नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में 18 लोगों की मौत, अमित शाह से मिले अश्विनी वैष्णव; दी हादसे की जानकारी
India News: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में 18 लोगों की मौत हो गई है और घटना में कई लोग घायल हुए हैं। हादसे की जांच के लिए रेलवे ने 2 सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया है। वहीं, रेलवे की ओर से मुआवजे की भी घोषणा की गई। मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख, गंभीर रूप से घायल लोगों को 2.5 लाख और मामूली रूप से घायल लोगों को एक लाख रुपये के मुआवजा दिया जाएगा।
- भारत
- 21 min read

India News: शनिवार रात को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में 18 लोगों की मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल हुए लोगों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। भगदड़ बीती रात 10 बजे मची। जब प्रयागराज एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे लोग प्लेटफॉर्म पर मौजूद थे। वहां काफी भीड़ और 2 ट्रेनें भी देरी से चल रही थी। भीड़ बढ़ती गई और देखते ही देखते हालात काबू से बाहर हो गए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है। वहीं, हादसे की जांच के लिए रेलवे ने 2 सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया है। वहीं, रेलवे की ओर से मुआवजे की भी घोषणा की गई। मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख, गंभीर रूप से घायल लोगों को 2.5 लाख और मामूली रूप से घायल लोगों को एक लाख रुपये के मुआवजा दिया जाएगा।
भाजपा विधायक दल की होने वाली बैठक कैंसिल
ANI ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि कल यानी 17 फरवरी को होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक स्थगित कर दी गई है। अब यह बैठक 19 फरवरी को होगी। मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह भी 18 फरवरी की जगह 20 फरवरी को होगा।
यात्रियों को भी 26 जनवरी तक अलर्ट रहना चाहिए: सुवेंदु अधिकारी
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ पर BJP नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "दुखद घटना है। इसमें जनता को भी अलर्ट रहना चाहिए था और स्टेशन पर भी अच्छी व्यवस्था होनी चाहिए थी... रेल मंत्री और सरकार काम कर रही है। मुआवजे की घोषणा की गई है। प्रयागराज से सटे 250 किलोमीटर से भीड़ आ रही है उसको वापस भेजना, जाम वाली जगहों पर पुलिस पानी और खाने की व्यवस्था कर रही है। ये इंतजाम रेलवे में भी होने चाहिए थे। यात्रियों को भी 26 जनवरी तक अलर्ट रहना चाहिए। दोनों तरफ से लापरवाही हुई है।"
Advertisement
पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की
आज सुबह करीब 11 बजे पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LOC) के पार भारतीय चौकियों पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की। भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। भारतीय पक्ष को कोई नुकसान नहीं हुआ: सेना के अधिकारी
देवघर में शिव बारात पर भाजपा नेता निशिकांत दुबे का बयान
देवघर में शिव बारात पर भाजपा नेता निशिकांत दुबे ने कहा, "बिना टेंडर और परमिशन के जो काम हो रहे हैं उसके लिए मैं कोर्ट जाउंगा और सवाल करूंगा, टेंडर 20 फरवरी को पास होगा और काम अभी से चालू है तब तो ये बैक डोर एंट्री है... सावन का मेला जब सारी संस्थाएं करती थी तब देवघर के लोगों को उसका फायदा होता था, दुकानदारों को फायदा होता था। आज सावन में दुकानदार उजड़ रहे हैं, पंडे उजड़ रहे हैं, पंडा को क्या मिलता है? दुकानदार, फूलवाले को क्या मिलता है? रिक्सावाले, ठेलेवाले, पानवाले, चायवाले को क्या मिलता है? जैसे ही किसी चीज का सरकारीकरण होगा तो यही होगा। पहले सामाजिक संस्थाएं मिलकर काम करती थी आज सामाजिक संस्था काम नहीं करती। सावन के मेले में जगह-जगह बैरिकेडिंग होती है उसमें कितना पैसा खर्च होता है?"
