LIVE BLOG

LIVE UPDATES/ दिल्ली में PM मोदी की तीसरी चुनावी रैली, जनता के लिए खोला गया राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान

India News Live: दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आरके पुरम में रैली कर रहे। वहीं अमृत उद्यान आज से आम जनता के लिए खोल दिया गया है। आगंतुक यहां पर 30 मार्च तक आ सकेंगे। हर अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें...

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
PM Modi on Sonia Gandhi Statement
PM Modi on Sonia Gandhi Statement | Image: X

India News Live: दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आरके पुरम में रैली कर रहे। वहीं अमृत उद्यान आज से आम जनता के लिए खोल दिया गया है। आगंतुक यहां पर 30 मार्च तक आ सकेंगे। महाकुंभ में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी है। बड़ी संख्या में लोग त्रिवेणी संगम घाट पर पावन स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। 
 


दिल्ली में भाजपा एक नए रूप में दिखाई देगी- मोहन यादव

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, " दिल्ली में जिस प्रकार के रुझान दिखाई दे रहे हैं, निश्चित तौर पर भाजपा जिस तरह से हरियाणा और महाराष्ट्र में रिकॉर्ड तोड़ते हुए बढ़ी और पीएम मोदी ने केंद्र में तीसरी बार सरकार बनाई, भाजपा एक बार फिर नए रूप में दिखाई देगी..."


गुजरात: भूपेंद्र पटेल ने VIMS अस्पताल का उद्घाटन किया

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने वलसाड इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (VIMS) अस्पताल का उद्घाटन किया।


Advertisement

भारत ने इंग्लैंड को 150 रन से दी मात, सीरीज 4-1 से जीती

आक्रामक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की 54 गेंद में 135 रन की पारी के दम पर भारत ने पांचवें और अंतिम मैच टी20 अंतरराष्ट्रीय में रविवार को यहां इंग्लैंड को 150 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। भारत (247/9) ने इंग्लैंड (10.3 ओवर में 97 रन) को 150 रन से हराया और पांच मैचों की सीरीज 4-1 से जीती।
 


इस बार केजरीवाल और चौथी बार केजरीवाल- भगवंत मान

दिल्ली: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पर कहा, "मैं पूरी दिल्ली में प्रचार कर रहा हूं... सब लोगों का यही कहना है 'इस बार केजरीवाल' और 'चौथी बार केजरीवाल'... एक तरफ लड़ाई वाले हैं और एक तरफ पढ़ाई वाले हैं। लोग 5 तारीख को चुनाव करेंगे... दिल्ली के लोग सब जानते हैं। हमें जनता पर विश्वास है।"


Advertisement

जनता ने केजरीवाल से तौबा करने की कसम खाई है- मोहन यादव

दिल्ली: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पर कहा, "अरविंद केजरीवाल ने गालियों के खजाने पर अपना हक खत्म कर लिया है। अब चाहें वे कुछ भी कहें, जनता उनके बहकावे में नहीं आएगी और जनता ने अब अरविंद केजरीवाल से तौबा करने की कसम खाई है।"


कांग्रेस और AAP अलग-अलग होकर चुनाव लड़ने का नाटक कर रहे- CM धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आरके पुरम विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "दिल्ली में आज कांग्रेस और AAP अलग-अलग होकर चुनाव लड़ने का नाटक कर रहे हैं जबकि ये लोग तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार के मामले में एक ही थाली के चट्टे बट्टे हैं। यह लोग उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड से आए हुए लोगों से नफरत करते हैं लेकिन जितने भी राष्ट्रविरोधी लोग हैं उनके लिए यह मानवाधिकार की लड़ाई लड़ते हैं..."


