राम मंदिर पर हमले की साजिश रचने वाला अब्दुल रहमान गिरफ्तार, ISI से कनेक्शन
India News: PM मोदी 3 दिनों की गुजरात यात्रा पर हैं। उन्होंने यहां विश्व वन्यजीव दिवस के अवसर पर NBWL की बैठक की अध्यक्षता की। दिल्ली विधानसभा में भारी हंगामा हुआ। AAP और BJP विधायकों में तीखी नोकझोंक देखने को मिली। वहीं, शमा मोहम्मद के रोहित शर्मा पर दिए बयान पर सियासी बवाल खड़ा हो गया है।
- भारत
- 16 min read

India News: PM मोदी ने 'विश्व वन्यजीव दिवस' के मौके पर PM मोदी ने यहां जंगल सफारी का आनंद उठाया। उन्होंने NBWL की बैठक की अध्यक्षता की। बिहार विधानसभा में आज बजट पेश किया गया। सम्राट चौधरी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 3,16,895 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। अन्य खबरों की बात करें तो रोहित शर्मा पर दिए गए शमा मोहम्मद के विवादित बयान से बवाल खड़ा हो गया। कांग्रेस ने बयान से किनारा किया। साथ ही फटकार भी लगाई। BJP भी उनके बयान को लेकर हमलावर है।
अपराजिता सारंगी और CM मोहन चरण माझी से मुलाकात
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से मुलाकात पर भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने कहा, "हमने एक प्रस्ताव दिया था कि बलियांता ब्लॉक से अस्तरंग तक जाने वाली 78 किलोमीटर लंबी प्राची नदी का पुनरुद्धार और नवीकरण किया जाना चाहिए। तत्कालीन राज्य सरकार ने 2020 में एक DPR तैयार किया था। 300 करोड़ रुपए का DPR तैयार किया गया था लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। आज मैंने वह DPR मुख्यमंत्री को सौंपा...खुर्दा और कटक में रहने वाले लगभग 50 लाख लोग लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा है कि वे इस दिशा में कार्रवाई करेंगे।"
शमा मोहम्मद के बयान पर भड़के हरभजन सिंह
कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद की टिप्पणी पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने कहा, "रोहित शर्मा के बारे में जो कुछ भी कहा गया है, उसपर मैं यही कहना चाहता हूं कि वो ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने देश की इतनी सेवा की है और वो अभी भी टीम का नेतृत्व अच्छे से कर रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि किसी को उनकी फिटनेस के बारे में बात करने का अधिकार है। अगर उनकी फिटनेस अच्छी नहीं होती तो वो टीम का हिस्सा नहीं होते...टीम में आने के लिए आपको कई स्तरों की फिटनेस से गुजरना पड़ता है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि क्या वो फिटनेस कोच हैं, बीसीसीआई अध्यक्ष हैं या किसी खेल से जुड़ी हैं, जहां उन्हें फिटनेस के बारे में पता हो...मुझे लगता है कि उन्हें फिटनेस के मापदंडों के बारे में पता नहीं है। तथ्यों को जाने बिना, मुझे नहीं लगता कि किसी को भी बात करनी चाहिए..."
Advertisement
हिमानी नरवाल की मौत पर छलका मां का दर्द
कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल हत्याकांड पर हिमानी नरवाल की मां सविता ने कहा, "मेरी बेटी की किसी से गहरी दोस्ती नहीं थी। मैं चाहती हूं कि प्रशासन मुझे बताए कि मेरी बेटी को क्यों मारा गया...अगर वो (आरोपी) उसे मार सकता है, तो वह उसका दोस्त कैसे हो सकता है? मारने का मुख्य कारण हमें बताया जाना चाहिए। मैं पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हूं। मैं चाहती हूं कि उसे (आरोपी को) मौत की सजा मिले...अगर आरोपी को मौत की सजा नहीं दी गई, तो मैं आत्महत्या कर लूंगी और इसके लिए हरियाणा सरकार और प्रशासन जिम्मेदार होगा..."
