अपडेटेड 4 March 2025 at 18:57 IST
जम्मू-कश्मीर सरकार के 37 विभागों में 32,000 से अधिक पद खाली हैं : उमर अब्दुल्ला
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि सरकार के 37 विभागों में 32,000 से अधिक पद खाली पड़े हैं।
- भारत
- 2 min read

Omar Abdullah: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि सरकार के 37 विभागों में 32,000 से अधिक पद खाली पड़े हैं, जिनमें स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में सबसे अधिक 7,851 रिक्तियां हैं।
उमर अब्दुल्ला ने विधानसभा में बताया कि पिछले साल 16 अक्टूबर को सरकार के गठन के बाद से जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) और जम्मू-कश्मीर लोक सेवा आयोग (जेकेपीएससी) को 3,727 रिक्तियों को भरने का काम सौंपा गया है।
मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के विधायक सज्जाद गनी लोन द्वारा उठाए गए प्रश्न के उत्तर में यह बात कही। अब्दुल्ला सामान्य प्रशासन विभाग के प्रभारी भी हैं।
लोन ने 31 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर में विभिन्न विभागों में रिक्तियों की कुल संख्या और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व वाली सरकार के गठन के बाद दोनों सरकारी भर्ती एजेंसियों को भेजी गई रिक्तियों के बारे में जानकारी मांगी थी।
Advertisement
मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 जनवरी तक 32,474 पद - 2,503 राजपत्रित, 19,214 अराजपत्रित और 10,757 मल्टी-टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) - रिक्त पड़े हैं।
उन्होंने कहा कि इन रिक्तियों में से 738 राजपत्रित, 1,754 अराजपत्रित और 1,235 एमटीएस पद सरकार गठन के बाद जेकेएसएसबी और जेकेपीएससी को भेजे गए थे। इसके अलावा स्कूली शिक्षा विभाग में 594 राजपत्रित पद, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में 56, बिजली विभाग में 45 तथा बागवानी विभाग में 41 पद भरे जाने हैं।
Advertisement
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 4 March 2025 at 18:57 IST