UN में PM मोदी का संबोधन, समिट ऑफ द फ्यूचर में बोले- 'मानवता की सफलता एकता में है युद्ध में नहीं'
India News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपनी अमेरिकी यात्रा के दौरान संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करने वाले हैं। इससे पहले उन्होंने बीते दिन भारतीय समुदाय को संबोधित किया। वहीं, राहुल गांधी आज जम्मू-कश्मीर में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। तिरुपति प्रसाद मामले को लेकर हंगामा जारी है। हरियाणा चुनाव को लेकर भी सियासी पारा चरम पर है।
- भारत
- 17 min read

India News Live: समिट ऑफ द फ्यूचर में पीएम मोदी का संबोधन
India News Live: संयुक्त राष्ट्र में 'समिट ऑफ द फ्यूचर' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मानवता की सफलता हमारी सामूहिक शक्ति में निहित है, युद्ध के मैदान में नहीं। वैश्विक शांति एवं विकास के लिए वैश्विक संस्थाओं में सुधार महत्वपूर्ण हैं। सुधार प्रासंगिकता की कुंजी है। एक तरफ वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए आतंकवाद जैसा बड़ा खतरा है, वहीं दूसरी तरफ साइबर, मैरिटाइम, स्पेस जैसे संघर्ष के नए मैदान बन रहे हैं। इन सभी मुद्दों पर वैश्विक कार्रवाई वैश्विक महत्वाकांक्षा से मेल खानी चाहिए।
India News Live: UN में पीएम मोदी का संबोधन
India News Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका में 79वें संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र को संबोधित किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि जून में अभी-अभी मानव इतिहास के सबसे बड़े चुनाव में भारत के लोगों ने मुझे लगातार तीसरी बार सेवा का अवसर दिया है और मैं यहां मानवता के छठे हिस्से की आवाज आप तक पहुंचाने आया हूं।
पीएम ने कहा कि जब हम ग्लोबल फ्यूचर के बारे में बात कर रहे हैं, तो मानव-केंद्रित दृष्टिकोण सर्वप्रथम होनी चाहिए। सतत विकास को प्राथमिकता देते हुए, हमें मानव कल्याण, भोजन, स्वास्थ्य सुरक्षा भी सुनिश्चित करनी होगी। हमने भारत में 250 मिलियन लोगों को गरीबी से बाहर निकालकर दिखाया है कि सतत विकास सफल हो सकता है। हम सफलता के इस अनुभव को ग्लोबल साउथ के साथ साझा करने के लिए तैयार हैं।
Advertisement
India News Live: नफरती पार्टी के नेता हैं राहुल गांधी: शहनवाज हुसैन
India News Live: बीजेपी नेता शहनवाज हुसैन ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा, "राहुल गांधी नफरती पार्टी के नेता हैं। देश में कांग्रेस के शासनकाल में 37 हजार से ज्यादा दंगे-फसाद हुए। गुजरात से लेकर महाराष्ट्र तक कोई ऐसा शहर नहीं था जब कांग्रेस के दौर में नफरत नहीं बहती हो। राहुल गांधी जहां के प्रोडक्ट हैं, वहां तो नफरती की राजनीति हुई है। जब देश के बाहर जाते हैं, तो हिन्दुस्तान के लिए नफरत दिखाते हैं। समुदाय के लिए गलत बयानी करते हैं। चुनाव प्रचार में अपने आप को मोहब्बत की दुकान वाला बताने लगते हैं। कुछ भी कर लें, उनपर और कांग्रेस पर कोई यकीन करना वाला नहीं है।"
India News Live: केजरीवाल राम नहीं हैं, राम का नाम बदनाम मत करो: शहनवाज हुसैन
India News Live: बीजेपी नेता शहनवाज हुसैन का दिल्ली सीएम आतिशी पर निशाना साधते हुए कहा, “आतिशी को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर जाकर बैठना चाहिए। अरविंद केजरीवाल राम नहीं हैं, राम का नाम बदनाम मत करो। राम जी पर कोई भ्रष्टाचार का मुकदमा नहीं चल रहा था। राम जी से अरविंद केजरीवाल की तुलना करना बहुत दुखद है। भ्रष्टाचार में अकंठ डूबी आम आदमी पार्टी राम जी और भरत जी से तुलना कर रही है।”
Advertisement
India News Live: अक्षय शिंदे की मौत पर क्या बोले डिप्टी CM फडणवीस?
