NEET-UG 2026: मन की बात में PM मोदी बोलते हैं टेंशन नहीं लो लेकिन... NEET पेपर लीक होने पर भड़के ओवैसी, केजरीवाल-गहलोत समेत किसने क्या कहा?
NEET पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के मामले को लेकर विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। केजरीवाल ने दावा किया है कि इस मामले में राजनीतिक संरक्षण शामिल है।
- भारत
- 5 min read

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पेपर लीक के गंभीर आरोपों के बीच 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। NTA ने इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है। परीक्षा की नई तारीख जल्द ही घोषित की जाएगी। पेपर लीक होने के बाद परीक्षा रद्द होने से छात्रों में भारी आक्रोश है, क्योंकि छात्रों की सालों की तैयारी पर पानी फिर गया है। इस परीक्षा में देशभर से 22.79 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। वहीं, पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के मामले को लेकर विपक्षी दलों ने भी केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
पेपर लीक के आरोपों के चलते NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने पर AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "उस कानून का क्या हुआ जिसे आपने संसद में सख्त सजा का वादा करते हुए, निर्णायक कार्रवाई करने की कसम खाते हुए और कई तरह के आश्वासन देते हुए बनाया था? तो फिर, पेपर लीक कैसे हो गया?"
ओवैसी ने प्रधानमंत्री मोदी से मांगा जवाब
ओवैसी ने केंद्र सरकार से सवाल पूछते हुए कहा, "उन छात्रों की हालत के बारे में सोचिए जो पिछले 1-2 साल से पूरी लगन से तैयारी कर रहे हैं और जिनके माता-पिता ने कोचिंग सेंटरों पर लाखों रुपये खर्च किए हैं। उन गरीब छात्रों के बारे में सोचिए जो NEET परीक्षा पास करने का सपना देखते हैं। भाजपा को इसका जवाब देना होगा। प्रधानमंत्री को इसका जवाब देना होगा।"
छात्रों की शिकायत के बाद भी दर्ज नहीं हुआ FIR-गहलोत
वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा, "यह समझ से बाहर है कि 3 तारीख को परीक्षा ली गई थी और छात्रों ने 3,4 तारीख को ही शिकायत की थी कि पेपर लीक हुआ था। यह समझ से बाहर है कि क्या कारण था जो FIR दर्ज नहीं की गई? अब सवाल है कि 2024, 2025 और 2026 में लगातार 3 सालों तक पेपर लीक हुआ है। इससे हमारी नौजवान पीढ़ी बहुत दुखी है। यह एक बहुत बड़ी चुनौती है। हमें पता लगाना चाहिए कि इस समस्या का समाधान क्या होना चाहिए... यह बहुत दुखद घटना है।"
Advertisement
यह सब राजनीतिक संरक्षण से हो रहा है-केजरीवाल
NEET-UG 2026 परीक्षा के पेपर लीक के आरोपों के बीच रद्द होने पर, AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "यह पहली बार नहीं है जब NEET परीक्षा का पेपर लीक हुआ है। ऐसा चार बार हो चुका है। इसका सीधा सा मतलब है कि इसमें मिलीभगत और राजनीतिक संरक्षण शामिल है। इस देश में आखिर हो क्या रहा है? जो लोग ठीक से एक परीक्षा भी आयोजित नहीं करवा सकते, वे सरकार कैसे चलाएंगे? यह पूरी तरह से मिलीभगत का मामला है। मेरी संवेदनाएं परीक्षार्थियों के साथ हैं। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि यह सरकार सिर्फ़ 'जनआंदोलन' की भाषा समझती है, और केजरीवाल उनके साथ है।"
आरोपों पर बीजेपी की सफाई
वहीं, विपक्ष के आरोपों पर बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, "बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं किया जा सकता इसलिए परीक्षा रद्द कर जांच के आदेश दिए गए हैं। जो भी दोषी होंगे वे बच नहीं पाएंगे। कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। केंद्र सरकार इसे गंभीरता से देख रही है। "
Advertisement
अबतक 45 लोग हिरासत में
इधर NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद राजस्थान में जांच एजेंसियों की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। जयपुर में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने कथित पेपर लीक मामले में अविनाश लांबा और मनीष यादव को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पुलिस ने अबतक 45 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एजेंसियां पूरे नेटवर्क और इसके दूसरे राज्यों से जुड़े लिंक की भी जांच कर रही हैं। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से प्रश्न पत्र साझा किए जाने की आशंका है।