Manmohan Singh Death: पंचतत्व में विलीन हुए पूर्व PM मनमोहन सिंह, निगम बोध घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
India News Live: आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ पूर्व PM मनमोहन सिंह का निगम बोध घाट पर अंतिम संस्कार हुआ। उन्हें 21 तोपों की सलामी दी गई। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह दो दिनों के ओडिशा दौरे पर रहेंगे। यूपी के CM योगी आदित्यनाथ महाकुंभ मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रयागराज पहुंचेंगे।
- भारत
- 17 min read

India News Live: आज नई दिल्ली के कश्मीरी गेट के पास निगमबोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार हुआ। उनकी बड़ी बेटी उपिंदर सिंह ने चिता को मुखाग्नि दी। अंत्येष्टि में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, समेत कई नेता मौजूद रहे।
MP: गुना के ग्राम पीपल्या में बोरवेल में गिरा 10 साल का बच्चा
गुना जिले के ग्राम पीपल्या में बोरवेल में गिरे बच्चे को बचाने के लिए रेस्क्यू कार्य जारी है। बच्चा लगभग 40 फीट की गहराई पर फंसा हुआ है, जबकि 25 फीट से अधिक की खुदाई का कार्य पूरा किया जा चुका है।
महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने गृह मंत्री से मुलाकात की
महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
Advertisement
हमीरपुर: पेट्रोल पंप पर टक्कर के बाद दो ट्रकों में लगी आग
उत्तर प्रदेश: हमीरपुर जिले में स्थित एक पेट्रोल पंप पर टक्कर के बाद दो ट्रकों में आग लग गई। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
महाकुंभ ऐतिहासिक होगा, अद्भुत होगा, अलौकिक होगा- जयवीर सिंह
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने महाकुंभ 2024 पर कहा, "महाकुंभ ऐतिहासिक होगा, अद्भुत होगा, अलौकिक होगा, भव्य होगा, दिव्य होगा। दुनिया में एक नया कीर्तिमान स्थापित होगा। कड़े इंतजाम हैं... किसी को कोई परेशानी नहीं होगी..."
Advertisement
CM योगी ने रक्षा मंत्री को महाकुंभ का निमंत्रण दिया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की और प्रयागराज महाकुंभ 2025 के लिए निमंत्रण दिया।
कांग्रेस ने गांधी परिवार के अलावा किसी को सम्मान नहीं दिया- जेपी नड्डा
केंद्रीय मंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा, "यह वास्तव में बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और वर्तमान अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के दुखद निधन पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं। कांग्रेस की इस सोच की जितनी निंदा की जाए कम है। कांग्रेस, जिसने मनमोहन सिंह जी को उनके जीवित रहते कभी वास्तविक सम्मान नहीं दिया, अब उनके सम्मान के नाम पर राजनीति कर रही है... गांधी परिवार ने अपने परिवार के अलावा देश के किसी बड़े नेता का सम्मान नहीं किया है और न ही उनके साथ न्याय किया है। चाहे वह कांग्रेस पार्टी से हो या उससे बाहर, चाहे वह बाबासाहेब अंबेडकर हों, देश के पहले राष्ट्रपति राजेंद्र बाबू हों, लाल बहादुर शास्त्री जी हों, सरदार पटेल जी हों, पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव जी हों या प्रणब दा, सीताराम केसरी जी हों या श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी। कांग्रेस और गांधी परिवार ने किसी अन्य बड़े नेता का सम्मान नहीं किया... प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी की समाधि के लिए जगह भी उपलब्ध कराई है और परिवार को सूचित भी किया है, लेकिन कांग्रेस झूठी खबरें फैला रही है... कांग्रेस ने देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब दा के निधन पर कांग्रेस कार्यसमिति द्वारा शोक सभा बुलाने की भी जहमत नहीं उठाई थी... कांग्रेस ने सिर्फ अपने परिवार के सदस्यों के लिए स्मारक और समाधि बनवाई। सम्मान का असली मतलब इन्हें प्रधानमंत्री मोदी से सीखना चाहिए..."
29 दिसंबर से उत्तर भारत में शीत लहर की संभावना
29 दिसंबर, 2024 से उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति शुरू होने की संभावना: भारत मौसम विज्ञान विभाग
CM योगी ने जेपी नड्डा को महाकुंभ 2025 का निमंत्रण दिया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात की और प्रयागराज महाकुंभ 2025 के लिए निमंत्रण दिया।
महाराष्ट्र ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनना चाहता है- देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सह्याद्री स्टेट गेस्ट हाउस में महाराष्ट्र राज्य विद्युत बोर्ड के निदेशक मंडल की बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनना चाहता है। इसके लिए बिजली से जुड़ी सभी कंपनियों को अच्छी स्थिति में लाना होगा। भविष्य में इसमें जनभागीदारी बढ़ाने के लिए उन्हें सूचीबद्ध करने पर विचार करना होगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि ऊर्जा विभाग के अंतर्गत काम करने वाली कंपनियों से संबंधित शिकायतों का समय सीमा के भीतर समाधान करने के लिए जिला और संभाग स्तर पर तंत्र सक्षम होना चाहिए।
जनता कांग्रेस और AAP दोनों को ही नकार देगी- मनोज तिवारी
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के बयान पर कहा, "...कांग्रेस और AAP ने साथ चुनाव लड़ा था। उनके बीच जो समझौता हो रहा है होता रहे, जनता दोनों को ही नकार देगी।"
पीएम मोदी से मिले शतरंज चैंपियन गुकेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "शतरंज चैंपियन और भारत के गौरव गुकेश डी. के साथ शानदार बातचीत हुई। मैं पिछले कुछ वर्षों से उनके साथ निकटता से बातचीत कर रहा हूं और उनके बारे में जो बात मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित करती है, वह है उनका दृढ़ संकल्प और समर्पण। उनका आत्मविश्वास वास्तव में प्रेरणादायक है। वास्तव में, मुझे कुछ साल पहले उनका एक वीडियो देखने की याद आती है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह सबसे कम उम्र के विश्व चैंपियन बनेंगे - एक भविष्यवाणी जो अब उनके अपने प्रयासों की बदौलत सच हो गई है।"
NDRF की टीम ने प्रयागराज में नाविकों को प्रशिक्षित किया
उत्तर प्रदेश: महाकुंभ 2025 से पहले तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर NDRF की टीम ने प्रयागराज में नाविकों को प्रशिक्षित किया।प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी 2025 तक महाकुंभ 2025 का आयोजन होगा।
UP में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ आंधी तूफान की संभावना- IMD
उत्तर प्रदेश: IMD वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा, "...पिछले 24 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश स्थानों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर वर्षा हुई। आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। कुछ स्थानों पर आंधी तूफान की भी संभावना है। कल से मौसम शुष्क हो जाएगा... अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 3-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी..."
