चमोली हिमस्खलन में फंसे 55 मजदूरों में अबतक 50 का रेस्क्यू, 4 की हुई मौत; 5 की तलाश जारी
India News: PM मोदी आज से 3 दिनों के गुजरात दौरे पर रहेंगे। वह कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उत्तराखंड के चमोली में हिमस्खलन में फंसे मजदूरों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अबतक 50 मजदूरों को रेस्क्यू हुआ है, जिनमें से 4 की मौत हो गई। रूस-यूक्रेन युद्धविराम के समझौते को लेकर ट्रंप और जेलेंस्की में तीखी बहस हुई।
- भारत
- 16 min read

India News: व्हाइट हाउस में यूक्रेनी राष्ट्रपति के साथ तीखी बहस के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अब जेलेंस्की अमेरिका तभी वापस आ सकते हैं जब वह शांति के लिए तैयार हों। उन्होंने यह भी कहा कि जेलेंस्की ने अमेरिका का अनादर किया। अन्य खबरों की बात करें तो आज से PM मोदी 3 दिनों के गुजरात दौरे पर रहने वाले हैं। वह जूनागढ़ के सासन में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड (NBWL) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। साथ ही वह कृषि और ग्रामीण समृद्धि पर आयोजित वेबिनार में मुख्य भाषण भी देंगे। चमोली माणा एवलांच में फंसे 55 मजदूरों में से 50 को बाहर निकाला गया है। इनमें से 4 मजदूरों की मौत हो गई। वहीं 5 मजदूरों की तलाश अब भी जारी है।
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के सदस्यों के खिलाफ TMC का प्रदर्शन
TMC पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कोलकाता में SFI (स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) के सदस्यों के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि SFI के सदस्यों ने आज जादवपुर विश्वविद्यालय में पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री ब्रत्या बासु पर हमला किया। SFI (स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) के सदस्यों ने तत्काल छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
तेजस्वी के बयान पर मोहम्मद जमा खान का पलटवार
RJD नेता तेजस्वी यादव के बयान पर बिहार सरकार में मंत्री मोहम्मद ज़मा खान ने कहा, "वे(तेजस्वी यादव) अपनी पार्टी को देखें। उनकी पार्टी प्राइवेट कंपनी बनी हुई है, उनका पूरा परिवार उसी में है... हम चाहते हैं कि वे(निशांत कुमार) आगे बढ़े हम उनके साथ रहेंगे। मैं चाहता हूं कि निशांत कुमार आगे आएं। हम उनके साथ काम करेंगे। मैं चाहता हूं कि वे चुनाव भी लड़े।"
Advertisement
संभल हिंसा पर DM राजेंद्र पेंसिया का बयान
संभल हिंसा की जांच के लिए न्यायिक आयोग के दौरे पर संभल DM राजेंद्र पेंसिया ने कहा, "न्यायिक आयोग की टीम 2 दिन के लिए आई है। पहले दिन 29 और आज लगभग 15 बयान दर्ज हुए हैं। जब भी न्यायिक आयोग की टीम आती है तो नोटिस और समाचार पत्रों के माध्यम से जनता और कर्मचारियों को सूचना दी जाती है। आज मेरा और SDM साहब का बयान दर्ज हुआ है, कल ADM साहब का बयान लिया गया था।"
भाजपा विधानसभा में लोगों के मुद्दों को उठाएगी: रवींद्र रैना
जम्मू-कश्मीर भाजपा नेता रवींद्र रैना ने कहा, "हम लोगों की सेवा में हैं। आगामी बजट सत्र में भाजपा विधानसभा में लोगों के मुद्दों को उठाएगी और जरूरत पड़ी तो विधानसभा के बाहर भी उठाएगी। हम लोगों के कल्याण के लिए हर जरूरी कदम उठाएंगे..."
