अपडेटेड 19 February 2026 at 17:12 IST

रामकृष्ण परमहंस को PM मोदी ने ‘स्वामी’ कहा तो क्यों भड़कीं CM ममता बनर्जी? कहा- बंगाल के महान विभूतियों के लिए…

Mamta Banerjee on PM Modi: ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बंगाल की महान हस्तियों के प्रति अपनी सांस्कृतिक असंवेदनशीलता का आक्रामक प्रदर्शन करने का आरोप लगाया है। उन्होंने रामकृष्ण परमहंस की जयंती पर PM द्वारा 'स्वामी' शब्द जोड़ने की आलोचना की।

Follow : Google News Icon  
PM Modi and Mamata Banerjee
PM Modi and Mamata Banerjee | Image: ANI

पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने PM नरेंद्र मोदी के एक X पोस्ट को लेकर भड़क उठीं और उसे बेहद असंवेदनशील बताया। ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि रामकृष्ण परमहंस के जन्मदिन पर उन्होंने श्रद्धांजलि देते समय पारंपरिक ‘ठाकुर’ की जगह 'स्वामी रामकृष्ण परमहंस' कहकर संबोधित किया, जो बंगाल की सांस्कृतिक परंपरा के खिलाफ है और महान संत के प्रति 'सांस्कृतिक असंवेदनशीलता' दिखाता है।

ममता बनर्जी ने X पर जताई नाराजगी

ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए अपनी नाराजगी जताई और लिखा कि प्रधानमंत्री ने महान संत के लिए एक अभूतपूर्व और अनुचित संबोधन ‘स्वामी’ का प्रयोग किया है। जबकि रामकृष्ण परमहंस को व्यापक रूप से 'ठाकुर' के रूप में पूजा जाता है।
पश्चिम बंगाल की CM के अनुसार, रामकृष्ण परमहंस के देहांत के बाद उनके साधु शिष्यों ने रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन का गठन किया था, जिन्हें भारतीय परंपराओं के अनुसार 'स्वामी' कहा गया। लेकिन, आचार्य या गुरु को हमेशा 'ठाकुर' (मतलब भगवान) कहकर ही संबोधित किया जाता रहा है।

‘बंगाल की महान हस्तियों के प्रति असंवेदनशीलता’

बनर्जी ने लिखा, ‘फिर से हैरान हूं! एक बार फिर, हमारे प्रधानमंत्री ने बंगाल की महान हस्तियों के प्रति अपनी सांस्कृतिक असंवेदनशीलता को दिखाया है। आज युगावतार (हमारे युग में भगवान के अवतार) श्री श्री रामकृष्ण परमहंसदेव की जयंती है। इस मौके पर महान संत को श्रद्धांजलि देते समय हमारे पीएम ने महान संत के नाम के आगे एक गलत उपसर्ग 'स्वामी' जोड़ दिया जो पहले कभी नहीं लगाया गया!’ 

ममता बनर्जी ने आगे लिखा, ‘रामकृष्ण संप्रदाय में ‘स्वामी’ उपसर्ग उनके शिष्यों के लिए था; लेकिन संप्रदाय की पवित्र त्रिमूर्ति ठाकुर-मां-स्वामीजी ही रही। ठाकुर श्री श्री रामकृष्ण परमहंसदेव हैं, मा मां शारदा हैं, और स्वामीजी स्वामी विवेकानंद हैं।’ पश्चिम बंगाल की CM ने कहा, ‘मैं प्रधानमंत्री से गुजारिश करती हूँ कि बंगाल के महान रेनेसां नेताओं, जिन्होंने मॉडर्न इंडिया को बनाया, के लिए नए प्रीफिक्स और सफिक्स न खोजें।’

Advertisement

पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

दरअसल, PM मोदी ने गुरुवार को रामकृष्ण परमहंस के जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए X पर पोस्ट किया। इसमें उन्होंने लिखा, ‘स्वामी रामकृष्ण परमहंस की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। जिस तरह उन्होंने अध्यात्म और साधना को जिस प्रकार जीवन शक्ति के रूप में स्थापित किया, वह हर युग में मानवता का कल्याण करता रहेगा। उनके सुविचार और संदेश सदैव प्रेरणापुंज बने रहेंगे।’ 

इसी पोस्ट पर ममता बनर्जी ने आपत्ति जताई है। बता दें, रामकृष्ण परमहंस का जन्म 1836 में हुआ था और वे दक्षिणेश्वर काली मंदिर के पुजारी रहे थे। वह एक जाने-माने भारतीय हिंदू रहस्यवादी और आध्यात्मिक नेता थे और विभिन्न धर्मों की एकता तथा आध्यात्मिक सद्भाव के संदेश के लिए विश्व प्रसिद्ध हैं।

Advertisement

विधानसभा चुनाव से पहले फॉर्म में ममता दीदी

बता दें, दो महीने के अंदर पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले जोरशोर से भाजपा/PM मोदी बनाम ममता बनर्जी की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में ममता बनर्जी आए-दिन पीएम मोदी को निशाने पर ले रही हैं और बंगाल की अस्मिता को निशाने पर लेने का आरोप लगा रही हैं। इसी बीच एक बार फिर उन्होंने पीएम मोदी को आड़े हाथों लिया है।

ये भी पढ़ें:  Sundar Pichai: भारत में 1.36 लाख करोड़ का निवेश करेगा गूगल, सुंदर पिचाई ने किया बड़ा ऐलान; बोले- तकनीक से डरने की जरूरत नहीं…

Published By : Sujeet Kumar

पब्लिश्ड 19 February 2026 at 17:12 IST