जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के बीच बड़ी खबर, बिहार से पकड़ा गया TET पेपर लीक का मास्टरमाइंड विजेंद्र गुप्ता
महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में ठाणे पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी विजेंद्र कुमार गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार कर ठाणे ले आई है।
- भारत
- 2 min read

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में ठाणे पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी विजेंद्र कुमार गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार कर ठाणे ले आई है। बताया जा रहा है कि विजेंद्र कुमार गुप्ता लंबे समय से फरार चल रहा था और पेपर लीक मामले में उसकी अहम भूमिका सामने आई थी। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ में पेपर लीक गिरोह से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद विजेंद्र कुमार गुप्ता को बिहार से हवाई मार्ग के जरिए पुणे एयरपोर्ट लाया गया है। वहां से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे भिवंडी ले जाया जाएगा। इसके बाद उसे अदालत में पेश किए जाने की संभावना है। आपको बता दें कि विजेंद्र कई महीनों से गिरफ्तारी से बच रहा था। कई चर्चित पेपर लीक मामलों में उसका ना आ चुका है। एक न्यूज चैनल के स्टिंग ऑपरेशन में उसने ने 2024 के पेपर लीक को लेकर कई हैरान करने वाले दावे किए थे। उसने बताया था कि पेपर लीक गैंग कैसे काम करता है। इसके अलावा एनटीए की परीक्षा प्रणाली की कमजोरियों के बारे में भी उसने बताया था।
छात्र आंदोलन के बीच विजेंद्र गुप्ता की गिरफ्तारी अहम
विजेंद्र गुप्ता की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर देश के कई हिस्सों में NEET पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर छात्र आंदोलन जारी है। CJP के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे छात्र लगातार पेपर लीक सिंडिकेट के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में महाराष्ट्र TET पेपर लीक के कथित मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी को जांच एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।