Advertisement
जहां आस्था है वहां अर्थव्यवस्था है: प्रवीण खंडेलवाल
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, "ये भारत जैसा देश है जहां विश्व का सबसे बड़ा मानव समागम बिना किसी व्यवधान के पूरा होता है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूरी टीम के मैनेजमेंट को जितनी बधाई दी जाए वे कम है। 66 करोड़ से अधिक लोग प्रयागराज जैसे छोटे शहर में आए और आस्था और विश्वास की डुबकी लगाकर वापस अपने स्थान पर पहुंच गए। इससे साफ जाहिर होता है कि किस तरीके के प्रबंध महाकुंभ किए गए होंगे। हमारा ये कथन भी सत्य हुआ कि जहां आस्था है वहां अर्थव्यवस्था है। एक मोटे अनुमान के अनुसार 3.5 लाख करोड़ का व्यापार केवल प्रयागराज में हुआ है।"
तेजस्वी के ट्वीट पर जदयू नेता का पलटवार
RJD नेता तेजस्वी यादव के ट्वीट पर JDU नेता नीरज कुमार ने कहा, "तेजस्वी यादव बहुत परेशानी में हैं। उनके पिता ने ऐसा कृत्य किया कि पूरे परिवार को कानून के लपेटे में ले लिया। न्यायालय, CBI, ED में पेशी और बहुत से आर्थिक अपराध के मामले हैं। इनके नेतृत्व में लोकसभा चुनाव हुआ और इनकी पार्टी 4 सीटों पर सिमट गई। हमें तीसरी नंबर की पार्टी कहते थे और आज हमारे 12 सांसद हैं। उनकी राजनीतिक बेचैनी है। ये 'ट्विटर' बबुआ हैं, जो केवल 'ट्वीट' के भरोसे रहेगा जनता उसे 'क्विट' करती है।"
हिमाचल प्रदेश सरकार के फैसले लेने का तरीका हास्यास्पद: जयराम ठाकुर
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने कहा, "हिमाचल प्रदेश सरकार के फैसले लेने का तरीका विवादास्पद और हास्यास्पद है। हम मानते हैं कि हिमाचल प्रदेश में आर्थिक संकट है लेकिन क्या यह सच नहीं है कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेता, यहां के मुख्यमंत्री सनातन के खिलाफ बोलते रहे हैं... हाल ही में महाकुंभ का आयोजन किया गया था जिसमें देश और दुनिया भर से लोग आए थे लेकिन उन्होंने इसका बहिष्कार किया। एक तरफ आप सनातन के खिलाफ बोल रहे हैं और दूसरी तरफ आप मंदिर में भक्तों द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे का इस्तेमाल एक अधिसूचना के जरिए सरकारी विभाग चलाने के लिए कर रहे हैं, देश में किसी सरकार ने ऐसा नहीं किया... सरकारी योजनाओं के लिए कभी भी मंदिरों या ट्रस्टों से पैसा नहीं लिया जाता है, अगर कोई आपदा या महामारी आती है तो समझ में आता है लेकिन आप सनातन को गाली देते रहें और मंदिर के पैसे का इस्तेमाल सरकार चलाने के लिए करें, यह बिल्कुल भी सही नहीं है। मुख्यमंत्री को यह अधिसूचना वापस लेनी चाहिए। भाजपा ने साफ कहा है कि हम इस मुद्दे को विधानसभा सत्र में उठाएंगे।"
हिमाचल कांग्रेस को हरियाणा सीएम ने घेरा
हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, "कांग्रेस के पास नीति और नीयत नहीं है। लोगों को प्रलोभन देकर (कांग्रेस ने) वोट ले लिया और उस बात को पूरा नहीं कर पाए। हिमाचल सरकार को ढाई साल हो गए हैं, उन्होंने कहा था 500 रुपये में बहनों को गैस सिलेंडर देंगे, लेकिन नहीं दे पाए। कभी बोलते हैं विकास के लिए पैसा नहीं, भ्रष्टाचार के लिए पैसा कहां से आता है? कांग्रेस को झूठ नहीं बोलना चाहिए, रेवड़ी नहीं बांटनी चाहिए। जितनी चादर हो, उतने पैर पसारने चाहिए। केजरीवाल ने चादर से ज्यादा पैर पसारे थे, चादर फट गई, कांग्रेस वालों की भी हिमाचल में फटने वाली है।"
पंजाब सरकार पर बरसे सीएम सैनी
हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "आम आदमी पार्टी का ईमानदारी का नकाब दिल्ली के लोगों ने खींचकर उतार दिया। वो घोषणाएं करते थे कट्टर ईमानदार हैं, ईमानदारी की आड़ में कुछ और चेहरा था, दिल्ली के लोगों को प्रताड़ित किया। दिल्ली के लोगों को सुविधाओं से वंचित किया, ये ही स्थिति पंजाब में है। 2027 के पंजाब चुनाव में आम आदमी पार्टी साफ हो जाएगी क्योंकि वो ही स्थिति पंजाब में हैं।"
