LIVE UPDATES/ वक्फ बिल होगा पास? लोकसभा में कल होगा पेश, BJP ने जारी किया व्हिप
India News Live: वक्फ संशोधन बिल पेश होने से पहले हंगामा जारी है। 2 अप्रैल को इस बिल को लोकसभा में पेश किया जाएगा। वहीं, मोहाली कोर्ट ने रेप के दोषी पादरी बजिंदर सिंह को उम्रकैद की सजा सुना दी। MP में 1 अप्रैल से नई आबकारी नीति-2025 लागू हो गई है।
- भारत
- 21 min read

India News Live: महीने के पहले दिन को देश में कई बड़े बदलाव हो रहे हैं। एक ओर तो LPG सिलेंडर के दाम 41 रुपये घट गए हैं। हालांकि ये कटौती 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दामों में हुई है। इसके अलावा आज से ही मध्य प्रदेश में CM मोहन यादव के बड़े फैसले के मुताबिक प्रदेश के 17 धार्मिक क्षेत्रों में शराब बंदी लागू हो गई है। सरकार ने पहले भी लागू किया गया था, लेकिन इसकी सीमाएं स्पष्ट नहीं थीं। रेप के दोषी पादरी बजिंदर सिंह को मोहाली कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुना दी है। वक्फ बिल के पेश होने से पहले इसको लेकर हंगामा जारी है।
सौगात-ए-मोदी वाले लोग क्या कर रहे हैं?- आनंद दुबे
वक्फ संशोधन विधेयक पर शिवसेना (UBT) नेता आनंद दुबे ने कहा कि अभी रात बाकी है। हम देख रहे हैं कि सौगात-ए-मोदी वाले लोग क्या कर रहे हैं? JDU, TDP के सांसद क्या रुख अपनाएंगे? JPC में हमने भी सुझाव दिए। हम नज़र बनाए हुए हैं। ये देश हम सबका है, देश के हित की बातें समय पर बता दी जाएगी। अभी हम सिर्फ ये देख रहे हैं कि सौगात-ए-मोदी का प्रचार प्रसार करने वाले TDP और JDU क्या करने वाले हैं।
बहुत बड़ा सट्टे का व्यापार महादेव ऐप में हुआ- अरुण साव
CBI द्वारा महादेव बेटिंग ऐप के संबंध में दर्ज FIR में भूपेश बघेल का नाम लिए जाने पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बहुत बड़ा सट्टे का व्यापार महादेव ऐप में हुआ। अब तक की जांच से समझ आता है कि बड़े-बड़े लोग इसमें शामिल थे। जो भी लोग मामले में शामिल हैं, जिनके खिलाफ साक्ष्य हैं सबके खिलाफ FIR होगी। एजेंसी जांच करके कानूनी कार्रवाई करेगी।
Advertisement
सीएम भजनलाल ने सहकारिता विभाग के साथ समीक्षा बैठक की
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सहकारिता विभाग के साथ समीक्षा बैठक की।
राष्ट्रपति मुर्मू ने किया चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल का स्वागत
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट का स्वागत किया और उनके सम्मान में भोज का आयोजन किया। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और चिली के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों सहित अन्य नेता मौजूद थे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, "मुझे चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट का भारत की पहली राजकीय यात्रा पर स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। आपसे मिलकर मुझे एहसास हुआ है कि आपको भारत के बारे में गहरी समझ और रुचि है। मुझे उम्मीद है कि आपने अब तक भारत में बहुत अच्छा समय बिताया होगा। हालांकि भारत और चिली भौगोलिक रूप से बहुत दूर हैं लेकिन हम आपसी सम्मान और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों के ज़रिए एक-दूसरे से बहुत करीब से जुड़े हुए हैं..."
