एक मकान, 36 कारें, कुल 62 वाहन... नागपुर हिंसा में हुआ कितना नुकसान और कैसे भरपाई करने वाली है सरकार? जानिए
Nagpur Riots: नागपुर की हिंसा के पांच दिन हो गए हैं, लेकिन इलाकों में हिंसा के निशान अब भी जिंदा हैं। चारों तरफ जले हुए वाहन नजर आते हैं।
- भारत
- 2 min read

Nagpur Riots: औरंगजेब की कब्र को हटाने के विवाद से 17 मार्च को नागपुर में हिंसक झड़पें हुईं, जिसमें पुलिस पर पथराव किया गया। ये अफवाह फैल गई कि एक समुदाय की किताब को प्रदर्शन के दौरान जला दिया गया। उससे बाद नागपुर सुलग उठा और इस चिंगारी से बड़े स्तर पर नुकसान हुआ। खैर, अब कई इलाकों में लगाए गए कर्फ्यू को हटा दिए जाने के बाद स्थिति सामान्य है। हालांकि आरोपियों पर कार्रवाई के साथ नागपुर की हिंसा में नुकसान झेलने वाले लोगों की मदद के लिए सरकार ने पूरा खाका तैयार किया है।
नागपुर की हिंसा के पांच दिन हो गए हैं, लेकिन इलाकों में हिंसा के निशान अब भी जिंदा हैं। चारों तरफ जले हुए वाहन नजर आते हैं। सरकार की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है और साथ ही नागपुर हिंसा में नुकसान के लिए मुआवजे का ऐलान हुआ है। जिला प्रशासन ने नुकसान का पंचनामा कर मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की है।
नागपुर हिंसा में कितना नुकसान और किसकी होगी भरपाई?
प्रशासनिक कर्मचारी और अधिकारी घर-घर जाकर पंचनामा कर रहे हैं और सबका लेखा-जोखा तैयार कर रहे हैं। फिलहाल मुआवजे का ऐलान हुआ है, जिसमें जो वाहन पूरी तरीके से खत्म हो चुके हैं उनके लिए 50000 रुपये और कम नुकसान हुए वाहनों के लिए 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। जिन लोगों ने बीमा का फायदा लिया है, उन्हें रकम नहीं दी जाएगी। पंचनामा में जानकारी जो सामने आई है, उसके अनुसार 62 वाहनों की तोड़फोड़ की गई। इनमें 36 कार और 22 दोपहिया शामिल हैं। इसके अलावा 2 क्रेन और 2 तीन पहिया वाहन फूंक दिए गए थे। उपद्रवियों ने हिंसा के समय 1 मकान को भी टारगेट किया था।
नागपुर हिंसा पर ‘देवाभाऊ सख्त’, VIDEO
हिंसा में माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी का अध्यक्ष गिरफ्तार
इस हिंसा मामले में अब तक 13 एफआईआर हुई हैं और 100 से ज्यादा गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। शनिवार को पुलिस ने माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हामिद इंजीनियर को गिरफ्तार किया। यूट्यूबर मोहम्मद शहजाद खान को भी पकड़ा गया है। आरोप है कि हमीद इंजीनियर ने हिंसा वाले दिन सुबह सोशल मीडिया के जरिए लोगों में डर और अशांति का माहौल पैदा करने की कोशिश की थी।