तरविंदर सिंह मारवाह ने अमित शाह की बुलाई बैठक
भाजपा विधायक तरविंदर सिंह मारवाह ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। करीब 20 मिनट तक दोनों के बीच ये मुलाकात चली। वहीं भाजपा विधायक ने इसे एक शिष्टाचार भेंट बताई है।
मायावती ने सभी राज्यों के BSP अध्यक्षों की बुलाई बैठक
लखनऊ में बीएसपी अध्यक्ष मायावती ने कल बैठक बुलाई है। अलग-अलग राज्यों के अध्यक्षों को बैठक में बुलाया गया है। पार्टी के पदाधिकारियों के साथ मायावती समीक्षा बैठक करेंगी। जनाधार बढ़ाने के लिए किए गए कार्यों की समीक्षा करेंगी।
माफिया अतीक अहमद के दफ्तर में लगी आग
प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के दफ्तर में आग लग गई। पीडीए ने दफ्तर को ध्वस्त किया था। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। अतीक का ये दफ्तर कसारी मसारी में स्थित है।
सोनिया गांधी पर विश्वास सारंग का हमला
मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा ,"राहुल गांधी कोट के ऊपर जनेऊ पहनते हैं और कहते हैं कि मैं हिंदू हूं। प्रियंका गांधी गंगा मैया की उलटी आरती उतारती हैं और कहती हैं मैं हिंदू हूं। सोनिया गांधी कहती हैं कि मैं भारत की बहू बन गई लेकिन 66 करोड़ लोग गए उसमें मैं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी का नाम ढूंढता रहा मुझे नाम नहीं मिला, जाकर डुबकी लगा लेते। क्योंकि इटली से अनुमति नहीं मिली और कहीं ईसाई धर्म से निकाल ना दिया जाए इस डर के कारण नेहरू परिवार ने डुबकी नहीं लगाई... ईसाई धर्म छूट ना जाए इसलिए वे कुंभ नहीं गए।"
उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी के नेताओं की बैठक खत्म
कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा ने उत्तराखंड के पार्टी नेताओं के साथ बैठक पर कहा, "कई मुद्दों पर चर्चा हुई, केंद्र और राज्य दोनों के मामलों पर चर्चा हुई। वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठ कर आगे की रणनीति को लेकर चर्चा हुई। हम समय-समय पर ये बैठकें करते रहते हैं... लड़ाई का कोई सवाल ही नहीं है। कांग्रेस ने निकाय चुनावों में अच्छा प्रदर्शन किया, हम ज़मीन पर काम करेंगे।" उन्होंने आगे कहा, "यह पेपर लीक सरकार (हरियाणा भाजपा) है... क्या कोई ऐसी परीक्षा है जिसमें पेपर लीक न हुआ हो?..."
BRO कर्मचारियों का रेस्क्यू कर भेजा गया ऋषिकेश AIIMS
उत्तराखंड के चमोली जिले में एवलांच में फंसे कर्मचारियों को निकालने का काम जारी है। BRO कर्मचारियों का रेस्क्यू कर हेलिकॉप्टर के जरिये ऋषिकेश एम्स रवाना किया गया।
भोपाल की केमिकल फैक्ट्री में लगी आग
भोपाल की एक केमिकल फैक्ट्री में आग लगी, दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।
चमोली हिमस्खलन पर बृजभूषण का बयान
चमोली हिमस्खलन पर बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, "यह दैवीय आपदा है और पहाड़ों पर कभी-कभी ऐसी घटनाएं हो जाती हैं। सरकार बचाव कार्य में तत्परता से लगी हुई है और इसमें उत्तर प्रदेश के 12-13 लोग फंसे हुए हैं। उम्मीद है कि सभी सुरक्षित बाहर निकलेंगे। यही ईश्वर से प्रार्थना है। और सरकार अपना काम कर रही है।"
कटरा पहुंचे जेपी नड्डा
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन करने के लिए कटरा पहुंचे।
49 लोगों को सकुशल बहार निकाला गया है- चमोली डीएम ने दिया अपडेट
हिमस्खलन बचाव अभियान पर चमोली डीएम संदीप तिवारी ने कहा, "अभी तक 49 लोगों को सकुशल बहार निकाला गया है और 27 लोगों को हमने जोशीमठ के अस्पताल में लेकर आए हैं सभी की स्थिति स्थिर है...बचाव अभियान जारी है..."
दिल्ली प्रदूषण को लेकर मंत्री सिरसा ने की बैठक
दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्ली प्रदूषण को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की।
CAG रिपोर्ट पर क्या बोले संदीप दीक्षित?
