अपडेटेड 24 February 2025 at 10:46 IST

मप्र के जबलपुर में जीप और बस की टक्कर में छह लोगों की मौत, दो अन्य घायल

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सोमवार सुबह प्रयागराज से आ रही एक तेज रफ्तार जीप और एक बस के बीच टक्कर हो जाने से छह लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।

Follow : Google News Icon  
Road Accident
Road Accident | Image: Representative

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सोमवार सुबह प्रयागराज से आ रही एक तेज रफ्तार जीप और एक बस के बीच टक्कर हो जाने से छह लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। जबलपुर के जिलाधिकारी दीपक सक्सेना ने बताया कि यह घटना खितौला थाना क्षेत्र के पहरेवा गांव के पास उस समय हुई जब कर्नाटक की पंजीकरण संख्या वाली जीप उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से लौट रही थी। उन्होंने बताया कि जीप चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया जिसके बाद जीप पहले एक पेड़ से टकराई और फिर राजमार्ग के दूसरी ओर उछलकर विपरीत दिशा से आ रही एक बस से टकरा गई।

Advertisement

उन्होंने बताया कि इस घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए, जिन्हें सिहोरा कस्बे में एक चिकित्सा केन्द्र में प्रारंभिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि ये लोग प्रयागराज से लौट रहे थे और जबलपुर होते हुए कर्नाटक की ओर जा रहे थे। एक अधिकारी ने बताया कि बस कुछ देर रुकी इसके बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। बस का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंच गए।

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 24 February 2025 at 10:46 IST