Advertisement
भाजपा ने ऐसा प्रचार किया है कि पहले कभी कुंभ नहीं होता था: अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "भाजपा ने ऐसा प्रचार किया है कि पहले कभी कुंभ नहीं होता था जबसे भाजपा आई है तभी से कुंभ हो रहा है। सरकार ने कहा कि हम 100 करोड़ लोगों के लिए इंतजाम करेंगे और जिस दिन सबसे बड़ा स्नान होता है उसी दिन सरकार की पोल खुल गई... दिल्ली की घटना के बाद ये डबल इंजन की नहीं डबल 'ब्लंडर' की सरकार बन गई है... सुनने में आया है कि पत्रकारों को अस्पताल में जाने से रोका गया है। पहले दिन के भगदड़ में भी पत्रकारों को नहीं जाने दिया गया। जो कहते थे कि महाकुंभ डिजिटल हैं वे ये नहीं बता पा रहे हैं कि कितने लोगों की जान गई..."
हमारे परिधानों के जरिए भारत की सांस्कृतिक विविधता के दर्शन होते- पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "इस आयोजन से टेक्सटाइल सेक्टर में निवेश, निर्यात और समग्र विकास को जबरदस्त बढ़ावा मिल रहा है। भारत टेक्स के इस आयोजन में हमारे परिधानों के जरिए भारत की सांस्कृतिक विविधता के भी दर्शन होते हैं।"
पीएम मोदी ने फास्ट फैशन वेस्ट, टेक्सटाइल वेस्ट पर चिंता जताई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फास्ट फैशन वेस्ट, टेक्सटाइल वेस्ट पर चिंता जताई और कहा कि हमारा टेक्सटाइल उद्योग इस चिंता को अवसर में बदल सकता है। उन्होंने कहा, "आज दुनिया में हर महीने करोड़ों कपड़े बेकार हो जाते हैं। इसका एक बड़ा हिस्सा फास्ट फैशन वेस्ट होता है। ये वो कपड़े होते हैं जिन्हें लोग फैशन या ट्रेंड में बदलाव के कारण पहनना बंद कर देते हैं। ये कपड़े दुनिया के कई हिस्सों में फेंक दिए जाते हैं। इससे पर्यावरण और पारिस्थितिकी को भी बड़ा खतरा है। एक अनुमान के मुताबिक, 2030 तक फैशन वेस्ट 148 मिलियन टन तक पहुंच जाएगा। आज टेक्सटाइल वेस्ट का एक चौथाई हिस्सा भी रिसाइकिल नहीं हो रहा है। हमारा टेक्सटाइल उद्योग इस चिंता को अवसर में बदल सकता है। भारत में टेक्सटाइल रिसाइकिलिंग, खास तौर पर अपसाइकिलिंग में बहुत ही विविध पारंपरिक कौशल हैं। उदाहरण के लिए, हमारे यहां पुराने या बचे हुए कपड़ों से गलीचे बनाए जाते हैं। बुनकर और यहां तक कि घर की महिलाएं भी ऐसे कपड़ों से कई तरह के गलीचे और कवर बनाती हैं। महाराष्ट्र में पुराने और फटे कपड़ों से अच्छे कंबल भी बनाए जाते हैं। हम इन पारंपरिक साधनों में नए इनोवेशन लाकर उन्हें वैश्विक बाजार में ले जा सकते हैं..."
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मुर्मू से की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
अचानक मची भगदड़ के पीछे कोई साजिश है: दिलीप जायसवाल
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ पर कहा, "यह एक दुखद घटना है और यह आवश्यक है कि इस घटना की जांच हो... ऐसा लगता है कि अचानक मची भगदड़ के पीछे कोई साजिश है... यह उचित नहीं है कि हम इस किस्म की घटना को देखकर अपनी आस्था को छोड़ दें..." RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बयान पर उन्होंने कहा, "लालू यादव अब बूढ़े हो गए हैं। उन्हें खुद भी नहीं पता कि वे क्या बोल रहे हैं..."
भगदड़ पर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी का बयान
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ पर कहा, "हमारी सांत्वना उन परिवारों के साथ है जिन्होंने अपने परिजनों को खो दिया है। इसमें भारतीय रेल के मंत्री की जवाबदेही बनती है। पिछले 2-3 वर्ष में यह देखा गया है कि बहुत बड़ी-बड़ी घटनाएं हुई हैं। भारत में एक समय ऐसा था कि जब यहां कोई रेल दुर्घटना होती थी तो रेल मंत्री अपना इस्तीफा दे देते थे... रेल मंत्री को नैतिक ज़िम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।"
भाजपा विधायक दल की बैठक 17 फरवरी को होगी: सूत्र
न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि भाजपा दिल्ली विधायक दल की बैठक कल 17 फरवरी को दोपहर 3 बजे दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय में होगी।
जांच में सही कारणों का होगा आकलन: योगेंद्र चंदोलिया
भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ पर कहा, "यह एक दुखदाई हादसा है... मेरा मानना है कि जब इसकी जांच होगी तब सही स्थिति का आकलन होगा कि आखिर क्या कारण रहा था?.. जिन कारणों से यह हादसा हुआ है उस पर सरकार को संज्ञान लेना चाहिए और संबंधित लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए।"
ब्रजेश पाठक ने नीम करोली बाबा महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना की
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने नैनीताल के कैंची धाम में नीम करोली बाबा महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा, "हमने बाबा से उत्तर प्रदेश के लोगों के कल्याण के लिए प्रार्थना की। यहां सभी व्यवस्थाएं की गई हैं...देश और दुनिया भर से सनातन धर्म को मानने वाले लोग कुंभ में बड़ी संख्या में आ रहे हैं और हमारी सरकार ने सभी व्यवस्थाएं की हैं।"
कुली ने बताया नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ की कहानी
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ पर चश्मदीद कुली मोहम्मद हासिम एक वाक्या बताते हुए भावुक हो गए। कुली ने बताया, "वो समय बहुत बुरा था। हमने देखा कि लोग वहां गिरे थे। हमने बच्चों को उठाकर बाहर लाया। एक औरत रो रही थी कह रही थी मेरी 4 साल की बेटी मर गई। हम उनको लेकर बाहर आए फिर बच्ची में सांस आ गई, वो देख कर उसकी मां बहुत रोने लगी, सोचिए कितनी खुशी की बात है उस मां के लिए, वो क्या मंजर होगा। हमने बहुत सारी बच्चियों की जिंदगी बचाई।"
आगरा में फतेहपुर सीकरी स्मारक देखने पहुंचे ऋषि सुनक
यूनाइटेड किंगडम के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक अपने परिवार के साथ आगरा में फतेहपुर सीकरी स्मारक देखने पहुंचे।
पटना जंक्शन पर रेलवे की तैयारियों को लेकर क्या बोले RPF इंस्पेक्टर
पटना जंक्शन पर RPF इंस्पेक्टर सुशील कुमार ने कहा, "विशेष ट्रेनों के लिए, रेल घोषणा के अलावा, हम अपने स्तर पर भी घोषणाएं कर रहे हैं। हमारी आबादी के एक बड़े हिस्से का एक ही उद्देश्य है कि किसी भी तरह प्रयागराज पहुंचना। हम बड़ी संख्या में प्लेटफार्मों पर मौजूद हैं।"
महाकुंभ में आयोजन की केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने की सराहना
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, "राज्य सरकार ने इतने बड़े पैमाने पर होने वाले आयोजन के लिए बहुत अच्छी व्यवस्था की है। यह एक अभूतपूर्व आयोजन है। हजारों भक्त सड़क मार्ग से भी यात्रा कर रहे हैं। हमने प्रार्थना की है कि सबका कल्याण हो।"
त्रिवेणी संगम में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने डुबकी लगाई
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाने के बाद कहा, "हम खुद को अत्यंत पवित्र महसूस कर रहे हैं। महाकुंभ न जाने कितनी पीढ़ी पहले आया था और अब न जाने कितनी पीढ़ी बाद हमारे वंशज इस सौभाग्य को प्राप्त कर पाएंगे... आज मैं अपनी ज़िन्दगी के एक अत्यंत पवित्र क्षण में पहुंचा हूं।"
दो ट्रेनों के एक ही नाम से कंफ्यूज हुए यात्री- दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह भ्रम 'प्रयागराज' से शुरू होने वाले एक ही नाम वाली ट्रेनों की घोषणा के कारण हुआ। प्रयागराज स्पेशल के प्लेटफॉर्म 16 पर आने की घोषणा से भ्रम की स्थिति पैदा हो गई, क्योंकि प्रयागराज एक्सप्रेस पहले से ही प्लेटफॉर्म 14 पर थी। जो लोग प्लेटफॉर्म 14 पर अपनी ट्रेन तक नहीं पहुंच पाए, उन्हें लगा कि उनकी ट्रेन प्लेटफॉर्म 16 पर आ रही है, जिसके कारण भगदड़ मच गई। इसके अलावा, प्रयागराज जाने वाली 4 ट्रेनें थीं, जिनमें से 3 देरी से चल रही थीं, जिससे अप्रत्याशित रूप से भीड़भाड़ हो गई।"
