LIVE UPDATES/ अंबेडकर विरोधी है कांग्रेस, मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया- बोले अमित शाह
India News Live: शीतकालीन सत्र के दौरान आज भी लोकसभा-राज्यसभा में हंगामे हुआ। बाबा साहेब अंबेडकर के अपमान को लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी पार्टियां BJP हमलावर हो गई है। दिल्ली में चुनाव से पहले केजरीवाल ने एक और योजना की शुरुआत की। 60 साल के ऊपर के लोगों को मुफ्त इलाज के लिए दिल्ली में संजीवनी योजना की घोषणा की गई है।
- भारत
- 21 min read

India News Live: शीतकालीन सत्र के दौरान आज भी लोकसभा-राज्यसभा में हंगामे हुआ। बाबा साहेब अंबेडकर के अपमान को लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी पार्टियां BJP हमलावर हो गई है। दिल्ली में चुनाव से पहले केजरीवाल ने एक और योजना की शुरुआत की। 60 साल के ऊपर के लोगों को मुफ्त इलाज के लिए दिल्ली में संजीवनी योजना की घोषणा की गई है।
जयपुर के डेंटिंग पेंटिंग की दुकान में लगी आग पर पाया गया काबू
जयपुर में एमआई रोड स्थित डेंटिंग पेंटिंग की दुकान में आग लगने की घटना सामने आई है। कोई जनहानि नहीं हुई है। फायर टेंडर ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना क्रिसमस समारोह में हुए शामिल
भारत के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के क्रिसमस समारोह कार्यक्रम में शामिल हुए।
Advertisement
कल विरोध प्रदर्शन कर शाह के इस्तीफे की मांग करेगी कांग्रेस
कांग्रेस पार्टी कल देश भर में सभी PCC, राज्य और जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन करेगी और BR अंबेडकर पर उनकी टिप्पणी को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करेगी।
जयपुर के डेंटिंग पेंटिंग की दुकान में लगी आग
राजस्थान के जयपुर में एमआई रोड स्थित डेंटिंग पेंटिंग की दुकान में आग लगने की घटना सामने आई है। कोई जनहानि नहीं हुई है। फायर टेंडर ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
Advertisement
मुंबई नाव दुर्घटना पर राष्ट्रपति ने जताया शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुंबई नाव दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया।
जेपीसी में राज्यसभा से 10 सदस्य लोकसभा से 21 सदस्य होंगे शामिल
'एक राष्ट्र एक चुनाव' के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) में राज्यसभा से 10 सदस्य और लोकसभा से 21 सदस्य शामिल होंगे।
प्रियंका गांधी वाड्रा, मनीष तिवारी, धर्मेंद्र यादव, कल्याण बनर्जी, सुप्रिया सुले, श्रीकांत एकनाथ शिंदे, संबित पात्रा, अनिल बलूनी, अनुराग सिंह ठाकुर को जेपीसी के सदस्य के रूप में नामित किया गया।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव समिति की घोषणा
दिल्ली भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए राज्य चुनाव समिति की घोषणा की।
UCC की नियमावली शासन को दे दी गई- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "UCC ड्राफ्ट कमेटी के द्वारा 18 अक्तूबर को UCC की नियमावली शासन को दे दी गई है। उसपर कार्यवाही गतिमान है। विधि विभाग, विधायी और न्याय विभाग के द्वारा उसका परीक्षण कर लिया गया है। हमने तय किया है कि जनवरी 2025 तक सभी प्रकार की तैयारियां पूरी हो जाएंगे और हम इसे लागू कर देंगे।"
बीजेपी पर हमलावर हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह
हिमाचल प्रदेश शीतकालीन सत्र पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा, "आज भाजपा ने नियम 67 के तहत काम रोको प्रस्ताव लाया। वे भ्रष्टाचार पर चर्चा चाहते थे। विडंबना है कि भ्रष्टाचार पर चर्चा के समय नेता प्रतिपक्ष सदन में उपस्थित ही नहीं थे... इससे उनकी गंभीरता नजर आती है...।"
मुंबई नाव दुर्घटना में 13 की मौत- सीएम फडणवीस
मुंबई नाव दुर्घटना पर महाराष्ट्र CM देवेंद्र फडणवीस ने जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर करीब 3.55 बजे नौसेना की एक नाव नीलकमल नाम के यात्री जहाज से टकरा गई। 101 लोगों को बचाया गया है और 13 लोगों की मौत हो गई है।
कांग्रेस का आने वाले समय में सूपड़ा साफ हो जाएगा- नायब सैनी
हरियाणा CM नायब सिंह सैनी ने कहा, "कांग्रेस हर अच्छे काम का विरोध करती है। 'एक देश एक चुनाव' से हमारा समय बचेगा, खर्चा भी बचेगा और देश तेज गति से आगे बढ़ेगा। कांग्रेस का आने वाले समय में सूपड़ा साफ हो जाएगा..."