केजरीवाल को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए- गौरव भाटिया

भाजपा नेता गौरव भाटिया ने कहा, "मैंने हाल ही में जो प्रेस वार्ता में गंभीर मामला उनके (AAP) खिलाफ सबूतों, गवाहों और ऑडियो-विजुअल के साथ उठाया गया है उससे  यह स्पष्ट है कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली के बच्चों के लिए आए पैसे को हड़पने के लिए षड्यंत्र रच रहे हैं। उनके मौजूदा विधायक गौरव भाटी पैसे लेते हैं, पैकेट लेते हैं, रिश्वतखोरी करते हैं। यह इतना बड़ा भ्रष्टाचार है कि अरविंद केजरीवाल को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। आतिशी को इस्तीफा देना चाहिए और इसके साथ ही उन्हें हमारे द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देना चाहिए। अगर वह ऐसा नहीं करते हैं, तो यह साबित हो जाएगा कि वह एक भ्रष्ट, कट्टर, बेईमान भ्रष्ट व्यक्ति हैं..."


दिल्ली की जनता दिल्ली को आपदा मुक्त करना चाहती है- अनुराग ठाकुर

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, "पूरी दिल्ली में वातावरण भाजपा के पक्ष में है। लोग मोदी-मोदी कर रहे हैं भाजपा को चुनना चाहते हैं। 15 साल कांग्रेस के और 11 साल आपदा कुशासन देखा है। अब जनता गंदी हवा, गंदी नालियों और गंदगी भरे इस वातावरण से मुक्ति पाना चाहती है... दिल्ली की जनता दिल्ली को आपदा मुक्त करना चाहती है।"


अरविंद केजरीवाल ने सिर्फ झूठ की राजनीति की है- ब्रजेश पाठक

दिल्ली विधानसभा चुनाव पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को बहुमत मिलने जा रहा है। अरविंद केजरीवाल ने सिर्फ झूठ की राजनीति की है। दिल्ली की जनता को उनसे धोखा मिला है। 5 फरवरी को जब वोटिंग होगी तो भाजपा सभी सीटों पर विजयी होगी..."


शीला दीक्षित के बाद दिल्ली में कोई विकास का काम नहीं हुआ- पप्पू यादव

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, "शीला दीक्षित के बाद दिल्ली में कोई विकास का काम हुआ है?.. इन दोनों(भाजपा और AAP) ने पूर्वांचलियों का घोर अपमान किया है... आज सभी शीला दीक्षित और कांग्रेस को याद कर रहे हैं... आज जनता GST से परेशान है। इन्होंने मनरेगा का बजट कम कर दिया है... बिहार के साथ हमेशा नाइंसाफी और धोखा होता है..."


वाल्मीकि समाज के सदस्यों का केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन

वाल्मीकि समाज और दलित पंचायत के सदस्यों ने AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने वहां से गुजर रही AAP की चुनाव प्रचार वैन पर भी हमला किया।


अरविंद केजरीवाल झूठ के अलावा और कुछ नहीं किया- नायब सिंह सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुंडका विधानसभा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "... इन्होंने(अरविंद केजरीवाल) झूठ के अलावा और कुछ नहीं किया है... इन्होंने वादा किया था कि मैं यमुना को साफ करूंगा मगर नहीं कर पाए। इन्होंने फिर कहा कि मुझे 5 साल का और समय दीजिए क्योंकि मैं 2025 तक यमुना को साफ कर दूंगा... अब इन्होंने आरोप हरियाणा पर लगा दिया कि हमने यमुना में ज़हर मिला दिया है..."


