अपडेटेड 30 November 2024 at 12:26 IST

एकनाथ शिंदे की सुई कहां अटकी? महाराष्ट्र के लिए अगले कुछ घंटे अहम, शिवसेना प्रमुख ले सकते हैं फैसला

महाराष्ट्र चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को घोषित हुए, जिसमें महायुति ने सत्ता में वापसी की। हालांकि गठबंधन ने अभी तक मुख्यमंत्री चेहरे को अंतिम रूप नहीं दिया है।

Follow : Google News Icon  
Eknath Shinde and Devendra Fadnavis
एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस | Image: R Bharat

Maharashtra News: महाराष्ट्र की सियासत के लिए अगले कुछ घंटे सबसे अहम हैं। वो इसलिए कि शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। इसका दावा खुद एकनाथ शिंदे के करीबी नेता कह रहे हैं और वो यहां तक दावा करते हैं कि शिंदे जब भी अपने पैतृक गांव जाते हैं तो वो कोई बड़ा फैसला लेते हैं। फिलहाल शिवसेना नेताओं के दावों ने महाराष्ट्र की सियासत में हलचल मचाई है।

वैसे महाराष्ट्र में बीजेपी के हाथ बाजी है, लेकिन एकनाथ शिंदे खाली हाथ नहीं चाहते हैं। इसी रस्साकसी में नए मुख्यमंत्री को लेकर पेंच फंसा है। खासकर एकनाथ शिंदे जब अपने पैतृक गांव गए तो सस्पेंस और बढ़ गया। नतीजन मुख्यमंत्री के चयन में देरी ने महायुति सरकार के गठन को लटका दिया है। हालांकि शिवसेना के नेता दावा कर रहे हैं कि एकनाथ शिंदे शनिवार यानी आज कोई बड़ा फैसला कर सकते हैं।

शिंदे अगले 24 घंटों में बड़ा फैसला लेंगे- शिरसाट

एकनाथ शिंदे के सीएम पद के उम्मीदवार को लेकर अटकलों के बीच 'नाराज' होने की सभी खबरों का खंडन करते हुए शिवसेना नेता उदय सामंत ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी प्रमुख (एकनाथ शिंदे) कल (यानी शनिवार) अपने पैतृक गांव से वापस आएंगे और जल्द ही अगले मंत्रिमंडल को अंतिम रूप दिया जाएगा।

शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने शुक्रवार को दावा किया कि एकनाथ शिंदे अगले 24 घंटों में बड़ा फैसला लेंगे। शिवसेना नेता ने ये भी कहा कि एकनाथ शिंदे केंद्रीय मंत्रिमंडल में कोई पद नहीं लेंगे, क्योंकि उनकी रुचि महाराष्ट्र की राजनीति में है। शिरसाट एएनआई से कहते हैं- 'महाराष्ट्र के नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर मुलाकात की। पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तय करेंगे कि महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। मुझे जानकारी है कि शपथ ग्रहण समारोह 2 दिसंबर को होगा।'

Advertisement

एकनाथ शिंदे के अपने पैतृक गांव जाने पर संजय शिरसाट कहते हैं कि जब भी एकनाथ शिंदे को लगता है कि उन्हें सोचने के लिए कुछ समय चाहिए तो वो अपने पैतृक गांव चले जाते हैं। उन्होंने कहा, 'जब उन्हें (एकनाथ शिंदे को) कोई बड़ा फैसला लेना होता है तो वो अपने पैतृक गांव चले जाते हैं। कल शाम तक वो (एकनाथ शिंदे) बहुत बड़ा फैसला ले लेंगे।'

CM पर सस्पेंस तो हुई सरकार गठन में देरी

दरकिनार नहीं किया जा सकता है कि लगभग एक हफ्ते में मुख्यमंत्री तय नहीं होने पर महायुति के भीतर कुर्सी के लिए खींचतान को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इसमें सबसे अहम ये है कि महायुति के दलों में हिस्सेदारी तय ना होने पर सरकार गठन में देरी हो रही है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए गए थे, जिसमें बीजेपी नीत महायुति गठबंधन ने भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की। हालांकि सत्तारूढ़ गठबंधन ने अभी तक अपने मुख्यमंत्री चेहरे को अंतिम रूप नहीं दिया है।

Advertisement

यह भी पढ़ें: बीजेपी का सीएम मुझे मंजूर, पीएम जो निर्णय लेंगे वो स्वीकार है: एकनाथ शिंदे

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 30 November 2024 at 11:43 IST