Advertisement
बनासकांठा पटाखा फैक्ट्री हादसा: मृतकों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुजरात के बनासकांठा में पटाखा फैक्ट्री हादसे में मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
उन्होंने ट्वीट किया कि हमारे कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान सहित पुलिस/प्रशासन के अधिकारियों को समन्वय के लिए दुर्घटना स्थल पर भेजा गया है। संकट की इस घड़ी में हमारी सरकार पीड़ितों के परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।
हजरत निजामुद्दीन औलिया दरगाह पर दिखा अनूठा नजारा
सर्वधर्म सद्भाव का प्रदर्शन करते हुए भारतीय अल्पसंख्यक महासंघ (IMF) ने आज हजरत निजामुद्दीन औलिया दरगाह पर रमजान के पवित्र महीने के समापन पर एक बहुधर्मी सद्भावना ईद समारोह का आयोजन किया।
इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के साथ-साथ सिख, ईसाई, हिंदू, जैन और बौद्ध समुदायों के धार्मिक नेता भी एकत्रित हुए।
वक्फ बिल पर वोटिंग के लिए लोक जनशक्ति पार्टी ने भी जारी किया व्हिप
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने लोकसभा के अपने सभी सांसदों को 2 और 3 अप्रैल को सदन में उपस्थित रहने और सरकार के रुख का समर्थन करने के लिए 3 लाइन का व्हिप जारी किया है।
शिवसेना ने भी अपने सासंदों के लिए जारी किया व्हिप
शिवसेना ने लोकसभा के अपने सभी सांसदों को 2 और 3 अप्रैल को सदन में उपस्थित रहने और सरकार के रुख का समर्थन करने के लिए 3 लाइन का व्हिप जारी किया है।
सपा के मुख्य सचेतक ने सभी सांसदों के लिए जारी किया व्हिप
समाजवादी पार्टी (सपा) के मुख्य सचेतक धर्मेंद्र यादव ने लोकसभा के अपने सभी सांसदों को 2 अप्रैल को सदन में उपस्थित रहने और वक्फ संशोधन विधेयक पर चर्चा में भाग लेने के लिए 3 लाइन का व्हिप जारी किया है।
वक्फ संशोधन विधेयक पर वृहद चर्चा होगी- मनोज झा
वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पर RJD सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि वृहद चर्चा होगी कि ये किस प्रकार गैर संवैधानिक है, किस प्रकार से एक-एक करके अल्पसंख्यकों को अलग कर हमला करने की रणनीति बन रही है। इनके 90% विधेयकों में संविधान की धज्जियां उड़ाई जाती है। हमने कृषि कानूनों के समय में कहा था कि इसे मत पास करिए, वापस लेना पड़ ना।
राम जन्मभूमि मंदिर को लाइटों से सजाया गया
राम जन्मभूमि मंदिर को 6 अप्रैल को मनाए जाने वाले राम नवमी उत्सव से पहले लाइटों से सजाया गया।
बनासकांठा में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से 10 की मौत- DM
बनासकांठा में आग लगने की घटना में देवास के 10 श्रमिकों की मृत्यु पर देवास DM ऋतुराज सिंह ने कहा कि बनासकांठा के एक पटाखा फैक्ट्री में आग की घटना में देवास जिले के 10 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है, ये लोग वहां मजदूरी करने गए थे। जानकारी के मुताबिक ये लोग 2 ही परिवार के थे। हमारी ओर से संवाद जारी है। मृतकों के शव को लाने के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
वक्फ संशोधन विधेयक पर अपना रुख स्पष्ट करें नीतीश- मीसा भारती
वक्फ संशोधन विधेयक पर RJD नेता मीसा भारती ने कहा कि हमारा रूख साफ है। हम शुरू से इसका विरोध कर रहे हैं। हम चाहते थे हमारे दल के भी एक सदस्य को उसमें(JPC) शामिल किया जाए लेकिन हमें मौका नहीं मिला। JDU अपना रुख स्पष्ट क्यों नहीं कर रही है की वे इसके पक्ष में हैं या विरोध में? बिहार की जनता नीतीश कुमार और JDU की ओर देख रही है।
कांग्रेस संसदीय दल की बैठक 3 अप्रैल को
कांग्रेस संसदीय दल की बैठक 3 अप्रैल को संसद में होगी। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी करेंगी।
हम वक्फ संशोधन के साथ हैं- श्रीकांत शिंदे
वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पर शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने कहा कि हमारा रुख स्पष्ट है। हम वक्फ संशोधन विधेयक के साथ हैं। मुझे लगता है कि कल सदन में यह बिल पूर्ण बहुमत से पास होगा।
बहुत अच्छा बिल आ रहा- जगदंबिका पाल
वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पर भाजपा सांसद और वक्फ (संशोधन) विधेयक पर JPC समिति के अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने कहा कि हमने सभी हितधारकों को सुना है और उसके आधार पर हमने रिपोर्ट दी है। यह बहुत अच्छा बिल आ रहा है, पारदर्शी बिल आ रहा है। अब वक्फ की संपत्ति का फायदा आम, गरीब मुसलमानों को होगा। मैं विपक्ष से कहना चाहता हूं कि तुष्टिकरण की राजनीति ना करें। अगर आप गरीब मुसलमानों के साथ हैं, तो आप इस बिल का समर्थन करिए। यह बिल गरीब मुसलमानों के पक्ष में है। वो(विपक्ष) झूठ बोलकर मुसलमानों को गुमराह करना चाहते हैं।
किसी की संपत्ति को हड़पा नहीं रहा है- प्रह्लाद जोशी
वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, "इसमें कोई किसी की संपत्ति को हड़पा नहीं रहा है। यह एक रिफॉर्म है और रिफॉर्म के लिए कांग्रेस हमेशा विरोध ही करती है। वो(विपक्ष) गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। यह सबके हित के लिए है।
वक्फ संशोधन विधेयक कल संसद में पेश होगा- CM फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट किया, "वक्फ संशोधन विधेयक कल संसद में पेश होगा, अब देखते हैं कि उद्धव बालासाहेब ठाकरे की शिवसेना हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा का पालन करती है या राहुल गांधी के नक्शेकदम पर चलती है और तुष्टीकरण करती रहती है।"
महाराष्ट्र की मौजूदा सरकार को 'अप्रैल फूल' सरकार कहा जाता है- आदित्य ठाकरे
शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र में चुनाव आयोग के आशीर्वाद से बनी मौजूदा सरकार को 'अप्रैल फूल' सरकार कहा जाता है, क्योंकि उन्होंने कई मुद्दों पर हमें गुमराह करने और मूर्ख बनाने की कोशिश की है। पहले, मुख्यमंत्री ने कहा था कि किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। लेकिन अब उपमुख्यमंत्री (अजित पवार) कहते हैं कि ऐसा कुछ नहीं किया जाएगा। लाड़की बहन योजना भी बंद होने जा रही है क्योंकि सरकार के पास लाभार्थियों को देने के लिए कोई धन नहीं है।
पाकिस्तानी सेना ने किया संघर्ष विराम का उल्लंघन
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तानी सेना ने केजी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पार भारतीय सीमा पर गोलीबारी करके संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। भारतीय सेना की कृष्णा घाटी ब्रिगेड के तत्वावधान में नांगी टेकरी बटालियन के जवानों ने पाकिस्तानी सीमा पर जोरदार जवाब दिया।
दिल्ली दंगा मामला: कपिल मिश्रा के खिलाफ जांच के आदेश
राउज एवेन्यू कोर्ट ने उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों में कथित भूमिका के संबंध में दिल्ली के कानून मंत्री कपिल मिश्रा के खिलाफ आगे की जांच के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की अर्जी मंजूर कर ली है। कोर्ट ने कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा पेश की गई सामग्री के आधार पर उनकी मौजूदगी कर्दम पुरी इलाके में थी और एक संज्ञेय अपराध पाया गया है जिसकी जांच की जानी चाहिए।
शास्त्री पार्क में लगी आग, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में एक पार्किंग में आग लग गई। सूचना पाकर मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंची। गोकलपुर फायर स्टेशन के फायर ऑफिसर मनोज त्यागी ने बताया कि दोपहर 2:40 पर आग की जानकारी मिली थी। मौके पर 9 गाड़ियां मौजूद हैं। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। 1 गाड़ी और कुछ रिक्शा आग की चपेट में आए हैं। आग पर काबू पाने में लगभग 1 घंटे का समय लगा है।
विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं- जनार्दन सिंह सिग्रीवाल
वक्फ संशोधन विधेयक पर भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। हो सकता है कि कुछ लोग वक्फ बोर्ड के माध्यम से भू-पति बन गए हों, उनको पीड़ा हो सकती है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस संपत्ति को उसी समाज के विकास के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें किसी को विरोध करने की जगह नहीं मिलती है।
यह बहुत महत्वपूर्ण बिल- अरुण गोविल
वक्फ संशोधन विधेयक पर भाजपा सांसद अरुण गोविल ने कहा कि यह बहुत महत्वपूर्ण बिल है। सबको पता है कि थोड़ी संवेदनशीलता भी है इसलिए बहुत सोच-समझकर सारी चीजें हुई हैं। सबकुछ संविधान के अंतर्गत हो रहा है।
रक्षा क्षेत्र में बढ़ता सहयोग हमारे गहरे आपसी विश्वास का प्रतीक- PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "रक्षा के क्षेत्र में बढ़ता सहयोग हमारे गहरे आपसी विश्वास का प्रतीक है। हम इस क्षेत्र में एक दूसरे की जरूरतों के अनुसार रक्षा औद्योगिक विनिर्माण और सप्लाई चेन तैयार करने के लिए आगे बढ़ेंगे। वैश्विक स्तर भारत और चिली सहमत है कि सभी तनावों और विवादों का समाधान बातचीत के माध्यम से किया जाना चाहिए।"
वक्फ संशोधन बिल पर निशिकांत दुबे का बयान
BJP नेता निशिकांत दुबे ने वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पर कहा, "इसका(वक्फ संशोधन बिल) हिंदू, मुसलमान या सिख, ईसाई से कोई लेना-देना नहीं है। जब-जब चुनाव हुआ तो कांग्रेस ने केवल मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति करते हुए वक्फ में संशोधन करके मुसलमानों को बरगलाने का प्रयास किया। JPC की 60 बैठकें हो चुकी हैं। आज भी (सदन में)अध्यक्ष ने कहा कि इस पर चर्चा कर लेते हैं। समय को लेकर कोई परेशानी नहीं थी। वे(विपक्ष) मन बनाकर आए थे कि उन्हें केवल मुसलमानों को वोट बैंक समझना है और संदेश देना है इसलिए विपक्ष ने इसका विरोध किया। उनकी बुद्धि पर तरस आता है। वक्फ अच्छा बिल है और इसे पास होना चाहिए।"
प्रयागराज के BSNL कार्यालय परिसर में लगी आग
प्रयागराज के BSNL कार्यालय परिसर के पीछे आग लग गई। दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।
गौरव गोगोई का बयान
वक्फ (संशोधन) विधेयक पर कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने कहा, "हम वॉकआउट करके आए हैं..आज पूरा देश देख रहा है कि किस प्रकार से सदन में लोकतंत्र की आवाज को धीरे-धीरे कुचला जा रहा है।"
MP में शराबबंदी पर विश्वास सारंग का बयान
मध्य प्रदेश सरकार द्वारा धार्मिक शहरों में शराब पर प्रतिबंध लगाने पर राज्य के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कहा, “आज से उज्जैन, ओंकारेश्वर समेत सभी धार्मिक शहरों में शराब पर प्रतिबंध लागू कर दिया गया है... कुल 19 शहरों में यह प्रतिबंध लागू किया गया है क्योंकि वहां पर बड़ी संख्या में देश-विदेश के भक्त आते हैं और वहां पर पूजा करते हैं इसलिए ऐसे स्थानों पर शराब बंदी की घोषणा की है...।”
बरेली में CM योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'स्कूल चलो अभियान' के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "2017 में जब बेसिक शिक्षा परिषद की स्थिति को हमने देखा था तो उस समय बेसिक शिक्षा परिषद की स्थिति बेहद खराब थी। तमाम स्कूल बंदी की कगार पर थे... स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी की बात तो दूर की कौड़ी थी। उत्तर प्रदेश में 2017 में 1 करोड़ 34 लाख बच्चों ने केवल नामांकन करवाया था जिसमें से 60 प्रतिशत बच्चे ऐसे थे जो कभी स्कूल नहीं जाते थे। स्कूल के कायाकल्प होने के बाद उत्तर प्रदेश में आज के दिन पर बीते साल हमने 1 करोड़ 91 लाख बच्चों के अभिभावकों के अकाउंट में 1200 रुपये भेजने का काम किया गया है। बैक, बुक, ड्रेस, आदि अनिवार्य रूप से बच्चों को सरकार द्वारा दिया जाने लगा है और आज बच्चों के मन में आता है कि हां मैं भी इस समाज का नागरिक हूं।"
क्रिकेट खेलते नजर आए CM धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 'इंटर क्रिकेट टूर्नामेंट' के दौरान क्रिकेट खेला।
नोएडा के सेक्टर 18 में इमारत में लगी आग
नोएडा के सेक्टर 18 में स्थित एक इमारत में आग लग गई। दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।
गुजरात में पटाखा फैक्ट्री में लगी आग
