वक्फ विधेयक पर JPC रिपोर्ट राज्यसभा के बाद अब लोकसभा में पेश, जोर-जोर से लगे भारत माता की जय के नारे
Lok Sabha: वक्फ संशोधन विधेयक पर संसदीय समिति की रिपोर्ट को राज्यसभा के बाद अब लोकसभा में पेश कर दिया गया है। लोकसभा के पटल पर रिपोर्ट रखते ही भारी हंगामा हुआ।
- भारत
- 3 min read

Waqf Bill Lok Sabha : वक्फ संशोधन विधेयक पर संसदीय समिति की रिपोर्ट को राज्यसभा के बाद अब लोकसभा में पेश कर दिया गया है। लोकसभा के पटल पर रिपोर्ट रखते ही भारी हंगामा हुआ है। विपक्ष के सांसदों ने जेपीसी रिपोर्ट को लेकर अपनी आपत्ति जताई है। हालांकि रिपोर्ट सदन में रखे जाने के दौरान जोर जोर से भारत माता की जय के नारे सत्ता पक्ष के सदस्यों की तरफ से लगाए गए।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की अनुमति के बाद सदन में बीजेपी सांसद जगदंबिका पास खड़े हुए और वक्फ संशोधन विधेयक वाली जेपीसी रिपोर्ट पटल पर रखी। जगदंबिका पास की अध्यक्षता में ही जेपीसी बनाई गई थी, जिसने रिपोर्ट संसद में पेश की है। बीजेपी के सांसदों ने सदन में जेपीसी रिपोर्ट के प्रस्ताव का मेज थपथपाकर स्वागत किया। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने ये भी कहा कि विपक्ष के सभी असहमति नोट को जोड़ दिया जाए, हमारी पार्टी (बीजेपी) को कोई दिक्कत नहीं है।
मेधा विश्राम कुलकर्णी ने राज्यसभा में पेश की रिपोर्ट
इसके पहले विपक्षी सदस्यों के हंगामे और लगातार नारेबाजी के बीच गुरुवार को वक्फ (संशोधन) विधेयक 2024 पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की रिपोर्ट राज्यसभा में पेश की गई। भारतीय जनता पार्टी की सांसद मेधा विश्राम कुलकर्णी ने रिपोर्ट पेश की। उन्होंने वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 पर पैनल के सामने दिए गए साक्ष्य के रिकॉर्ड की एक प्रति भी पेश की। जेपीसी रिपोर्ट पेश किए जाने के बाद संसद के ऊपरी सदन में हंगामा हुआ, जिसके कारण सत्र को सुबह कुछ देर के लिए स्थगित करना पड़ा था।
वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर विस्तृत चर्चा और विचार-विमर्श के लिए 6 महीने पहले जेपीसी का गठन किया गया था। संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के अध्यक्ष जगदंबिका पाल बताते हैं कि पिछले 6 महीनों में हमने पूरे देश का दौरा करने के बाद एक रिपोर्ट तैयार की है। हमने 14 खंडों में 25 संशोधनों को अपनाया है।
Advertisement
विपक्षी नेताओं ने रिपोर्ट पर अपनी असहमति जताई
कांग्रेस समेत दूसरे विपक्षी दलों ने वक्फ विधेयक पर जेपीसी रिपोर्ट का विरोध किया है। विपक्षी नेताओं ने रिपोर्ट पर अपनी असहमति जताई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कहते हैं कि ये जेपीसी रिपोर्ट फर्जी है। ये असंवैधानिक है। खड़गे ने इस रिपोर्ट को दोबारा से पेश करने की मांग की। AIMIM के नेता असदुद्दीन ओवैसी कहते हैं- 'वक्फ संशोधन बिल असंवैधानिक है। ये वक्फ को बचाने के लिए नहीं बल्कि मुस्लिमों से वक्फ को छीनने के लिए ये विधेयक लाया जा रहा है, वक्फ को बर्बाद करने के लिए लाया जा रहा है। हम इसकी आलोचना करते हैं।'