मुंबई BMW हादसा: रात 1:45 बजे की पार्टी, आरोपी मिहिर शाह का बार से निकलते हुए CCTV आया सामने

Worli Hit And Run: आरोपी मिहिर शाह का एक CCTV सामने आया है। जिसमें वो कुछ लोगों के साथ जुहू के एक बार से निकलता हुआ नजर आ रहा है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon

Mumbai Hit And Run Case: मुंबई के वर्ली इलाके में रविवार सुबह एक BMW कार ने स्कूटी सवार एक दंपती को टक्कर मार दी। इस हिट एंड रन केस में स्कूटी सवार एक महिला की मौत हो गई। यह घटना आज सुबह 5:30 बजे की है। जब स्कूटी पर सवार पति-पत्नी वर्ली के एट्रिया मॉल के सामने से गुजर रहे थे। पुलिस के मुताबिक कार का शिकार हुए वर्ली कोलीवाडा इलाके में रहने वाले ये दंपत्ति ससून डॉक मछली लेने के लिए गए थे और जब वह मछली लेकर वापस आ रहे थे। उसी वक्त उनकी BMW ने पीछे से टक्कर मार दी।

इस घटना के बाद ड्राइवर अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं हादसे में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। अब तक की जानकारी के मुताबिक हादसे के वक्त कार में दो लोग मिहिर शाह और राजऋषि राजेंद्र सिंह बीदावत (ड्राइवर) मौजुद थे। उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस के पास आरोपी मिहिर को लेकर अभी कोई खास जानकारी नहीं है। पुलिस जांच कर रही है कि आरोपी ने शराब पी थी या नहीं। इस मामले में अभी तक 2 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जिसमें ड्राइवर राजऋषि राजेंद्र सिंह और कार का मालिक राजेश शाह शामिल है। फरार आरोपी मिहिर शाह, राजेश शाह का बेटा है।

CCTV आया सामने

मिहिर शाह का एक CCTV सामने आया है। जिसमें वो कुछ लोगों के साथ जुहू के एक बार से निकलता हुआ नजर आ रहा है। मिहिर शाह रात करीब 1:45 बजे बार से निकला और मुंबई के मरीन ड्राइव की तरफ आया सुबह वर्ली में उसकी कार ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी। हालांकि CCTV में मिहिर जिस कार में बैठता हुआ नजर आ रहा है और जिस कार से ये हादसा हुआ वो दोनों अलग-अलग कार हैं। 

BMW चालक ने खोया नियंत्रण

वर्ली थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक महिला की पहचान कावेरी नखवा (45) के रूप में हुई है। वह सुबह करीब साढ़े पांच बजे एनी बेसेंट रोड पर अपने पति प्रदीप के साथ जा रही थीं तभी BMW कार के चालक ने नियंत्रण खो दिया। टक्कर लगने के बाद कावेरी नखवा सड़क पर गिर गयीं। आसपास से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को घटना के बारे में सूचना दी। कावेरी को सरकारी नायर हॉस्पिटल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कावेरी और उनके पति मछुआरा समुदाय से हैं और वे कोलाबा में ससून डॉक से अपने घर जा रहे थे।

Advertisement

सीएम शिंद का आया बयान

इस घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है और किसी को बख्शा नहीं जाएगा। जो हिट एंड रन का मामला आया है बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। यह पूछने पर कि क्या इस दुर्घटना में शामिल व्यक्ति शिवसेना के एक नेता का बेटा है? इस पर शिंदे ने कहा, 'कानून सभी के लिए बराबर है और सरकार हर मामले को एक ही नजरिए से देखती है। इस दुर्घटना के लिए कोई अलग नियम नहीं होगा। सब कुछ कानून के अनुसार किया जाएगा।' उन्होंने कहा, 'पुलिस किसी को नहीं बचाएगी। मुंबई में हुई दुर्घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। मैंने पुलिस विभाग से सख्त कार्रवाई करने के लिए बात की है।'

यह मामला ऐसे वक्त में सामने आया है जब दो महीने से भी कम समय पहले 19 मई को पुणे के कल्याणी नगर में पोर्श कार दुर्घटना हुई थी। जिसमें कथित तौर पर शराब के नशे में गाड़ी चला रहे नाबालिग ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी, जिसमें दो आईटी पेशेवरों की मौत हो गयी थी।

Advertisement

ये भी पढ़ें: दिल्ली चुनाव की तैयारी में जुटी BJP, खत्म करेगी अपना वनवास? वीरेंद्र सचदेवा ने किया बड़ा दावा
 

Published By:
 Sagar Singh
पब्लिश्ड