घटना के लिए रेल प्रशासन जिम्मेदार- प्रशांत किशोर
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा, "रेल प्रशासन और स्थानीय प्रशासन जिम्मेदार है। मैं कई सालों से यह कह रहा हूं- जब भी दुनिया में कहीं ऐसी स्थिति बनती है, तो घायलों में बड़ी संख्या बिहार से होती है। नीतीश कुमार के लिए बिहार के लोगों की जान की कीमत 2 लाख रुपये है।"
भगदड़ में बिहार के एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौत
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मृत्यु हो गई। उनके एक रिश्तेदार प्रमोद कुमार ने कहा, "हमारे परिवार के 3 सदस्य 4-5 दिन पहले यहां से दिल्ली गए थे। वहां से वे कुंभ जा रहे थे। स्टेशन पर मची भगदड़ में उनकी मौत हो गई, हमें इसकी जानकारी रात 1 बजे मिली..."
मामले पर लीपापोती हो रही, जो दुर्भाग्यपूर्ण है- संजय सिंह
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना पर AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, "यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। लेकिन सबसे अफसोस की बात यह है कि जब भी देश में ऐसी घटनाएं होती हैं, तो हमारी सरकार उस पर पर्दा डालना शुरू कर देती है। इस मामले में रेल मंत्री घटना के बाद भी कुछ भी मानने को तैयार नहीं थे। वह लगातार सफाई दे रहे थे, जैसे कुछ हुआ ही न हो। एलजी साहब ने 29 मिनट बाद ट्वीट को एडिट किया, जैसे कुछ हुआ ही न हो...हजारों लोग वहां दिख रहे हैं। इसे नियंत्रित करने के लिए कोई रेलवे प्रशासन नहीं है। और पूरे मामले की लीपापोती शुरू हो गई है, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है..."
भगदड़ पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी का बयान
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, "जब भी प्लेटफॉर्म बदलने की घोषणा होती है, भगदड़ मच जाती है। महाकुंभ के दौरान प्लेटफॉर्म बदलने की घोषणा क्यों की गई, इसके लिए कौन जिम्मेदार है? जब भीड़ बढ़ गई थी, तो पुल के दोनों तरफ भीड़ को क्यों नहीं रोका गया। यह जांच का विषय है। मैं मृतकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
विश्वास है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा- अनिल विज
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ मामले पर हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने कहा, "कल हुई घटना बहुत हृदयविदारक घटना है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। सरकार ने जांच के आदेश दे दिए हैं। मुझे विश्वास है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।"
भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है- राघव चड्ढा
AAP सांसद राघव चड्ढा ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ मामले पर कहा, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर जो घटना घटी है, वह अत्यंत दुखदाई है। मैंने संसद भवन में इस बात को रखा था कि प्रयागराज के आसपास के रेलवे स्टेशन भीड़ प्रबंधन के अभाव में बंद करने पड़े थे। सरकार यह सुनिश्चित करे कि इस प्रकार की घटना दोबारा घटित न हो।"
'साक्ष्यों की जांच करने के बाद जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी'
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ मामले पर नरसिंह देव (प्रिंसिपल चीफ कमर्शियल मैनेजर, उत्तर रेलवे) ने कहा, "हमने जांच शुरू कर दी है। हम सभी साक्ष्यों को समझने की कोशिश कर रहे हैं। हमने CCTV फुटेज भी देखी है...हम प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लेंगे। हर तरह के साक्ष्यों की जांच करने के बाद एक जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी और प्रशासन को दी जाएगी।"
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटित हुई- सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ मामले पर कहा, "... कल दुर्भाग्य से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटित हुई। मैं उन सभी पुण्य आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।"
सरकार को सफाई देनी बंद करनी चाहिए- AAP प्रवक्ता
AAP प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ मामले पर कहा, "यह एक दुखद खबर है। पीड़ित परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है... सरकार को सफाई देनी बंद करनी चाहिए क्योंकि उनका काम आम आदमी के लिए काम करना है..."
