अपडेटेड 15 May 2024 at 12:48 IST

मुंबई होर्डिंग हादसा: मलबे में दिखे दो और लोगों के शव, बचाव अभियान जारी

मुंबई में एक विशाल होर्डिंग गिरने वाली जगह पर मलबे के नीचे दो और लोगों के शव दिखाई दिए हैं।

Follow : Google News Icon  
Mumbai Hoarding Collapse
Mumbai Hoarding Collapse | Image: PTI

 मुंबई में एक विशाल होर्डिंग गिरने वाली जगह पर मलबे के नीचे दो और लोगों के शव दिखाई दिए हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि घटना के 40 घंटे बाद भी खोज एवं बचाव अभियान जारी है।

उन्होंने कहा कि शवों को कल रात देखा गया था लेकिन अभी तक बाहर नहीं निकाला जा सका है।

छेड़ा नगर इलाके में शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की जमीन पर स्थित पेट्रोल पंप के पास लगा होर्डिंग सोमवार को धूल भरी आंधी और बेमौसम बारिश के कारण गिर गया था जिससे यह हादसा हुआ।

Advertisement

अधिकारियों के अनुसार बचाव दल ने गिर गए होर्डिंग के नीचे से 89 लोगों को निकाला था जिनमें से 14 को मृत घोषित कर दिया गया था जबकि 75 अन्य लोग घायल हो गए थे।

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के सहायक कमांडेंट निखिल मुधोलकर ने बुधवार को 'पीटीआई -भाषा' को बताया, "हमने गिरे हुए होर्डिंग के नीचे दो शवों को दबे हुए देखा हैं लेकिन जहां शव हैं वहां तक पहुंचने में हमें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहां से शवों को निकालने के लिए किसी भी व्यक्ति को रेंगकर जाना पड़ेगा।"

Advertisement

उन्होंने कहा, "हमने पहले 'गर्डर' को रात में काटकर हटा दिया है तथा अब मशीनों की मदद से मलबा हटा रहे हैं।"

उन्होंने कहा एनडीआरएफ कर्मी अब दूसरे 'गर्डर' को काटेंगे। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना स्थल पर ऐसे पांच से अधिक 'गर्डर' हैं।

अधिकारी ने कहा 'गर्डर' हटाने के बाद पता चलेगा कि कितने लोग अब भी वहां दबे हुए हैं।

एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने कहा कि बुधवार सुबह खोज और बचाव अभियान के दौरान घाटकोपर में घटना स्थल पर मामूली तौर पर आग लग गई जिस पर वहां तैनात दमकल कर्मियों ने तुरंत काबू पा लिया।

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 15 May 2024 at 12:48 IST