अपडेटेड 26 October 2024 at 14:44 IST
MP News: पिकनिक स्थल पर महिला के साथ सामूहिक बलात्कार के मामले में 8 लोग गिरफ्तार
मध्यप्रदेश के रीवा जिले में अपने पति के साथ सैर पर गई एक महिला के साथ कथित सामूहिक बलात्कार के मामले में पुलिस ने शनिवार को आठ लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
- भारत
- 2 min read

मध्यप्रदेश के रीवा जिले में अपने पति के साथ सैर पर गई एक महिला के साथ कथित सामूहिक बलात्कार के मामले में पुलिस ने शनिवार को आठ लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने महिला से कथित तौर पर बलात्कार करने वाले पांच लोगों और 21 अक्टूबर को गुढ़ तहसील में एक पिकनिक स्थल पर हुई इस घटना का वीडियो बनाने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
रीवा के पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमने शनिवार सुबह आठ आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। उनकी उम्र 20 से 25 साल के बीच है। पांच कथित बलात्कारियों में से एक को पड़ोसी छत्तीसगढ़ के रायपुर से पकड़ा गया।’’ पुलिस के अनुसार महिला की हाल में शादी हुई थी तथा पति-पत्नी की उम्र 19-20 साल है एवं वे अभी कॉलेज में हैं।
रीवा मुख्यालय की पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) हिमाली पाठक ने कहा कि महिला ने पुलिस को बताया कि कथित तौर पर उसका यौन उत्पीड़न करने वाले पांच लोगों में से एक के हाथ और छाती पर टैटू हैं। उन्होंने कहा कि दंपति मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे गुढ़ थाने पहुंचे और उसी शाम प्राथमिकी दर्ज की गई।
अधिकारी ने कहा कि महिला के बयान के अनुसार गुढ़ औद्योगिक क्षेत्र में एक प्रसिद्ध मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर एक फव्वारे के पास उसका और उसके पति का झगड़ा हुआ था। डीएसपी ने कहा कि महिला ने आरोप लगाया कि फव्वारे के पास पांच लोगों ने बारी-बारी से उसके साथ बलात्कार किया। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने इस कृत्य का वीडियो भी रिकॉर्ड किया है।
Advertisement
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 26 October 2024 at 14:44 IST