महाराष्ट्र: एमवीए सरकार में CM फडणवीस, शिंदे को झूठे मामलों में फंसाने की ‘साजिश’ की जांच करेगी SIT

महाराष्ट्र सरकार ने देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे के खिलाफ झूठे आपराधिक मामले दर्ज करने की पूर्ववर्ती MVA सरकार की कथित साजिश की जांच के लिए SIT का गठन किया।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Devendra Fadnavis Maharashtra CM
देवेंद्र फडणवीस | Image: ANI

महाराष्ट्र सरकार ने देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे के खिलाफ झूठे आपराधिक मामले दर्ज करने की पूर्ववर्ती महाविकास आघाडी (एमवीए) सरकार की कथित साजिश की जांच के लिए शुक्रवार को एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया।

राज्य के गृह विभाग द्वारा जारी एक आदेश में बताया गया कि एसआईटी का नेतृत्व मुंबई पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) सत्यनारायण चौधरी करेंगे।

फडणवीस नवंबर 2019 से जून 2022 तक एमवीए सरकार के दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष थे।

फडणवीस, पिछले वर्ष नवंबर में विधानसभा चुनावों में महायुति गठबंधन की जीत के बाद तीसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं।

Advertisement

उपमुख्यमंत्री शिंदे उस समय शहरी विकास मंत्री के रूप में उद्धव ठाकरे नीत सरकार का हिस्सा थे लेकिन वह ठाकरे के खिलाफ बगावत कर भाजपा के समर्थन से मुख्यमंत्री बन गए थे।

आदेश के मुताबिक, दिसंबर 2024 में शीतकालीन सत्र के दौरान महाराष्ट्र विधान परिषद में भाजपा के प्रवीण दारेकर द्वारा साझा की गई जानकारी के आधार पर एसआईटी गठित करने का निर्णय लिया गया।

Advertisement

दारेकर ने दावा किया था कि फडणवीस और शिंदे के खिलाफ झूठे मामले दर्ज करने की साजिश रची गयी थी।

उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास ऑडियो रिकॉर्डिंग के रूप में सबूत हैं।

चार सदस्यीय एसआईटी में राज्य रिजर्व पुलिस बल के उपमहानिरीक्षक राजीव जैन, मुंबई पुलिस के पुलिस उपायुक्त नवनाथ धावले और मुंबई के सहायक पुलिस आयुक्त आदिकराव पोल शामिल हैं।

आदेश के मुताबिक, यह जांच 30 दिनों के भीतर पूरी कर ली जाएगी।

Published By:
 Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड