अपडेटेड 26 January 2022 at 15:43 IST
गणतंत्र दिवस की झांकी में महाराष्ट्र ने प्रदर्शित की अपनी समृद्ध जैव-विविधता
महाराष्ट्र की झांकी में राज्य की जैव-विविधता के पांच प्रतीकों को दर्शाया गया है।
- भारत
- 2 min read

दिल्ली में बुधवार को गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा रही महाराष्ट्र की झांकी में सह्याद्री के पहाड़ों में मिली भारतीय विशाल गिलहरी, 26/11 के हमले के दौरान आतंकवादी अजमल कसाब को पकड़ने वाले मुंबई के पुलिसकर्मी तुकाराम ओम्बले के नाम पर मकड़ी की एक नयी प्रजाति को दिखाया गया।
महाराष्ट्र की झांकी में राज्य की जैव-विविधता के पांच प्रतीकों को दर्शाया गया है जिसमें राजकीय पशु ‘शेकरू’ या भारतीय विशाल गिलहरी, राजकीय पक्षी ‘हरियाल’, राजकीय तितली ‘ब्लू मॉर्मन’, राजकीय फूल ‘जरुल’ और राजकीय वृक्ष ‘आम’ शामिल हैं।
राजपथ पर दिखाई गई झांकी के अगले हिस्से में ‘ब्लू मॉर्मन’ तितली के आठ फुट ऊंचे मॉडल को छह फुट के पंख के साथ दर्शाया गया और एक पेड़ की शाखा पर ‘शेकरू’ का 15 फुट का मॉडल झांकी का दूसरा मुख्य आकर्षण रहा। झांकी का मुख्य मॉडल ‘कास’ पठार रहा, जो सतारा जिले में विश्व प्राकृतिक विरासत स्थल है और यह 1500 पौधों की प्रजातियों और 450 जंगली फूलों की प्रजातियों का वास स्थान है।
झांकी में राज्य के विदर्भ क्षेत्र में पाए जाने वाले बाघों, ग्रेट इंडियन बस्टर्ड, फ्लेमिंगो, और हाल में खोजी गई केकड़ों और मछलियों की प्रजातियों के साथ-साथ एक मकड़ी की प्रजाति ‘आइसियस तुकारामी’ को भी दिखाया गया है, जिसका नामकरण 26/11 के आतंकवादी हमले में शहीद हुए मुंबई पुलिस के बहादुर सहायक उप-निरीक्षक तुकाराम ओम्बले के नाम पर किया गया है।
Advertisement
राज्य सरकार के एक अधिकारी ने कहा कि झांकी में राज्य के कोंकण क्षेत्र के एक सुंदर हिल स्टेशन अंबोली के पानी के झरने को भी दिखाया गया है।
Published By : Press Trust of India (भाषा)
पब्लिश्ड 26 January 2022 at 15:35 IST