मुंबई होर्डिंग हादसा : एक्ट्रेस सोनी राजदान और विजय वर्मा ने जताया दुख

फिल्म जगत की हस्तियों सोनी राजदान और विजय वर्मा ने मुंबई में होर्डिंग गिर जाने से कम से कम 14 लोगों की मौत और 74 लोगों के घायल होने पर दुख और निराशा जताई।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Mumbai Rain
मुंबई होर्डिंग हादसा | Image: Republic

फिल्म जगत की हस्तियों सोनी राजदान और विजय वर्मा ने मगंलवार को मुंबई में एक पेट्रोल पंप पर 100 फुट ऊंचा अवैध होर्डिंग गिर जाने से कम से कम 14 लोगों की मौत और 74 लोगों के घायल होने पर दुख और निराशा जताई।

नगर निकाय के अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार को मुंबई में आई धूल भरी आंधी और बेमौसम बारिश के दौरान घाटकोपर इलाके में होर्डिंग गिर गया था। उन्होंने बताया कि यह होर्डिंग अवैध था और इसे लगाने की अनुमति नहीं ली गई थी।

राजदान ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर स्थानीय नागरिक निकाय बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) को टैग किया और इस घटना के लिए स्पष्टीकरण की मांग की। राजी फिल्म की अभिनेत्री ने एक्स पर पोस्ट में कहा, ''आठ लोगों की मौत और अन्य के घायल होने के बाद ही उन्हें क्यों पता चलता है कि यह होर्डिंग अवैध है? और क्या इसके लिए जिम्मेदार निकाय या व्यक्ति पर अभियोजन नहीं चलाया जाना चाहिए?

वर्मा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर होर्डिंग गिरने का एक वीडियो दोबारा साझा करते हुए लिखा: 'ओह नो।' लोकप्रिय प्रस्तोता मिनी माथुर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस घटना की खबर को साझा करते हुए कहा कि हमारे देश में जीवन का 'शून्य मूल्य' है।

Advertisement

माथुर ने स्टोरी में लिखा, ''यह होर्डिंग किसका है? इसे वर्षों तक वहां लगे रहने की इजाजत किसने दी? इस सप्ताह आरोप-प्रत्यारोप के खेल से कोई जवाब नहीं मिलेगा और नियमों का खुलेआम उल्लंघन करने वाले भ्रष्ट लोगों के खिलाफ कभी भी उचित कदम नहीं उठाए जाएंगे। ''

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि ‘ईगो मीडिया' प्राइवेट लिमिटेड के मालिक भावेश भिंडे और अन्य के खिलाफ पंत नगर पुलिस थाने में गैर इरादतन हत्या और भारतीय दंड संहिता की अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Advertisement

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को सुबह छेड़ा नगर स्थित पेट्रोल पंप पर तलाश एवं बचाव अभियान जारी है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार रात घटनास्थल का दौरा किया और शहर में लगे सभी होर्डिंग का ऑडिट कराने का आदेश दिया। उन्होंने हादसे में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 5 लाख रुपये की सहायता देने की भी ऐलान किया।

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By:
 Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड