उत्तराखंड के पौड़ी में भीषण सड़क हादसा: गहरी खाई में कार गिरने से 8 की मौत, 5 लोग घायल, CM धामी ने क्या कहा?
Pauri Uttarakhand: उत्तराखंड के पौड़ी से एक बेहद ही दर्दनाक सड़क हादसे की खबर आई है, जहां एक ईको कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें करीब 8 लोगों की मौत हो गई और करीब 5 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
- भारत
- 4 min read

Pauri Uttarakhand: शनिवार (28 नवंबर) को उत्तराखंड के पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में कलवाड़ी के पास, यात्रियों से खचाखच भरी एक ईको कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में ड्राइवर समेत करीब 8 लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, गाड़ी में सवार महिलाएं स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी थीं। वे रिखणीखाल में 'दीदी-भुली' योजना के लिए आवेदन फॉर्म जमा करके लौट रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।
इस घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताते हुए उन्होंने तुरंत राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने को निर्देश दिया। वहीं, PMO की तरफ से दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
गाड़ी में क्षमता से अधिक यात्री
समाचार एजेंसी एएनआई ने पुलिस की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार बताया कि गाड़ी में सवार महिलाएं स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी थीं। वे रिखणीखाल में 'दीदी-भुली' योजना के लिए आवेदन फॉर्म जमा करके लौट रही थीं, तभी यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि गाड़ी में उसकी क्षमता से अधिक यात्री सवार थे।
हादसे के बाद स्थानीय लोग और बचाव दल मौके पर
इस भीषण हादसे के बाद स्थानीय लोग और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना से इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। फिलहाल पीड़ितों की पहचान और हादसे के सटीक कारणों के बारे में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
Advertisement
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्या कहा?
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने और राहत व बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा "पौड़ी गढ़वाल के कलवाड़ी, रिखणीखाल में हुए भीषण सड़क हादसे का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ।
इस हृदयविदारक दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
Advertisement
जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
PMO ने किया अनुग्रह राशि का ऐलान
इस घटना के बाद PMO की तरफ से एक्स पोस्ट में कहा गया "उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में हुए हादसे में लोगों की जान जाने की खबर से बहुत दुख हुआ है। जिन लोगों ने अपने अपनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।