दिल्ली विधानसभा में CAG रिपोर्ट पेश होने पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा, "अब वे(भाजपा) सरकार में हैं, केंद्र में भी उनकी पार्टी है, उपराज्यपाल भी उनकी पार्टी ने ही बनाया है। आपके पास CBI, CID, ACB सब है... पहली बात तो ये है कि जिन चीज़ों के बारे में कांग्रेस बार-बार कह रही थी कि इसमें भ्रष्टाचार है, वो चीज़ें अब भाजपा को क्यों मिलीं... अब हमें उम्मीद है कि अगर उन्हें भी फाइलों और चीज़ों में भ्रष्टाचार दिख रहा है तो वे इसे मुकदमे तक ले जाएंगे।"
कृषि को विकास का पहला इंजन मानकर अन्नदाताओं को सम्मान दिया- PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कृषि और ग्रामीण समृद्धि पर बजट के बाद वेबिनार को संबोधित करते हुए कहा, "विकसित भारत की ओर बढ़ने का भारत का संकल्प बहुत स्पष्ट है, हम सब मिलकर एक ऐसे भारत के निर्माण की दिशा में काम कर रहे हैं जहां किसान समृद्ध और सशक्त हों। हमारा प्रयास है कि कोई भी किसान पीछे न छूटे। हर किसान को आगे बढ़ाना है। हमने कृषि को विकास का पहला इंजन मानकर अपने अन्नदाताओं को गौरवपूर्ण सम्मान दिया है...हम कृषि क्षेत्र के विकास और गांवों की समृद्धि की ओर बढ़ रहे हैं..."
अश्विनी वैष्णव ने अहमदाबाद रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अहमदाबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन किया। इस दौरान, उन्होंने अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
CAG रिपोर्ट पर AAP प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ का बयान
AAP नेता प्रियंका कक्कड़ ने CAG रिपोर्ट पर कहा, "हम पहले भी यह कह रहे थे और यह देखा जा रहा है कि पहले भी भाजपा सिर्फ आम आदमी पार्टी को गाली देती थी, बाधाएं पैदा करती थी और अब जब वे 27 साल बाद सत्ता में आए हैं, तो उनका ध्यान शासन पर नहीं है, वे आम आदमी पार्टी को गाली देना चाहते हैं, वे अभी भी दोषारोपण का खेल खेल रहे हैं। उन्होंने वादा किया था कि उनकी पहली कैबिनेट बैठक में हर महिला को 2500 रुपये देने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा और इसकी पहली किस्त 8 मार्च को आएगी। मैं भाजपा से अनुरोध करती हूं कि अब जब आप सत्ता में हैं, तो उसी तरह का व्यवहार करें और दिल्ली के लोगों से किए गए वादों को पूरा करने पर ध्यान दें।"
भारत मंडपम में NXT कॉन्क्लेव में PM मोदी का संबोधन
भारत मंडपम में NXT कॉन्क्लेव 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "दुनियाभर के लोग भारत आना चाहते हैं और भारत को जानना चाहते हैं। आज भारत दुनिया का वो देश है, जहां हर दिन सकारात्मक खबरें बन रही हैं। जहां हर दिन नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। 26 फरवरी को प्रयागराज में एकता का महाकुंभ संपन्न हुआ। दुनिया इस बात से हैरान है कि कैसे करोड़ों लोग एक नदी तट पर बसे एक अस्थायी जगह पर पवित्र स्नान करने के लिए आते हैं। दुनिया भारत की संगठन और नवाचार कौशल को देख रही है। दुनिया इस भारत को विस्तार से जानना चाहती है..."
