अपडेटेड 11 December 2025 at 19:23 IST
अरुणाचल प्रदेश दर्दनाक हादसे में 21 मजदूरों की मौत पर PM मोदी ने जताया शोक, मृतक के परिजनों को 2-2 लाख मुआवजे का ऐलान
Arunachal Pradesh Anjaw Accident: असम के सीएम हिमंता ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा है- अरुणाचल प्रदेश में एक भीषण दुर्घटना में असम के हमारे 14 लोगों के निधन से हम अत्यंत दुखी हैं। हमारा जिला प्रशासन अरुणाचल प्रदेश के संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है और सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।
- भारत
- 4 min read

Arunachal Pradesh Anjaw Accident: बीते 8 दिसंबर को अरुणाचल प्रदेश के अनजवा जिले में दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहां एक छोटा ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसमें सवार 21 लोगों की मौत होने की खबर सामने आई।
न्यूज एजेंसी एएनआई से असम के अधिकारियों ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश के अनजवा जिले में हुई इस दुर्घटना में असम के तिनसुकिया जिले के कम से कम 21 लोगों के मारे जाने की आशंका है। वहीं, इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने भी दुख जताया है। इसके अलावा पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राहत कोष से पीड़ितों के लिए सहायता राशि का ऐलान किया है।
21 लोगों के मारे जाने की आशंका- SSP
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, असम पुलिस ने बताया, असम के तिनसुकिया जिले के रहने वाले चालक सहित 22 लोग एक मिनीट्रक में यात्रा कर रहे थे, जो अरुणाचल प्रदेश के अंजों/अनजवा जिले में हयूलियांग चागलागम सड़क पर एक गहरी खाई में गिर गया।
तिनसुकिया जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मयंक कुमार ने एएनआई को फोन पर बताया कि अरुणाचल प्रदेश के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, 21 लोगों के मारे जाने की आशंका है और एक व्यक्ति बच गया है।
Advertisement
मयंक कुमार ने कहा, "सभी व्यक्ति असम के तिनसुकिया जिले के रहने वाले हैं।" खबरों के मुताबिक, ट्रक पहाड़ी सड़क से फिसलकर एक गहरी खाई में गिर गया। यह दुर्घटना 8 दिसंबर को हुई। रिपोर्ट के अनुसार, लोग निर्माण कार्य के लिए हायुलियांग जा रहे थे। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (प्रभारी) के अनुसार, अब तक एक जीवित व्यक्ति को बरामद किया गया है और चिकित्सा उपचार के बाद उसे असम प्रशासन को सौंप दिया गया है।
2 लाख और 50 हजार रुपये की सहायता राशि
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पीएम मोदी के द्वारा घोषणा की गई सहायता राशि की जानकारी दी है। इसमें बताया गया है कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- अरुणाचल प्रदेश के अनजवा जिले में हुई दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि से मैं व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
Advertisement
प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमआरएफ से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
असम के 14 लोगों के निधन से हम दुखी- सीएम
अरुणाचल प्रदेश में हुए इस दुर्घटना में असम के लोगों की मौत पर प्रदेश के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने दुख जताया है। इसके साथ ही उन्होंने सभी प्रकार की राहत सुविधा प्रदान किए जाने की भी जानकारी दी है।
असम के सीएम हिमंता ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा है- अरुणाचल प्रदेश में एक भीषण दुर्घटना में असम के हमारे 14 लोगों के निधन से हम अत्यंत दुखी हैं। हमारा जिला प्रशासन अरुणाचल प्रदेश के संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है और सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है। राहत एवं बचाव दल लापता या गुमशुदा लोगों का जल्द से जल्द पता लगाने को प्राथमिकता दे रहे हैं। हम जरूरतमंदों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का भी पूरा प्रयास कर रहे हैं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 11 December 2025 at 19:23 IST