MP के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जापान में गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यहां एडोगावा वार्ड में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर मंगलवार को पुष्पांजलि अर्पित की।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
MP Chief Minister Mohan Yadav paid floral tributes at Gandhi's statue in Japan
MP Chief Minister Mohan Yadav paid floral tributes at Gandhi's statue in Japan | Image: @DrMohanYadav51/x

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यहां एडोगावा वार्ड में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर मंगलवार को पुष्पांजलि अर्पित की और भारत एवं जापान के बीच पुराने संबंधों की सराहना करते हुए भविष्य में संभावित सहयोग की आशा व्यक्त की।

यादव चार दिवसीय यात्रा पर जापान आए हैं। वह 28 से 31 जनवरी के बीच तोक्यो, ओसाका और कोबे की यात्रा करेंगे। उनकी इस यात्रा का उद्देश्य निवेशकों को मध्य प्रदेश में मौजूद अवसरों के बारे में बताना और राज्य में आगामी वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन के लिए उन्हें निमंत्रण देना है।

यादव ने कहा कि दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक संबंध हैं, जो भारत की स्वतंत्रता के दौर से बरकरार हैं। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस एवं रास बिहारी बोस के साथ-साथ स्वामी विवेकानंद और गुरु रवींद्रनाथ टैगोर, सभी किसी न किसी तरह से जापान से जुड़े रहे थे।

यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के सत्ता में आने के बाद से यह मित्रता और मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि वह कई पहलुओं पर साथ मिलकर काम करने के अपार अवसर देखते हैं।

Advertisement

उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी उद्योग के मामले में जापान दुनिया के सर्वश्रेष्ठ देशों में से एक है। मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जापान की अपनी यात्रा के दौरान मुझे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की एडोगावा शहर के गांधी पार्क में स्थित प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने का सौभाग्य मिला।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘पूज्य बापू का जीवन प्रेम, अहिंसा और सामंजस्य के सिद्धांतों को समर्पित था और यह हमारे लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।’’ ‘मध्य प्रदेश वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन (जीआईएस) 2025’ इस साल 24-25 फरवरी को भोपाल में आयोजित होगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।

Advertisement

इस दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में 30 से अधिक देशों के 15,000 से अधिक निवेशकों के शामिल होने की उम्मीद है। यह सम्मेलन उद्योगपतियों के लिए आकर्षण का एक प्रमुख केंद्र होगा।

मुख्यमंत्री के साथ आए उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल में राजेश कुमार राजौरा (मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव), राघवेंद्र कुमार सिंह (प्रमुख सचिव, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग), सुदाम खाड़े (सचिव एवं आयुक्त, जनसंपर्क विभाग) तथा मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के अधिकारी शामिल हैं।

इससे पहले, यादव ने जापान में भारत के राजदूत सिबी जॉर्ज से मुलाकात कर जापान और मध्य प्रदेश के बीच औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के अवसरों और संभावित आर्थिक क्षेत्रों पर चर्चा की।

उन्होंने जापानी कार निर्माता कंपनी ‘टोयोटा मोटर कॉरपोरेशन’ के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात कर उनसे मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की।

उन्होंने ‘टोयोटा मोटर कॉरपोरेशन’ के भारत एवं पश्चिम एशिया प्रभाग में प्रशासन एवं सहायता विभाग के महाप्रबंधक तोशीयुकी नाकाहारा और परियोजना महाप्रबंधक मासाहिरो नोगी के साथ संभावित व्यापार संबंधों पर चर्चा की।

यादव ने टोयोटा के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ अपनी बैठक में कहा कि भारत के केंद्र में स्थित होने के कारण मध्य प्रदेश अन्य बाजारों तक आसान पहुंच उपलब्ध कराकर कंपनियों को बड़ा लाभ प्रदान करता है। उन्होंने मोटर वाहन कंपनी को राज्य में पर्याप्त निवेश अवसरों पर विचार करने के लिए आमंत्रित किया।

टोयोटा के अधिकारियों ने कहा कि मध्य प्रदेश एक ‘‘महत्वपूर्ण राज्य’’ है और कंपनी राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक है। बातचीत के दौरान कंपनी ने अपने संचालन, ‘स्टॉकयार्ड’ की उपस्थिति, डीलर नेटवर्क और बिक्री की मात्रा पर बात की।

उन्होंने कहा कि ‘टोयोटा तकनीकी शिक्षा कार्यक्रम’ राज्य में युवाओं को कौशल प्रदान करने पर केंद्रित है। कंपनी ने ‘‘भारत के साथ मिलकर बढ़ने’’ में भी रुचि व्यक्त की।

यादव अपनी इस यात्रा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख जापानी व्यापारिक संस्थाओं के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि इनमें से कई बैठकें मध्य प्रदेश के लिए व्यावसायिक अवसर उत्पन्न करेंगी।

मध्य प्रदेश के जापान के साथ मजबूत व्यापारिक और निवेश संबंध हैं। वित्त वर्ष 2023-24 में भारत और जापान के बीच व्यापार 22.85 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया, जिसमें मध्य प्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान रहा। राज्य ने जापान में लगभग नौ करोड़ 30 लाख अमेरिकी डॉलर के उत्पाद निर्यात किए। इनमें एल्युमीनियम, रसायन, मशीनरी, दवाइयां और कपड़े आदि शामिल हैं।

Published By:
 Ritesh Kumar
पब्लिश्ड