राजस्थान में अब 7 संभाग और 41 जिले, 9 जिलों का गठन रद्द
भजनलाल सरकार ने गहलोत सरकार द्वारा गठित 17 नए जिलों में से आठ जिले यथावत रखने का फैसला किया है, शेष 9 जिलों का गठन रद्द कर दिया है। कैबिनेट ने दूदू, केकड़ी, शाहपुरा, नीमकाथाना, गंगापुरसिटी, जयपुर ग्रामीण, जोधपुर ग्रामीण, अनूपगढ़ और सांचौर निरस्त कर दिया है। गहलोत सरकार में बनाए नए 17 जिलों में 8 नए जिले भजनलाल कैबिनेट ने यथावत रखे हैं। इन जिलों में बालोतरा, ब्यावर, डीग, खैरथल-तिजारा, डीडवाना-कुचामन, कोटपूतली-बहरोड़, फलोदी और सलूंबर शामिल है। ऐसे में राजस्थान में अब 33 और 8 तो कुल 41 जिले रहेंगे। वहीं राजस्थान में अब 7 संभाग होंगे।
CM योगी ने राम नाथ कोविन्द से को दिया महाकुंभ का निमंत्रण
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द से मुलाकात की और प्रयागराज महाकुंभ 2025 के लिए निमंत्रण दिया।
भाजपा दिल्ली में आप को कभी नहीं हरा सकती- संदीप दीक्षित
संदीप दीक्षित ने कहा कि भाजपा दिल्ली में आप को कभी नहीं हरा सकती, वे (AAP) यह जानते हैं और इसलिए वे हम पर हमला कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल कब सड़क पर आए और भाजपा के खिलाफ बड़े मुद्दों जैसे कि सरकार द्वारा बड़े उद्योगपतियों की मदद करने और सांप्रदायिकता के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस यह सब करती है और सरकार का विरोध करती है। वे सिर्फ इतना कहते हैं कि सरकार (केंद्र) उन्हें काम नहीं करने देती, बस अपनी छवि बचाने के लिए लेकिन कभी भी किसी तरह का सबूत नहीं दिया।
AAP हमेशा कांग्रेस के वोट काटती है- संदीप दीक्षित
नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा कि यही वो पार्टी है जिसने 2015 में कहा था कि ऊपर मोदी नीचे केजरीवाल, तो ये किसी को क्या भारतीय जनता पार्टी के बारे में सवाल उठाएंगे। ये वही पार्टी है जिसने पूरी मेहमत की कि उत्तराखंड में कांग्रेस हारे और बीजेपी जीते, ये वही पार्टी जो हमारे वोट काटने गोवा चली गई जिससे बीजेपी जीत जाए, ये वही पार्टी है जिसने हरियाणा में हमें हराने में पूरी मेहनत की और बीजेपी को जिताया। ये वो पार्टी है जहां जाती है वहीं कांग्रेस का वोट काटती है, आज तक आपने कभी सुना है कि इसने बीजेपी के वोट काटे हों, बीजेपी की आलोचना की हो, ये पार्टी केवल उन्हीं राज्यों में क्यों जाती है जहां कांग्रेस 1 या 2 नंबर की पार्टी हो? कभी ये किसी और राज्य में तो नहीं गई। आपने कभी ममता के राज्य में चुनाव नहीं लड़ा, आपने कभी डीएमके के यहां जाकर तो चुनाव नहीं लड़ा, आपने कभी ओडिशा में जाकर चुनाव नहीं लड़ा। जो पार्टी बीजेपी की नंबर 1 और दो क्या कहूं बिल्कुल 'बगलबच्चा' है, वो किसी से क्या सवाल करेगी।
योगी आदित्यनाथ दिल्ली के यूपी सदन पहुंचे
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली के यूपी सदन पहुंचे।
भाजपा बुरी तरह से बौखला गई- अरविंद केजरीवाल
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "जब लाखों लोगों ने महिला सम्मान योजना के लिए पंजीकरण कराया तो भाजपा की नींद उड़ गई और भाजपा बुरी तरह से बौखला गई... तब इन्होंने ठान लिया कि इन योजनाओं को किसी तरह से बंद किया जाए। इन्होंने अपने गुंडे भेजे और कई जगहों पर हमारे कैंप उखाड़ने की कोशिश की। आज इन्होंने एक फर्जी जांच के आदेश दिए... ये जांच के नाम पर उस योजना को बंद करना चाहते हैं जो अभी शुरू भी नहीं हुई है... भाजपा ने अपने इस कदम से अपनी नीयत साफ कर दी है।"
संभल में हिंसा की घटना के बाद अभी तक 50 लोग गिरफ्तार- ASP
पथराव की घटना में गिरफ्तार आरोपियों पर ASP श्रीश चंद्र ने कहा, "संभल में हिंसा की घटना के बाद अभी तक 50 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। एक अदनान नाम का व्यक्ति जो वांछित था उसे CCTV के आधार पर पहचान कर दिल्ली के बाटला हाउस से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। व्यक्ति और उसके साथी घटना में शामिल रहे हैं। इनके पीछे कौन था उसकी जानकारी की जा रही है साथ ही शरण देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।"
