LIVE BLOG

LIVE UPDATES/ हरकत से बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान, LOC पर किया सीजफायर का उल्लंघन, भारतीय सेना ने दिया करारा जवाब

India News Live: पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पहलगाम हमले के बाद अब पाकिस्तान ने शुक्रवार को संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। एलओसी पर पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की गई। 25 और 26 अप्रैल की दरमियानी रात अग्रिम चौकियों को निशाना बनाने की कोशिश की गई। भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
LoC in J&K, Indian Army hits back
LoC in J&K, Indian Army hits back | Image: X

जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद अब पाकिस्तान ने शुक्रवार को संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। एलओसी पर पाकिस्तान ने गोलीबारी की। भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। भारतीय सेना की दी गई जानकारी के मुताबिक, फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहलगाम हमले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि भारत-पाक सीमा पर हमेशा से तनाव रहा है। लेकिन दोनों देश किसी तरह से इसे सुलझा लेंगे। वहीं बात करें अन्य खबरों की तो पोप फ्रांसिस का अंतिम संस्कार आज होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ने शुक्रवार को सेंट पीटर बेसीलिका में पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि अर्पित की। 
 


NIA करेगी पहलगाम आतंकी हमले की जांच

गृह मंत्रालय ने पहलगाम आतंकी हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के सौंप दी है। एनआईए अब इस आतंकी हमले की जांच करेगी। पहलगाम आतंकी हमले के बाद से ही नेशनल इन्वेस्टिगेटिंग एजेंसी की टीम वारदात की जगह पर मौजूद है जिसमें फॉरेंसिक टीम और इन्वेस्टिगेटिंग टीम शामिल हैं। केंद्र सरकार के इस आदेश के बाद आधिकारिक रूप से एनआईए की FIR पर जांच होगी और जम्मू कश्मीर पुलिस समिति अन्य एजेंसी NIA का सहयोग करेंगे। 


PM मोदी पाकिस्तान के आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देंगे- शाइना एनसी

शिवसेना नेता शाइना एन.सी. ने कहा, "भारत ने सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया है और ऐसे कई कदम हैं जो भारत ने उठाए हैं... पाकिस्तान पर दया दिखाने की कोई आवश्यकता नहीं है... भारत सरकार ने निर्णय लिया है कि हमें पानी देने, दया दिखाने की कोई बाध्यता नहीं है। जहां तक बिलावल भुट्टो का सवाल है, प्रधानमंत्री मोदी उन्हें और उनके देश के आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देंगे..."


Advertisement

भारत के लोग आतंकवाद को खत्म करने के लिए PM मोदी के साथ हैं- प्रमोद सावंत

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, "पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में गोवा के हर शहर में आतंकवाद के खिलाफ मार्च निकाला गया... गोवा की पूरी जनता, गोवा के लोग प्रधानमंत्री मोदी के साथ हैं। देश को भरोसा है कि प्रधानमंत्री मोदी आतंकवाद को खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाएंगे... यह सभी का सपना है कि POK भारत का हो... भारत के लोग आतंकवाद को खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के साथ हैं।"


पहलगाम टेरर अटैक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने लोगों के साथ #PahalgamTerroristAttack के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।


Advertisement

पाकिस्तान की ऐसी धमकियों से हम डरते नहीं हैं- सीआर पाटिल

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने सिंधु जल संधि को निलंबित करने पर पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो-जरदारी के कथित बयान पर कहा, "हम ऐसी धमकियों से डरते नहीं हैं।"


सही समय है कि POK को लेकर उसे भारत में मिलाया जाए- गौरव गोगोई

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी के सिंधु जल संधि के निलंबन संबंधी कथित बयान पर कहा, "मुझे लगता है कि भारत सरकार के लिए अब बातें करने का समय खत्म हो गया है और अब कार्रवाई का समय शुरू हो गया है। हम पाकिस्तानी सेना और प्रशासन को सख्त जवाब देना चाहते हैं ताकि वे पहलगाम में जो हुआ उसे कभी न दोहरा सकें, आज सही समय है कि POK को लेकर उसे भारत में मिलाया जाए... सर्वदलीय बैठक में हमने कहा था कि हम पाकिस्तानी प्रशासन के खिलाफ सभी कार्रवाई में सरकार का समर्थन करेंगे। हमने एक अतिरिक्त अनुरोध किया है कि पहलगाम में कुछ खुफिया और सुरक्षा चूक हुई है... जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उन्हें न्याय चाहिए।"


आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा- हर्ष मल्होत्रा

केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने #PahalgamTerroristAttack पर कहा, "मैं देश के निर्दोष नागरिकों पर हुए इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करता हूं और देश को विश्वास दिलाता हूं कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के नेतृत्व में इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।"


पहलगाम में बहुत ही कायरतापूर्ण हमला था- राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने #PahalgamTerroristAttack पर कहा, "यह बहुत ही कायरतापूर्ण हमला था। मेरे हिसाब से यह एक सोचा-समझा हमला था। उन्होंने जैसा किया उन्हें वैसा ही जवाब मिलना चाहिए। देश प्रधानमंत्री से भी यही मांग करता है और प्रधानमंत्री खुद भी यही कह रहे हैं।"


सीमा पार आतंकवाद का सामना करने में हम सरकार के साथ- कांग्रेस

कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने #PahalgamTerrorAttack पर कहा, "...हम कांग्रेस पार्टी के रूप में इस आतंकवाद से निपटने के लिए सरकार के साथ मजबूती से खड़े हैं। सर्वदलीय बैठक में हमने इस मुद्दे पर सरकार की कार्रवाई का समर्थन किया। बेशक हम कुछ सवाल उठाएंगे जिनका जवाब सरकार को देना होगा लेकिन फिर भी हम कह रहे हैं कि इस सीमा पार आतंकवाद का सामना करने में हम सरकार के साथ हैं। यह पूरी तरह से तय है कि इसके पीछे पाकिस्तान का हाथ है। सरकार को कदम उठाने चाहिए, पूरा विपक्ष उनका समर्थन करने के लिए तैयार है।"


बीएसएफ की मौजूदगी में सीमा पर कोई नापाक हरकत नहीं कर सकता- BSF DIG

जैसलमेर BSF DIG योगेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा, "पहलगाम की घटना बहुत दुखद घटना है, भारत सरकार ने कठोर कदम उठाए हैं। जहां तक ​​सीमा का सवाल है, सीमाओं की रक्षा करना बीएसएफ की पहली जिम्मेदारी है... सीमाओं की सुरक्षा में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी, हमारी नजर हर कोने पर है, हमारे जवान किसी भी हमले को रोकने में सक्षम हैं... हम अपनी सभी एजेंसियों के साथ समन्वय में हैं... हम हमेशा 24 घंटे, साल के 365 दिन अलर्ट पर रहते हैं... बीएसएफ की मौजूदगी में सीमा पर कोई नापाक हरकत नहीं कर सकता।"
 


बिलावल भुट्टो थोड़ा इतिहास का अध्य्यन कर लें, इतिहास काफी कुछ बता देगा- मनोज झा

RJD सांसद मनोज झा ने बिलावल भुट्टो जरदारी के बयानों पर कहा, "...वे जुल्फिकार अली भुट्टो के पुराने भाषणों को सुन लें और उन्हें पछताना पड़ा था। हिंदुस्तान के साथ सबसे बड़ी बात यह है कि जब हम बने तो आपने जो रास्ता चुना हमने ठीक उसके विपरीत रास्ता चुना और उस पर चल कर हम यहां तक ​​पहुंचे हैं। कोई भी आंतरिक मतभेद हो वह हमारा है.... लेकिन आप एक रोग स्टेट के प्रवक्ता के रूप में बोल रहे हैं, इसलिए मैंने कहा कि जुल्फिकार अली भुट्टो क्या बोल रहे थे और बाद में उन्हें क्या बोलना पड़ा। थोड़ा इतिहास का अध्य्यन कर लें, इतिहास काफी कुछ बता देगा।"


सिंधु जल संधि से जम्मू-कश्मीर के लोगों को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा- जावेद राणा

जम्मू-कश्मीर सरकार में मंत्री जावेद राणा ने सिंधु जल संधि पर कहा, "...सिंधु जल संधि की वजह से जम्मू-कश्मीर के लोगों को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा है। दुर्भाग्य से हमारा इलाका सूखाग्रस्त इलाका है... सिंधु जल संधि में अंतरराष्ट्रीय न्यायालय भी शामिल है, लेकिन मैं कहूंगा कि हमें इससे वह लाभ नहीं मिला जो हमें मिलना चाहिए था... हमें अपने अधिकार, अपने पहाड़, पानी, अपनी दरिया, अपनी रियासत मिलनी चाहिए।"

बिलावल भुट्टो जरदारी के बयानों पर उन्होंने कहा, "पाकिस्तान नेतृत्व के बेतुके बयान, जो अपने पैरों पर खड़ा नहीं है, जहां लोकतंत्र नहीं है... उनके बयान से क्या फर्क पड़ता है?"


