देहरादून में मिलावटी कुट्टू का आटा खाने से 100 से अधिक लोग बीमार, मुख्यमंत्री धामी मरीजों से मिले

Uttarakhand: देहरादून में कथित तौर पर मिलावटी कुट्टू का आटा खाने से 100 से अधिक लोग बीमार हो गए जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Chief Minister Pushkar Dhami met the patients
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी मरीजों से मिले | Image: Facebook

Uttarakhand: देहरादून में कथित तौर पर मिलावटी कुट्टू का आटा खाने से 100 से अधिक लोग बीमार हो गए जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हालचाल जाना। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सभी मरीजों की हालत अब सामान्य है।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने यहां बताया कि खाद्य विषाक्तता (फूड प्वाइजिंग) की वजह से बीमार पड़े 66 लोगों को कोरोनेशन अस्पताल तथा 44 को दून मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि इनमें से कुछ लोगों की तबीयत रविवार रात में बिगड़ी जबकि अन्य लोगों को बीमार होने पर सोमवार सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि सभी मरीजों की हालत सामान्य है और चिंता की कोई बात नहीं है। अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुट्टू के जिस आटे को खाने के बाद लोगों की तबीयत खराब हुई, उसकी आपूर्ति उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से हुई थी।

उन्होंने बताया कि मरीजों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 22 दुकानों को चिह्नित करके सील कर दिया है और वहां के सभी खाद्य पदार्थो को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि दुकानदारों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। सिंह ने बताया कि सहारनपुर के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से इस संबंध में बात की गयी है। सिंह ने बताया कि एक टीम सहारनपुर के लिए रवाना की गयी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कोरोनेशन अस्पताल पहुंचे और मरीजों का हाल-चाल जाना। उन्होंने मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए देहरादून के जिलाधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को उन्हें समुचित इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। धामी ने अधिकारियों से कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अस्पताल में बिस्तरों की संख्या बढ़ा दी जाए। उन्होंने स्वास्थ्य सचिव को पूरे मामलो की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। धामी ने कहा कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग और अन्य संबंधित विभाग मिलकर जांच करें। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

Advertisement

यह भी पढ़ें: मोदी सरकार ने देश के स्वास्थ्य ढांचे को बेहतर बनाया: अमित शाह

Published By:
 Dalchand Kumar
पब्लिश्ड