दिल्ली में BJP और AAP के पास कोई रोड मैप नहीं- हरीश रावत

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने दिल्ली विधानसभा चुनाव पर कहा, "दोनों(भाजपा और AAP) पार्टियों के पास दिल्ली के लिए कोई रोड मैप नहीं है... जब भाजपा गारंटी की बात करती है तो लोगों को वो 15 लाख की गारंटी याद आ जाती है... दूसरी तरफ AAP यहां(दिल्ली) 11 साल से सत्ता में है। लोग कह रहे हैं कि उन्हें बहनों की याद अब क्यों आई?... ये दोनों पार्टियां कांग्रेस से लड़ रही हैं। जनता मानस में बड़ा परिवर्तन आया है।"


दिल्ली की मुख्यमंत्री फिल्मी सितारे बुलाकर वोट मांग रही हैं- अलका लांबा

कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी अलका लांबा ने कालकाजी विधानसभा में रोड शो किया। कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी अलका लांबा ने कहा, "...दिल्ली की मुख्यमंत्री फिल्मी सितारे शत्रुघ्न सिन्हा को बुलाकर वोट मांग रही हैं। आतिशी मार्लेना ने अगर काम किया होता, रोजगार दिए होते, महंगाई खत्म की होती तो उन्हें शत्रुघ्न सिन्हा को बुलाकर वोट नहीं मांगने पड़ते।"


दिल्ली हमारे हिन्दुस्तान का दिल है- राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राजिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "... दिल्ली हमारे हिन्दुस्तान का दिल है। दिल्ली के साथ सबसे बड़ी विडंबना यह है कि पिछले 25 वर्षों में यहां कांग्रेस और AAP की सरकार रही है। भाजपा को दिल्ली की सेवा करने का जो अवसर मिलना चाहिए था वह नहीं मिल पाया है... इन पार्टियों के कारण दिल्लीवालों को विकास का जो चेहरा देखना चाहिए था, वे नहीं देख पाए हैं... हमने अपनी ज़िन्दगी में जनता की आंखों में धूल झोंककर नहीं बल्कि आंखों में आंखें डालकर राजनीति की है..."


केजरीवाल अपने घर में अपनी ही सांसद को पीटने वाला गुंडा- हिमंत बिस्वा सरमा

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, " अरविंद केजरीवाल अपने घर में अपनी ही सांसद को पीटने वाला गुंडा है... उससे बड़ा गुंडा कोई और नहीं है।"


केजरीवाल और आतिशी खुद चुनाव हार रहे हैं- मनोज तिवारी

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "अरविंद केजरीवाल खुद अपना चुनाव हार रहे हैं। आतिशी जी खुद चुनाव हार रही हैं। दिल्ली में भाजपा की सरकार बन रही है। हम दिल्ली को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र बनाएंगे। मजदूरों गरीबों से लेकर औद्योगिक बेल्ट की जगह की सुविधा को बढ़ाएंगे। बिजली देंगे और उसका उचित मूल्य रहेगा। आज जो बिजली का बढ़ा हुआ बिल आ रहा है वो किसी को बर्दाश्त नहीं हो रहा है। 5 फरवरी को कमल का बटन दबाकर दिल्ली के लोग भाजपा को लाएंगे।"


AAP के भ्रष्टाचार के प्रति जिस तरह लोगों में नाराजगी है- चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "... मैं जहां-जहां जा रहा हूं वहां लोगों में NDA के प्रति उत्साह देखने को मिल रहा है... AAP के भ्रष्टाचार के प्रति जिस तरह लोगों में नाराज़गी है इससे एक बात तय है कि आने वाली 8 फरवरी को दिल्ली में इस बार NDA के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार बनने जा रही है... दिल्ली में लोगों का विश्वास प्रधानमंत्री मोदी की गरीब कल्याण योजना पर है... प्रधानमंत्री मोदी की सोच के साथ हम नई योजनाओं को धरातल पर लाने का काम करेंगे... हम योजनाओं को हटाने का नहीं बल्कि उसमें वृद्धि करने का काम करेंगे।


