'दिशा सालियान से कभी मुलाकात नहीं हुई, मुझे इस मामले में घसीटा जा रहा...', CBI की FIR में नाम आने पर सूरज पंचोली ने तोड़ी चुप्पी
एक्टर सूरज पंचोली ने दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत से जुड़े विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। इंस्टाग्राम पर जारी एक बयान में उन्होंने कहा इस मामले में बेवजह घसीटा जा रहा है।
- भारत
- 4 min read

Disha Salian Case: एक्टर सूरज पंचोली ने दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत से जुड़े विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा है कि उन्हें इस मामले में बेवजह घसीटा जा रहा है। सूरज पंचोली ने इंस्टाग्राम पर जारी एक बयान में कहा कि वह CBI की जांच में सहयोग करना जारी रखेंगे। साथ ही, उन्होंने साफ किया कि वह कभी दिशा सालियान से नहीं मिले और न ही उनका उनसे कोई संबंध या जुड़ाव रहा है। पोस्ट में उन्होंने कहा कि मैं अपनी ज़िंदगी में कभी भी दिवंगत दिशा सालियान से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से नहीं मिला।
दिशा सालियान से जिंदगी में कभी नहीं मिला-सूरज पंचोली
सूरज पंचोली ने दिवंगत अपनी पोस्ट में लिखा, "मैं अपनी ज़िंदगी में कभी भी दिवंगत दिशा सालियान से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से नहीं मिला। मैं कभी आदित्य ठाकरे से भी नहीं मिला! सच कहूं तो, मेरा नाम ऐसी चीज़ में घसीटा जाना बहुत अनुचित और बेहद परेशान करने वाला है, जिससे मेरा कोई लेना-देना नहीं है। खासकर तब, जब मुझे इस मामले से जोड़ने वाला कोई सबूत या प्रमाण मौजूद नहीं है।"
इस मामले में पुलिस पहले ही मुझसे पूछताछ कर चुकी है
आगे उन्होंने पोस्ट में लिखा "मैं लंबे समय तक चुप रहा क्योंकि मैं अपने बारे में लिखी जा रही हर रिपोर्ट या कहानी का जवाब नहीं देना चाहता था। लेकिन जब वही बात बार-बार होती है, तो एक समय ऐसा आता है जब आपको खुद के लिए बोलना पड़ता है। इस मामले में, CBI/पुलिस पहले ही मुझसे पूछताछ कर चुकी है और एजेंसियों ने लगभग 4-5 साल पहले मेरा बयान दर्ज किया था।"
मुझे यकीन है कि आखिरकार सच सामने आएगा
उन्होंने आगे कहा, "मेरे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है! अगर किसी जांच एजेंसी को लगता है कि उन्हें मुझसे दोबारा पूछताछ करने या मुझसे और जानकारी लेने की ज़रूरत है, तो मैं पूरी तरह से सहयोग करने और किसी भी जांच के लिए उपलब्ध रहने को तैयार हूं। मैं बस इतना चाहता हूं कि मुझे ऐसी किसी चीज़ में घसीटने से पहले तथ्यों की जांच कर ली जाए। मैं स्वर्गीय दिशा सालियानकी दुर्भाग्यपूर्ण मौत से जुड़े हालात की निष्पक्ष और पूरी CBI जांच का पुरजोर समर्थन करता हूं।"
Advertisement
“साथ ही, मेरा यह भी मानना है कि इस दुखद घटना के बारे में फैलाए जा रहे गलत प्रचार और झूठी बातों की जांच होनी चाहिए, क्योंकि किसी की मौत बिना सबूत के किसी दूसरे व्यक्ति की इज्ज़त खराब करने की वजह नहीं बननी चाहिए। कृपया किसी के जीवन और चरित्र के बारे में कोई राय बनाने से पहले तथ्यों की जांच कर लें। क्योंकि टेलीविज़न पर जिस भी व्यक्ति के नाम की चर्चा हो रही है, वह असल में एक इंसान है, जिसका अपना परिवार और अपनी ज़िंदगी है।
मैं लंबे समय तक चुप रहा, लेकिन अब मैं अपने नाम को ऐसी चीज़ों में लगातार घसीटे जाने की इजाज़त नहीं दूंगा जिनसे मेरा कोई लेना-देना नहीं है। मुझे कानून पर भरोसा है। मुझे जांच एजेंसियों पर भरोसा है। और मुझे यकीन है कि आखिरकार सच सामने आएगा। तथ्यों को सामने आने दें। जांच को अपना काम करने दें। सच को सामने आने दें। जय हिंद।
Advertisement
दर्ज FIR में सूरज पंचोली और आदित्य ठाकरे संग कई नाम
दिशा सालियन के पिता सतीश सालियन का पक्ष रख रहे वकील नीलेश ओझा ने सोमवार को बताया कि CBI द्वारा दर्ज FIR में शिवसेना-UBT नेता आदित्य ठाकरे, रोहन रॉय, रिया चक्रवर्ती, परमबीर सिंह, डीनो मोरिया, सूरज पंचोली, आदित्य ठाकरे के बॉडीगार्ड, तत्कालीन DCP विशाल ठाकुर, मालवानी पुलिस स्टेशन के PI, SIT के सदस्य, एक डॉक्टर और एक केमिकल एनालिस्ट के नाम शामिल हैं।
8 जून, 2020 को संदिग्ध मौत
दिशा सालियान 8 जून, 2020 को मृत पाई गई थीं; यह घटना सुशांत सिंह राजपूत के मुंबई के बांद्रा स्थित घर पर मृत पाए जाने से कुछ दिन पहले हुई थी। सूरज पंचोली का यह पोस्ट तब आया है जब हाल ही में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने दिशा सालियन की 2020 में हुई मौत की जांच शुरू करने के लिए FIR दर्ज की है। यह कदम बॉम्बे हाई कोर्ट के उस निर्देश के बाद उठाया गया है जिसमें CBI को FIR दर्ज करने और मामले की पूरी जांच करने के लिए कहा गया था।