ट्रेन हाईजैक के बाद पाकिस्तानी सेना का दावा, सभी बंधकों को छुड़ाया; सभी विद्रोही ढेर
India News: पाकिस्तान ट्रेन हाईजैक पर बड़ा अपडेट आया है। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी की ओर से बंधक बनाए गए 155 यात्रियों को अबतक छुड़ा लिया गया। वहीं, BLA ने 30 पाकिस्तानी सैनिकों को मारे जाने का दावा किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मॉरीशस दौरे का दूसरा दिन है। वो आज मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में बतौर चीफ गेस्ट शामिल हुए। दिल्ली में NDMA की बड़ी बैठक होगी।
- भारत
- 15 min read

India News: पाकिस्तान में मंगलवार को बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक कर 214 यात्रियों को बंधक बना लिया। अबतक 155 यात्रियों को छुड़ाया जा चुका है। बाकियों की रिहाई के लिए ऑपरेशन जारी है। BLA ने 30 पाकिस्तानी सैनिकों को मारने का दावा किया और अपनी शर्तें मनवाने के लिए 48 घंटों का समय दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मॉरीशस दौरे का आज दूसरा दिन है। उन्होंने यहां मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण का आज तीसरा दिन है। दिल्ली में डिजास्टर मैनेजमेंट को लेकर LG ने बड़ी बैठक बुलाई है।
दिल्ली पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय मॉरीशस राजकीय दौरे के बाद पोर्ट लुईस से वापस भारत लौट आए हैं। भारत और मॉरीशस के बीच समुद्री सुरक्षा एवं स्थानीय मुद्राओं में व्यापार को बढ़ावा देने सहित कई क्षेत्रों में 8 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं।
छत्तीसगढ़ नक्सलवादी आत्मसमर्पण नीति 2025 को मिली मंजूरी
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया, "राज्य में नक्सलवाद की समस्या के समाधान के लिए छत्तीसगढ़ नक्सलवादी आत्मसमर्पण पीड़ित राहत एवं पुनर्वास नीति 2025 को राज्य कैबिनेट ने मंजूरी प्रदान की है। इस नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को आर्थिक सहायता, पुनर्वास, शिक्षा, सुरक्षा जैसी सुविधाओं का प्रावधान किया गया है।"
Advertisement
दिल्ली में होली पर मंत्री पंकज सिंह ने की बैठक
होली की तैयारियों को लेकर दिल्ली सरकार के मंत्री पंकज सिंह ने कहा, “होली के त्योहार के मद्देनजर आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने के लिए मैंने बैठक ली भी है। दिल्ली सरकार के अस्पताल मुस्तैद हैं, अगर कोई भी अप्रिय घटना होती है तो हमारे डॉक्टर तैयार हैं। मैंने अस्पतालों का दौरा भी किया है।”
जवाहर सिंह बेढम विधानसभा सत्र पर क्या बोले?
राजस्थान सरकार के मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने राजस्थान विधानसभा सत्र 2025 पर कहा, "नेता प्रतिपक्ष ने आज सदन में कोई भी तार्किक बात नहीं रखी। दूसरी तरफ राजस्थान CM ने राजस्थान के लोगों के उत्थान के लिए योजनाओं की झड़ी लगा दी।सरकार ने युवाओं के लिए भर्तियों की घोषणा करके उनके भविष्य के उत्थान का काम किया है।"
Advertisement
हरियाणा निकाय चुनाव में भाजपा की जीत पर पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, "हरियाणा निकाय चुनाव में भाजपा को मिली ऐतिहासिक विजय के लिए हरियाणा के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार। यह जीत राज्य में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही सरकार के विकास कार्यों के प्रति जनता-जनार्दन के अटूट विश्वास की अभिव्यक्ति है। मैं प्रदेश के लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि हम उनकी उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ने वाले हैं। इस महाविजय में पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम की बड़ी भूमिका रही है, जिसके लिए मैं उनकी हृदय से सराहना करता हूं।"
बृजभूषण शरण सिंह को लेकर पूर्व पहलवान विनेश फोगाट का बयान
पूर्व पहलवान और कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने कहा, "दुख की बात है कि संघर्ष करते हुए 2 साल से ज्यादा हो गए हैं। बृजभूषण शरण सिंह के साथ सरकार किस तरह की लुका-छिपी खेल रही थी, यह सब के सामने आ गया है। हमारा संघर्ष अभी भी जारी है। वर्तमान WFI प्रमुख भी पिछले प्रमुख(बृजभूषण शरण सिंह) का डमी है।"
प्रवेश वर्मा ने वीके सक्सेना से की मुलाकात
दिल्ली बजट को लेकर उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात के बाद रवाना होते समय दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा, "आगामी बजट पर चर्चा हुई है। बहुत से पहलुओं पर चर्चा हुई है। बजट अच्छा होगा।"
होली समारोह में शामिल हुए सीएम धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "आज अजय टम्टा द्वारा यहां एक सुंदर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोग एक-दूसरे से मिले...मैं अजय टम्टा को इस आयोजन के लिए बधाई देता हूं।" होली और जुम्मा एक ही दिन पड़ने पर उन्होंने कहा, "हमारा राज्य ऐसा है जहां लोग प्यार से रहते हैं। लोगों में भाईचारा और प्यार है। सभी अपना त्योहार मनाएंगे। कहीं कोई समस्या नहीं होगी...जो लोग कानून-व्यवस्था में विश्वास करते हैं, वे कभी किसी को परेशान नहीं करेंगे।"
खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2025 का आयोजन
केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2025 के आयोजन पर कहा, "आज गुलमर्ग में खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2025 का समापन हुआ। ये 5वें विंटर गेम्स आयोजित किए गए जिसमें 750 से ज्यादा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। देश को कोने-कोने से लोग आए थे, उत्साह का माहौल था। आने वाले समय में कश्मीर खेल क्षेत्र में कैसे आगे बढ़े, इस दिशा में प्रयास किया जाएगा।"
वक्फ संशोधन विधेयक 2024 की रिपोर्ट पर जगदंबिका पाल का बयान
वक्फ संशोधन विधेयक 2024 की रिपोर्ट पर जेपीसी के अध्यक्ष और भाजपा नेता जगदंबिका पाल ने कहा, "JPC की रिपोर्ट का सभी स्वागत कर रहे हैं, बहुत अच्छा एक्ट आएगा। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) के लोग अब सिर्फ विरोध के लिए विरोध कर रहे हैं। हमारी रिपोर्ट की ऐसी कौन सी बात है जिसे लेकर इनके मन में शंका है। रिपोर्ट पढ़ लेंगे तो सारी समस्याओं का समाधान हो जाएगा।"
संभल विवाद पर क्या बोले सपा सांसद जिया उर रहमान बर्क?
समाजवादी पार्टी के सांसद जिया उर रहमान बर्क ने कहा, "संभल में किसी भी धार्मिक स्थल पर या किसी व्यक्ति की जगह पर किसी प्रकार का कब्जा नहीं किया गया है। मुख्यमंत्री को गलत जानकारी दी जा रही है और वे उसपर भरोसा कर रहे हैं। संभल में पिछले 30 साल से कोई दंगा नहीं हुआ। राजनीति से हटकर हमें प्रदेश और देश की प्रगति पर ध्यान देना होगा। ये तभी संभव होगा जब सभी धर्मों के लोग मिलकर रहेंगे।"
राबड़ी देवी से शांभवी चौधरी ने पूछे तीखे सवाल
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और RJD नेता राबड़ी देवी के बयान पर LJP (रामविलास) सांसद शांभवी चौधरी ने कहा, "वो बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री रह चुकी हैं और उन्हें अपने शब्दों का चयन सोच-समझकर करना चाहिए...इस तरह की असंसदीय भाषा किसी को शोभा नहीं देती...मेरा उनसे सवाल है कि उन्होंने महिलाओं के लिए क्या किया?...उन्होंने(नीतीश कुमार) किसी भी तरह से महिलाओं को अपमानित नहीं किया है..."
राजीव रंजन का तेजस्वी यादव पर पलटवार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर RJD नेता तेजस्वी यादव के बयान पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा, "उन्हें कुछ ज्ञान नहीं है...जब नीतीश कुमार NDA का हिस्सा थे, तब वे मुख्यमंत्री थे। यह केवल गठबंधन था जो बदला, सरकार नहीं बदली थी। पहले भी नीतीश कुमार की सरकार थी और बाद में भी। नीतीश कुमार ने दो बार गठबंधन बदला और उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा कि उन्होंने गठबंधन बदलकर भूल की...केवल गठबंधन बदला था। क्या उससे पहले नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं थे?...तेजस्वी यादव सपने देख रहे हैं..."
होली समयसीमा में नहीं बंध सकती है: एसपी सिंह बघेल
दरभंगा मेयर अंजुम आरा के बयान पर केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा, "...कोई कुछ भी कहे, होली समयसीमा में नहीं बंध सकती है...इसका एकमात्र समाधान असामाजिक तत्वों पर नजर रखना है। लोगों को एक-दूसरे के धर्म और त्योहारों का सम्मान करना चाहिए..."
होली और नमाज को लेकर नोएडा के DCP क्या बोले?
नोएडा के DCP राम बदन सिंह ने बताया, "इस बार होली की संवेदनशीलता थोड़ी बढ़ गई है क्योंकि जिस दिन रंग खेला जाएगा, उसी दिन जुम्मे की नमाज भी है और इसी को देखते हुए फ्लैग मार्च किया गया है...अराजक तत्वों पर कार्रवाई लगातार जारी है और हमने पर्याप्त फोर्स लगाई है।"
मॉरीशस से भारत के लिए रवाना हुए पीएम मोदी
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मॉरीशस दौरे से भारत के लिए रवाना हो गए हैं।
सपा सांसद अवधेश प्रसाद का बयान
समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, "सभी को होली की शुभकामनाएं... उम्मीद करता हूं कि सभी लोग इसे एक साथ मिलकर मनाएंगे... जिन लोगों ने इस पर विवाद खड़ा किया है, यह बेबुनियाद विवाद है। भाजपा के लोग, डबल इंजन सरकार के लोग नई-नई बातें करके देश को भ्रमित करना चाहते हैं ताकि आज की बेरोजगारी, महंगाई, कानून व्यवस्था जैसी समस्याओं पर चर्चा न हो... पहले भी दो समुदायों के त्योहार एक साथ आए हैं और लोगों ने इसे अच्छे तरीके से मनाया है। इसे शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है..."
बजट में गरीबों, किसानों समेत सबकी बात की गई- MP सरकार के मंत्री
मध्य प्रदेश के बजट पर मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा, "बजट में गरीबों, किसानों समेत सबकी बात की गई है, यह सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला बजट है। मध्य प्रदेश पर्यटन की दृष्टि से कैसे आगे बढ़े, इस पर हमने अभी से तैयारी शुरू कर दी है... यह अपने आप में अच्छा बजट है, यह मध्य प्रदेश को आगे ले जाने वाला बजट है।"
हरियाणा नगर निगम चुनाव में BJP की जीत पर क्या बोले CM सैनी?
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत पर कहा, "आज आए स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों में हरियाणा की जनता ने ट्रिपल इंजन की सरकार पर अपनी मुहर लगा दी है। मैं हरियाणा की जनता का तहे दिल से धन्यवाद करता हूं। चुनाव आयोग और सभी अधिकारियों को शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न कराने के लिए धन्यवाद देता हूं... प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित राष्ट्र का जो सपना देखा है, उसमें हमारी स्थानीय निकाय सरकार, ये ट्रिपल इंजन सरकार एक मजबूत भूमिका निभाएगी..."
