शिक्षा सचिव का ट्रांसफर, PM मोदी का वीडियो संदेश और सोनम वांगचुक का अनशन खत्म... आधी रात नीट विवाद में आए 4 बड़े मोड़, क्या अब खत्म होगा गतिरोध?

नीट विवाद को लेकर जारी भारी बवाल के बीच आधी रात 4 बड़े घटनाक्रम देखने को मिले। प्रधानमंत्री मोदी ने देर रात वीडियो संदेश जारी कर पेपर लीक पर कड़े कानून का वादा किया है। अब सवाल है कि क्या सड़क से लेकर संसद तक जारी गतिरोध खत्म होगा?

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Major developments in the NEET row
नीट विवाद में आए नए मोड़, खत्म होगा गतिरोध? | Image: ANI, X

NEET Row: नीट विवाद को लेकर सड़क से संसद तक जारी संग्राम के बीच गुरुवार (23 जुलाई) देर रात चार ऐसे बड़े घटनाक्रम देखने को मिले, जो इस पूरे मुद्दे को नया मोड़ दे सकते हैं। छात्रों के आंदोलन और विपक्षी दलों के हंगामे के बीच एक तरफ जहां केंद्र सरकार ने सख्त रवैया अपनाते हुए शिक्षा सचिव का तबादला कर दिया, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद वीडियो संदेश जारी कर देश के युवाओं को भरोसे में लेने की कोशिश की। इसके अलावा, महज 90 मिनट के अंदर कई बड़े कदम उठाए गए। आधी रात हुए इस घटनाक्रम के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है क्या नीट विवाद को लेकर चला आ रहा यह गतिरोध अब खत्म होगा?

शिक्षा सचिव विनीत जोशी का ट्रांसफर

पेपर लीक विवाद और परीक्षा संचालन में कथित लापरवाही के बाद केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाया। देर रात जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षा सचिव विनीत जोशी को पद से हटाकर पंचायती राज मंत्रालय में स्थानांतरित कर दिया गया है। उनकी जगह 1994 बैच के IAS अधिकारी नरेश पाल गंगवार को नया उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त किया गया है।

फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित

PM मोदी ने पहले ही कह दिया था कि पेपर लीक की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई होगी। इसके बाद दिल्ली हाई कोर्ट ने बड़ा प्रशासनिक आदेश जारी करते हुए पेपर लीक से जुड़े मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन भी कर दिया है।  जज अनु ग्रोवर बालीगा का तबादला राउज एवेन्यू कोर्ट में कर दिया है, जो पहले तीस हजारी कोर्ट के मीडिएशन सेंटर की इंचार्ज थीं। अब वे स्पेशल जज के तौर पर पेपर लीक से जुड़े सभी मामलों की सुनवाई करेंगी।

पीएम मोदी का आधी रात VIDEO संदेश

पीएम मोदी ने देर रात 11.52 बजे खुद एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार पेपर लीक रोकने और दोषियों को कड़ी सजा देने के लिए एक नया और सख्त कानून बनाने जा रही है। पीएम ने कहा कि इसके ड्राफ्ट पर आज ही कैबिनेट बैठक में चर्चा होगी और कड़े फैसले लिए जाएंगे। कैबिनेट से हरी झंडी मिलते ही इसे अगले हफ्ते संसद में पेश किया जाएगा और जल्द से जल्द पास कराने की कोशिश होगी।

Advertisement

सोनम वांगचुक ने तोड़ा 26 दिनों का अनशन

एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने 26वें दिन अपना अनशन समाप्त कर दिया। वांगचुक ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा, जितेंद्र सिंह और लद्दाख के प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी में जूस पीकर भूख हड़ताल को खत्म किया। उन्होंने विभिन्न राजनीतिक दलों के 65 सांसदों द्वारा हस्ताक्षरित अपील और सरकार के साथ कई दौर की वार्ता के बाद यह फैसला लिया। अनशन समाप्त करते हुए उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे सतर्क रहें और मांगों के समर्थन में कहीं भी हिंसा न होने दें।

हालांकि, एक तरफ जहां जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है, वहीं दूसरी तरफ विपक्षी दलों के हंगामे की वजह से पिछले चार दिनों से संसद की कार्यवाही पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। ऐसे में आधी रात को उठाए गए इन बड़े कदमों को सरकार की ओर से माहौल को शांत करने और भरोसा बहाल करने की एक गंभीर कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। अब हर किसी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या सड़क से लेकर संसद तक मचा यह घमासान थमेगा?

Advertisement

यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर धरना स्थल पर कैसे पहुंचे विदेशी नागरिक, सुरक्षा में हुई भारी चूक? BJP बोली- 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' भारत के खिलाफ रच रहा साजिश

Published By:
 Ruchi Mehra
पब्लिश्ड