Kolkata Fire: कोलकाता के होटल में भीषण आग का तांडव, 14 लोगों की दर्दनाक मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
आग लगने की घटना रात करीब 8:15 बजे हुई। 14 शव बरामद किए गए हैं और कई लोगों को टीमों ने बचाया है। आग पर काबू पा लिया गया है।
- भारत
- 3 min read

Kolkata Fire News: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मंगलवार (29 अप्रैल) रात दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक होटल में भीषण आग का तांडव देखने को मिला। आग की चपेट में आने से 14 लोगों की मौत हो गई। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
ये अबतक साफ नहीं हो पाया है कि आग लगने की वजह क्या थी। घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन कर दिया गया है।
कैसे हुआ ये दर्दनाक हादसा?
हादसा बीती रात मध्य कोलकाता के फलपट्टी मछुआ के पास एक होटल में हुआ। आग लगते ही वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान कई लोग अंदर ही फंस गए। आग लगने की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भेजी गईं। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के दमकल केंद्रों से भी कई गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू हुआ। वहां से 14 लोगों के शव बरामद हुए।
घटना की जांच के लिए बनाई गई स्पेशल टीम
कोलकाता पुलिस कमिश्नर मनोज कुमार वर्मा ने बताया, "यह आग लगने की घटना रात करीब 8:15 बजे हुई। 14 शव बरामद किए गए हैं और कई लोगों को टीमों ने बचाया है। आग पर काबू पा लिया गया है और बचाव कार्य जारी है। आगे की जांच जारी है। जांच के लिए एक विशेष टीम भी बनाई गई है।"
Advertisement
सुकांत मजूमदार ने राज्य सरकार से की ये अपील
इससे पहले, केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल BJP अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने राज्य प्रशासन से प्रभावितों को तुरंत बचाने का आग्रह किया था और भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोकने के लिए अग्नि सुरक्षा उपायों की "कड़ी निगरानी" करने का भी आह्वान किया था।
सुकांत मजूमदार ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "मैं राज्य प्रशासन से आग्रह करता हूं कि प्रभावित लोगों को तुरंत बचाया जाए, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और उन्हें आवश्यक चिकित्सा और मानवीय सहायता प्रदान की जाए। इसके अतिरिक्त, मैं भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोकने के लिए अग्नि सुरक्षा उपायों की गहन समीक्षा और सख्त निगरानी की अपील करता हूं । "
Advertisement
घटना को लेकर पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने कोलकाता निगम की आलोचना की। उन्होंने कहा , "यह एक दुखद घटना है। कोई सुरक्षा या संरक्षा नहीं थी...मुझे नहीं पता कि निगम क्या कर रहा है।"