'भाई परिसीमन बिल को हराना है', राहुल गांधी की अपील पर स्टालिन की दो टूक- हम कोई समझौता नहीं करेंगे
राहुल गांधी के परिसीमन मुद्दे पर साथ मांगने पर एमके स्टालिन ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी तरह का समझौता नहीं करने वाले हैं।
- भारत
- 3 min read

Delimitation Bill: तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने परिसीमन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दो टूक जवाब दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हमने हमेशा तमिल लोगों के हितों को सबसे पहले ध्यान में रखते हुए हर फैसला लिया है। हम इस रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेंगे।
दरअसल, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी और कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री परिसीमन के मुद्दे पर स्टालिन से मिलने चेन्नई के लिए रवाना हो गए हैं।
स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे- राहुल गांधी
इस बारे में जानकारी देते हुए राहुल गांधी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर ट्वीट कर लिखा, 'INDIA (इंडी) गठबंधन के वरिष्ठ नेता और मैं थिरु एमके स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे हैं। हम उनसे और DMK से अनुरोध करेंगे कि वे परिसीमन (डिलिमिटेशन) से जुड़े संवैधानिक संशोधन विधेयकों का विरोध करें।'
सीटों की संख्या बढ़ने से लोकतंत्र खत्म- राहुल
उन्होंने आगे कहा, ‘सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने से भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। इससे BJP-RSS को भारत के पूरे चुनावी नक्शे को अपने फायदे के हिसाब से फिर से तैयार करने की खुली छूट मिल जाएगी।’
Advertisement
स्टालिन ने राहुल गांधी को दिया जवाब
राहुल गांधी ने स्टालिन को भाई कहकर संबोधित करते हुए लिखा, 'स्टालिन जी हमेशा तमिल-विरोधी ताकतों के खिलाफ एक चट्टान की तरह डटे रहे हैं। राष्ट्रीय हित में, तमिलनाडु के हित में और संविधान की रक्षा के लिए हमें मिलकर इस विधेयक को हराना होगा।'
एमके स्टालिन का समझौते से इनकार
राहुल गांधी की अपील पर एमके स्टालिन ने अपने फैसले पर किसी भी तरह के समझौते से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने भी कांग्रेस नेता को भाई कहकर संबोधित किया और लिखा, 'संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में DMK की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए भाई राहुल गांधी का बहुत-बहुत धन्यवाद।'
Advertisement
'हमें एट्टप्पन नहीं, कट्टाबोम्मन के रूप में याद…'
स्टालिन ने आगे कहा, 'हमने हमेशा तमिलनाडु और अपने तमिल लोगों के हितों को सबसे ऊपर रखकर हर फैसला लिया है। हम इस रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेंगे और मुझे पूरा विश्वास है कि इतिहास हमें 'कट्टाबोम्मन' के रूप में याद रखेगा, न कि 'एट्टप्पन' के रूप में।'
मालूम हो कि राहुल गांधी ने परिसीमन मुद्दे पर अप्रत्यक्ष रूप से डीएमके की तुलना एटप्पम से की थी। तमिल राजनीति और इतिहास में महान स्वतंत्रता सेनानी राजा वीरपांडिया कट्टाबोम्मन ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ लोहा लेने वाले वीर योद्धा और स्वाभिमान के प्रतीक हैं, जबकि एट्टप्पन को विश्वासघात और गद्दारी का प्रतीक माना जाता है।
स्टालिन से मुलाकात का मकसद क्या?
बता दें कि राहुल गांधी और इंडी गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता चेन्नई जाकर डीएमके (DMK) प्रमुख एम.के. स्टालिन से मुलाकात करेंगे। इस अहम मुलाकात का मुख्य उद्देश्य डीएमके को परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों के समर्थन वाले अपने फैसले पर पुनर्विचार करने और विपक्ष के साथ मिलकर इनका विरोध करने के लिए सहमत करना है।