भाजपा हर बार दिल्ली के साथ सौतेला व्यवहार करती है- AAP

दिल्ली के मंत्री और बाबरपुर विधानसभा सीट से AAP उम्मीदवार गोपाल राय ने कहा, "दिल्ली के लोग भाजपा की हकीकत जानते हैं। भाजपा द्वारा हर बार दिल्ली के साथ सौतेला व्यवहार किया जाता है। दिल्ली के लोग 8 फरवरी को अरविंद केजरीवाल की सरकार बनाने की तैयारी कर रहे हैं। लोगों से अपील है कि 5 फरवरी को ज़्यादा से ज़्यादा मतदान करें और दिल्ली में काम करने वाली सरकार बनाएं।


मोदी सरकार के बजट में सिर्फ चुनावी राज्यों की बात- RJD

RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि जब भी मोदी सरकार का बजट आता है, तो सिर्फ उन्हीं राज्यों की बात होती है, जहां चुनाव हैं। रीपैकेजिंग करके दिखाया जाता है। किसी राज्य को कुछ नहीं मिलने वाला है, सिर्फ जुमलेबाजी की बौछार है। कोई काम नहीं हो रहा है। राज्य जो सवाल उठा रहे हैं, वह बिल्कुल जायज हैं। बिहार में इस साल चुनाव है, इसलिए झूठ का पुलिंदा लाया गया। बिहार को कुछ नहीं मिला, यहां तक ​​कि पहले जो घोषणाएं की गई थीं, वह भी नहीं मिलीं। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा, विशेष पैकेज, पटना यूनिवर्सिटी को केंद्रीय यूनिवर्सिटी का दर्जा दे देते लेकिन वह भी नहीं दिया गया। 
 


बजट पर क्या बोले अनुराग ठाकुर?

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने बजट 2025 पर कहा कि जब जीवन बचाने वाली दवाइयां टैक्स फ्री हो जाएं और MBBS की 1 लाख नई सीटें बना दी जाएं तो यह दिखाता है कि जनता के लिए कितनी राहत होगी... यह(बजट) भविष्य को अधिक बेहतर और सुंदर बनाएगा... इससे आम जनता का पैसा बचेगा, बचत होगी और अन्य सुविधाएं मिलेंगी। 


कल के बजट के बाद 12 लाख कमाने वाले को टैक्स नहीं देना होगा- PM

PM मोदी ने कहा कि अगर नेहरू जी के जमाने में आप 12 लाख रुपये कमाते तो 12 लाख रुपये की आय पर आपकी एक चौथाई सैलरी सरकार वापस ले लेती। अगर आज इंदिरा जी का जमाना होता तो 12 लाख रुपये तक की आय पर आपके 10 लाख रुपये टैक्स में चले जाते। 10-12 साल पहले तक, कांग्रेस की सरकार में अगर आप 12 लाख रुपये कमाते तो आपको 2 लाख 60 हजार रुपया टैक्स देना होता। भाजपा सरकार के कल के बजट के बाद, साल में 12 लाख कमाने वाले को एक रुपया भी टैक्स नहीं देना पड़ेगा।


झाड़ू के तिनके बिखर रहे- PM का AAP पर तीखा वार

प्रधानमंत्री मोदी ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आज कल हम देख रहे हैं कि कैसे दिल्ली में वोटिंग से पहले ही झाड़ू के तिनके बिखर रहे हैं, आपदा के नेता पार्टी छोड़ रहे हैं क्योंकि उन्हें पता है कि लोग आपदा से नफरत करते हैं। दिल्ली के लोगों के गुस्से से आपदा पार्टी इतनी घबरा गई है कि हर घंटे झूठी घोषणाएं कर रही है। दिल्ली की जनता के सामने आपदा वालों का नकाब उतर चुका है।
 


डबल इंजन की सरकार बनाकर दिल्ली के लोगों की सेवा करनी है- PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहते हैं कि हमें ऐसी डबल इंजन की सरकार बनानी है जो लड़ाई झगड़े के बजाय दिल्ली के लोगों की सेवा करे जो बहाने बनाने के बजाय दिल्ली को सजाने संवारने में ऊर्जा लगाए... आपने आने वाले 5 साल के लिए केंद्र में भाजपा की पक्की सरकार बना ली है। अब गलती से भी यहां आपदा सरकार नहीं आनी चाहिए जो दिल्ली के 5 और साल बर्बाद कर दे।
 