बिहार सरकार लगातार हालात का जायजा ले रही है- संजय कुमार झा
JDU सांसद संजय कुमार झा ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ मामले पर कहा, "यह एक दुखद घटना है... बिहार सरकार लगातार हालात का जायज़ा ले रही है। हम रेलवे के साथ भी संपर्क में हैं... किसी भी व्यक्ति की जान जाना एक दुखद बात है... इस घटना पर राजनीति नहीं, जांच होनी चाहिए कि यह घटना आखिर किस वजह से हुई है..."
सरकार मौत का सच छुपाने का पाप न करे- अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “दिल्ली में महाकुंभ के श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हृदयविदारक है। सरकार में बैठे लोगों को राजनीतिज्ञ नहीं एक उस परिवारवाले की तरह सोचना होगा जिसने अपने मां-बाप, भाई-बहन, बच्चे और नाते-रिश्तेदार खोये हैं। मृतकों के शवों को ससम्मान उनके परिजनों तक पहुंचाने का ईमानदार इंतज़ाम किया जाए और घायलों को सर्वश्रेष्ठ उपचार उपलब्ध कराया जाए। भाजपा सरकार मौत का सच छुपाने का पाप न करे।”
घटना ने झकझोर कर रख दिया- CM मोहन यादव
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ हादसे पर मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने कहा "यह बहुत दुखद घटना है जिसने मुझे झकझोर कर रख दिया है। यह हम सभी के लिए एक सबक है कि परिवहन के साधनों का सावधानी से उपयोग करें। चाहे वह रेलवे हो या बस, हमें खुद को सुरक्षित रखने की जरूरत है। पीएम मोदी ने घटना का संज्ञान लिया है। मुझे उम्मीद है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होंगी।"
डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा ने जताया दुख
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के दौरान हुए हादसे को लेकर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शोक जताया है। इस दुर्घटना में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
बिहार सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ हादसे पर बिहार सरकार ने मुआवजे का ऐलान किया। बिहार के मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया गया है। बिहार सरकार मृतकों के परिवार को 2 लाख और घायलों के परिवार को 50 हजार रुपये देगी। सीएम नितीश कुमार ने हादसे पर दुःख जताया है।
बहुत भीड़ थे, हम किसी तरह बचे- यात्री
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ हादसे को लेकर एक यात्री वेद गुप्ता ने कहा, "मैं दिल्ली से हूं, मैं प्लेटफार्म 14 से पवित्र स्नान करने प्रयागराज जा रहा था। रेलवे स्टेशन पर बहुत भीड़ थी। मैं अपनी पत्नी के साथ जा रहा था, और हम किसी तरह बच गए। स्टेशन पर बहुत भीड़ थी..."