बीड़ी के काम से जुड़े लोगों के स्वास्थ्य पर हुई चर्चा- मंडाविया
केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा, "1 करोड़ लोग बीड़ी के काम से जुड़े हैं। इन लोगों का स्वास्थ्य कैसे ठीक रहे, उन्हें बीमारियों से मुक्ति कैसे मिले, इस संबंध में सरकार के द्वारा काम हो रहा है। उन्हें अच्छा वेतन मिले। आज के कार्यक्रम में इन सभी विषयों पर चर्चा हुई है।"
अमित शाह संग बैठक पर बोले सीएम अब्दुल्ला
केंद्रीय गृह मंत्री के साथ बैठक की खबरों पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, "मेरी कोई बैठक नहीं है। अगर कोई बैठक होगी तो आपको पता चल जाएगा। बहुत सारे मुद्दे हैं जिन पर गृह मंत्री के साथ बात करनी है। जम्मू-कश्मीर अभी एक केंद्र शासित प्रदेश है, हम राज्य के दर्जे की उम्मीद कर रहे हैं..."
EVM पर उन्होंने कहा, "अगर किसी को EVM के बारे में शिकायत है तो पूरे साल रहनी चाहिए। वो शिकायत सिर्फ तब जाहिर नहीं हो सकती जब आप हार जाते हैं...अगर EVM नहीं तो क्या?"
कांग्रेस की सत्ता में बाबा साहेब का कोई स्मारक नहीं बना- शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "...एक सर्वदलीय मंत्रिमंडल पहली देश की कैबिनेट बनी जिसमें बाबा साहेब अंबेडकर भी सदस्य थे, नेहरू जी प्रधानमंत्री थे। नेहरू जी की किताब 'सेलेक्टेड वर्क्स ऑफ जवाहरलाल नेहरू' में एक और उल्लेख आता है। नेहरू जी के आश्वासन के बावजूद भीम राव अंबेडकर को कोई महत्वपूर्ण विभाग नहीं दिया गया... एक ओर कांग्रेस पार्टी है। जब तक कांग्रेस सत्ता में रही बाबा साहेब अंबेडकर का कोई स्मारक नहीं बना। जहां-जहां विपक्ष की सरकारें आती गईं, स्मारक बनते गए। भाजपा की सरकारों ने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने बाबा साहेब के जीवन से संबंधित पंचतीर्थ का विकास किया, मध्य प्रदेश में महू, लंदन में डॉ॰ भीमराव रामजी आंबेडकर स्मारक, नागपुर में दीक्षाभूमि, दिल्ली में राष्ट्रीय स्मारक और महाराष्ट्र के मुंबई में चैत्रभूमि का विकास करने का काम भाजपा की सरकारों ने किया। 19 नवंबर 2015 को पीएम मोदी ने अंबेडकर जी के सम्मान में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में घोषित किया... "
अंबेडकर के प्रति नेहरू की नफरत जगजाहिर- शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "...जब संसद में चर्चा चल रही थी, तो यह साबित हो गया कि कांग्रेस ने किस तरह बाबा साहेब अंबेडकर का विरोध किया। किस तरह कांग्रेस ने बाबा साहेब की मृत्यु के बाद भी उनका मजाक उड़ाने की कोशिश की... जहां तक भारत रत्न देने की बात है, कांग्रेस के नेताओं ने कई बार खुद को भारत रत्न दिया है। नेहरू जी ने 1955 में खुद को भारत रत्न दिया, इंदिरा गांधी ने 1971 में खुद को भारत रत्न दिया और बाबा साहेब को 1990 में भारत रत्न मिला, जब कांग्रेस पार्टी सत्ता में नहीं थी और भारतीय जनता पार्टी द्वारा समर्थित सरकार थी... अंबेडकर के प्रति नेहरू की नफरत जगजाहिर है..."
मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया- शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "जब लोकसभा और राज्यसभा में पक्ष और विपक्ष होते हैं तो दलों, वक्ताओं का नजरिया अलग-अलग होता है। लेकिन एक बात समान होती है कि बात तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए। कल से कांग्रेस ने जिस प्रकार तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर रखने का प्रयास किया है वो निंदनीय है। मैं इसकी निंदा करता हूं..."
बाबासाहेब के बारे में अमित शाह को बहुत सम्मान- रामदास अठावले
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, "अमित शाह का कहने का मतलब था कि कांग्रेस ने बाबासाहेब अंबेडकर को 2 बार हराया था। कांग्रेस के कारण ही उन्हें मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ा था। ये बाबासाहेब को अपमानित करने वाले लोग हैं। लेकिन फिर भी अंबेडकर-अंबेडकर करते रहते हैं। बाबासाहेब के बारे में अमित शाह को बहुत सम्मान है। उन्होंने बाबासाहेब का अपमान करने वाली कांग्रेस को जवाब देने का काम किया था।"
पीएम मोदी ने शाह का बचाव किया- खड़गे
संविधान पर बहस के दौरान राज्यसभा में केंद्रीय गृह मंत्री के भाषण पर राज्यसभा के विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "...ये लोग संविधान को नहीं मानते... PM मोदी ने अमित शाह का बचाव करने के लिए 6 ट्वीट किए। क्या जरूरत थी? अगर कोई बी.आर. अंबेडकर के बारे में गलत बोलता है तो उसे कैबिनेट से निकाल देना चाहिए था, लेकिन दोनों बहुत गहरे दोस्त हैं और एक-दूसरे के पापों का समर्थन कर रहे हैं।''
शाह ने बाबा साहेब का अपमान किया- केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, ''देश के करोड़ों दलितों और वंचित वर्गों के लिए बाबा साहेब अंबेडकर भगवान से कम नहीं हैं... करोड़ों वंचित लोग आज इसलिए जिंदा हैं क्योंकि बाबा साहेब अंबेडकर ने संविधान में उन्हें जीने का और रहने का अधिकार दिया। जिस तरह से अमित शाह ने बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान किया है, उससे करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। मैं बाबा साहेब अंबेडकर को अपना आदर्श मानता हूं और उनके दिखाए रास्ते पर चलने की कोशिश करता हूं... मार्गदर्शन के लिए मैं उनकी जीवनी पढ़ता हूं। उनका संघर्ष हमारा मार्गदर्शन करता है... जिस तरह से PM मोदी अमित शाह के समर्थन में उतर आए हैं, ऐसा लग रहा है कि अमित शाह ने जो कहा वो भाजपा की सोची समझी रणनीति थी... हम इसकी निंदा करते हैं... हम मांग करते हैं कि अमित शाह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए... हम इस संदेश को देश के कोने-कोने में लेकर जाएंगे... हम दिल्ली चुनाव में दिल्ली के घर-घर में इसे लेकर जाएंगे..."
कांग्रेस जानबूझकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही- रवि शंकर
भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने राज्यसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भाषण को लेकर विपक्ष के विरोध पर कहा, "कांग्रेस देश में जानबूझकर बेबुनियाद भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा भारत रत्न डॉ. भीम राव अंबेडकर का अपमान किया... नेहरू जी के समय की सारी बातें रिकॉर्ड पर हैं... आज अमित शाह ने विस्तार से राज्यसभा के भाषण में इनके(कांग्रेस) द्वारा भीम राव अंबेडकर के खिलाफ चलाए गए षड्यंत्र का पर्दाफाश किया है... कांग्रेस पार्टी ने सदा डॉ. भीम राव अंबेडकर का अपमान किया है... कांग्रेस पार्टी का चेहरा बेनकाब हो गया है इसलिए वे लोग गुस्से में हैं और अमित शाह के पूरे वक्तव्य को तोड़-मरोड़कर उसका मिथ्याकरण कर रहे हैं..."