दरभंगा मेयर ने बयान पर मांगी माफी
अपने बयान 'जुमे की नमाज के लिए होली खेलने पर थोड़ी देर का ब्रेक लगा देना चाहिए', पर दरभंगा मेयर अंजुम आरा ने कहा, "मैंने अपने बयान पर खेद व्यक्त किया है, लेकिन मेरी सिर्फ इतनी मंशा थी कि दरभंगा शहर में शांतिपूर्वक ढंग से त्योहार हो। इसी संदर्भ में मैंने बोला था लेकिन अगर किसी की आस्था को ठेस पहुंची है तो मैं उसपर खेद व्यक्त करती हूं।"
हजारों साल से मनाई जा रही होली, सब चुनाव का ड्रामा- रवि किशन
BJP सांसद रवि किशन ने कहा, "देश में पहली बार थोड़ी ना होली हो रही है। ये सब ड्रामा है। होली प्रेम से मनाई जाएगी। हजारों साल से होली हो रही है। ये सब चुनाव का ड्रामा है।"
भारत में चारधाम यात्रा के लिए मॉरीशस के लोगों को दी जाएगी सुविधा- PM मोदी
पोर्ट लुइस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "लोगों के बीच संबंध हमारी साझेदारी को एक मजबूत आधार प्रदान करते हैं। डिजिटल स्वास्थ्य, आयुष केंद्र, स्कूली शिक्षा, कौशल और गतिशीलता में सहयोग बढ़ाया जाएगा। हम मानव विकास के लिए AI और DPI यानी डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का उपयोग करने के लिए मिलकर काम करेंगे। भारत में चारधाम यात्रा और रामायण ट्रेल के लिए मॉरीशस के लोगों को सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।"
दरभंगा मेयर के बयान पर क्या बोले मंत्री संजय सरावगी?
बिहार सरकार में मंत्री संजय सरावगी ने दरभंगा मेयर अंजुम आरा के बयान पर कहा, "सभी धर्मों के लोगों को सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए। सनातन धर्म प्रेम, स्नेह और भाईचारे का संदेश देता है। यह बयान बिल्कुल उचित नहीं है और यह मानसिकता भी सही नहीं है। ऐसी मानसिकता बदलनी चाहिए और यह बयान किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है।"
दिल्ली में 12 से ज्यादा अवैध बांग्लादेशी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने बताया कि साउथ ईस्ट और साउथ दिल्ली से एक ऑपरेशन के दौरान 12 से ज्यादा बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया गया है। ये बांग्लादेशी अवैध तरीके से भारत में घुसे थे। इनके पास से कई दस्तावेज़ बरामद हुए हैं। ऑपरेशन अभी भी जारी है।
मॉरीशस के प्रधानमंत्री से मिले PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मॉरीशस के पूर्व प्रधानमंत्री प्रविंद जुगनाथ से मुलाकात की, इस दौरान विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और NSA अजीत डोभाल भी मौजूद रहे।
होली को लेकर पूरी तैयारी कर ली- पटना SSP
पटना SSP अवकाश कुमार ने कहा, "होली को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है, शांति समिति की बैठकें भी हो चुकी हैं। एहतियात के तौर पर सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है। सभी को लाउडस्पीकर पर अश्लील गाने न बजाने की हिदायत दी गई है। शुक्रवार को जुमे की नमाज और होली का समय एक ही है, इसलिए सभी को अलर्ट मोड पर रखा गया है। संवेदनशील इलाकों में तैनाती की गई है।"
MP का बजट पेश करने से पहले क्या बोले वित्त मंत्री जगदीश?
मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा मध्य प्रदेश बजट 2025-26 पेश करने के लिए मध्य प्रदेश विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा, "हमारा बजट महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों पर केंद्रित होगा। सभी क्षेत्र, चाहे वह ऊर्जा हो, चिकित्सा हो, शिक्षा हो या रोजगार हो, जब हम मध्य प्रदेश विधानसभा में बजट पेश करेंगे तो इन सभी को उसमें शामिल किया जाएगा।"
मंत्री आशीष सूद ने किया जनकपुरी का दौरा
दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने अपने निर्वाचन क्षेत्र जनकपुरी का दौरा किया और निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित मुद्दों को लेकर लोगों से बातचीत की। उन्होंने कहा, "हम अपने क्षेत्र की समस्याओं का निदान करने आए हैं। विधायक होने के नाते मेरा काम अपने क्षेत्र की समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना है। 11 साल से पानी और वायरिंग की समस्या पर कोई काम नहीं हुआ। जो काम नहीं हुआ, मैं उसमें नहीं पड़ना चाहता। मेरी चिंता यह है कि मैं और मेरी सरकार क्या कर सकते हैं।"
हरियाणा में नगर निगम चुनाव की मतगणना जारी
हरियाणा में नगर निगम चुनाव की मतगणना जारी है। करनाल DSP राजीव कुमार ने कहा, "सुरक्षा कड़ी है... उचित तलाशी ली जा रही है। बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है, बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है।"
महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे का बयान
मल्हार प्रमाणन मुद्दे पर महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने कहा, “हिंदुत्व विचारधारा को मानने वाले कार्यकर्ता एकजुट होकर हिंदू समाज के लिए उनके अधिकारों के लिए मटन का एक अच्छा विकल्प लेकर आए हैं। यह जो बार-बार कहा जा रहा था कि या तो हलाल खाओ, या आपके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है। हम इसका एक अच्छा विकल्प लेकर आए हैं। हलाल खाना हिंदू धर्म में नहीं लिखा है, यह इस्लाम धर्म में लिखा है। इसलिए, अगर कोई इस तरह का अच्छा विकल्प ला रहा है, तो मैं उनका समर्थन करता हूं...”
वक्फ विधेयक मुस्लिम समुदाय के खिलाफ- राशिद अल्वी
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड द्वारा वक्फ (संशोधन) विधेयक 2024 के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा, "वक्फ विधेयक मुस्लिम समुदाय के खिलाफ है और इसलिए अगर वे विरोध करना चाहते हैं, तो उन्हें ऐसा करने का पूरा अधिकार है। ऐसे प्रदर्शनकारियों से बात करना और उनके मुद्दों को हल करना सरकार की जिम्मेदारी है।"
युद्ध विराम के लिए यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की सहमत- ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "यूक्रेन सीजफायर पर अभी कुछ समय पहले ही सहमति बनी है। अब हमें रूस जाना है, और उम्मीद है कि राष्ट्रपति (व्लादिमीर) पुतिन भी इस पर सहमत होंगे। शहरों में लोग मारे जा रहे हैं, क्योंकि शहरों में विस्फोट हो रहे हैं। हम चाहते हैं कि यह युद्ध समाप्त हो जाए। यह पूर्ण सीजफायर है। यूक्रेन इस पर सहमत हो गया है और उम्मीद है कि रूस भी सहमत होगा। सीजफायर बहुत महत्वपूर्ण है। अगर हम रूस से ऐसा करवा पाते हैं, तो यह बहुत अच्छा होगा।"
पीएम मोदी के मॉरीशस दौरे का दूसरा दिन आज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मॉरीशस दौरे का दूसरा दिन है। वो आज मॉरीशस के 57वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में चीफ गेस्ट के तौर पर शामिल होंगे। उनकी इस यात्रा के दौरान मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम ने पीएम मोदी को देश का सर्वोच्च सम्मान 'द ग्रैंड कमांडर ऑफ ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन' देने की घोषणा की।
ट्रेन हाईजैक: पाकिस्तनी सेना का ऑपरेशन जारी
पाकिस्तान में ट्रेन हाईजैक के बाद बंधकों की रिहाई के लिए सेना का ऑपरेशन लगातार जारी है। मंगलवार को BLA ने जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक कर 214 लोगों को बंधक बनाया लिया था। BLA का दावा है कि उसने अबतक 30 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिकों को ढेर कर दिया। वहीं, इस दौरान 13 आतंकियों के भी मारे जाने की खबर है। वहीं, अबतक 80 बंधकों को छुड़ा लिया गया है।