आमेर चाकूबाजी कांड में उबाल! आक्रोशित लोगों ने रखीं 6 बड़ी मांगें, 1 करोड़ मुआवजे से लेकर बुलडोजर एक्शन की मांग
आमेर में चाकूबाजी की वारदात में घायल टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी की इलाज के दौरान मौत के बाद इलाके में आक्रोश बढ़ता जा रहा है, मृतक की मौत से गुस्साए लोग और परिजन सड़कों पर उतर आए हैं।
- भारत
- 3 min read

राहुल जांगिड़
जयपुर। आमेर में चाकूबाजी की वारदात में घायल टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी की इलाज के दौरान मौत के बाद इलाके में आक्रोश बढ़ता जा रहा है, मृतक की मौत से गुस्साए लोग और परिजन सड़कों पर उतर आए हैं। आमेर का मुख्य बाजार बंद कराया गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे, प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और पुलिस के सामने 6 बड़ी मांगें रखी हैं।
मामला सिर्फ हत्या तक सीमित नहीं है, बल्कि अब पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं, आक्रोशित लोगों का आरोप है कि अगर मृतक की ओर से पहले दी गई शिकायत पर समय रहते कार्रवाई होती तो शायद यह नौबत नहीं आती
1 करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग
पीड़ित परिवार ने सरकार के सामने 1 करोड़ रुपये का मुआवजा, परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी और सरस डेयरी देने की मांग रखी है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए।
Advertisement
आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग
आक्रोशित लोगों ने आरोपी के घर पर तत्काल बुलडोजर कार्रवाई करने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश जाना चाहिए।
एनकाउंटर या फास्ट ट्रैक कोर्ट की मांग
मामले में गुस्सा इस कदर है कि प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के एनकाउंटर या फिर मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाने की मांग की है।
Advertisement
आमेर में जीप संचालन पर भी सवाल
प्रदर्शनकारियों ने आमेर महल और आसपास के इलाकों में चलने वाली अवैध और अनाधिकृत जीपों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि पर्यटक क्षेत्र में नियमों के खिलाफ चल रही गतिविधियों पर प्रशासन को सख्ती करनी चाहिए।
पुलिस की भूमिका पर भी उठे सवाल
मृतक द्वारा कथित तौर पर पहले पुलिस थाना आमेर में शिकायत दिए जाने का मुद्दा भी अब गरमा गया है। प्रदर्शनकारियों ने शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने वाले संबंधित पुलिस अधिकारियों और SHO को सस्पेंड करने की मांग की है, उनका आरोप है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने के कारण विवाद गंभीर रूप ले गया।
परिवार की सुरक्षा की मांग
मृतक के परिवार ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
आमेर में तनावपूर्ण माहौल
मनीष सोनी की मौत के बाद आमेर में माहौल बेहद गर्म है, बाजार बंद, प्रदर्शन और आक्रोश के बीच पुलिस-प्रशासन के सामने हालात संभालने और लोगों की मांगों पर कार्रवाई करने की चुनौती है,अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन इन मांगों पर क्या कदम उठाता है और चाकूबाजी के इस मामले में आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई किस दिशा में बढ़ती है।