दिल्ली की आप-दा पार्टी ने यहां के 11 साल बर्बाद कर दिए- PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरके पुरम में चुनावी जनसभा को संबोधित कर कहा कि दिल्ली की आप-दा पार्टी ने यहां के 11 साल बर्बाद कर दिए हैं। दिल्ली के हर परिवार से मेरी प्रार्थना है कि राज्य में हमें आप सबकी सेवा का मौका जरूर दें। मैं गारंटी देता हूं कि आपकी हर मुसीबत हर परेशानी को दूर करने के लिए खप जाउंगा।
 


पूरी दिल्ली कह रही, अबकी बार भाजपा सरकार- पीएम मोदी

दिल्ली के आर.के.पुरम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बसंत पंचमी के साथ ही मौसम बदलना शुरू हो जाता है। तीन दिन बाद, 5 फरवरी को दिल्ली में विकास का नया बसंत आने वाला है। इस बार दिल्ली में भाजपा सरकार बनने जा रही है। इस बार पूरी दिल्ली कह रही है, अबकी बार भाजपा सरकार।


आरके पुरम में पीएम मोदी की रैली

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करने के लिए दिल्ली के आरके पुरम पहुंचने पर भाजपा नेताओं ने पीएम मोदी का अभिनंदन किया।
 


बजट में हर वर्ग को ध्यान में रखा गया- राजभर

उत्तर प्रदेश के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बजट 2025 पर कहा कि केंद्र सरकार ने जो बजट प्रस्तुत किया है उसमें महिलाओं, किसानों, नौजवानों और व्यापारियों समेत हर वर्ग को ध्यान में रखा गया है। विपक्ष हमेशा विरोध करता है और करता रहेगा... यह प्रदेश और देश के विकास का बजट है। इससे पूरे देश की जनता खुश है। 
 


जनता ने कमल खिलाने के लिए जो ठाना, वही होगा- अश्विनी वैष्णव

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, "दिल्ली के भाईचारे, संस्कृति और ऐतिहासिक परंपरा को वापस लाना है। विकसित दिल्ली बनाने के लिए लोगों ने सिर्फ कमल का बटन दबाने का मन बना लिया है... आज दिल्ली की जनता ने जो स्पष्ट मन बना लिया है, उसे अरविंद केजरीवाल भी समझ गए हैं... जनता ने कमल खिलाने के लिए जो ठाना है, वही होगा।"
 


दिल्ली में चुनावी माहौल गर्म, केजरीवाल की बौखलाहट दिख रही- बीजेपी

भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा, "दिल्ली में चुनावी माहौल गर्म है और स्वाभाविक रूप से अरविंद केजरीवाल की बौखलाहट स्पष्ट दिख रही है... AAP-दा की सबसे बड़ी संपदा भ्रष्टाचार है चाहे वह शराब नीति हो, दिल्ली जल बोर्ड हो या DTC बसों का घोटाला हो... इन सभी घोटालों का पर्यायवाची है AAP-दा... ज़मीन हड़पना और अपने नाम मासूमों की ज़मीनें करा लेना AAP के बड़े नेताओं का कारोबार रहा है..."