India News Live: अक्षय शिंदे की मौत पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "उसकी(अक्षय शिंदे) पूर्व पत्नी ने यौन शोषण का मामला दर्ज कराया था, पुलिस वारंट लेकर उसे जांच के लिए ले जा रही थी। उसने पुलिस की बंदूक छीनकर पुलिस वालों पर और हवा में भी फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में उसपर फायरिंग की। उसे अस्पताल ले जाया गया। इसके बारे में डॉक्टर बाद में बताएंगे लेकिन हमारे पास जो प्रारंभिक जानकारी है उसके अनुसार उसकी मौत हो गई है। विपक्ष हर बात पर सवाल उठाता है, यही विपक्ष उसे फांसी पर लटकाने की मांग कर रहा था। अगर पुलिस पर गोली चलाई जाती है तो पुलिस अपनी आत्मरक्षा करेगी या नहीं? इस पर कोई मुद्दा बनाना गलत है।"
India News Live: बदलापुर के आरोपी की मौत पर सीएम शिंदे का बयान
India News Live: बदालपुर रेपकांड के आरोपी अक्षय शिंदे की मौत पर सीएम शिंदे ने कहा, "बदलापुर मामले में आरोपी की पूर्व पत्नी ने लैंगिक अत्याचार का मामला दर्ज कराया था। इसमें उसे (अक्षय शिंदे को) जांच के लिए ले जाया जा रहा था। इस दौरान उसने एक पुलिसकर्मी नीलेश मोरे पर गोली चलाई जो घायल हो गया उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आत्मरक्षा में यह कार्रवाई की। जांच के बाद और जानकारी सामने आएगी..."
India News Live: बदलापुर रेप के आरोपी अक्षय शिंदे की मौत
India News Live: बदलापुर रेपकांड के आरोपी अक्षय शिंदे ने पुलिस से बंदूक छीनकर फायरिंग कर दी। वहीं मुंबई पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस घटना में अक्षय शिंदे और एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
India News Live: छत्तीसगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से 5 स्कूली बच्चे समेत 8 की मौत
India News Live: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ट्वीट किया, "राजनांदगांव जिले के जोरातराई गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 5 स्कूली बच्चों समेत 8 लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। इस दुखद घटना में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। घायल व्यक्ति को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है..."
India News Live: UP एनकाउंटर को लेकर सपा सांसद की धमकी
India News Live: एनकाउंटर को लेकर सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने धमकी भरे लहजे में कहा, “जो भी अधिकारी इस तरह की प्रथा को आगे बढ़ा रहे हैं, उनके खिलाफ जांच होनी चाहिए। और जो इसमें संलिप्त पाए जाएंगे... जो फर्जी एनकाउंटर करके प्रमोशन के खातिर अपना सीना चौड़ा करते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होना चाहिए। उन्हें सलाखों के पीछे होना चाहिए।”
India News Live: बड़े माफिया BJP के साथ मिलकर सरकारें चला रहे: SP
India News Live: सपा नेता अमीक जामेई ने यूपी पुलिस पर फर्जी एनकाउंटर का आरोप लगाते हुए कहा, "देश में फर्जी एनकाउंटर्स के मामले में और मानवाधिकारों के उल्लंघन में, मुख्यमंत्री ने यूपी की धरती को खून से लाल कर दिया है। हम एनकाउंटर्स के खिलाफ हैं। बीजेपी के लोगों से संपर्क करके एनकाउंटर किए जाते हैं। जिसने अपराध किया, उसके लिए अदालतें हैं। यूपी पुलिस ने बैलेंस करने का काम किया है। ऑपरेशन लंगड़ा, पैर में गोली मारने का काम कैसे किया जाता है, सभी जानते हैं। ये दरिंदगी है, ये लॉ एंड ऑर्डर को मेंटेन करने की बात नहीं है। क्या आप उनके पैरों में गोलियां मारते हैं, जो बड़े-बड़े माफिया बीजेपी के साथ मिलकर समझौता कर सरकारें चला रहे हैं, आप उनको गोली नहीं मारते हैं। पुलिस फोर्स की शैली, कप्तान, सीओ, एसटीएफ की तैनाती बताती है, घनघोर जातिवाद हो रहा है।"
India News Live: आतंकवाद को हम पनपने नहीं देंगे: अमित शाह
India News Live: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "...वे(कांग्रेस) कह रहे हैं कि जो आतंकवादी जेल में है, पत्थरबाज जेल में हैं उन्हें छोड़ देंगे। मैं कहता हूं जब तक भाजपा के एक-एक व्यक्ति में जान है, आतंकवाद को हरियाणा, पंजाब, कश्मीर में हम पनपने नहीं देंगे।"
India News Live: कांग्रेस सरकार में दलाल बांटते थे नौकरियां: अमित शाह
India News Live: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "एक समय था जब हरियाणा में एक सरकार आती थी तो भ्रष्टाचार बढ़ता था और जब दूसरी सरकार आती थी तो गुंडागर्दी बढ़ती थी। हमने भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी दोनों को खत्म करने का काम किया है। हमने 10 साल में इतनी नौकरियां दीं, क्या आपको कहीं खर्ची या पर्ची देना पड़ा? कांग्रेस की सरकार में नौकरियां बांटने का काम कांग्रेस के दलाल करते थे, भाजपा की सरकार में डाकिया घर आकर नियुक्ति पत्र दे जाता है..."