CM योगी आदित्यनाथ ने 'दुधवा राष्ट्रीय उद्यान' का दौरा किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'दुधवा राष्ट्रीय उद्यान' का दौरा किया।


आतंकवादियों का अंत दहलाने वाला होगा- मुख्तार अब्बास नकवी

भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने #PahalgamTerroristAttack पर कहा, "इन आतंकवादियों का अंत दहलाने वाला होगा और न केवल दहशतगर्दी बल्कि उनके आकाओं को भी दहलाने वाला होगा। उनके द्वारा किए गए जुल्म का अंत करने का समय आ गया है। चाहे वे पाताल में हों, देश के किसी भी कोने में या देश के बाहर भी किसी कोने में हों, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा... पाकिस्तान द्वारा अवैध रूप से कब्जाए गए POK को भारत का हिस्सा बनाने का समय आ गया है। POK अमृतकाल में ही भारत का हिस्सा बनेगा, न केवल भारत के लोग बल्कि POK में यातनाएं झेल रहे लोग भी यही चाहते हैं..."


राजा का कर्तव्य प्रजा की रक्षा करना है, राजा को अपना कर्तव्य निभाना चाहिए- मोहन भागवत

RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा, "... अहिंसा हमारा स्वभाव है, हमारा मूल्य है... लेकिन कुछ लोग नहीं बदलेंगे, चाहे कुछ भी करो, वे दुनिया को परेशान करते रहेंगे, तो इसका क्या करें?.. अहिंसा हमारा धर्म है और गुंडों को सबक सिखाना भी हमारा धर्म है... हम अपने पड़ोसियों का कभी अपमान या नुकसान नहीं करते लेकिन फिर भी अगर कोई बुराई पर उतर आए तो दूसरा विकल्प क्या है? राजा का कर्तव्य प्रजा की रक्षा करना है, राजा को अपना कर्तव्य निभाना चाहिए..."


पाकिस्तान और आतंकवादियों को बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी- रविंदर रैना

भाजपा नेता रविंदर रैना ने कहा, "पूरे भारत और पूरे जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान के आतंकवाद के खिलाफ गुस्सा है... पहलगाम में पर्यटकों पर हमला मानवता की हत्या है, मानवता शर्मसार हुई है... एक बहुत बड़ा अपराध, एक बहुत बड़ा पाप पाकिस्तान के इन अपराधियों ने, इन आतंकवादियों ने किया है, जिसकी पाकिस्तान और आतंकवादियों को बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी..."

बिलावल भुट्टो जरदारी के बयानों पर, उन्होंने कहा, "पाकिस्तान जानता है कि भारत एक शांतिप्रिय देश है... लेकिन दुनिया भारत की ताकत को भी जानती है। बिलावल भुट्टो को याद करना चाहिए 1965 में जब भारतीय सेना ने लाहौर में तिरंगा झंडा फहराया था और 1971 में जब पाकिस्तानी सेना को ढाका से खदेड़ा था और कारगिल युद्ध जब पाकिस्तानी घुसकर तो आए थे लेकिन वापस नहीं गए थे... भारत शांति में विश्वास करता है, लेकिन अगर कोई भारत की धरती पर टेढ़ी नजर से देखता है, तो भारत उसे मलियामेट करना भी जानता है।"