औरंगजेब ने अगर मंदिर तोड़े तो कई मस्जिदे भी तोड़ी थी: अबू आजमी
महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अबू आजमी ने औरंगजेब को लेकर दिए अपने बयान पर कहा, "राजा सत्ता और संपत्ति के लिए संघर्ष करते थे। धर्म के नाम पर उनका कोई काम नहीं था... जब 1857 में मंगल पांडे ने अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह शुरू किया था, तब उनका साथ देने वाले बहादुर शाह जफर थे। अंग्रेजों को लगा कि अगर हिंदू और मुसलमान साथ आ गए तो हम भारत पर राज नहीं कर पाएंगे। औरंगजेब ने अगर मंदिर तोड़े तो कई मस्जिदे भी तोड़ी थी। इसमें हिंदू-मुस्लिम करने की कोई जरूरत नहीं है।"
Advertisement
टैक्स के पैसों से चलता है सदन: आतिशी
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा, "सदन टैक्स के पैसों से चलता है। सदन को चलाने में हर दिन लाखों रुपए खर्च होते हैं... इन्हें(भाजपा) केवल AAP और अरविंद केजरीवाल को गाली देनी है और कुछ नहीं... मैं भाजपा से कहना चाहती हूं कि दिल्ली की जनता ने आपको गालियां देने के लिए नहीं बल्कि काम करने के लिए चुना है... हमने सदन में जैसे ही 2500 रुपए का मुद्दा उठाया तो तुरंत स्पीकर और भाजपा विधायक तिलमिला उठे, हमारे माइक बंद कर दिए और हमें बाहर फेंक दिया गया..."
10 दिनों की रिमांड पर भेजा गया अब्दुल रहमान
राम मंदिर पर हमले की साजिश करने वाले आरोपी अब्दुल रहमान को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। आरोपी को 10 दिनों की रिमांड पर भेजा गया है।
राम मंदिर हमले की साजिश रचने वाला आरोपी अरेस्ट
अयोध्या राम मंदिर को हैंड ग्रेनेड हमले से दहलाने की साजिश रचने के आरोप में गुजरात ATS और फरीदाबाद STF ने एक संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान को गिरफ्तार किया है। STF ने संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान के पास से 2 हैंड ग्रेनेड भी बरामद किए हैं। जिन्हें सुरक्षा एजेंसियों ने फरीदाबाद में डिफ्यूज कर दिया। जांच में राम मंदिर को टारगेट बनाने की साजिश का खुलासा हुआ है।
झारखंड बजट पर सीएम सोरेन का बयान
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, "सरकार ने अपना बजट रखा है और आप देख रहे हैं कि बजट कितना संतुलित है। हमारे पूंजीगत व्यय में भी काफी वृद्धि हुई है। यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। यह सबको जोड़ने वाला बजट है। और जो बचे हैं उन्हें कैसे जोड़ा जाए, इसके लिए हम आने वाले समय में काम करेंगे।"
राम मंदिर धार्मिक स्थल ही नहीं, वास्तुकला का चमत्कार भी है: हरदीप पुरी
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर पर कहा, "यह संघर्ष कई वर्षों से चल रहा था। मैं प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देना चाहता हूं कि उन्होंने तय समय में इस निर्माण कार्य को पूरा किया और अभी भी बहुत काम बाकी है। यहां रेल और हवाई संपर्क में बहुत अच्छा काम हो रहा है। श्री राम जन्मभूमि मंदिर केवल धार्मिक स्थल नहीं बल्कि वास्तुकला का चमत्कार भी है।"
बिहार के बजट में क्या-क्या है?
