Pahalgam Terror Attack: कश्मीर में स्कूल बंद, श्रीनगर में आपात बैठक... पहलगाम में सबसे बड़ा आतंकी हमला, 28 की मौत
Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए दिल दहला देने वाले आतंकी हमले के बाद आज (23 अप्रैल) कश्मीर के सभी स्कूल बंद है।
- भारत
- 3 min read

Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए दिल दहला देने वाले आतंकी हमले के बाद आज (23 अप्रैल) कश्मीर के सभी स्कूल बंद है। प्रशासन ने यह फैसला सुरक्षा हालात और संवेदनशील माहौल को देखते हुए लिया है। इस आतंकी हमने न सिर्फ कश्मीर, बल्कि पूरे भारत को बड़ा घाव पहुंचाया है। भारत के हर एक व्यक्ति को इस हमले ने झकझोर कर रख दिया है। बैसारन घाटी में हुए इस हमले में अब तक 28 लोगों की मौत और 20 से ज्यादा घायल होने की पुष्टी हुई है।
हमले में मारे गए लोगों में विदेशी पर्यटक और भारत के अलग अलग राज्यों से घूमने आए पर्यटक शामिल हैं। आतंकियों ने इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के नाम से ली है। जिसके बाद हमले के बाद से घाटी में अलर्ट का माहौल है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेरा हुआ है। वहीं, हेलिकॉप्टर से निगरानी जारी है।
कश्मीर में आपात बैठक, अमित शाह मौजूद
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना यूएई दौरा अधूरा छोड़कर भारत लौटने का निर्णय लिया है, वहीं गृह मंत्री अमित शाह श्रीनगर पहुंच चुके हैं और वहां आला अधिकारियों के साथ आपात बैठक कर रहे हैं। रक्षा मंत्री और सेना प्रमुख भी सतर्क हैं। इस आतंकी हमले के विरोध में जम्मू चैंबर ऑफ कॉमर्स ने जम्मू बंद का ऐलान किया है और विश्व हिंदू परिषद के अलावा RSS देशभर में विरोध प्रदर्शन की तैयारी में हैं। इस आतंकी हमले ने न सिर्फ कश्मीर, बल्कि पूरे देश के दिल को चोट दी है।
ट्रंप से पुतिन तक... तमाम देशों ने की पहलगाम हमले की निंदा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा- कश्मीर से अत्यंत दुखद खबर आ रही है। आतंक की इस लड़ाई में अमेरिका भारत के साथ खड़ा है। हम मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी और भारत के लोगों को हमारा पूर्ण समर्थन है और गहरी सहानुभूति है।
Advertisement
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने जताया दुख
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने भारत में हुए आतंकी हमले की निंदा की और कहा कि कृप्या पहलगाम में हुए आतंकी हमले के दुखद परिणामों पर हमारी गहरी संवेदनाएं स्वीकार करें, जिसके शिकार नागरिक थे - विभिन्न देशों के नागरिक। इस क्रूर अपराध का कोई औचित्य नहीं है। हम उम्मीद करते हैं कि इसके आयोजकों और अपराधियों को उचित सजा मिलेगी। मैं आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों से लड़ने में भारतीय भागीदारों के साथ सहयोग बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराना चाहूंगा। कृपया मृतकों के करीबी और प्रियजनों के प्रति अपना दुख और समर्थन व्यक्त करें और साथ ही सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करें।