महाराष्ट्र: डोंबिवली में दर्दनाक हादसा, खतरनाक पेड़ गिरने से रिक्शा चालक की मौत, CCTV में घटना कैद
Maharashtra: ठाणे से सटे शहर डोंबिवली के एमआईडीसी परिसर में पेड़ अचानक एक रिक्शा पर गिर गया, जिससे रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
- भारत
- 2 min read
Maharashtra: ठाणे से सटे शहर डोंबिवली के एमआईडीसी परिसर में पेड़ अचानक एक रिक्शा पर गिर गया, जिससे रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने पूरे इलाके आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। मृत रिक्शा चालक का नाम रामदिन लोद बताया गया है।
यह हादसा उस वक्त हुआ जब वह अपनी रिक्शा में सवारी का इंतजार कर रहे थे। अचानक, पुराना और जर्जर पेड़ उनकी रिक्शा पर आ गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक रामदिन की मौत हो चुकी थी। घटना का वीडियो पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे पेड़ अचानक गिरा और किस तरह इसने रिक्शा को चपेट में ले लिया।
लोगों ने नगर निगम लगाया लापरवाही का आरोप
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी विनोद दुबे ने बताया, “यह पेड़ काफी समय से खतरनाक स्थिति में था। हमने कई बार अधिकारियों को इसकी शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। आज यह हादसा हो गया, जो टाला जा सकता था।” इस हादसे के बाद स्थानीय लोग बेहद नाराज हैं। उनका कहना है कि इलाके में कई ऐसे पेड़ हैं, जो जर्जर हो चुके हैं और कभी भी गिर सकते हैं। इसके बावजूद प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
Advertisement
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
इस घटना ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे पेड़ों की समय रहते छंटाई या कटाई क्यों नहीं की गई? क्या प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार था? फिलहाल, स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि अन्य खतरनाक पेड़ों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। लेकिन सवाल यह है कि क्या यह कदम रामदिन लोद जैसे निर्दोष नागरिक की जान लौटाने में सक्षम होगा।