गुजरात के बनासकांठा में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में आग लग गई। बनासकांठा की SDM नेहा पांचाल ने बताया, "प्राथमिक सूचना के आधार पर यहां पर ब्लास्ट हुआ था। ब्लास्ट के कारण स्लैप गिर जाने से काफी लोग (फैक्ट्री के) अंदर फंस गए। हमें पास 2 से 3 लोगों की मृत्यु की सूचना मिली है। सभी टीमें यहां पर मौजूद हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। 6 घायलों को अस्पताल भर्ती करवाया गया है।"
वक्फ संशोधन बिल में बहुत सारी खामियां- कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन
वक्फ संशोधन विधेयक पर कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने कहा, "इस बिल को चर्चा का हिस्सा बनने दीजिए और इसमें बहुत सारी खामियां है। जब ये जेपीसी में गया तो जो संशोधन होने चाहिए थे वो नहीं हुए बल्कि और संशोधन हो गए और ये देश जिस तरह से चलता है उसके हिसाब से नहीं है। इस पर जब चर्चा होगी तो बात होगी... ये निश्चित तौर पर देश की धर्मनिरपेक्षता के लिए सही नहीं है।"
रेप के दोषी पादरी बजिंदर सिंह को उम्रकैद
मोहाली कोर्ट ने 2018 के यौन उत्पीड़न मामले में पादरी बजिंदर सिंह को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
नफरत फैलाने के लिए वक्फ बिल ला रही है BJP- संजय सिंह
वक्फ संशोधन विधेयक पर AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, "आप ये बिल क्या देश में नफरत फैलाने, लोगों का ध्यान महंगाई, बेरोजगारी, अशिक्षा, MSP की गारंटी के मुद्दे से हटाने के लिए ला रहे हैं? आप ये बिल क्यों ला रहे हैं? बीजेपी ये बिल देश में नफरत फैलाने के लिए ला रही है इस बिल के पीछे बीजेपी का कोई मकसद नहीं है। आज ये बिल वक्फ के खिलाफ आ रहा है कल ये बिल मंदिर,गुरुद्वारा, चर्च के खिलाफ आएगा।इसलिए इसका समर्थन किसी भी धर्म मानने वाले इंसान को नहीं करना चाहिए।"
CM रेखा गुप्ता ने की जगन्नाथ मंदिर में पूजा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने श्री जगन्नाथ जी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा, "मैं आज अपनी तरफ से और पूरी दिल्ली सरकार की तरफ से दिल्ली में रहने वाले हमारे सभी ओडिया भाई-बहन और उन सभी परिवारों को जो ओडिशा की पृष्ठभूमि से दिल्ली आए और यहां रहते हुए दिल्ली को समृद्ध करने में अपनी पूरी ताकत लगाई, उन सभी को उत्कल दिवस की बहुत-बहुत बधाई और आज मैंने यहां हौज खास के मंदिर में प्रार्थना की कि दिल्ली में और सुख-समृद्धि हो और पीएम मोदी के नेतृत्व में दिल्ली प्रगति के पथ पर आगे बढ़े...मैं एक और खुशखबरी देना चाहूंगी कि दिल्ली सरकार ने फैसला किया है कि आने वाले दिनों में दिल्ली सरकार की ओर से भी ओडिशा पर्व भी बड़ी धूमधाम से मनाई जाएगी.."
हर चीज पर अपना हस्तक्षेप करना चाहती है BJP- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने वक्फ (संशोधन)विधेयक पर कहा, "भाजपा हर जगह हस्तक्षेप करना चाहती है और भाजपा हर चीज पर अपना नियंत्रण करना चाहती है। भाजपा किससे क्या कहलवा दे, किससे क्या करवा दे, यह भाजपा का कमाल है।"
नीतीश कुमार को कांग्रेस के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं- केंद्रीय मंत्री ललन सिंह
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा, “JDU और नीतीश कुमार जी को कांग्रेस के सर्टिफिकेट की कोई जरूरत नहीं है वो अपने गिरेबान में झांक के देखें। उन्होंने इस देश और बिहार में कितने साल शासन किया? उन्होंने मुसलमानों के लिए क्या किया। नीतीश कुमार जी ने पिछले 20 वर्षों में मुसलमानों के हक और उनके उत्थान के लिए जो काम किया है वो देश में आजादी के बाद किसी राज्य में आज तक किसी सरकार ने नहीं किया।”
किरेन रिजिजू के बयान पर इमरान मसूद की प्रतिक्रिया
वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के बयान पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "कहां बहस और चर्चा की बात हो रही है या किस लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का या संसदीय प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है? (सदन में) नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया जा रहा है, माइक बंद कर दिए जाते हैं। सारी संसदीय परंपराओं को ध्वस्त किया जा रहा है। विपक्ष को अपनी आवाज उठाने की अनुमित ही नहीं है।"
वक्फ संशोधन बिल पर क्या बोले गिरिराज सिंह?