BPSC विरोध-प्रदर्शन को लेकर नीतीश सरकार पर बरसे तेजस्वी
बीपीएससी अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शन पर RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "यहां कोई सरकार है ही नहीं और जो सरकार हैं उन्हें होश नहीं है। मुख्यमंत्री अब निर्णय लेने लायक नहीं रह गए हैं और वह कोई भी मुद्दे पर निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। मुख्यमंत्री हमारे पत्र का भी जवाब नहीं देते...जो पेपर लीक हुआ है तो पेपर सबका रद्द होना चाहिए और दोबारा परीक्षा होनी चाहिए। एक सेंटर का पेपर रद्द करते हैं लेकिन बाकि सेंटर का क्यों नहीं रद्द किया? जब हमारी सरकार थी तो युवा खुश थे लेकिन आज उनके आंखों में आंसू हैं...यहां पर प्रशासनिक अराजकता फैल चुकी है।"
केजरीवाल का BJP पर हमला
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "जब लाखों लोगों ने महिला सम्मान योजना के लिए पंजीकरण कराया तो भाजपा की नींद उड़ गई और भाजपा बुरी तरह से बौखला गई... तब इन्होंने ठान लिया कि इन योजनाओं को किसी तरह से बंद किया जाए। इन्होंने अपने गुंडे भेजे और कई जगहों पर हमारे कैंप उखाड़ने की कोशिश की। आज इन्होंने एक फर्जी जांच के आदेश दिए... ये जांच के नाम पर उस योजना को बंद करना चाहते हैं जो अभी शुरू भी नहीं हुई है... भाजपा ने अपने इस कदम से अपनी नीयत साफ कर दी है।"
राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ दिल्ली के निगम बोध घाट पर किया गया।
मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार
Manmohan Singh Death: पंचतत्व में विलीन हुए पूर्व PM मनमोहन सिंह, निगम बोध घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
PM मोदी ने दी मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि
निगमबोध घाट पर पूर्व PM मनमोहन सिंह को पीएम मोदी ने श्रद्धांजलि दी। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
निगमबोध घाट पहुंचे PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निगमबोध घाट पहुंच गए हैं। गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी निगम बोध घाट में मौजूद हैं। थोड़ी देर में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार होगा।
निगम बोध घाट पहुंचा मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर
डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर दिल्ली के निगम बोध घाट पहुंच गया है। थोड़ी देर में उनका अंतिम संस्कार होगी। इससे पहले कांग्रेस मुख्यालय से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई।
उदारीकरण मनमोहन सिंह की देन है- अशोक गहलोत
पूर्व PM मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा, "उन्होंने आर्थिक स्थिति को मजबूत की, उदारीकरण उनकी देन है। उन्होंने सादगी भरा जीवन जिया। ऐसा व्यक्तित्व चला गया जिससे पूरा देश दुखी है।"
मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा शुरू
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा शुरू हो गई है। कांग्रेस मुख्यालय से निगमबोध घाट तक मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा निकलेगी। निगमबोध घाट पर उनका अंतिम संस्कार होगा। पीएम मोदी भी मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं।
मनमोहन सिंह की पत्नी और बेटी ने दी श्रद्धांजलि
पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर और उनकी बेटी दमन सिंह ने एआईसीसी मुख्यालय में डॉ. मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दी।
खरगे-सोनिया ने दी मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर उनके आवास से AICC मुख्यालय लाया गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने AICC मुख्यालय पर दिवंगत पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी।
