'वोट के लिए कांग्रेस-सपा ने जो किया इसका बदला सनातन लेगा, इस अपराध की माफी...', साधु बनकर संसद पहुंचे पप्पू यादव तो विपक्ष पर बरसे गिरिराज सिंह
पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में संसद परिसर में पहुंचने पर BJP के साथ साधु-संतों ने भी नाराजगी जताई है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्षी सांसदों पर बरसते हुए कहा, 'कांग्रेस-सपा ने जो किया इसका बदला सनातन लेगा'।
- भारत
- 3 min read

अयोध्या राम मंदिर से हुए कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर विपक्षी दलों ने शुक्रवार को संसद परिसर में सांकेतिक प्रदर्शन कर केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश की। इस दौरान विपक्षी सांसदों ने एक नाटक के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया, जिसने परिसर में लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मगर विपक्षी सांसदों के इस ड्रामा पर अब साधु संतों और BJP नेताओं की प्रतिक्रिया आ रही है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्षी सांसदों के विरोध दर्ज कराने के इस तरीके पर कड़ा एतराज जताते हुए कहा है कि सनातन इसका बदला जरूर लेगा।
पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में संसद परिसर में नजर आए। वो भगवा वस्त्र पहनकर जमीन पर बैठ गए। वहां एक दान पेटी रखी गई, जिसमें सांकेतिक रूप से चंदा इकट्ठा करते हुए दिखाया गया।लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई विपक्षी सांसदों को चढ़ावा चढ़ाते दिखाया गया। यह प्रदर्शन संसद भवन के मकर द्वार पर हुआ। अब इस प्रदर्शन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सनातन को बदनाम करने की कोशिश- गिरिराज सिंह
राम मंदिर के चंदे में कथित हेराफेरी के मामले को लेकर संसद के बाहर विपक्ष के विरोध पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "आज इसी मकर द्वार पर जो घटना घटी है, कांग्रेस-सपा ने पप्पू यादव को संत बनाकर उन्हें चंदा चोर बताया है। वो भी उन्हें(पप्पू यादव को) 'भगवा ड्रेस' पहनाकर। ये दुर्भाग्य है। कांग्रेस और सपा ने वोटों के खातिर जो सनातन को बदनाम करने का प्रयास किया है, इसका बदला लिया जाएगा। यह एक ऐसा अपराध है कि हम उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे।"
साधु बनकर संसद पहुंचे पप्पू यादव
संसद परिसर के बाहर मकर द्वार पर विपक्षी सांसदों ने जमकर नारेबाजी भी की है। प्रदर्शन के दौरान सांसद पप्पू यादव को चढ़ावा देते नजर आए। इसके बाद कुछ सांसद सांकेतिक तौर पर चढ़ावा की छीना-झपटी करने लगे। प्रदर्शन में अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद भी शामिल हुए। डिंपल यादव भी प्रदर्शन करती नजर आई।
Advertisement
डिंपल यादव ने क्या कहा?
डिंपल यादव ने कहा, "हमारा मकसद लोगों को यह बताना है कि कैसे BJP और उसके सहयोगियों ने कथित तौर पर यह मान लिया था कि वे भगवान राम के नाम पर आने वाले पैसे की चोरी जारी रख सकते हैं- चाहे वह चढ़ावे, चंदे, गुमनाम योगदान या CCTV से जुड़ी हेराफेरी के जरिए हो। हम इस बात को जनता के सामने लाना चाहते हैं।"