बीजेपी आपको फंसाने की साजिश कर रही- केजरीवाल

AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "आज मुझे झुग्गियों से बहुत सारे फोन आए हैं, उनकी (भाजपा) पार्टी घर-घर जाकर लोगों से कह रही है - 3000 रुपये ले लो और चुनाव आयोग घर आकर वोटिंग करवा देगा। यह सुनकर मैं चौंक गया। यह आपको फंसाने की साजिश है। मैं आपका बड़ा भाई हूं, कल रात मुझे नींद नहीं आई। मेरा सुझाव है कि आप इस जाल में न फंसें, नहीं तो अगर आपने उन्हें वोट दिया और अपनी उंगली पर स्याही लगवाई तो वे आपके खिलाफ केस दर्ज कर आपको गिरफ्तार कर लेंगे... अगर वे आपको मुफ्त में पैसे दे रहे हैं, तो ले लें लेकिन उन्हें वोट न दें। अगर गलती से भी भाजपा की सरकार आ गई तो वे (भाजपा) झुग्गियों को हटा देंगे। मुंबई में, उन्होंने धारावी, एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी को अपने एक दोस्त को दे दिया है..."


पिछले 10 सालों में 63 नए स्थलों को इसके लिए चिह्नित किया गया- CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आर्द्रभूमियों के संरक्षण' विषयक कार्यक्रम में कहा, "... आज़ादी के बाद केवल 23 आर्द्रभूमि स्थल को चिह्नित किया गया था जिन्हें मान्यता मिली थी और पिछले 10 वर्षों में 63 नए स्थलों को इसके लिए चिह्नित किया गया है... पर्यटन अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और रोजगार के सृजन के लिए एक बहुत बड़ा माध्यम है..."


बजट को लेकर तेजस्वी यादव के बयान पर क्या बोले उपेंद्र कुशवाहा?

RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने बजट को लेकर तेजस्वी यादव के बयान पर कहा, "अभी जो बजट आया है उससे पूरे देश के लोग, बिहार के लोग खुश हैं। इसके बावजूद विपक्ष ऐसी बातें कर रहा है, पता नहीं उन्हें ये बजट समझ में आया है या नहीं... इस बजट में मध्यम वर्ग, गरीब, किसानों के लिए बहुत कुछ है। बिहार पर विशेष ध्यान दिया गया है... हम सब प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हैं... बिहार को मिला है, चुनाव हो या न हो, चलिए मान लेते हैं कि चुनाव की वजह से मिला, लेकिन अगर बिहार को बहुत कुछ मिल रहा है तो इसमें गलत क्या है। हालांकि ये आरोप गलत है..."


बिहार में बेरोजगारी का संकट गहराता जा रहा- मनोज झा

RJD सासंद मनोज झा ने बजट 2025 पर कहा, "... बिहार में मखाना अनुसंधान संस्था पहले से ही थी। वे (भाजपा) क्या इस संस्था को अब बोर्ड में बदलेंगे?.. बिहार में बेरोजगारी का संकट गहराता जा रहा है लेकिन आप (भाजपा) उससे निकलने का क्या रास्ता दिखा रहे हैं?.. बिहार की कृषि के कुछ अलग संकट हैं जो पंजाब और हरियाणा से अलग हैं... मैं ये आपके समक्ष चंद सवाल रख रहा हूं... बिहार के साथ नाइंसाफी हुई है... यह एक प्रतिगामी बजट है... मैं अपने साथियों से भी कहता हूं कि आइए और बजट के एक-एक प्रावधान को गौर से देखिए कि बिहार नाइंसाफी का शिकार हुआ है।"


AAP ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही- केजरीवाल

AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि "...जैसे-जैसे दिन बीतते जा रहे हैं, भाजपा की सीटें कम होती जा रही हैं और AAP ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही है। इसलिए, पूरी भाजपा घबराई हुई है...लोगों पर उनके गुंडों द्वारा हमला किया जा रहा है और उन्हें पीटा जा रहा है। पुलिस को कोई कार्रवाई न करने का निर्देश दिया गया है...दिल्ली के लोगों ने ऐसा चुनाव कभी नहीं देखा...मैं दिल्ली के लोगों से अपील करता हूं कि हमें इस गुंडागर्दी के खिलाफ एकजुट होना होगा। दिल्ली इसे बर्दाश्त नहीं कर सकती...हम आज एक हैशटैग लॉन्च कर रहे हैं...इस हैशटैग का इस्तेमाल करके, अगर आपके साथ कोई दुर्व्यवहार, हमला या कुछ होता है, तो ट्विटर पर ट्वीट करें...।"