संजीवनी योजना के ऐलान पर बीजेपी सांसद ने उठाए सवाल!
संजीवनी योजना की घोषणा पर भाजपा सांसद कमलजीत सेहरावत ने कहा, "अरविंद केजरीवाल से मेरा सवाल है कि 10 साल से आप दिल्ली की सत्ता में हैं, बुजुर्गों को दी जाने वाली समाज कल्याण की पेंशन को क्या आपने लागू किया? केंद्र सरकार दिल्ली में आयुष्मान कार्ड लागू कर रही थी, क्या आपने उसे लागू करने दिया? जब पिछले 10 साल में आपने अपने किए हुए वादे और सरकारी सहायता को इन बुजुर्गों को मिलने नहीं दिया तो क्या दिल्ली की जनता अब आप पर विश्वास कर लेगी?... आपने इनके आशीर्वाद का मजाक बना दिया। दिल्ली की जनता को आज त्राहिमाम कर दिया है..."
पुलिस हिरासत में लिए गए कांग्रेस कार्यकर्ता
कोलकाता, पश्चिम बंगाल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राज्यसभा में भारत रत्न बीआर अंबेडकर पर दिए गए बयान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
कांग्रेस का चेहरा बेनकाब हुआ है- अनुराग ठाकुर
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राज्यसभा भाषण के खिलाफ विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन पर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, "अंबेडकर जी की सोच थी कि SC-ST और OBC को आगे लाना है, उन्हें उनका हक दिलाना है। उसका लगातार विरोध करती रही तो कांग्रेस पार्टी करती रही...जो नेहरू जी अंबेडकर जी को हराने के लिए प्रचार-प्रसार करने स्वयं पहुंचे थे आज उन्हीं की चौथी पीढ़ी को अंबेडकर जी की फोटो लेकर उतरना पड़ा क्योंकि अमित शाह ने कांग्रेस का काला चिट्ठा खोलने का काम किया है...कांग्रेस की तीनों पीढ़ी की सरकारों में भी भीम राव अंबेडकर को भारत रत्न देने का काम नहीं किया गया था... कांग्रेस का चेहरा बेनकाब हुआ है..."
कांग्रेस केवल दिखावा कर रही है- चिराग पासवान
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राज्यसभा भाषण के खिलाफ विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "कांग्रेस आज बाबा साहेब के सम्मान को लेकर चिंता जता रही है, ये वही कांग्रेस है जिसने बाबा साहेब अंबेडकर के रहते हुए उन्हें सम्मान देना जरूरी नहीं समझा। दशकों तक उनकी एक तस्वीर तक भारत की संसद में लगाना कांग्रेस ने जरूरी नहीं समझा... बाबा साहेब के सम्मान में भारत रत्न देना भी उन लोगों ने जरूरी नहीं समझा। आज कांग्रेस केवल एक प्रतिस्पर्धा में है, क्यों? क्योंकि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र की NDA सरकार ने भीम राव अंबेडकर के जीवन से जुड़े प्रमुख पलों को विकसित कर उन्हें चिन्हित करने का काम किया है... जब तक कांग्रेस सत्ता में रही उन्होंने बाबा साहेब का नाम लेना तो दूर की बात है उनके नाम को भुलाने का काम किया। आज उसी कांग्रेस पार्टी को बाबा साहेब के सम्मान की चिंता हो रही है?... कांग्रेस केवल दिखावा कर रही है।"
वन नेशन-वन इलेक्शन पर CM सैनी का बयान
'एक राष्ट्र एक चुनाव' विधेयक पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, "प्रधानमंत्री जी का विज़न और सोच है कि भारत विकसित राष्ट्र बने। हम लगातार समस्याओं में ही उलझे रहते हैं कि कभी पंचायत, कभी नगर पालिका, कभी विधायिका या कभी संसद का चुनाव है। इन्हीं चुनावों के अंदर समय और पैसा बर्बाद होता था। वन नेशन वन इलेक्शन का जो बिल पीएम मोदी लाए हैं उसकी मैं प्रशंसा करता हूं। इससे खर्चा भी कम होगा, समय भी बचेगा..."