केजरीवाल ने हादसे पर जताया दुख
AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भगदड़ हादसे पर दुख जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे में महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत बेहद दुखद एवं पीड़ादायक है। ईश्वर उनकी आत्माओं को शांति प्रदान करें। हादसे में जिन परिवारों ने अपनों को खोया उन सभी के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।"
भगदड़ हादसे पर CPRO का बयान
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया, "जब कल यह दुखद घटना घटी, उस समय पटना की ओर जाने वाली मगध एक्सप्रेस नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 14 पर खड़ी थी, और जम्मू की ओर जाने वाली उत्तर संपर्क क्रांति प्लेटफॉर्म नंबर 15 पर खड़ी थी। इस दौरान प्लेटफॉर्म 14-15 की ओर आ रहा एक यात्री सीढ़ियों पर फिसल कर गिर गया। उसके पीछे खड़े कई यात्री इसकी चपेट में आ गए और यह दुखद घटना घटी। इसकी उच्च स्तरीय समिति द्वारा जांच की जा रही है। कोई भी ट्रेन रद्द नहीं की गई, न ही प्लेटफॉर्म में कोई बदलाव किया गया... घटना की जांच की जा रही है, इसलिए समिति को अपनी रिपोर्ट और निष्कर्ष प्रस्तुत करने दें। प्लेटफॉर्म पर स्थिति अब सामान्य है। सभी ट्रेनें अपने सामान्य समय पर चल रही हैं।"
जिम्मेदार लोगों पर होगी कार्रवाई- BJP सांसद
BJP सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, "यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई। ये सभी महाकुंभ जा रहे थे। रेलवे ने घटना के कारणों की जांच के लिए एक समिति बनाई है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री ने भी इसका संज्ञान लिया है।"
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने जताया घटना पर दुख
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने ट्वीट किया, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई जानमाल की हानि से बहुत दुख हुआ है। मैं इस दुखद क्षति के लिए अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"
भगदड़ हादसे पर क्या बोले राहुल गांधी?
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मचने से कई लोगों की मृत्यु और कईयों के घायल होने की खबर अत्यंत दुखद और व्यथित करने वाली है। शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। यह घटना एक बार फिर रेलवे की नाकामी और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करती है। प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए स्टेशन पर बेहतर इंतजाम किए जाने चाहिए थे। सरकार और प्रशासन को सुनिश्चित करना चाहिए कि बदइंतजामी और लापरवाही के कारण किसी को अपनी जान न गंवानी पड़े।"
भगदड़ हादसे पर शाइना एनसी का बयान
शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा, "यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण खबर है। भगदड़ में 18 लोगों की मृत्यु हुई है। दिल्ली पुलिस इस दुर्घटना की जांच कर रही है... हम चाहते हैं कि सच्चाई जल्द सामने आए और प्रशासन उचित कार्रवाई करे..."
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कैसे मची भगदड़?
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ पर एक प्रत्यक्षदर्शी रवि ने बताया, "भगदड़ रात करीब 9:30 बजे शुरू हुई... जब प्लेटफॉर्म नंबर 13 पर मौजूद लोगों ने प्लेटफॉर्म 14 और 15 पर ट्रेनें देखीं - तो वे इन प्लेटफॉर्म की ओर बढ़ गए। ट्रेनों के प्लेटफॉर्म नहीं बदले गए, लेकिन भीड़ इतनी ज़्यादा थी कि उसे नियंत्रित नहीं किया जा सका।"
रेलवे ने किया मुआवजे का ऐलान
रेलवे ने भगदड़ में जान गंवाने वाले और घायल हुए लोगों के लिए मुआवजे का ऐलान कर दिया है। मृतकों के परिजनों को 10 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को 2.5 लाख और मामूली रूप से घायल लोगों को एक लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान हुआ।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ पर PM मोदी ने जताया दुख
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने X पर एक पोस्ट में लिखा, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों। अधिकारी उन सभी लोगों की सहायता कर रहे हैं जो इस भगदड़ से प्रभावित हुए हैं।"
राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया। उन्होंने कहा, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में लोगों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।"
दिल्ली पुलिस ने की 18 लोगों की मौत की पुष्टि
दिल्ली पुलिस ने एक बयान में बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कल रात करीब 10 बजे हुई भगदड़ में 14 महिलाओं समेत 18 लोगों की मौत हो गई।