आतंकवाद के खिलाफ भारत की मुहीम और तेज होगी- अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने #PahalgamTerrroristAttack पर कहा, "जो पर्यटक शहीद हुए हैं, पूरा देश उनके परिवार के साथ खड़ा है...  गुजरात की वह मां, गुजरात का बेटा या हरियाणा की बेटी, जिन परिवारों ने जो खोया है, उन्हें जो दुख हुआ है उसे कोई कम नहीं कर सकता, हमारे शब्द भी कम नहीं कर सकते। ऐसी घटनाओं की हम सभी मिलकर निंदा करते हैं। जब सर्वदलीय बैठक हुई तो सभी दल इस हमले के खिलाफ सरकार के फैसले के साथ खड़े हुए। समाजवादी पार्टी का भी मानना है कि सरकार जो ठोस कदम उठाना चाहती है वह उठाए, जिन फैसलों से उन्होंने पाकिस्तान को जवाब देने का काम किया है उसके साथ पूरे देश की जनता है। हमें उम्मीद है कि सरकार ठोस कदम उठाएगी। आतंकवाद खत्म होगा और पाकिस्तान या और जो देश उससे मिलकर आतंकवाद को बढ़ावा दे रहे हैं उनके खिलाफ भारत की मुहीम और तेज होगी। हमें उम्मीद है कि जब सरकार को इतना समर्थन मिल रहा है तो भविष्य में कोई इंटेलिजेंस या सुरक्षा विफलता नहीं होगी... हमें उम्मीद है कि विपक्षी दल की ओर से सरकार को जो सुझाव दिए गए हैं उनपर वह अमल करेगी।"


आने वाले समय में आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी- ओम बिरला

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने #PahalgamTerroristAttack पर कहा, "जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में घटी आतंकी घटना से पूरा देश दुखी है... निश्चित रूप से आने वाले समय में आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी... देश में घटी कोई भी आतंकी घटना असहनीय है..."


रक्त और पानी एक साथ नहीं बह सकते- अर्जुन राम मेघवाल

पहलगाम आतंकी हमले पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी पहले ही आतंकवाद को खत्म करने पर भाषण दे चुके हैं। सिंधु जल संधि 1960 में हुई थी और अब देश में ऐसा माहौल है कि रक्त और पानी एक साथ नहीं बह सकते। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने इस पूरी बात को स्पष्ट कर दिया है।"


आतंकवाद के खिलाफ पूरी दुनिया भारत और PM मोदी के साथ खड़ी है- संजय सेठ

केन्द्रीय मंत्री संजय सेठ ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर कहा, "... ऐसे आतंकियों को छोड़ा नहीं जाएगा। इस आतंकवाद के खिलाफ पूरी दुनिया भारत और प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ी है... आज पीड़ित परिवारों के साथ देश की 140 करोड़ जनता खड़ी है..."


क्या कोई चोर कभी अपनी चोरी की जांच कर सकता है- सुकांता मजूमदार

पहलगाम हमले की जांच को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बयान पर केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांता मजूमदार ने कहा, "... ये लोग क्या जांच करेंगे? क्या कोई चोर कभी अपनी चोरी की जांच कर सकता है?.. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री डर के कारण ऐसा कह रहे हैं। यह डर अच्छा है, उन्हें यह डर होना चाहिए... जब पाकिस्तान तैयार नहीं होगा, तभी हम उन पर हमला करेंगे और जोरदार हमला करेंगे।"


सभ्य समाज में आतंकवाद के लिए जगह नहीं- सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सभ्य समाज में आतंकवाद और अराजकता के लिए कोई जगह नहीं हो सकती। भारत सरकार का सुरक्षा, सेवा और सुशासन का मॉडल विकास पर आधारित है। यह गरीबों के कल्याण और सभी की सुरक्षा पर आधारित है। लेकिन अगर कोई सुरक्षा में सेंध लगाने की हिम्मत करता है, तो जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत, नया भारत उसे उसी भाषा में जवाब देने के लिए तैयार है जो उसे समझ में आती है।


आग पर काबू पाने की कोशिश जारी- सीएफओ

सीएफओ इटावा सुभाष कुमार ने बताया कि रिहायसी इलाका है, बीच में एक खाली जगह टायरों का गोदाम बनाया गया था। यहां टायरों में आग लगने की सूचना मिली। आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। जल्द आग को बुझा लिया जाएगा। आसपास के मकानों से लोगों को बाहर निकाल दिया गया है। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


इटावा के टायर गोदाम में भीषण आग लगी

उत्तर प्रदेश के इटावा के रिहायशी इलाके में टायर गोदाम में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। फायर टेंडर मौके पर मौजूद है। आग बुझाने का काम जारी है।