PM मोदी ने बसंत पंचमी और सरस्वती पूजा की शुभकामना दी

PM मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि सभी देशवासियों को बसंत पंचमी और सरस्वती पूजा की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।


आम आदमी को कुछ नहीं मिलेगा- बजट पर बोली AAP

दिल्ली सरकार में मंत्री और ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र से AAP उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने बजट 2025 पर कहा, "... आम आदमी को कुछ नहीं मिलेगा क्योंकि सरकार का नुकसान बढ़ रहा है और सकल घरेलू उत्पाद घट रहा है। ऐसे में यह संभव ही नहीं है कि केंद्र सरकार आयकर राहत किसी को दे... पुलिस का दुरुपयोग किया जा रहा है... हम इनके सामने न डरेंगे और न झुकेंगे..."


लालू यादव के परिवार ने बिहार के लिए कुछ नहीं किया- सम्राट चौधरी

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू यादव के परिवार ने बिहार के लिए कुछ नहीं किया। हम यहां जगदेव बाबू (जगदेव प्रसाद) की जयंती पर आए हैं। लालू यादव ने जगदेव बाबू के नारे पर वोट लिया, उन्होंने सिर्फ़ अपने परिवार के लिए काम किया है। लालू यादव या उनका परिवार सिर्फ़ बिहार को लूट सकता है, अपने और अपने परिवार के लिए।
 


जो बजट पेश हुआ वो अमृत काल का स्वर्णिम बजट- वीरेंद्र सचदेवा

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यह हमारा चौथा प्रचार गीत है जिसे हमारे पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव ने गाया है। यह बहुत बेहतरीन गाना है... कल जो बजट पेश किया गया वह अमृत काल का स्वर्णिम बजट था। निम्न वर्ग और खास तौर पर मध्यम वर्ग के लिए जिस तरह की सौगात दी गई है 12 लाख की सालाना आय तक कोई टैक्स नहीं, सब प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को बधाई दे रहे हैं। मैंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में ऐसा बजट नहीं देखा जिसमें हर क्षेत्र के लिए इतनी सारी परियोजनाएं, योजनाएं हों। 


मोदी है तो मुमकिन है- बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए बोले मनोज तिवारी

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "अभी सबसे बड़ी चर्चा यही है कि 12 लाख की सालाना आय तक कोई टैक्स नहीं लगेगा। इसके अलावा और भी अच्छी बातें हैं। जैसे अभी तक जो लोग अपने मकान का किराया लेते थे, उनसे 2.4 लाख के बाद TDS लगता था, अब 6 लाख के बाद TDS लगेगा... TCS को खत्म कर दिया गया है... आज देश आश्चर्य मिश्रित खुशी में है... 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के बाद, अगर आप भ्रष्टाचार पर नियंत्रण करते हैं तो ऐसा होता है, जिसे आज दुनिया कह रही है 'मोदी है तो मुमकिन है'..."


Delhi Election: बीजेपी ने लॉन्च किया नया कैंपेन सॉन्ग

भाजपा ने दिल्ली चुनाव 2025 के लिए अपना नया कैंपेन सॉन्ग 'दिल वालों की दिल्ली को अब भाजपा सरकार चाहिए' लॉन्च किया।


दिल्ली में 3 रैलियां करेंगेराजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज दिल्ली में 3 रैलियां करेंगे। वह दोपहर 3 बजकर 35 मिनट पर राजेंद्र नगर, शाम 5 बजकर 5 मिनट पर चांदनी चौक में और शाम 6 बजकर 25 मिनट पर लक्ष्मी नगर में रैली करेंगे। 
 


जमीन के लालच में की मां-बेटी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