India News Live: राहुल गांधी खत्म हो सकते लेकिन PM मोदी मजबूत नेता हैं: रामदास अठावले
India News Live: केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने लोकसभा में विपक्ष के नेता व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर कहा, "उनका कहना कि मोदीजी अब वह मोदीजी नहीं रहे कहना गलत है, मोदीजी मोदीजी हैं और वे मोदीजी ही रहेंगे। इस बयान में कोई सच्चाई नहीं है...मनोवैज्ञानिक रूप से राहुल गांधी खत्म हो सकते हैं लेकिन नरेंद्र मोदी एक मजबूत नेता हैं, वे मनोवैज्ञानिक तौर पर कभी खत्म नहीं हो सकते।"
India News Live: कांग्रेस लूट और धोखाधड़ी की पार्टी है: CM सैनी
India News Live: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, "यह साफ है कि हरियाणा में भाजपा बड़े अंतर से अपनी सरकार बनाएगी। लोग समझ चुके हैं कि कांग्रेस लूट और धोखाधड़ी की पार्टी है। कांग्रेस के पास कोई और गारंटी नहीं है...वे सिर्फ लूट की गारंटी दे सकते हैं..."
India News Live: जम्मू-कश्मीर पहुंचे सीएम भजनलाल शर्मा
India News Live: चुनाव के बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जम्मू-कश्मीर पहुंचे हैं। वहां उन्होंने कहा, "...मैं आज जम्मू-कश्मीर आया हूं और जिस तरह से युवाओं, महिलाओं का उत्साह देख रहा हूं, जम्मू-कश्मीर में भारी बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी...कांग्रेस का हर चुनाव झूठ पर आधारित है, वो जनता को बरगलाने के आधार पर चुनाव लड़ते हैं..."
India News Live: राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का पलटवार
India News Live: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर में आज बीजेपी को निशाने पर लेकर कहा कि भाजपा और संघ केवल हिंसा फैलाते हैं। इसपर केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि "उनसे यह सवाल पूछना चाहिए कि जब वे श्रीनगर जाते हैं और बर्फ के गोले बनाकर अपनी बहन के साथ खेलते हैं, लाल चौक जाकर आइसक्रीम खाते हैं तो क्या यह संभव था जब केंद्र और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी? यह उनकी फैलाई हुई नफरत का नतीजा था कि 30 सालों तक जम्मू-कश्मीर को आतंक के साये को झेलना पड़ा। आज प्रधानमंत्री मोदी ने माहौल बदला है, स्थिति सामान्य की है। यह नफरत की आड़ में जो 30 वर्ष राजनीति करते रहे उससे PM मोदी ने मुक्ति दिलाई है।"
आतिशी खुद को मुख्यमंत्री नहीं मानती- मनोज तिवारी
BJP सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "आतिशी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है और अगर वो खाली कुर्सी दिखाती हैं तो इससे कई सवाल उठते हैं। इसका मतलब है कि वो खुद को मुख्यमंत्री नहीं मानती हैं। अगर वो खुद मुख्यमंत्री होते हुए किसी और को मुख्यमंत्री मानती हैं तो ये सीएम के पद और संविधान का अनादर है...मैंने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को पत्र लिखा है। मेरा पत्र कौन पढ़ेगा?"
