महाराष्ट्र में 5 दिसंबर को बनेगी नई सरकार, CM पद की दौड़ में फडणवीस सबसे आगे: BJP नेता

महाराष्ट्र में 20 नवंबर को हुए चुनाव में BJP, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की NCP के गठबंधन महायुति ने 288 में से 230 सीट जीतकर सत्ता बरकरार रखी।

Follow : Google News Icon  
Devendra Fadnavis
महाराष्ट्र में CM पद की दौड़ में फडणवीस सबसे आगे | Image: Facebook

Maharashtra Next CM: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक वरिष्ठ नेता ने शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन की नयी सरकार पांच दिसंबर को बनेगी और देवेंद्र फडणवीस अगले मुख्यमंत्री बनने के उम्मीदवारों की दौड़ में सबसे आगे हैं। भाजपा नेता ने नाम उजागर करने की शर्त पर कहा कि नयी सरकार का शपथ ग्रहण पांच दिसंबर को होगा। भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता फडणवीस मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। भाजपा के एक और वरिष्ठ नेता ने बताया कि मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में होगा। लेकिन उससे पहले दो दिसंबर को भाजपा विधायक दल का नेता चुनने के लिए बैठक होगी।

महाराष्ट्र में 20 नवंबर को हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के गठबंधन महायुति ने 288 में से 230 सीट जीतकर सत्ता बरकरार रखी। भाजपा 132 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि शिवसेना ने 57 और राकांपा ने 41 सीट जीतीं।

अभी तक CM चेहरे पर फैसला नहीं

हालांकि, 23 नवंबर को चुनाव नतीजों की घोषणा के बाद भी इस बात पर कोई फैसला नहीं हुआ है कि मुख्यमंत्री कौन होगा। शिंदे, फडणवीस और पवार ने महाराष्ट्र में अगली सरकार बनाने को लेकर समझौते पर बातचीत करने के लिए बृहस्पतिवार देर रात भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा और केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सतारा जिले में अपने पैतृक गांव के लिए रवाना होने के बाद शुक्रवार को होने वाली महायुति की महत्वपूर्ण बैठक स्थगित कर दी गई, जो अब संभवतः रविवार को होगी।

शिंदे ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अगले मुख्यमंत्री के संबंध में भाजपा नेतृत्व के निर्णय का पूरा समर्थन करेंगे और इस प्रक्रिया में बाधा नहीं बनेंगे। वहीं, अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा ने मुख्यमंत्री पद के लिए फडणवीस का समर्थन किया है।

Advertisement

चुनावों में MVA को लगा झटका

विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले महा विकास आघाडी (एमवीए) को करारा झटका लगा है। कांग्रेस ने राज्य विधानसभा चुनावों में अपना सबसे खराब प्रदर्शन करते हुए केवल 16 सीट जीतीं। शरद पवार की राकांपा (एसपी) केवल 10 सीट ही जीत पाई, जबकि उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) ने 20 सीट जीतीं।
 

Published By :
Dalchand Kumar
पब्लिश्ड