं है। कल लोकसभा में 288 मतों से वक्फ बोर्ड संशोधन बिल को पारित कर लिया गया है। अनेक वक्ताओं ने हमारी सरकार किसी के खिलाफ नहीं है, ये बताया है। मेरी पार्टी की ओर हम इस बिल का समर्थन करने वाले हैं। गरीब मुसलमानों को न्याय देने के लिए यह बिल लाया गया है। राज्यसभा में भी यह बिल पास हो जाएगा। मोदी सरकार ने यह बहुत बड़ा और क्रांतिकारी कदम उठाया है। मैं सरकार का आभार व्यक्त करता हूं।"


देहरादून में CM धामी की बैठक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सचिवालय में पेयजल आपूर्ति पर समीक्षा बैठक की।


प्रयागराज में CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में निषाद राजा गुह्य की जयंती समारोह में हिस्सा लिया।


वक्फ बिल धार्मिक संपत्तियों पर कब्जा करने की शुरुआत है- संजय सिंह

वक्फ संशोधन विधेयक के लोकसभा में पारित होने पर AAP नेता संजय सिंह ने कहा, "हमने इस बिल का JPC में भी विरोध किया, कल लोकसभा में भी विरोध दर्ज करवाया और आज जब यह बिल राज्यसभा में आएगा तो यहां पर विरोध करेंगे। यह बिल भारत के संविधान के खिलाफ है। जब बाबा साहेब अंबेडकर और भारत के संविधान को ही नहीं माना जा रहा तो वास्तव में देश में लड़ाई, झगड़े और विवाद खड़ने के उद्देश्य से यह बिल लाया गया है। यह बिल धार्मिक संपत्तियों पर कब्जा करने की शुरूआत है।"


12 घंटे चर्चा के बाद पास हुआ बिल- BJP सांसद जगदंबिका पाल

लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पारित होने पर संयुक्त संसदीय समिति के अध्यक्ष और BJP सांसद जगदंबिका पाल ने कहा, “कल 12 घंटे वक्फ पर चर्चा हुई। उसके बाद वोटिंग हुई साढ़े 14 घंटे चला। सरकार सीधे इस बिल को पास करा सकती थी लेकिन इस बिल को JPC में भेजने का प्रस्ताव सरकार ने खुद किया था। कल पूरा देश देख रहा था कि 12 घंटे चर्चा में उन्होंने हिस्सा लिया लेकिन फिर भी वे कह रहे थे कि उन्हें (विपक्ष) बोलने नहीं दिया जा रहा है। कल ये जो बिल पास हुआ है इससे सभी को फायदा होगा, लेकिन असदुद्दीन ओवैसी ने इस बिल को फाड़ दिया।वो इस पर विरोध कर सकते थे लेकिन बिल नहीं फाड़ सकते थे।”


बैंकॉक पहुंचे PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छठे BIMSTEC शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए बैंकॉक पहुंचे। यहां उनका भव्य स्वागत किया गया। 


विधेयक को जबरन पारित किया गया- सोनिया गांधी

CPP की आम सभा की बैठक में कांग्रेस की अध्यक्ष और कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी ने कहा, "कल लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक, 2024 पारित हो गया और आज इसे राज्यसभा में पेश किया जाना है। इस विधेयक को जबरन पारित किया गया। हमारी पार्टी का रुख स्पष्ट है। यह विधेयक संविधान पर एक हमला है। यह हमारे समाज को स्थायी रूप से ध्रुवीकृत रखने की भाजपा की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।"


हम वक्फ बिल को नाजायज बिल मानते हैं- राम गोपाल यादव

लोकसभा में पारित हुए वक्फ संशोधन विधेयक पर समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, " हम वक्फ बिल को नाजायज बिल मानते हैं। देश की जमीन बड़े उद्योगपतियों को दे दी। अब इस जमीन को भी उन्हीं उद्योगपतियों को देने का इरादा है।"


मुद्दे को भटकाने के लिए लाया गया कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी

लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पारित होने पर कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा, "देश की संसद रात 2 बजे तक चलाई जा रही थी और रात 1:30 बजे अमेरिका ने टैरिफ लगा दिया। देश और खासकर भाजपा के मतदाताओं को यह समझना चाहिए कि टैरिफ के मुद्दे से लोगों को भटकाने के लिए यह वक्फ(संशोधन) विधेयक पहले से ही योजनाबद्ध मुद्दा था ताकि अमेरिका 26% टैरिफ लगा सके..."