अमित शाह के बयान की निंदा करते हैं- तेजस्वी यादव
राज्यसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भाषण पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "गृह मंत्री अमित शाह ने बाबा साहेब अंबेडकर को लेकर जो बयान दिया है उसकी हम लोग कड़ी निंदा करते हैं। यह दर्शाता है कि बाबा साहेब अंबेडकर को लेकर उनकी मानसिकता क्या है। इस देश के महापुरुषों का अपमान करना ही भाजपा के लोगों का काम बन गया है। किसी भी कीमत पर हम बाबा साहेब अंबेडकर को अपमानित नहीं होने देंगे। इसकी जितनी भी निंदा की जाए वो कम है।"
अमित शाह ने बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान किया- खरगे
संविधान पर बहस के दौरान राज्यसभा में केंद्रीय गृह मंत्री के भाषण पर राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "उन्होंने बाबा साहेब अंबेडकर और संविधान का अपमान किया है। मनुस्मृति और RSS की उनकी विचारधारा यह स्पष्ट करती है कि वह बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान का सम्मान नहीं करना चाहते हैं। हम इसकी निंदा करते हैं और उनके इस्तीफे की मांग करते हैं। उन्हें देश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।"
BJP अंबेडकर की विचारधारा से पूरी विपरीत पार्टी है- पप्पू यादव
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, "वोट की राजनीति नहीं होती तो भाजपा इस जन्म में तो क्या 7 जन्म में भी अंबेडकर का सम्मान नहीं करती। आरक्षण सबसे महत्वपूर्ण है। जो लोग राजनीति करते हैं उनसे मेरा कहना है कि आप प्रतिमा ना बनवाएं बल्कि UPSC, BPSC, SSC में आरक्षण के द्वारा जो अधिकार प्राप्त हैं उन्हें अच्छे से लागू करवाएं। सारी सीटें खाली रह जाती हैं। 2003 में अटल बिहारी वाजपेयी जो बिल लाए थे उसे याद कीजिए। उस बिल के कारण करोड़ों दलित व्यक्तियों का जीवन केवल इस बात के आगे-पीछे है कि क्या वे हिंदुस्तान के हैं? अलग-अलग राज्यों में नागरिकता की स्थिति अलग है। यह(भाजपा) अंबेडकर की विचारधारा से पूरी विपरीत पार्टी है। यदि हमें लोकतंत्र की आजादी मिली है तो वो अंबेडकर की देन है।"
राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित
हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्यवाही भी दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
अमित शाह के भाषण के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित विपक्षी सांसदों ने कल संविधान पर बहस के दौरान राज्यसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भाषण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सांसदों का आरोप है कि केंद्रीय गृह मंत्री ने कल अपने भाषण में डॉ. बीआर अंबेडकर का अपमान किया।
लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित कर दी गई है। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने लोकसभा में भारी हंगामा किया, जिसके चलते इसे स्थगित कर दिया गया।
फ्लॉप होगा कांग्रेस का प्रदर्शन- ब्रजेश पाठक
UP कांग्रेस द्वारा विधानसभा में 'घेराव' का आह्वान करने पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "कांग्रेस का प्रदर्शन पूरी तरह से फ्लॉप साबित होगा। उनके नेता और कार्यकर्ता दिशाहीन हैं। प्रदेश चतुर्मुखी विकास की ओर तेजी के साथ अग्रसर है और हर क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुआ है। वे केवल अखबार की सुर्खियां के लिए ये सब कर रहे हैं।"
वन नेशन-वन इलेक्शन का हमने विरोध किया है- संजय राउत