पहलगाम में जो हुआ वह चिंताजनक- अजय राय

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर कहा कि पहलगाम में जो हुआ, वह बहुत दुखद और चिंताजनक है। ये स्थितियां दिन-प्रतिदिन बेकाबू होती जा रही हैं। आज पाकिस्तान की ओर से जो बयान आ रहे हैं, उन पर कठोर एक्शन लेने की जरूरत है। 


केशव प्रसाद मौर्य ने 'एक राष्ट्र एक चुनाव' पर आयोजित संगोष्ठी में लिया भाग

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ विश्वविद्यालय में 'एक राष्ट्र एक चुनाव' पर आयोजित संगोष्ठी में भाग लिया।

उन्होंने कहा, "छात्रों में बड़ा उत्साह दिखा। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हू कि प्रधानमंत्री मोदी का 'एक राष्ट्र एक चुनाव' का संकल्प जरूर सफल होगा। जो लोग विरोध कर रहे हैं उन्हें भी देश की आवाज को सुनकर समर्थन में आना पड़ेगा।"
 


विनय नरवाल के परिवार से मिला विस्थापित कश्मीरी पंड़ितों का समूह

विस्थापित कश्मीरी पंडितों का एक समूह शोक व्यक्त करने के लिए पहलगाम आतंकी हमले में मृतक नौसेना अधिकारी विनय नरवाल के घर पहुंचे।  

उनमें से एक ने कहा कि हम लोग कश्मीरी पंडित हैं और हरियाणा में पिछले 35 सालों से रह रहे हैं। हमारे साथ 35 साल पहले ऐसा ही हुआ था, हमारे परिवार के लोगों को बेदर्दी से मारा गया था। हम आज विनय नरवाल के परिवार से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त करने आए हैं।


धर्म पूछकर उनकी हत्या करना निंदनीय- हरदीप पुरी

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पहलगाम आतंकी हमले पर कहा कि पहलगाम में हुआ हादसा केवल एक हादसा नहीं बल्कि एक आतंकवादी हमला है। प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार में भी कहा था कि पाकिस्तान को इसकी बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। निर्दोष लोगों का धर्म पूछकर उनकी हत्या करना निंदनीय है। इस घटना की निंदा केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में हो रही है।


देशभर में 47 जगहों पर पीएम ने नियुक्ति पत्र वितरित किए- हरदीप पुरी

रोजगार मेला कार्यक्रम पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि आज देशभर में 47 जगहों पर प्रधानमंत्री मोदी ने 51,000 से ज्यादा नियुक्ति पत्र वितरित किए हैं। इससे हमारी विकसित भारत की यात्रा में मदद मिलेगी।


जोधपुर की केमिकल फैक्ट्री में लगी आग

राजस्थान के जोधपुर में हैंडीक्राफ्ट और केमिकल फैक्ट्री में आग लगने की घटना सामने आई है। फायर टेंडर मौके पर मौजूद है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।


अखिलेश यादव के बयान के खिलाफ लगे पोस्टर

भाजपा ने पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए कानपुर के मूल निवासी शुभम द्विवेदी के बारे में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के कथित बयान को लेकर उनके खिलाफ पोस्टर लगाए।


नारी शक्ति हर क्षेत्र में नई बुलंदियों को छू रही- पीएम मोदी

PM मोदी ने कहा कि आज भारत के युवाओं की सफलता में सबसे बड़ी बात है सर्वसमावेशी भाव... भारत आज जो कीर्तिमान गढ़ रहा है उसमें हर वर्ग की भागीदारी बढ़ रही है। हमारी बेटियां दो कदम आगे ही चल रही है। कुछ दिन पहले UPSC का रिजल्ट आया है जिसमें टॉप 5 में से 3 टॉपर बेटियां हैं। हमारी नारी शक्ति नौकरशाही से लेकर अंतरिक्ष और विज्ञान के क्षेत्र में नई बुलंदियों को छू रही हैं।


आपका दायित्व आर्थिक तंत्र को मजबूत करना- पीएम मोदी

PM मोदी ने कहा कि आज केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में 51,000 से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के पत्र दिए गए हैं। आपका दायित्व देश के आर्थिक तंत्र को मजबूत करना है। आपका दायित्व देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करना है। आपका दायित्व देश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण का है। आपका दायित्व श्रमिकों के जीवन में मूलभूत बदलाव लाने का है। अपने कार्यों को आप जितनी ईमानदारी से पूरा करेंगे उसका उतना ही सकारात्मक प्रभाव विकसित भारत की यात्रा में नजर आएगा।
 