कोलकाता में BJP का विरोध प्रदर्शन
कोलकाता में BJP नेता लॉकेट चटर्जी और कई अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बलात्कार-हत्याकांड में न्याय की मांग करते हुए डीसी उत्तर कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। BJP महासचिव और विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा, "आज हम पश्चिम बंगाल के अलग-अलग थानों में जा रहे हैं, क्योंकि यहां कि पुलिस और पुलिस स्टेशन का शुद्धिकरण होना चाहिए क्योंकि पुलिस रक्षा करने के लिए होती है लेकिन पुलिस रक्षा नहीं कर रही है। इस पूरे मामले में षडयंत्रकारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हैं। हमारी मांग है कि ममता बनर्जी और विनीत गोयल को हिरासत में लिया जाए।"
नफरत को नफरत नहीं मोहब्बत से काटा जा सकता है- राहुल
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "BJP-RSS जम्मू-कश्मीर और अन्य राज्यों में केवल नफरत और हिंसा फैलाते हैं। वे केवल नफरत फैलाना जानते हैं और उनकी राजनीति भी नफरत की है। आप सभी जानते हैं कि नफरत को नफरत से नहीं काटा जा सकता बल्कि मोहब्बत से काटा जा सकता है।"
भारत के इतिहास का केंद्र रहा राजस्थान- राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “राजस्थान ऐतिहासिक रूप से भारत के इतिहास का एक केंद्र रहा है। ऐसा कोई काल नहीं रहा है, जिसमें इस क्षेत्र ने भारत के इतिहास में अपनी भूमिका न निभाई हो। यह धरती सिर्फ वीरता के लिए ही नहीं बल्कि अनोखी संस्कृति के लिए भी जानी जाती है।”
आतिशी ने संभाला CM पद का कार्यभार
दिल्ली की नई मुख्यमंत्री आतिशी ने मुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभाला।
नोएडा के मॉल में फायरिंग मामले में 3 गिरफ्तार
नोएडा ADCP मनीष मिश्रा ने कहा, "एक मॉल में 2 पक्षों के बीच कहासुनी हुई और उसके बाद उनके द्वारा बाहर निकलकर पार्किंग में मारपीट हुई। इस दौरान एक व्यक्ति द्वारा फायरिंग की गई। मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया। 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।"
जम्मू-कश्मीर में दूसरे चरण के चुनाव की तैयारियां
रियासी में जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की तैयारियों पर जिला निर्वाचन अधिकारी विशेष महाजन ने कहा, "436 पोलिंग स्टेशन हैं और हर पोलिंग स्टेशन पर CCTV लगाए जाएंगे। सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। चुनाव प्रचार आज शाम 6 बजे से बंद हो जाएगा। मैंने अलग-अलग नाकों का मुआयना भी किया है।"
अमानतुल्लाह खान की न्यायिक हिरासत बढ़ी
दिल्ली वक्फ बोर्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने AAP विधायक अमानतुल्लाह खान की न्यायिक हिरासत 7 अक्टूबर तक बढ़ाई।
तिरुपति लड्डू प्रसादम विवाद पर क्या बोले ओपी राजभर?
तिरुपति लड्डू प्रसादम विवाद पर SBSP प्रमुख और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने कहा, "मैं इसकी निंदा करता हूं। यह जांच का विषय है और जांच हो रही है।"
रांची पहुंची चुनाव आयोग की टीम
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में ECI की टीम आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा करने के लिए रांची पहुंची।
हमें भारत के साथ साझेदारी करने पर गर्व- गूगल CEO
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ राउंड टेबल बैठक के बाद गूगल के CEO सुंदर पिचाई ने कहा, "प्रधानमंत्री भारत को ट्रांसफॉर्म करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। यह डिजिटल इंडिया विजन है। उन्होंने हमें भारत में निर्माण, भारत में डिजाइन जारी रखने के लिए प्रेरित किया। हमें अब अपने पिक्सेल फोन भारत में निर्मित करने पर गर्व है। वे वास्तव में इस बारे में सोच रहे हैं कि AI भारत को किस तरह से बदल सकता है जिससे भारत के लोगों को लाभ हो। उन्होंने हमें स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, कृषि में अनुप्रयोगों के बारे में सोचने के लिए चुनौती दी और वे भारत के बुनियादी ढांचे के बारे में भी सोच रहे हैं - चाहे वह डेटा सेंटर हो, बिजली हो, ऊर्जा हो