वक्फ संशोधन विधेयक पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "सरकार हर बिल को पेश करती है तो वक्फ बिल को भी पेश करेगी। सदन में कोई बिल संविधान के विरोध में नहीं आता है ये कांग्रेस को समझना चाहिए।"
वक्फ संशोधन बिल पर प्रदीप भंडारी का बयान
वक्फ संशोधन विधेयक पर BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, "वक्फ संशोधन विधेयक एक संवैधानिक आवश्यकता है और यह हर समुदाय के बेजुबानों की आवाज है। जो लोग इसे अवैध कहते हैं, ये वही लोग हैं जिन्होंने 2013 में इसमें संशोधन किया था। जो लोग इसे अवैध कहते हैं, ये वही लोग हैं जिन्होंने इसे 1995 में पारित किया था। देश ने प्रधानमंत्री मोदी के 'सबका साथ सबका विकास' को चुना है और तुष्टिकरण को खारिज किया है।"
दिल्ली पहुंचे चिली गणराज्य के राष्ट्रपति
चिली गणराज्य के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक दिल्ली पहुंचे। उन्हें इस दौरान गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट का दिल्ली पहुंचने पर विदेश राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा ने स्वागत किया। गेब्रियल बोरिक फॉन्ट 1-5 अप्रैल तक भारत की 5 दिवसीय यात्रा पर हैं, उनके साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी है।
कठुआ में सुरक्षाबलों का अभियान जारी
जम्मू-कश्मीर के कठुआ के पंजतीर्थी इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी के बाद तलाशी और घेराबंदी अभियान जारी है।
साहिबगंज में 2 मालिगाड़ियों के टकराने से लगी आग, 2 की मौत
साहिबगंज में दो मालगाड़ियों के आपस में टकराने पर भीषण आग लग गई। ललमटिया-फरक्का एमजीआर रेलवे लाइन पर एनटीपीसी की दो मालगाड़ी आपस में टकराई। हादसे में दो लोगों की मौत की खबर है।
गुजरात के गांधीधाम में लगी आग
गुजरात के गांधीधाम के मीठी रोहर के पास लकड़ी के ढेर में आग लग गई।
श्री आद्या कात्यायनी शक्तिपीठ मंदिर में की गई आरती
दिल्ली के छतरपुर के श्री आद्या कात्यायनी शक्तिपीठ मंदिर में नौ दिवसीय चैत्र नवरात्रि उत्सव के तीसरे दिन सुबह की आरती की जा रही है। हिंदू कैलेंडर के अनुसार आज चैत्र नवरात्रि का चौथा दिन 'चतुर्थी' है। आज देवी दुर्गा की माता कुष्मांडा के रूप में पूजा की जाती है।
CM रेखा गुप्ता ने सड़क निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने समयपुर बादली क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा, "यहां पर इस समय रिंग रोड की मरम्मत का काम चल रहा है, मधुबन चौक से मुकबरा चौक तक दोनों तरफ यहां पर पूरी तरह से दो लेयर का काम किया जा रहा है ताकि आने वाले समय में रिंग रोड से गड्ढे खत्म हो सकें और जनता को साफ सुथरी, समतल सड़क मिल सके।"
कठुआ में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी
जम्मू कश्मीर पुलिस ने बताया कि कठुआ के बिलावर इलाके में कल देर रात सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में व्यापक तलाशी और घेराबंदी अभियान शुरू किया। ऑपरेशन अभी भी जारी है।
कमर्शियल गैस सिलेंडर के घटे दाम
तेल विपणन कंपनियों ने कमर्शियल LPG गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव किया है। 19 किलोवाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 41 रुपये की कटौती की गई है। दिल्ली में अब इसकी कीमत घटकर 1762 रुपये हो गई है।