नीतीश सरकार ने बिहार के बजट में खजाना खोल दिया है। चुनाव को देखते हुए बिहार के बजट में सरकार ने कई सौगात दिए हैं। (पूरी खबर यहां पढ़ें)
बिहार के बजट को लेकर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का बयान
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "बिहार में केंद्र सरकार सहयोग कर रही है। नीतीश कुमार जी को डबल इंजन सरकार का सहयोग मिल रहा है इसीलिए मैं 3 लाख 17 हजार करोड़ का बजट लेकर आया हूं …निजी क्षेत्र के सहयोग से राज्य में नए निजी मेडिकल कॉलेज संचालित किए जाएंगे... हमारे जो मेडिकल कॉलेज बने हैं, उन्हें भी हम निजी भागीदारी से चलाने का काम करेंगे... संपूर्ण राज्य में शहरी क्षेत्र के विकास के लिए, विशेष रूप से वंचित वर्ग के लोगों के लिए और स्लम क्षेत्र इत्यादि के लिए नगर चिकित्सा केंद्रों की स्थापना की जाएगी।"
यह बजट विकसित बिहार बनने का सपना साकार करेगा: नितिन नबीन
बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने जो 2047 तक विकसित भारत बनाने का सपना देखा है। बिहार के बजट में भी 2047 में विकसित बिहार कैसे बने, उसका सपना दिख रहा है। इस बजट में रोडमैप भी दिखा है। यह बजट बिहार के विकसित बिहार बनने के सपने को साकार करेगा।"
महाकुंभ में पुलिसवालों के लिए विशेष कोर्स आयोजित किए गए: सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "इतना बड़ा आयोजन सफल तब होगा जब सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था हो और प्रत्येक व्यक्ति के मन में हम एक विश्वास पैदा कर सकें कि पुलिस हमारी रक्षा कर सकती है। उन्हें(पुलिस) 4 महीनों तक काउंसलिंग दी गई। उनके लिए विशेष पाठ्यक्रम आयोजित किए गए क्योंकि जनता कभी-कभी गुस्सा हो जाती है...अगर किसी श्रद्धालु को 10 किलोमीटर पैदल चलना पड़े और अगर उसे कोई पुलिसकर्मी रोके तो वह व्यक्ति गुस्सा होगा... तो उन परिस्तिथियों में पुलिस को गुस्सा नहीं होना है।"
सुप्रीम कोर्ट से रणवीर इलाहाबादिया को राहत
इंडियाज गॉट लेटेंट केस: सुप्रीम कोर्ट ने रणवीर इलाहाबादिया को 'द रणवीर शो' फिर से शुरू करने की अनुमति दे दी है। साथ ही यह शर्त रखी कि रणवीर अपने पॉडकास्ट शो में नैतिकता और शालीनता को बनाए रखेंगे, जिससे किसी भी आयु वर्ग के दर्शक इसे देख सकें। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि उन्हें अपना शो फिर से शुरू करने की अनुमति है क्योंकि 280 कर्मचारियों की आजीविका उनके शो के प्रसारण पर निर्भर करती है।
CM मान की कैबिनेट मंत्रियों संग बैठक
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब के कैबिनेट मंत्रियों के साथ बैठक की।
प्री-बजट मीटिंग के लिए पंचकूला पहुंचे CM सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बजट सत्र से पहले दो दिवसीय प्री-बजट मीटिंग के लिए पंचकूला पहुंचे।
ममता बनर्जी के बयान पर क्या बोले रामदास अठावले?
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, "चुनाव आयोग अपने तरीके से काम करता है। जिनका नाम वोटर लिस्ट में न हो उन्हें अपना नाम दाखिल करने का अधिकार होता है। ममता बनर्जी एक वरिष्ठ नेता हैं और उनका इस तरह आरोप लगाना ठीक नहीं है। उनका चुनाव आयोग को 'बंद पिंजरे में मैना' कहना गलत है।"
मायावती के फैसले पर ओपी राजभर का बयान
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मायावती द्वारा आकाश आनंद को पार्टी के सभी पदों से हटाने पर कहा, "मायावती अपनी पार्टी (बहुजन समाज पार्टी) की मालकिन हैं। वे अपने हिसाब से पार्टी चलाएंगी या किसी और के हिसाब से चलाएंगी? वे अपने हिसाब से बिलकुल ठीक कर रही हैं।"
बजट पेश करने से पहले सम्राट चौधरी ने की पूजा
बिहार के उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य बजट 2025-26 पेश होने से पहले पूजा-अर्चना की। उन्होंने बजट की पहली प्रति अपने घर के मंदिर में रखी।
ग्राउंड स्टाफ से मिले PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के गिर राष्ट्रीय उद्यान और वन्यजीव अभयारण्य में ग्राउंड स्टाफ से बातचीत की।
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में CM उमर अब्दुल्ला
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा में कहा, "जब 2016 में कश्मीर में हालात खराब हुए, उस समय डॉ. मनमोहन सिंह जी प्रधानमंत्री नहीं थे लेकिन फिर भी वे कश्मीर को लेकर फिक्रमंद थे। वे अपने साथ एक ग्रुप लाए क्योंकि वे सिर्फ इतना चाहते थे कि यहां हालात ठीक हों, लोगों की परेशानियां हल हों। दुनिया में ऐसा कोई नहीं है, जो उनकी इज्जत न करता हो।"
बजट पर RJD नेता का बयान
RJD नेता कुमार सर्वजीत ने कहा, "यहां जो बजट पेश किए गए हैं, वे हमेशा से गरीब विरोधी रहे हैं। अगर अच्छा बजट होता तो करोड़ों लोग बिहार से पलायन नहीं करते..."