गृह मंत्रालय पहुंचे मणिपुर के राज्यपाल
मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला दिल्ली स्थित गृह मंत्रालय पहुंचे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज मणिपुर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
CM धामी ने सेना के जवानों और अधिकारियों से की मुलाकात
जोशीमठ में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सेना के जवानों और अधिकारियों से मुलाकात की और बचाव और राहत अभियान की जानकारी ली।
चमोली डीएम संदीप तिवारी का बयान
हिमस्खलन बचाव अभियान पर चमोली डीएम संदीप तिवारी ने कहा, "55 लोगों में से 47 लोगों को सकुशल बाहर निकाला गया है और 7 लोगों को हम जोशीमठ अस्पताल में लेकर आए हैं जिनका इलाज चल रहा है। 3 लोगों की हालत स्थिर है..आशा करता हूं कि 8 लोग जो बचे हैं वो भी हमें सकुशल मिल जाए।"
PM मोदी ने CM धामी से ली रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर बताया, "प्रधानमंत्री ने फोन पर बात कर जनपद चमोली के माणा में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने प्रदेश में हो रही बारिश और हिमपात की स्थिति पर भी विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान प्रधानमंत्री जी ने केंद्र सरकार की ओर से किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हर संभव सहायता प्रदान किए जाने का आश्वासन दिया।"
माणा हिमस्खलन: 55 में 47 मजदूर बचाए गए
माणा हिमस्खलन मामला: अबतक 47 मजदूरों का रेस्क्यू कर लिया गया है। 8 मजदूर अभी भी फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
मणिपुर को लेकर आज अमित शाह की अहम बैठक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज मणिपुर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक की अध्यक्षता करेंगे। मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगने के बाद गृह मंत्री की यह पहली बैठक होगी।
तेलंगाना में आग लगने से 3 की मौत
तेलंगाना के रंगारेड्डी में आग लगने की घटना में 3 लोगों की मौत हो गई और 2 अन्य लोग घायल हो गए। नरसिंगी पुलिस ने बताया कि कल शाम करीब 6 बजे रंगारेड्डी के पुप्पलगुडा में उस्मान किराना दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई थी।
चमोली में जारी रेस्क्यू ऑपरेशन पर CM धामी ने दिया अपडेट
चमोली हिमस्खलन में जारी रेस्क्यू ऑपरेशन पर CM पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा, "प्रातः काल दूरभाष के माध्यम से माणा के निकट हुए हिमस्खलन में फंसे हुए श्रमिकों को निकालने के लिए चलाए जा रहे राहत एवं बचाव अभियान की विस्तृत जानकारी ली। जिन श्रमिकों को कल बाहर निकाल लिया गया था उनमें से गंभीर रूप से घायलों को हायर सेंटर भेजने के लिए एयरलिफ्ट करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया है। स्वयं भी स्थलीय निरीक्षण हेतु चमोली के लिए निकल रहा हूं। मौसम खुलने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई गई है। प्रभु बदरी विशाल की कृपा एवं बचावकर्मियों के अथक परिश्रम से जल्द से जल्द बर्फ में फंसे सभी श्रमिकों को सकुशल निकालने का प्रयास किया जा रहा है।"
ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे का यातायात बाधित
पहाड़ से मलबा गिरने के कारण ऋषिकेश-बद्रीनाथ राजमार्ग कर्णप्रयाग के पास कल रात से अवरुद्ध है। लगातार बारिश के कारण राजमार्ग पर विभिन्न स्थानों पर मलबा गिरने से राजमार्ग बंद है।
चमोली हिमस्खलन: बचाव कार्यों की समीक्षा कर रहे CM धामी
चमोली हिमस्खलन: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सीएम आवास से लगातार चल रहे बचाव कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। वे वहां मौजूद अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं। इस बीच हिमस्खलन में फंसे 55 श्रमिकों के नामों की सूची जारी की गई है। राज्य आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन के अनुसार 33 श्रमिकों को बचा लिया गया है। वहां 55 श्रमिक थे।
हमारे बिना नहीं जीत सकते जेलेंस्की- अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप
यूक्रेनी राष्ट्रपति संग मीटिंग के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, "उन्हें (यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की) तत्काल युद्ध विराम करना चाहिए। युद्ध विराम तुरंत हो सकता है। यदि आप युद्ध समाप्त करना चाहते हैं, तो आपको एक समझौते पर हस्ताक्षर करना होगा जिसमें कुछ समय लगेगा। वह कहते हैं कि उन्हें युद्ध विराम नहीं चाहिए। हम इसे समाप्त करने जा रहे हैं या उन्हें अमेरिका के बिना लड़ना होगा और यदि वे अमेरिका के बिना लड़ते हैं, तो ये आसान नहीं होगा क्योंकि हमारे बिना वे जीत नहीं सकते।"
3 दिनों के गुजरात दौरे पर PM मोदी
पीएम मोदी आज से 3 दिवसीय दौरे पर गुजरात में रहेंगे। वह यहां जूनागढ़ जिले के सासन में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड (एनबीडब्ल्यूएल) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। साथ ही जामनगर में रिलायंस फाउंडेशन के पशु बचाव केंद्र वंतारा भी जाएंगे। अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी श्री सोमनाथ ट्रस्ट की बैठक की भी अध्यक्षता करेंगे।