वक्फ संशोधन विधेयक पर कार्ति चिदंबरम का बयान

लोकसभा में पारित वक्फ संशोधन विधेयक पर कांग्रेस सांसद कार्ति पी. चिदंबरम ने कहा, "यह बिल लोकसभा में पारित हो गया है क्योंकि सरकार के पास संख्याबल है, लेकिन मुझे यकीन है कि कुछ प्रभावित लोग सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। मामला अभी खत्म नहीं हुआ है। मुझे लगता है कि अंततः इसे अदालत को ही सुलझाना होगा।"


AAP कार्यकर्ताओं का BJP के खिलाफ प्रदर्शन

दिल्ली में बिजली कटौती के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।


सभी धर्मों के लिए खतरे की घंटी है- कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने  लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक 2025 पारित होने पर कहा, "रात की कालिमा के साथ एक काला बिल पास हो गया। यह खतरे की घंटी है सभी धर्मों के लिए। संपत्ति तो हिंदूओं के पास भी है, सिखों के पास भी है या तमाम ऐसे धर्मों और संस्थाओं के पास है, तो क्या अब उनकी भी संपत्ति छीन ली जाएगी?।"


MP के भिंड में दुकान में लगी आग

मध्य प्रदेश के भिंड जिले के हाउसिंग कॉलोनी में स्थित एक दुकान में आग लग गई। दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। 


वक्फ बिल पास होने पर क्या बोले शहजाद पूनावाला?

BJP नेता शहजाद पूनावाला ने लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पारित होने पर कहा, "13 घंटे से अधिक समय तक चर्चा के बाद लोकसभा में वक्फ संशोधन बिल पारित हो चुका है। मैं इसका स्वागत करता हूं। यह संविधान की सुरक्षा की जीत है। वक्फ जो मन चाहे अब उस पर दावा नहीं कर पाएगा। सामाजिक न्याय की जीत हुई है। गरीब मुसलमानों, महिलाओं, अनाथ बच्चों आदि को भी वक्फ की संपत्ति से लाभ मिलेगा। यह सुशासन की भी जीत है। अब यह बिल राज्यसभा में जाएगा और जब यह कानून बन जाएगा तो सभी बुराइयां जो वक्फ प्रणाली में थीं वह खत्म हो जाएंगी। यह बिल गरीब मुसलमानों के अधिकारों को सुनिश्चित करेगा और संवैधानिक व्यवस्था को कायम रखेगा..." 


वक्फ संशोधन बिल पर AAP सांसद का बयान

वक्फ संशोधन बिल लोकसभा में पारित होने के बाद AAP सांसद मालविंदर सिंह कांग ने कहा, "मुझे लगता है कि कुछ लोगों ने अपने निजी हितों के लिए समझौता किया है क्योंकि देश के अधिकांश लोग इस बिल के लिए सहमत नहीं थे। मुझे लगता है कि केंद्र सरकार चीजों को 'मैनेज' करने में सफल रही है क्योंकि बीजेपी के पास अपने दम पर बहुमत नहीं है।"


बैंकॉक में विदेश मंत्री जयशंकर का स्वागत

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने 'X' पर लिखा, "20वीं BIMSTEC मंत्रिस्तरीय बैठक के लिए बैंकॉक में गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए थाईलैंड के विदेश मंत्री मैरिस सांगियाम्पोंगसा का धन्यवाद। मैं BIMSTEC नेताओं के शिखर सम्मेलन से पहले आज सार्थक बातचीत की आशा करता हूं।"


गुजरात में वायुसेना का फाइटर जेट क्रैश, पायलट की मौत

भारतीय वायुसेना ने ट्वीट करके बताया कि जामनगर एयरफील्ड से उड़ान भर रहा IAF जगुआर दो-सीटर विमान रात्रि मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्भाग्य से, एक पायलट की मृत्यु हो गई, जबकि दूसरे का जामनगर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। IAF को जानमाल के नुकसान पर गहरा अफसोस है। IAF शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए गए हैं।


राज्यसभा में पेश होगा वक्फ संशोधन बिल

12 घंटे तक चली लंबी चर्चा के बाद आखिरकार वक्फ संशोधन विधेयक को लोकसभा में पारित करा लिया गया। बिल के पक्ष में 288 तो वहीं विरोध में 232 वोट पड़े। लोकसभा के बाद अब राज्यसभा में वक्फ संशोधन बिल को पेश किया जाएगा। 


थाईलैंड दौरे के लिए PM मोदी रवाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थाईलैंड और श्रीलंका की यात्रा पर रहेंगे। वह थाईलैंड दौरे के लिए रवाना हो चुके हैं। अपनी विदेश यात्रा को लेकर पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "अगले तीन दिनों में, मैं इन देशों और बिम्सटेक देशों के साथ भारत के सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए थाईलैंड और श्रीलंका का दौरा करूंगा। आज बैंकॉक में, मैं प्रधानमंत्री पेटोंगटार्न शिनावात्रा से मुलाकात करूंगा और भारत-थाईलैंड मित्रता की पूरी श्रृंखला पर चर्चा करूंगा। कल, मैं बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लूंगा और थाईलैंड के राजा महा वजिरालोंगकोर्न से भी मुलाकात करूंगा।"

Published By:
 Ruchi Mehra

पब्लिश्ड