PM मोदी ने 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।


मुठभेड़ में शहीद हुए हवलदार का पार्थिव शरीर कोलकाता पहुंचा

उधमपुर के डुडु बसंतगढ़ इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में शहीद हुए हवलदार जे अली शेख का पार्थिव शरीर कल रात कोलकाता हवाई अड्डे लाया गया।
 


राजद ने पटना में पोस्टर लगा पीएम-सीएम पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए राजद ने पटना में पोस्टर लगाए।


बालमुकुंद आचार्य के खिलाफ FIR दर्ज

जौहरी बाजार में जामा मस्जिद के बाहर देर रात तक चले प्रदर्शन के बाद विधायक बालमुकुंद आचार्य और अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। यह प्रदर्शन पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ किया जा रहा था।

मुहाना पुलिस स्टेशन के एसएचओ उदय सिंह ने कहा कि हर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। हमारे सुरक्षा बल हर जगह तैनात हैं। स्थिति सामान्य है।
 


श्रीरंगम मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़

तमिलनाडु के श्रीरंगम मंदिर में चिथिराई कार महोत्सव के दौरान भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
 


शोपियां में आतंकवादी से जुड़ा एक और घर ध्वस्त

जम्मू-कश्मीर के शोपियां के चोटीपोरा में कथित तौर पर एक आतंकवादी से जुड़े एक घर को ध्वस्त किया गया।


झुग्गी में गली, नाली, खडंजा बनाने का काम शुरू- सीएम रेखा

शालीमार बाग में विकास परियोजनाओं पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज कई नए काम इस विधानसभा में शुरू हो रहे हैं जिनका निरीक्षण किया गया। पानी की समस्या यहां एक बड़ी समस्या है। जिसके लिए पाइपलाइन बिछाने का काम यहां शुरू हुआ है। झुग्गी में गली, नाली, खडंजा बनाने का काम भी आज शुरू हुआ है।
 


कुलगाम में आतंकवादियों के दो सहयोगी गिरफ्तार

कुलगाम जिले के कैमोह इलाके के थोकरपोरा में सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्र ने इसकी जानकारी दी है। 


संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने की पहलगाम आतंकी हमले की निंदा

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्यों ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की, जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हुए। सुरक्षा परिषद के सदस्यों ने आतंकवाद के इस निंदनीय कृत्य के अपराधियों, आयोजकों, वित्तपोषकों और प्रायोजकों को जवाबदेह ठहराने और उन्हें न्याय के कटघरे में लाने की जरूरत पर जोर दिया। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने इसकी जानकारी दी है। 
 


सीएम रेखा ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग इलाके का दौरा करके विभिन्न परियोजनाओं और विकास कार्यों का निरीक्षण किया।


संयुक्त राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने की पहलगाम आतंकी हमले की निंदा

पहलगाम आतंकी हमले ने देशभर को झकझोर कर रख दिया है। इस हमले की देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी निंदा की जा रही है। इस बीच,  संयुक्त राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने भी हमले की कड़ी निंदा की है। 15 देशों वाली संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने शुक्रवार को एक प्रेस बयान जारी करते हुए इस बात की पुष्टि की कि आतंकवाद अपने सभी रूपों और अभिव्यक्तियों में अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए सबसे गंभीर खतरों में से एक है।


भारतीय सैनिकों ने पाक को दिया मुंहतोड़ जवाब

25-26 अप्रैल 2025 की रात को कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पार विभिन्न पाकिस्तानी सेना चौकियों द्वारा बिना किसी उकसावे के छोटी गोलीबारी की गई। भारतीय सैनिकों ने छोटे हथियारों से उचित जवाब दिया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं। भारतीय सेना ने इसकी जानकारी दी है। 
 


पाकिस्तान ने LOC पर किया सीजफायर का उल्लंघन

पहलगाम हमले के बाद अब पाकिस्तान ने शुक्रवार को संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। एलओसी पर पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की गई। 25 और 26 अप्रैल की दरमियानी रात अग्रिम चौकियों को निशाना बनाने की कोशिश की गई।  भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। भारतीय सेना की ओर से इसकी जानकारी दी गई है। 

Published By:
 Priyanka Yadav

पब्लिश्ड