'बुलडोजर चलाने की हिम्मत है तो चलाओ, आधी रात को...', भतीजे अभिषेक बनर्जी के घर पर हमले को लेकर भड़कीं पूर्व CM ममता बनर्जी
भतीजे अभिषेक बनर्जी के आवास पर हमले के विरोध में ममता बनर्जी ने BJP के खिलाफ प्रदर्शन किया। ममता बनर्जी ने कहा, 'मैं यही खड़ी हूं हिम्मत है तो चलाओ बुलडोजर'।
- भारत
- 5 min read

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर देर रात हुए हमले के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का गुस्सा फूट पड़ा। अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया है कि बीजेपी के गुंडों ने उनके घर पर हमला किया और उनके समर्थकों के साथ मारपीट भी की। उन्होंने हमले की वीडियो भी सोशल मीडिया पर साक्षा किया है। हमले के बाद ममता बनर्जी ने BJP पर निशाना साधते हुए कहा कि हिम्मत है तो बुलडोजर चला दो।
अभिषेक बनर्जी के अनुसार, रात करीब 2 बजे उनके आवास के सामने दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हुई। इस दौरान किसी को चोर कहा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के गुंडों ने उनके समर्थकों को जमीन पर गिरा दिया और ईंट-पत्थरों से पिटाई की। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हिंसा सुबह तक जारी रही। अभिषेक बनर्जी द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में कुछ लोगों को उनके बैनर और पोस्टर फाड़ते हुए देखा जा सकता है।
हमले पर अभिषेक बनर्जी ने क्या कहा?
X पर टीएमसी सांसद ने लिखा, “लगातार दो दिनों की रेकी के बाद आज रात 2 बजे बीजेपी के गुंडों ने मेरे घर पर हमला कर दिया। फुटेज देखिए और खुद ही समझ जाइए। अगर एक चुने हुए सांसद के साथ ऐसा हो सकता है तो सोचिए पश्चिम बंगाल में आम आदमी का क्या हाल होगा। पिछले छह महीनों में मुझ पर जानलेवा हमले की यह सातवीं कोशिश है। फिर भी न तो पुलिस ने कोई कार्रवाई की और न ही न्यायपालिका ने कोई दखल दिया। पूरे राज्य में गुंडे बेखौफ होकर उपद्रव मचा रहे हैं, क्योंकि न्यायपालिका लगातार आंखें मूंदे बैठी है। धन्यवाद माननीय न्यायाधीशों मूक दर्शक बने रहने के लिए!”
हिम्मत है तो चलाओ बुलडोजर-ममता बनर्जी
इस घटना के बाद ममता बनर्जी ने अभिषेक बनर्जी के आवास पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। भतीजे से मिलने के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “आपके पास कितने बुलडोजर हैं? आइए, मैं आपके ठीक सामने खड़ी हूं। मेरे शरीर पर, मेरी छाती पर बुलडोजर चला दीजिए। मैं देखना चाहती हूं कि आप कितने बहादुर हैं।”
Advertisement
INDIA गठबंधन का हिस्से होने का गुस्सा है-ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने आगे कहा, “कल काली पूजा और दिवाली है। कल रात 2:00 बजे अभिषेक बनर्जी के घर पर हमला किया गया। यह हमारा इलाका है, जहां से देवी काली के कई जुलूस गुजरते हैं। आप इस तरह की गड़बड़ी क्यों पैदा कर रहे हैं? आपने हमारी पारंपरिक और लंबे समय से चली आ रही पूजाओं की अनुमति रद्द कर दी है, जबकि उनकी जगह नई पूजाओं को करने की इजाजत दे दी है। इसके अलावा, आपने कल रात हमारे स्थानीय क्लबों को भी काम करने से रोका... हम ‘INDIA’ गठबंधन का हिस्सा हैं, और यही उनके गुस्से की वजह है।”