बिहार विधानसभा के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन
बिहार विधानसभा बजट सत्र 2025 में विपक्ष ने बिहार विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने तानाशाही पूर्ण कार्रवाई की- गोपाल राय
AAP विधायक गोपाल राय ने कहा, "यह बहुत ही निंदनीय कार्य था कि विधानसभा के पहले सत्र की शुरुआत में ही भाजपा के दबाव में विधानसभा अध्यक्ष ने तानाशाही पूर्ण कार्रवाई की। आज आखिरी दिन है और सदन में हमारे सभी विधायक जा रहे हैं। हम सदन की चर्चा में हिस्सा लेंगे और अपना पक्ष रखेंगे..."
बजट दिल्ली के लोगों के लिए होगा- वीरेंद्र सचदेवा
दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 24 मार्च से शुरू हो रहा है, जिसकी घोषणा मुख्यमंत्री ने की है। निश्चित रूप से भाजपा की सरकार दिल्ली के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और हम बार-बार इस बात पर जोर दे रहे हैं कि जिस तरह से पिछले 10-11 वर्षों में दिल्ली का विकास अवरुद्ध हुआ है, उसे एक निश्चित दृष्टिकोण के साथ पुनः पटरी पर लाना बहुत जरूरी है। मुझे खुशी है कि हमारी पूरी सरकार ने इस मामले में बहुत गंभीरता से सोचा है। पिछले 7-8 दिनों में ही योजना बनाकर, मीटिंग करके अपना काम शुरू कर दिया है। यह तय है कि यह बजट दिल्ली के लोगों के लिए होगा।"
NCP-SCP नेता जितेंद्र अहवाद का अनोखा प्रदर्शन
NCP-SCP नेता जितेंद्र अहवाद अमेरिका से अवैध अप्रवासियों को वापस भेजे जाने के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए हथकड़ी पहनकर बाहर आए। उन्होंने कहा, "जिस तरह से भारतीयों को अमेरिका में अन्याय का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें बांधकर वापस भेजा जा रहा है, वीजा की समस्या है, कोई भी भारतीय अमेरिका में सुरक्षित नहीं है। हम (सरकार) अमेरिका के बारे में एक भी शब्द नहीं बोल रहे हैं।"
PM मोदी की जंगल सफारी की तस्वीरें
PM मोदी ने गिर नेशनल पार्क में की जंगल सफारी की, जिसकी कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। इन तस्वीरों में वह हाथ में कैमरा थामे शेर-चीतों का दीदार कर रहे हैं। आज विश्व वन्यजीव दिवस है। इस मौके पर पीएम मोदी ने जंगल सफारी की। जान लें कि पीएम मोदी 3 दिन के गुजरात दौरे पर हैं।
विधानसभा सत्र से पहले क्या बोले स्पीकर विजेंद्र गुप्ता?
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा, "आज विशेष उल्लेख में सदस्य अपने मुद्दे उठा सकेंगे। उसके बाद CAG पर चर्चा होगी। फिर आज नालों और सीवरों की सफाई को लेकर एक छोटी सी चर्चा होगी... सदन कानून के अनुसार चलेगा।"
केजरीवाल अब मीडिया में क्यों नहीं आ रहे हैं?- हरीश खुराना
BJP विधायक हरीश खुराना ने कहा, "मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा सरकार CAG की हर रिपोर्ट को पेश करने के लिए प्रतिबद्ध है। AAP अब चुप है। अरविंद केजरीवाल अब मीडिया में क्यों नहीं आ रहे हैं? उन्हें पता है कि उन्हें कई सवालों के जवाब देने होंगे..."