मनमोहन सिंह की शवयात्रा कांग्रेस मुख्यालय के लिए रवाना, 11:30 बजे के बाद VVIP मूवमेंट होगा शुरू
सूत्रो के हवाले से जानकारी मिल रही है। 11:30 के बाद वीआईपी मूवमेंट शुरू हो जाएगा। पीएम, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, स्पीकर, रक्षा मंत्री समेत कई लोग निगम बोध घर आ सकते है।
राहुल-प्रियंका पहुंचे कांग्रेस मुख्यालय
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, पार्टी सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा एआईसीसी मुख्यालय पहुंच गए हैं।
AICC मुख्यालय लाया जा रहा मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर AICC मुख्यालय ले जाया जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं के अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को वहां रखा जाएगा।
मनमोहन सिंह हमेशा गरीबों की बात करते थे- सुशील कुमार शिंदे
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस नेता सुशील कुमार शिंदे ने कहा, "वे बहुत सज्जन थे। हमारे देश को एक बहुत महत्वपूर्ण प्रधानमंत्री मिले थे। वे सबकी बात सुनते थे, वे गरीबों की बात हमेशा करते थे।"
परिवार की भावनाओं का सम्मान करे सरकार- मायावती
BSP प्रमुख मायावती ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "केन्द्र सरकार देश के पहले सिख प्रधानमंत्री रहे डॉ. मनमोहन सिंह के देहान्त होने पर उनका अन्तिम संस्कार वहां कराए तथा उनके सम्मान में भी स्मारक आदि वहीं बनवाये जहां उनके परिवार की दिली इच्छा है। अर्थात् इसके लिए कोई भी राजनीति करना ठीक नहीं है और इन मामलों में केन्द्र सरकार इनके परिवार की व सिख समाज की भी भावनाओं का जरूर सम्मान करे तो यह उचित होगा।"
मनमोहन सिंह का निधन अपूरणीय क्षति- रघुबर दास
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर ओडिशा के निवर्तमान राज्यपाल रघुबर दास ने कहा, "यह सभी के लिए बहुत दुखद समाचार है। उनका निधन देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने राष्ट्र के लिए काम किया और वे बहुत ही शांतचित्त व्यक्ति थे। डॉ. मनमोहन सिंह ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए आर्थिक उदारीकरण में बहुत बड़ा योगदान दिया।"
मनमोहन सिंह ने देश को नई दिशा दी- CM हेमंत सोरेन
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और JMM नेता कल्पना सोरेन के साथ पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पर अंतिम श्रद्धांजलि दी। CM हेमंत सोरेन ने कहा, "आदरणीय मनमोहन सिंह जी अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने एक लंबी यात्रा की है और उन्होंने इस देश को एक नई दिशा दी। उनके बारे में कुछ भी कहा जाए वो बहुत कम होगा। बहुत ही कम लोग आज के समय में ऐसे मिलते हैं। उनके अनुभव, उनके द्वारा दिखाए गए मार्गदर्शक इस देश के लिए एक मील का पत्थर है। उनके इस अंतिम यात्रा में हम लोग आज शामिल हुए। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें और उनके परिवार के साथ हम सभी हैं..निश्चित रूप से मनमोहन सिंह जी हमेशा याद रहेंगे।"
दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार से पहले दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा, ‘28.12.2024 को भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय डॉ. मनमोहन सिंह के राजकीय अंतिम संस्कार के अवसर पर कई विदेशी गणमान्य व्यक्ति और अन्य वीआईपी/वीवीआईपी और आम जनता निगम बोध घाट का दौरा करेंगे। इसे देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है।'
आज होगा मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार
आज पूर्व PM मनमोहन सिंह का दिल्ली में निगम बोध घाट पर अंतिम संस्कार होगा। इससे पहले उनके पार्थिव शरीर को कांग्रेस मुख्यालय लाया जाएगा, जहां लोग अंतिम दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद वहां से मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा निकलेगी।