और यह सुनिश्चित करने के लिए निवेश करना हो कि भारत बदलाव कर सके और हमें भारत के साथ साझेदारी करने पर गर्व है। हम भारत में AI में मजबूती से निवेश कर रहे हैं और हम और अधिक करने के लिए तत्पर हैं। हमने कई कार्यक्रम और साझेदारियां तय की हैं... उन्होंने हमेशा हम सभी को भारत के लिए और अधिक करने के लिए चुनौती दी है। अब, वह हमसे AI के साथ भी ऐसा ही करने के लिए कह रहे हैं। उनके पास एक स्पष्ट दृष्टिकोण है, दोनों ही मामलों में AI द्वारा बनाए जाने वाले अवसर के संदर्भ में लेकिन वह यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि अंततः AI भारत के लोगों को लाभ पहुंचाए और उनका एक स्पष्ट दृष्टिकोण है कि यह सब भारत के लोगों के लिए होना चाहिए। वे हमें और अधिक करने के लिए चुनौती दे रहे हैं।"
भारत के प्रति भरोसा देखना बेहद सुखद- पीएम मोदी
न्यूयॉर्क में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रौद्योगिकी कम्पनियों के प्रमुख मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (CEO) के साथ राउंड टेबल बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा, "पिछले साल जब मैं वाशिंगटन आया था तब मैं एक कार्यक्रम में शामिल हुआ था तब भी मुझे आपमे से कई साथियों से मिलने का मौका मिला था। आज एक साल बाद यहां दुनिया के बड़े-बड़े इन्नोवेटर के साथ बैठक कर मैं गर्व महसूस कर रहा हूं। जो ऊर्जा और उत्साह देख रहा हूं और भारत के प्रति एक भरोसा देख रहा हूं, यह हमें बेहद सुखद लग रहा है। हम चाहते हैं कि आप जिस दुनिया में काम करते हैं और जानते हैं ऐसे में अगर आपके सुझाव आते हैं तो वह अहम होते हैं।"
किश्तवाड़ में आतंकियों संग सुरक्षाबलों की मुठभेड़ जारी
जम्मू-कश्मीर में 21 सितंबर को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच संपर्क स्थापित होने के बाद किश्तवाड़ के चटरू इलाके में मुठभेड़ जारी है।
तिरुपति में महा शांति होमम का आयोजन
आंध्र प्रदेश में TTD(तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम) ने लड्डू प्रसादम विवाद के मद्देनजर एक महा शांति होमम का आयोजन किया। तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम(TTD) के कार्यकारी अधिकारी शमाला राव और बोर्ड के अन्य अधिकारियों ने पुजारियों के साथ होमम में भाग लिया।
फिलिस्तीन के राष्ट्रपति से मिले PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूयॉर्क में फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि प्रधानमंत्री ने गाजा में मानवीय संकट और क्षेत्र में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की और फिलिस्तीन के लोगों को निरंतर मानवीय सहायता सहित भारत के अटूट समर्थन की पुष्टि की। प्रधानमंत्री ने इजरायल-फिलिस्तीन मुद्दे पर भारत की समय-परीक्षित सैद्धांतिक स्थिति को दोहराया और युद्ध विराम, बंधकों की रिहाई और बातचीत और कूटनीति के रास्ते पर लौटने का आह्वान किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल दो राष्ट्र समाधान ही क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता प्रदान कर सकता है। यह याद करते हुए कि भारत फिलिस्तीन को मान्यता देने वाले पहले देशों में से एक था, उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में फिलिस्तीन की सदस्यता के लिए भारत के निरंतर समर्थन को व्यक्त किया।
पुंछ और श्रीनगर में राहुल गांधी की रैलियां
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज जम्मू-कश्मीर में चुनाव प्रचार करेंगे। वह पुंछ और श्रीनगर में रैलियों को संबोधित करेंगे। जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 26 सीटों पर 25 सितंबर को मतदान होना है।
UN में 'भविष्य के शिखर सम्मेलन' को संबोधित करेंगे PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के दौरे पर हैं। उन्होंने अपनी इस यात्रा के दौरान QUAD समिट में हिस्सा लेने के साथ भारतीय समुदाय को संबोधित किया। वहीं, आज पीएम मोदी संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करने वाले हैं। वह संयुक्त राष्ट्र में 'भविष्य के शिखर सम्मेलन' को संबोधित करेंगे।