पावर कट पर दिल्ली के मंत्री आशीष सूद का बयान
दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने कहा, "पावर कट के संदर्भ में दिल्ली सरकार प्रतिबद्ध है अबाधित पावर स्पलाई देने के लिए। पिछले कई सालों में दिल्ली के पावर आधारभूत संरचना पर AAP सरकार ने कोई खर्च नहीं किया है। हम चिंतित हैं इसलिए ग्रीष्मकालीन कार्य योजना की लगातार समीक्षा, पावर परचेज एग्रीमेंट का लगातार विश्लेषण किया जा रहा है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। सभी बिजली कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जल्द से जल्द तुरंत प्रभाव से अपने आधारभूत संरचना को ठीक करें। इसके लिए कुछ नियोजित शट डाउन लिए जा रहे हैं ताकि आने वाले दिनों जब बिजली की खपत बढ़ेगी तो दिल्ली की जनता को परेशानी ना हो।"
केंद्रीय मंत्री के साथ छेड़छाड़ मामले में 4 गिरफ्तार
जलगांव में केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे की बेटी के साथ छेड़छाड़ मामले पुलिस ने 4 आरोपी को गिरफ्तार किया, अभी भी 3 आरोपी फरार हैं।
तमिलनाडु सरकार पर भड़कीं BJP नेता
BJP नेता तमिलिसाई सौंदराजन ने कहा, "तमिलनाडु में आज की स्थिति में सबसे खराब शासन हो रहा है। कानून-व्यवस्था बिगड़ रही है, यौन उत्पीड़न के मामले और POCSO के मामले बढ़ रहे हैं। इन चीजों को छिपाने के लिए, एक सर्वदलीय बैठक (CM एमके स्टालिन द्वारा) एक ऐसे विषय (परिसीमन) के लिए बुलाई गई है जो वहां है ही नहीं और यह सिर्फ तमिलनाडु के लोगों का ध्यान भटकाने के लिए है।"
डोडा में भारी बर्फबारी
पिछले सप्ताह भारी बर्फबारी के बाद डोडा का भलेसा इलाका बर्फ की मोटी चादर से ढक गया।
हिमानी नरवाल हत्या मामले में एक गिरफ्तारी
हरियाणा पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की ओर से यह जानकारी दी गई। 1 मार्च को रोहतक में हाईवे के पास एक सूटकेस के अंदर हिमानी नरवाल का शव मिला था।
दिल्ली विधानसभा में CAG रिपोर्ट पर होगी चर्चा
दिल्ली विधानसभा में आज भी CAG रिपोर्ट पर चर्चा होगी। स्वास्थ्य विभाग की कैग रिपोर्ट पर चर्चा की जाएगी।
चमोली हिमस्खलन के रेस्क्यू पर सेना का बयान
चमोली हिमस्खलन: IBEX ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर एम.एस. ढिल्लों ने कहा, "28 फरवरी की सुबह, माना में एक BRO शिविर हिमस्खलन की चपेट में आ गया। भारतीय सेना ने तुरंत कार्रवाई की और खोज और बचाव अभियान शुरू किया। पिछले तीन दिनों में खराब मौसम के बावजूद दिन-रात अभियान चलाया गया। कुल 46 लोगों को बचाया गया और उनका इलाज विभिन्न चरणों में चल रहा है। दुर्भाग्य से, इस घटना में आठ लोगों की जान चली गई। सभी शव अब बरामद कर लिए गए हैं... भारतीय सेना इस त्रासदी में अपनी जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती है। भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना, ITBP, NDRF, सीमा सड़क और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से किए गए अथक और पेशेवर बचाव अभियानों से कई लोगों की जान बचाई गई।"
PM मोदी के गुजरात दौरे का तीसरा दिन
PM मोदी अपने गृह राज्य गुजरात की तीन दिनों की यात्रा पर हैं। आज विश्व वन्यजीव दिवस के अवसर पर वो राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में वन्यजीवों से संबंधित राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इससे पहले प्रधानमंत्री सुबह जंगल सफारी का भी लुफ्त उठाएंगे।