'एक राष्ट्र एक चुनाव' पर शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा, "हमने इसका विरोध किया है, हमारे देश का जो संघीय संरचना है उसको खत्म करने की ये कोशिश है। पूरे एक व्यक्ति के हाथ में पूरे देश और राज्य की सत्ता रहे उसके लिए ये बिल लाया गया है लेकिन जिस व्यक्ति के लिए ये बिल लाया जा रहा है वह अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी। बीजेपी के बैंक खाते में 10,000 करोड़ रुपए कहां से आए? पहले इसका हिसाब दीजिए फिर खर्चे की बात करिए। चुनाव में सबसे ज्यादा खर्च करने वाली पार्टी बीजेपी है।"
कांग्रेस कार्यालय के बाहर एकत्र हुए कार्यकर्ता
यूपी कांग्रेस द्वारा विधानसभा में 'घेराव' का आह्वान करने पर पार्टी के कार्यकर्ता लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय के बाहर एकत्र हुए।
'वन नेशन-वन इलेक्शन' पर सिंधिया का बयान
'एक राष्ट्र एक चुनाव' पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, "ये सरकार का नहीं है बल्कि ये देश की जनता की इच्छा है। आपको और हमें कितनी बार इस बात का सामना करना पड़ता है कि हर महीने कहीं न कहीं चुनाव होता है, हर महीने कहीं न कहीं आचार संहिता लागू होती है। लोगों की आशा और इच्छा है कि पैसे की इस बर्बादी को रोका जाएष प्रधानमंत्री देश की जनता की आशाओं और आकांक्षाओं को साकार करने के लिए काम कर रहे हैं। चाहे धारा 370 हटाने का मामला हो, चाहे 'वन नेशन, वन राशन कार्ड' का मामला हो, चाहे संसद में महिला आरक्षण का मामला हो या फिर 'वन नेशन, वन इलेक्शन' का मामला हो। प्रधानमंत्री ऐसी नींव रख रहे हैं कि आने वाली कई पीढ़ियां इस कार्यकाल को याद रखेंगी। देश को एक मोड़ से तेजी से आगे ले जाने की विचारधारा पूरे विश्व के लिए एक उदाहरण बनी रहेगी।”
दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक हम पंजाब में रेल रोकेंगे- किसान नेता
किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा, "आज दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक हम पंजाब में रेल रोकेंगे। मैं अमृतसर के देवी दासपुरा में रहूंगा (विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लूंगा)। हम सभी पंजाबियों को सभी रेल क्रॉसिंग और रेलवे स्टेशनों पर 'रेल रोको' करने के लिए आमंत्रित करते हैं। गुरु रंधावा जैसे कई गायक विरोध का समर्थन कर रहे हैं।”
घने कोहरे की चपेट में दिल्ली
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के कुछ हिस्सों में कोहरे की परत छाई हुई है और न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा।
कठुआ में एक घर में लगी आग, 6 की मौत
जम्मू-कश्मीर: कठुआ के शिव नगर के एक घर में आग लगने से 6 की मौत हो गई और चार घायल हो गए। कठुआ जीएमसी प्रिंसिपल एसके अत्री ने कहा, "एक सेवानिवृत्त सहायक मैट्रन के किराये के मकान में आग लग गई। 10 लोगों में से 6 को मृत लाया गया और उनमें से 4 घायल थे। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि मौत का कारण दम घुटना है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को रिलीज किया जाएगा।"
पंजाब में आज ट्रेन रोकेंगे किसान
किसानों ने आज 18 दिसंबर को रेल रोको आंदोलन का ऐलान किया है। किसान अपनी मांगों को लेकर पंजाब के 23 जगहों पर ट्रेनों को रोकेंगे। इस दौरान किसान पंजाब के सभी बड़ी स्टेशनों पर इकट्ठा होंगे और दोपहर 12 बजे से लेकर 3 बजे तक ट्रेन ट्रैक को पूरी तरह जाम करेंगे।
कांग्रेस करेगी यूपी विधानसभा का घेराव
आज योगी सरकार के खिलाफ कांग्रेस यूपी विधानसभा घेराव करेगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय, प्रदेश के नेता और प्रदेशभर के कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे। इसके मद्देनजर लखनऊ कांग्रेस कार्यालय के पास सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।