अपडेटेड 18 August 2024 at 14:44 IST
बरेली में मंत्री धर्मपाल सिंह के ड्राइवर ने की खुदकुशी, फंदे से लटका मिला शव
बरेली में मंत्री धर्मपाल सिंह के कथित वाहन चालक का शव रविवार को फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
- भारत
- 2 min read

बरेली जिला मुख्यालय के सिविल लाइंस स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अतिथि गृह में राज्य सरकार के पशुधन मंत्री के कथित वाहन चालक का शव रविवार को फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के वाहन चालक राजवीर (46) ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उसने बताया कि राजवीर का शव फंदे पर लटका था और उसके कान में हेडफोन लगा हुआ था।
कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) दिनेश शर्मा ने बताया कि राजवीर सिंह बाराबंकी जिले का रहने वाला था और वह उत्तर प्रदेश सरकार में पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह का वाहन चलाता था।
शर्मा ने बताया कि राजवीर सिंह शनिवार को बरेली के पीडब्ल्यूडी अतिथि गृह में रुका हुआ था और उसने देर रात फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। शर्मा ने बताया कि राजवीर के परिवार वालों को घटना की सूचना दे दी गई है।
Advertisement
उन्होंने बताया कि रविवार को उसे कई फोन किए गए लेकिन उसने किसी भी कॉल का जवाब नहीं दिया और जब मंत्री के गनर वहां पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने बताया कि इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो वहां राजवीर का शव मिला और उसके कान में हेडफोन लगा था तथा मोबाइल जेब में था।
एसएचओ ने कहा कि मोबाइल ‘लॉक’ होने की वजह से पता नहीं लगा कि वह किससे बात कर रहा था लेकिन अंदेशा है कि उसने बात करते-करते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि पुलिस इस बात का पता लगाने के लिए उसके ‘कॉल रिकॉर्ड’ निकलवा रही है कि वह किससे बात कर रहा था।
Advertisement
धर्मपाल सिंह बरेली जिले के आंवला विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं और शनिवार एवं रविवार को वह अक्सर क्षेत्र के दौरे पर रहते हैं। पुलिस ने बताया कि घटना के समय वह कहीं अन्यत्र थे।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 18 August 2024 at 14:44 IST