अपडेटेड 8 July 2024 at 16:20 IST
मुंबई बारिश: CM शिंदे ने स्थिति की समीक्षा की और बीएमसी आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष का किया दौरा
CM एकनाथ शिंदे ने मंत्रालय में एक बैठक कर मुंबई में भारी बारिश की स्थिति की समीक्षा की और बीएमसी के नियंत्रण कक्ष का दौरा भी किया।
- भारत
- 2 min read
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को मंत्रालय में एक बैठक कर मुंबई में भारी बारिश की स्थिति की समीक्षा की और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के नियंत्रण कक्ष का दौरा भी किया। मुंबई के कुछ इलाकों में सुबह सात बजे तक महज छह घंटे में 300 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई जिससे सड़कें और निचले इलाके डूब गए।
मध्य रेलवे के मार्ग पर पटरियों पर पानी भर जाने के कारण लोकल ट्रेन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं वहीं शहर से बाहर जाने वाली ट्रेन भी देरी से चल रही हैं। मंत्रालय में राज्य के राहत व पुनर्वास और आपदा प्रबंधन मंत्री अनिल पाटिल भी मौजूद रहे।
मंत्रालय में बैठक की अध्यक्षता करने के बाद शिंदे बीएमसी मुख्यालय में आपदा विभाग के नियंत्रण कक्ष भी गए और स्थिति की समीक्षा की। उनके साथ मुंबई और मुंबई उपनगरों के संरक्षक मंत्री क्रमश: दीपक केसरकर और मंगल प्रभात लोढ़ा, उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी गिरीश महाजन, मुख्य सचिव सुजाता सौनिक, नगरपालिका आयुक्त भूषण गगरानी और भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी आईएस चहल भी मौजूद थे।
बीएमसी अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को स्थिति से अवगत कराया।
Advertisement
भारी बारिश और समुद्र में ऊंची लहरें उठने की चेतावनी के मद्देनजर बीएमसी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और आपातकालीन मदद के लिए उसके हेल्पलाइन नंबर पर फोन करने की अपील की है। बीएमसी का आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष सभी घटनाक्रम पर नजर रख रहा है और सभी वरिष्ठ अधिकारी व वार्ड स्तर के कर्मी मदद के लिए उपलब्ध हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को सुबह आठ बजे तक 24 घंटे में मुंबई में औसत 115.63 मिलीमीटर बारिश हुई जबकि मुंबई के पूर्वी तथा पश्चिमी हिस्सों में क्रमश: 168.68 मिमी. और 165.93 मिमी. बारिश हुई।
Advertisement
पूर्वी मुंबई में गोवंडी में सबसे अधिक 315.6 मिमी. बारिश हुई। इसके बाद पवई में 314.5 मिमी. जबकि पश्चिमी हिस्से में अंधेरी में मालपा डोंगरी में सबसे अधिक 292.2 मिमी. बारिश हुई। इसके बाद चकाला में 278.2 मिमी. बारिश हुई। मुंबई के प्रतीक्षा नगर में 220.2 मिमी. बारिश हुई और उसके बाद सेवरी कोलीवाड़ा में 185.8 मिमी. बारिश हुई।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 8 July 2024 at 16:20 IST