बस्ती में मां-बेटी की हत्या और आग लगाने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी बलवीर को गिरफ्तार किया। हत्या के बाद, बलवीर और उसके सहयोगियों ने शवों में आग लगा दी थी।  

जानकारी के मुताबिक यह खौफनाक घटना मुठभेड़ कप्तानगंज क्षेत्र के गडहा गौतम के पास जमीन के लालच में हुई। घेराबंदी के दौरान बलवीर ने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी। पुलिस की गोली लगने से बलवीर अरेस्ट हुआ है। बलवीर पर 50 हजार का इनाम था। 
 


जम्मू-कश्मीर के डोडा में स्नोफॉल

जम्मू-कश्मीर के डोडा में भलेसा के ऊपरी इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई।


2 फरवरी को 41 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

महाकुंभ में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी है। उत्तर प्रदेश सूचना विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि आज 2 फरवरी को सुबह 8 बजे तक 41.90 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई है। 1 फरवरी तक 33.61 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई है। 


संडे ऑन साइकिल धीरे-धीरे एक उत्सव का रूप ले रहा- मंडाविया

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा, "संडे ऑन साइकिल धीरे-धीरे एक उत्सव का रूप ले रहा है और देशभर में रविवार को किसी न किसी थीम पर साइकिलिंग होती है। मुझे खुशी है कि देशभर के डॉक्टर साइकिल ऑन संडे के जरिए रविवार को साइकिलिंग कर ओबेसिटी को लेकर अपना संदेश दे रहे हैं..."


पूर्व DGP आंध्र प्रदेश सरकार का सलाहकार नियुक्त

पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) आर.पी. ठाकुर को दो वर्ष के कार्यकाल के लिए आंध्र प्रदेश सरकार का सलाहकार नियुक्त किया गया।


'50 हजार रुपए में बच्चे का सौदा करने वाली महिला गिरफ्तार'

मुरादाबाद के एडिशनल एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने कहा कि 29 जनवरी को एक महिला ने बताया कि उसके डेढ़ साल के बच्चे को कुछ लोग अगवा करके ले गए हैं। मामले की जांच में पाया गया कि महिला ने ही अपने बच्चे का 50 हज़ार रुपए में सौदा किया था। मामले में महिला सहित 4 लोगों को गिरफ़्तार करके जेल भेजा जा रहा है।


सीएम मोहन यादव ने केजरीवाल पर झूठे वादे करने का लगाया आरोप

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर झूठा होने और झूठे वादे करने का शनिवार को आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उन्होंने (केजरीवाल ने) कहा था कि वह यमुना को साफ कराएंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ... उन्होंने कहा था कि वह दो कमरों के घर में रहेंगे... उनके सारे वादे झूठे थे। केजरीवाल ने कहा कि हम मध्यप्रदेश में लाडली बहना योजना बंद कर देंगे... इस झूठ के लिए मध्यप्रदेश में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है... अगर भाजपा दिल्ली में सत्ता में आती है, तो सभी योजनाएं (आप सरकार द्वारा लागू की गई) जारी रहेंगी।
 


संगम घाट पर पवित्र स्नान के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु

महाकुंभ में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी है। बड़ी संख्या में लोग त्रिवेणी संगम घाट पर पावन स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। 


आज से खुलेगा राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान

अमृत उद्यान रविवार यानि आज से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। वहीं आगंतुक यहां पर 30 मार्च तक आ सकेंगे। राष्ट्रपति भवन ने इस बात की जानकारी शनिवार को साझा की। 
 


दिल्ली के आरके पुरम में पीएम मोदी की रैली

दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर 1 बजे आरके पुरम में रैली करेंगे। बता दें कि यह उनकी तीसरी रैली है। इससे पहले उन्होंने 30 जनवरी को द्वारका में दूसरी रैली की थी और 29 जनवरी को करतार नगर में पहली जनसभा की थी।

Published By:
 Priyanka Yadav

पब्लिश्ड