सावधान! चूहे मारने की दवा लगाकर बेचते थे फल, वीडियो वायरल होने पर मालाड पुलिस का एक्शन, 2 आरोपी गिरफ्तार

मुंबई के मालाड में फलों पर रैटोल (चूहे मारने की दवा) लगाकर बेचने वाले 2 विक्रेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वायरल वीडियो होने के बाद दुकान सील, जानें क्या है पूरा मामला?

Follow : Google News Icon  
Rat Poison on Fruits Mumbai
फलों पर चूहे मारने की दवा रैटोल लगाकर बेच रहे थे विक्रेता, मालाड पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार | Image: X/@abhinaymaths

Rat Poison on Fruits Video: मुंबई के मालाड पश्चिम इलाके में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 2 फल बेचने वालों पर आरोप लगा कि वो फलों पर चूहे मारने की जहरीली दवा रैटोल लगाकर बेच रहे हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में इन फल विक्रेताओं को केले जैसे फलों पर रैटोल क्रीम लगाते हुए देखा गया। इसके बाद शक यकीन में बदल गया।

मामले की शिकायत कुणाल सालुंके नामक व्यक्ति ने की थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि मनोज कुमार केसरवानी और बिपिन केसरवानी नाम के 2 दुकानदार फलों पर यह जहरीली दवा लगा रहे थे ताकि फल जल्दी खराब न हों। वहीं, शिकायत मिलते ही मालाड पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी दुकान को भी सील कर दिया है।

पूछताछ में क्या बोले आरोपी? 

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि चूहे फल खा जाते हैं, इसलिए उन्होंने फलों को बचाने के लिए रैटोल लगाई। बतादें रैटोल एक जहरीली दवा है, जिसके सेवन से उल्टी, पेट दर्द, लीवर खराब होना और गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।

मालाड पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर दुष्यंत चव्हाण ने भी इस मामले की पुष्टि की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 274 (खाद्य पदार्थ में मिलावट), 275 (बिक्री के लिए जहरीला पदार्थ बेचना) और 286 (लापरवाही से खतरा पैदा करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच फिलहाल जारी है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement

फल-सब्जियां खरीदते वक्त रहे सावधान

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अगर बाजार में ऐसी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत सूचना दें। इससे समय रहते सख्त कार्रवाई संभव हो सकती है। यह घटना खाद्य सुरक्षा और उपभोक्ता स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की तरफ इशारा करती है। लोगों को सलाह दी जाती है कि फल-सब्जियां खरीदते समय हमेशा विश्वसनीय जगह से लें और संदिग्ध दिखने पर तुरंत पुलिस या फूड सेफ्टी विभाग को सूचित करें। साथ ही बाहर से फल लाने के बाद उन्हें धोकर खाना चाहिए।

यह भी पढ़ें: नोएडा में 40 साल पुराने पार्क को धार्मिक स्थल में बदलने के फैसले पर बवाल

Advertisement
Published By :
Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड