अपडेटेड 5 April 2025 at 16:55 IST
Ram Navami 2025: 'माहौल खराब किया तो दोबारा सूरज-चांद नहीं देख पाओगे...', MP में SDM ने दंगाइयों को दी खुली चेतावनी
रामनवमी जुलूस को लेकर MP का सेंधवा काफी संवेदनशील रहा है। शांति समिति की बैठक में SDM आशीष कुमार ने कानून-व्यवस्था को लेकर दंगाइयों को खुली चेतावनी दी है।
- भारत
- 2 min read
(सत्य विजय सिंह)
Sendhwa News : मध्य प्रदेश में बड़वानी जिले के सेंधवा में रामनवमी को लेकर आयोजित शांति समिति की बैठक में SDM आशीष कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि अगर किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की तो NSA लगाकर जेल भेजेंगे, और अगले दिन का चांद-सूरज नहीं देख पाएंगे। संसद से वक्फ संशोधन बिल पास होने के बाद ऑल इंडिया पर्सनल लॉ बोर्ड और कई मुस्लिम संगठनों ने देशव्यापी प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। जिसके बाद रामनवमी को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है।
रामनवमी और हनुमान जयंती के मद्देनजर हुई इस शांति समिति की बैठक में बड़वानी पुलिस अधीक्षक, सेंधवा एसडीएम और सेंधवा थाना प्रभारी सहित तमाम अधिकारी और शहर के लिए लोग शामिल थे। एसडीएम आशीष ने कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं किसी खास समुदाय के लिए नहीं बल्कि सभी के लिए बोल रहा हूं। मेरा फोकस कानून व्यवस्था को लेकर है।
'सूरज-चांद नहीं देख पाएंगे...'
शांति समिति की बैठक में SDM आशीष कुमार ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त लहजे में दो टूक कहा कि
Advertisement
"SDM होने के नाते कानून-व्यवस्था को बनाए रखना हमारा कर्तव्य है। बहुत प्यार से बात हो रही है, लेकिन मेरी नौकरी का हिस्सा है कि मैं एक बार प्यार से बोल दूं कि जिसके द्वारा भी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने की खबर मिलेगी। तो CRPC और IPC तो बहुत सामान्य बात है। राज्य सुरक्षा कानून (NSA) जो लगाना होगा लगाएंगे, ऐसा करने वाले दोबारा सूरज-चांद नहीं देख पाएंगे। तो बहुत क्लियर रहें।"
2022 में हुआ था पथराव
रामनवमी जुलूस को लेकर मध्य प्रदेश का सेंधवा काफी संवेदनशील रहा है। यहां 2022 में रामनवमी जुलूस के दौरान पथराव के बाद विवाद हुआ था। प्रशासन ने दंगाइयों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मकान तोड़े थे। तब से स्थानीय प्रशासन रामनवमी के जुलूस को लेकर काफी संवेदनशील रहा है। इस बार वक्फ संशोधन बिल को लेकर पहले ही चर्चाओं का बाजार गर्म है। इसी वजह से प्रशासन ने सेंधवा में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया था।
Advertisement
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 5 April 2025 at 16:50 IST